ख़बर यूपी / बिहार
प्रधानमंत्री मोदी ने सोतीगंज का नाम क्या लिया, कार्रवाई हुई और तेज, 25 पर एक साथ लगेगा गैंगस्टर एक्ट

मेरठ: प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा एक्सप्रेस वे के शिलान्यास के मौके पर शनिवार को मेरठ के सोतीगंज का जिक्र करते हुए चोरी का वाहन खरीदने वाले कबाड़ियों पर योगी सरकार की कार्रवाई की तारीफ की थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई और भी तेज कर दी है। पुलिस अब 25 वाहन चोरों और कबाड़ियों पर एक साथ गैंगस्टर की तैयारी कर चुकी है। इनकी फाइल तैयार हो चुकी है और जल्द गैंगस्टर लगा दी जाएगी। मेरठ एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सोतीगंज के वाहन चोरों और कबाड़ियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पांच माह पहले अभियान शुरू किया था। वाहनों चोरों और कबाड़ियों की धरपकड़, इनकी प्रॉपर्टी की जांच, गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई समेत पुराने चोरी के मामलों में इंजन रिकवर करते हुए आरोपी बनाने का काम शुरू किया गया। जिसके चलते चोरी की गाड़ियों के कटने के लिए मशहूर बाजार अब अंतिम सांसें गिन रहा है।
मेरठ के सोतीगंज का कबाड़ मार्केट अब बंद हो चुका है। चोरी के वाहन और पार्ट्स खरीदने में 100 कबाड़ियों के नाम सामने आए हैं। इन्हें हाल ही में नोटिस दिए और इनके खिलाफ जांच की जा रही है। इनकी प्रॉपर्टी से लेकर तमाम जानकारी पुलिस जुटा रही है। पुलिस ने हाजी गल्ला, इकबाल कबाड़ी, मन्नू कबाड़ी और जीशान पव्वा के खिलाफ गैंगस्टर में कार्रवाई की थी। इन सभी आरोपियों की करीब 40 करोड़ की प्रॉपर्टी को कुर्क किया था। अभी भी इन आरोपियों की बेनामी प्रॉपर्टी की तलाश जारी है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
यूपी लेखपाल भर्ती में 28,409 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 7,994 पदों के लिए अब अभिलेख सत्यापन; जांच के बाद आएगा अंतिम परिणाम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 7,994 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम जारी करते हुए 28,409 अभ्यर्थियों को पात्रता और अभिलेख परीक्षण के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
आयोग ने अभिलेख परीक्षण के लिए कटऑफ भी जारी कर दी है। अब शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की पात्रता और उनके दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही 7,994 पदों के लिए अंतिम चयन परिणाम जारी होगा।
7,994 पदों के लिए 28,409 अभ्यर्थी आगे
लेखपाल भर्ती के लिए 7,994 पद निर्धारित हैं। इनके मुकाबले 28,409 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए पात्र पाया गया है। यानी प्रत्येक पद के लिए औसतन करीब 3.55 अभ्यर्थी अंतिम प्रक्रिया में पहुंचे हैं। मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा के आधार पर आयोग ने श्रेणीवार कटऑफ तय कर अभ्यर्थियों को अभिलेख परीक्षण के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
यह अंतिम चयन सूची नहीं
UPSSSC ने स्पष्ट किया है कि 28,409 अभ्यर्थियों की यह सूची अंतिम चयन सूची नहीं है। इसमें नाम आने का मतलब सिर्फ इतना है कि अभ्यर्थी अगले चरण यानी पात्रता और अभिलेख परीक्षण के लिए योग्य पाया गया है।
आयोग के अनुसार अंतिम चयन का दावा अभिलेख परीक्षण से पहले नहीं किया जा सकता। पात्रता और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा।
अब अभ्यर्थियों को क्या करना होगा?
शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अभिलेख परीक्षण से संबंधित तिथि, प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे UPSSSC की वेबसाइट पर जारी आधिकारिक नोटिस नियमित रूप से देखते रहें, ताकि दस्तावेज अपलोड करने या सत्यापन से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण सूचना छूट न जाए।
वर्गवार कटऑफ भी जारी
आयोग ने अभिलेख परीक्षण के लिए अलग-अलग श्रेणियों की कटऑफ भी जारी की है। सामान्य वर्ग की कटऑफ 58.75 अंक, OBC की 55.75, EWS की 55.25 और SC की 51.25 अंक रही। ST वर्ग की कटऑफ 44 अंक रही।इसके अलावा महिला, भूतपूर्व सैनिक, दिव्यांगजन और अन्य क्षैतिज आरक्षण श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग कटऑफ जारी की गई है। यानी अभी 28,409 अभ्यर्थियों की दौड़ जारी है। अंतिम मंजिल 7,994 चयनित लेखपालों की सूची है, जो अभिलेख और पात्रता जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
मायावती भतीजी दीपिका को दे सकती हैं BSP की कमान, बोलीं- आकाश-ईशान को कोई राजनीतिक पद नहीं मिलेगा

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) में नेतृत्व को लेकर मायावती ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने अपनी भतीजी दीपिका आनंद को भविष्य में पार्टी की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई है। हालांकि, मायावती ने अभी दीपिका को अपना उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया है। मायावती ने कहा कि अगर उनके भाई आनंद कुमार को संगठनात्मक काम में मदद की जरूरत पड़ती है तो वह अपनी इकलौती बेटी दीपिका आनंद की मदद ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि दीपिका की ईमानदारी और कार्यक्षमता को देखते हुए भविष्य में उन्हें पार्टी में जिम्मेदारी दी जा सकती है। दीपिका की उम्र 19 साल है और वह फिलहाल वकालत की पढ़ाई कर रही हैं।
आकाश और ईशान को राजनीतिक पद नहीं देने का ऐलान
मायावती ने स्पष्ट किया कि उनके दोनों भतीजे आकाश आनंद और ईशान आनंद अब BSP में किसी राजनीतिक पद पर नहीं रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में उनके बच्चों को भी पार्टी में कोई पद नहीं दिया जाएगा। मायावती ने परिवारवाद के मुद्दे पर कहा कि वह BSP संस्थापक कांशीराम की तरह परिवारवाद के खिलाफ अपनी नीति पर कायम रहेंगी। यह बयान ऐसे समय आया है, जब मायावती ने कुछ ही दिन पहले आकाश आनंद को पहले राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी से हटाया और फिर पार्टी के सभी दायित्वों तथा प्राथमिक सदस्यता से भी मुक्त कर दिया।
दीपिका को आगे लाने के पीछे क्या रणनीति?
मायावती के इस बयान को BSP के भविष्य के नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। पार्टी में पहले आकाश आनंद को आगे बढ़ाया गया था और बाद में ईशान आनंद को संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई। इससे परिवारवाद को लेकर पार्टी और मायावती की आलोचना भी हुई। अब मायावती ने दोनों भतीजों को राजनीतिक पद से दूर रखने की बात कही है। ऐसे में दीपिका का नाम सामने आना BSP की भावी रणनीति में महिला नेतृत्व को लेकर संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दीपिका को निकट भविष्य में कोई औपचारिक संगठनात्मक पद मिलेगा या वह अभी अपने पिता आनंद कुमार की मदद तक सीमित रहेंगी।
मायावती बोलीं- दीपिका तैयार नहीं हुईं तो मिशनरी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी
बसपा सुप्रीमो ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी का भविष्य केवल परिवार के सदस्यों पर निर्भर नहीं रहेगा। उनके मुताबिक, यदि दीपिका पार्टी की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार नहीं होती हैं, तो किसी दलित समाज के मिशनरी कार्यकर्ता को आगे बढ़ाया जाएगा। मायावती ने कहा कि वह परिवारवाद से पार्टी को बचाए रखने के लिए अपनी नीति में कोई समझौता नहीं करेंगी।
‘महिला होने के कारण भाई आनंद को साथ रखना पड़ा’
मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि अगर वह खुद महिला नहीं होतीं तो शायद भाई-बहनों को अपने साथ नहीं रखतीं। सुरक्षा और दूसरी परेशानियों से बचने तथा सम्मान के साथ पार्टी में काम करने के लिए उन्होंने सबसे छोटे भाई आनंद कुमार को अपने साथ रखा। अब उन्होंने संकेत दिया है कि आनंद कुमार को संगठनात्मक काम में सहयोग की जरूरत होने पर उनकी बेटी दीपिका उनकी मदद कर सकती हैं।
ईशान को संगठन में जिम्मेदारी, लेकिन राजनीतिक पद नहीं
मायावती ने भले ही ईशान आनंद को राजनीतिक पद देने से इनकार किया है, लेकिन हाल में उन्हें संगठनात्मक काम की जिम्मेदारी दी गई थी। ईशान को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर अन्य राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब मायावती के ताजा बयान के बाद यह साफ हो गया है कि यह जिम्मेदारी राजनीतिक पद या उत्तराधिकार की घोषणा नहीं मानी जाएगी।
BSP में लगातार बदल रहा नेतृत्व का समीकरण
पिछले कुछ दिनों में BSP में नेतृत्व को लेकर तेजी से बदलाव हुए हैं। 3 सितंबर को मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक के पद से हटाया था। इसके बाद 10 सितंबर को उन्हें पार्टी के सभी दायित्वों और प्राथमिक सदस्यता से भी मुक्त कर दिया गया। अब मायावती ने दोनों भतीजों को राजनीतिक पद न देने की बात कहते हुए दीपिका आनंद का नाम सामने रखा है। ऐसे में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले BSP की भविष्य की नेतृत्व रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: बारिश-बाढ़ से खराब सड़कों की होगी जल्द मरम्मत, CM योगी ने PWD को दिए सर्वे के निर्देश; त्योहारों से पहले 681 प्रमुख मार्ग दुरुस्त करने पर जोर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ से खराब हुई सड़कों को जल्द ठीक कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेशभर में क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले त्योहारों में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा, इसलिए प्रमुख मार्गों पर आवाजाही में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गड्ढामुक्ति अभियान सिर्फ पैचवर्क तक सीमित न रहे। जहां सड़क ज्यादा खराब है, वहां तत्काल उसे आवागमन के योग्य बनाया जाए। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन कर स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।
त्योहारों से पहले 681 प्रमुख मार्गों पर फोकस
आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्गों को चिन्हित किया गया है। इनमें गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान ज्यादा भीड़ और आवागमन वाले रास्ते शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर स्थिति में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
9 विभागों की 4.36 लाख किमी सड़कें अभियान में
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में गड्ढामुक्ति अभियान के दायरे में 9 विभागों की करीब 4.36 लाख किमी सड़कें शामिल हैं। मौजूदा अभियान में करीब 50 हजार किमी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 5,751 किमी मार्गों पर काम पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने बारिश-बाढ़ के अलावा एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे जैसी निर्माणाधीन परियोजनाओं के कारण खराब हुई सड़कों का भी विभागवार सर्वे कराने को कहा है। सर्वे के बाद क्षतिग्रस्त मार्गों की स्थिति के आधार पर प्रत्येक विभाग के लिए गड्ढामुक्ति का लक्ष्य तय किया जाएगा।
30 हजार किमी सड़कों के नवीनीकरण का लक्ष्य
सड़क नवीनीकरण और विशेष मरम्मत की भी समीक्षा की गई। विभाग के मुताबिक करीब 30 हजार किमी सड़कों के नवीनीकरण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से करीब 14 हजार किमी पर काम पूरा हो चुका है। वहीं, करीब 5 हजार किमी मार्गों पर विशेष मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्कूल-अस्पताल और बाजारों की सड़कें पहले सुधरेंगी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, प्रमुख बाजार, सरकारी कार्यालय और अधिक यातायात वाले मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें सीधे आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी हैं। इसलिए मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। खराब सड़कों पर तत्काल काम शुरू कराया जाए।
भारी वाहनों की आवाजाही से भी सड़कें खराब
समीक्षा में सामने आया कि बारिश और अतिवृष्टि के अलावा निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे परियोजनाओं के चलते भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से भी कई मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसी सड़कों को अलग से चिन्हित कर उनकी मरम्मत और जरूरत के अनुसार नवीनीकरण की योजना तैयार की जा रही है।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय समेत 8 विभागों की योजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से भी सड़क संबंधी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके अलावा मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की सड़क योजनाओं की समीक्षा की गई। योगी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सड़क मरम्मत के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ख़बर बिहार
Bihar: भागलपुर में BJP मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, कनपटी के पास मारी गोली; परिजन बोले- काली पूजा के चंदे के विवाद में वारदात

भागलपुर: बिहार के भागलपुर में अपराधियों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज इलाके में हुई। गोली सिर के पास लगने से उमा भूषण सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस उन्हें तत्काल मायागंज अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सिटी SDPO समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
बाइक सवार बदमाशों ने रोका, फिर गोली मारने का आरोप
मृतक के भाई अरविंद के मुताबिक, उमा भूषण बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी कनपटी के पास लगी। परिजनों का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के पीछे काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
भतीजे ने किशन कुमार पर लगाया आरोप
मृतक के भतीजे अंकित ने दावा किया कि वह भी बाइक से जा रहा था और उमा भूषण दूसरी बाइक से आगे चल रहे थे। इसी दौरान दो लोग बाइक से पहुंचे और उमा भूषण की बाइक रुकवाई।
अंकित के मुताबिक, उनमें से एक की पहचान किशन कुमार के रूप में हुई है, जिसे वह पूर्व वार्ड पार्षद शशि मोदी का भांजा बता रहा है। आरोप है कि बाइक रुकवाने के बाद किशन ने उमा भूषण को गोली मार दी।
पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या की वजह को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
1995 से भाजपा से जुड़े थे उमा भूषण
परिजनों के अनुसार, उमा भूषण तांती लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए थे और 1995 से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। वर्ष 2025 में उन्हें भाजपा के श्रीनारायण शाह नगर मंडल का अध्यक्ष बनाया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक रोहित पांडे समेत पार्टी के स्थानीय नेता मायागंज अस्पताल पहुंचे।
ख़बर उत्तरप्रदेश
: भारत ICC वनडे रैंकिंग में नंबर-1, 116 रेटिंग के साथ टॉप पर, न्यूजीलैंड दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने ICC की ताजा वनडे टीम रैंकिंग में अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। भारत के खाते में 116 रेटिंग पॉइंट हैं, जबकि न्यूजीलैंड 109 अंक के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 102 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 7 रेटिंग पॉइंट का अंतर है। दक्षिण अफ्रीका भी 102 रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान 100 अंक के साथ पांचवें नंबर पर है।
टॉप-10 में भारत के अलावा ये टीमें
ICC वनडे टीम रैंकिंग में श्रीलंका 96 रेटिंग के साथ छठे स्थान पर है। इंग्लैंड 93 अंक के साथ सातवें और अफगानिस्तान 92 अंक के साथ आठवें स्थान पर है।
बांग्लादेश नौवें और वेस्टइंडीज 10वें स्थान पर हैं।
रैंक टीम रेटिंग
1 भारत 116
2 न्यूजीलैंड 109
3 ऑस्ट्रेलिया 102
4 दक्षिण अफ्रीका 102
5 पाकिस्तान 100
6 श्रीलंका 96
7 इंग्लैंड -87
8 अफगानिस्तान 92ॉ
9 बांग्लादेश —
10 वेस्टइंडीज —
)2013 में पहली बार धोनी की कप्तानी में हासिल किया था नंबर-1 स्थान
भारत ने 2013 में पहली बार मौजूदा ICC वनडे रैंकिंग सिस्टम के तहत नंबर-1 स्थान हासिल किया था। जनवरी 2013 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज 3-2 से जीती थी और सीरीज के बाद शीर्ष स्थान पर पहुंच गया था। ICC के रिकॉर्ड के मुताबिक, भारत ने 19 जनवरी को तीसरा वनडे जीतने के बाद नंबर-1 स्थान हासिल किया था।
इसके बाद भारत कई बार रैंकिंग में शीर्ष पर रहा। मौजूदा दौर में टीम ने सितंबर 2023 में पाकिस्तान को पीछे छोड़कर फिर से नंबर-1 स्थान हासिल किया था और अब तक शीर्ष पर बनी हुई है।
वनडे बल्लेबाजों में गिल नंबर-1, कोहली तीसरे और रोहित चौथे
वनडे बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में भी भारत का दबदबा कायम है। शुभमन गिल 801 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर हैं। विराट कोहली 767 रेटिंग के साथ तीसरे और रोहित शर्मा 758 रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर हैं।
यानी टॉप-4 में भारत के तीन बल्लेबाज शामिल हैं।
टी-20 में ईशान किशन का जलवा
टी-20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में ईशान किशन 910 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर हैं। उनके बाद पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 848 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
भारत के अभिषेक शर्मा 819 अंक के साथ तीसरे और तिलक वर्मा 750 अंक के साथ छठे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट 799 अंक के साथ चौथे और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस 702 अंक के साथ 10वें स्थान पर हैं।
ईशान किशन ने इससे पहले 916 रेटिंग अंक हासिल किए थे, जो टी-20 इंटरनेशनल में अब तक के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग स्कोर में शामिल है। फिलहाल उनकी रेटिंग 910 है।
ख़बर छत्तीसगढ़19 hours agoRaipur: मुख्यमंत्री निवास में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना, CM साय ने की सपरिवार पूजा-अर्चना
अर्थ जगत6 hours agoUPI पर ₹2,000 तक कोई चार्ज नहीं, चार्ज की चर्चाओं के बीच वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट की स्थिति
ख़बर उत्तरप्रदेश4 hours agoयूपी लेखपाल भर्ती में 28,409 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 7,994 पदों के लिए अब अभिलेख सत्यापन; जांच के बाद आएगा अंतिम परिणाम






















