ख़बर यूपी / बिहार
UP Constable Recruitment: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा सोमवार से होगी, ये चीजें रहेंगी बैन

Lucknow: उत्तरप्रदेश पुलिस में सिपाही के 60,244 पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) सोमवार से शुरू होगी। भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण के तहत होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल होगा और चरित्र प्रमाण मांगे जाएंगे। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड परीक्षा का आयोजन पीएसी की 12 वाहिनियों में करा रहा है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रोजाना करीब 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किमी की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को 14 मिनट में 2.4 किमी की दौड़ पूरी करनी होगी।
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों को रोकने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बता दें कि भर्ती बोर्ड ने दौड़ परीक्षा के पहले चरण के तहत करीब 1.20 लाख प्रवेशपत्र जारी किए हैं। वहीं सोमवार को शेष करीब 40 हजार अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र जारी होने हैं। परीक्षा का आयोजन 27 फरवरी तक होना है। परीक्षा का आयोजन 45वीं वाहिनी अलीगढ़, 12वीं वाहिनी फतेहपुर, 8वीं वाहिनी बरेली, 9वीं वाहिनी मुरादाबाद, 26वीं वाहिनी गोरखपुर, 37वीं वाहिनी कानपुर, 33वीं वाहिनी झांसी, 35वीं वाहिनी लखनऊ, 6वीं वाहिनी मेरठ, 47वीं वाहिनी गाजियाबाद, 20वीं वाहिनी आजमगढ़ और 39वीं वाहिनी मिर्जापुर में किया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान कलाई घड़ी पहनना प्रतिबंधित है। कुछ अभ्यर्थियों के इसके इस्तेमाल के अनुरोध पर विचार करके बोर्ड ने परीक्षा स्थल पर डिजिटल घड़ी का प्रबंध किया है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से उनके प्रवेशपत्र, मूल पहचानपत्र, मूल आधार कार्ड के साथ परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने को कहा है। यदि कोई अभ्यर्थी नियत तिथि एवं समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहने में असफल रहता है तो वह समिति को वजह बताते हुए प्रत्यावेदन दे सकता है। यह उसे खुद अथवा किसी प्रतिनिधि के जरिये देना होगा। डाक, ई-मेल अथवा किसी अन्य माध्यम से भेजा गया प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं होगा। समिति उसे किसी अन्य दिन परीक्षा के लिए बुला सकती है।
परीक्षा बोर्ड की ओर से गठित समिति द्वारा कराई जाएगी, जिसमें डीएम की ओर से नामित एक एसडीएम, सीएमओ की ओर से नामित डॉक्टर, कमिश्नर/एसएसपी की ओर से नामित डिप्टी एसपी शामिल हैं। परीक्षा का परिणाम दिन की समाप्ति पर सूचना पट पर प्रदर्शित करना होगा। सिपाही भर्ती में सफल उम्मीदवारों को 9 महीने के बुनियादी प्रशिक्षण के लिए प्रदेश के सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर भेजा जाएगा। अंतिम चरण की परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन उनके गृह जिलों से कराया जाएगा। इसके बाद एक महीने की प्रारंभिक ट्रेनिंग (जेटीसी) सभी 75 जिलों में होगी और नौ महीने की आधारभूत ट्रेनिंग प्रशिक्षण केंद्रों पर कराई जाएगी।
ख़बर बिहार
Patna: सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, 15 अप्रैल को शपथ; नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा

Patna: सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें पहले बीजेपी और फिर NDA विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद वे राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। शपथग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोकभवन में आयोजित होगा। इसके साथ ही बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।
विधानसभा के सेंट्रल हॉल में हुई NDA बैठक में नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। उन्होंने सम्राट को माला पहनाई और विधायकों से समर्थन में ताली बजवाई। सम्राट चौधरी ने भी उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा, “मैंने नीतीश जी से राजनीति सीखी है। उनके साथ काम किया है और अब समृद्ध बिहार को आगे ले जाना है।”
इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अब नई सरकार काम संभालेगी और उन्हें उनका पूरा सहयोग रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार आगे और प्रगति करेगा।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: नोएडा में सैलरी को लेकर बवाल, पथराव के बाद सख्ती; सरकार ने बढ़ाई मजदूरी, 300 से ज्यादा गिरफ्तार

Noida Protest: नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन मंगलवार को हिंसक हो गया। पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई और भीड़ ने 2–3 जगहों पर पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया। हालांकि पुलिस ने जल्द ही हालात पर काबू पा लिया और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया।
इधर, प्रदर्शन के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा फैसला लेते हुए फैक्ट्री कर्मचारियों की सैलरी बढ़ा दी। न्यूनतम मजदूरी दरों में 3000 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। यह फैसला हाईलेवल कमेटी और कर्मचारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। रात करीब डेढ़ बजे आदेश जारी किया गया, जिसमें कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी दी गई। बढ़ी हुई सैलरी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी।
हालांकि, मजदूरी बढ़ाने के फैसले के बावजूद कर्मचारियों का गुस्सा तुरंत शांत नहीं हुआ, जिसके चलते मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासन अब स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने में जुटा है।
भारी सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी
स्थिति को देखते हुए इंडस्ट्रियल इलाकों में सुबह 5 बजे से पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों का फ्लैग मार्च जारी है। CCTV और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिए पीएसी और RAF की 15 कंपनियां तैनात की गई हैं। साथ ही 26 अधिकारी (8 एडिशनल एसपी और 18 डीएसपी) भी मौके पर तैनात किए गए हैं। हालात को देखते हुए कई कंपनियां बंद रखी गई हैं।
300 से ज्यादा गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर भी एक्शन
राजीव कृष्ण लखनऊ के कंट्रोल रूम से हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपद्रव में हुए नुकसान की भरपाई आरोपियों से कराई जाएगी। वहीं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अब तक 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हिंसा भड़काने वाले 50 सोशल मीडिया (X) अकाउंट्स की पहचान की गई है और कुछ लोग अलग-अलग जगहों पर सक्रिय पाए गए हैं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Vrindavan boat accident: वृंदावन नाव हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत, 22 रेस्क्यू; 4 लापता, यमुना में जारी सर्च ऑपरेशन

Vrindavan boat accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर 3 बजे केसी घाट पर हुए नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। हादसे में अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी 4 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। शनिवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आर्मी समेत करीब 250 जवान 14 किलोमीटर के दायरे में यमुना नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जहां 37 श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक पलट गई। घाट बांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी दूर है। यहां पानी की गहराई लगभग 25 फीट बताई गई है। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की जान चली गई, जिनमें मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा शामिल हैं।
क्यों नहीं मिल पा रहे लापता?
रेस्क्यू टीम के मुताबिक यमुना का बहाव तेज है। जिससे शव बहकर दूर जा सकते हैं। साथ ही उनके गाद और रेत में दबने की आशंका भी है। हालांकि 24 घंटे बाद शव ऊपर आ सकते हैं। देवरहा बाबा घाट के पास एक शव बरामद किया गया, जिसे देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: UP में शिक्षा मित्र-अनुदेशकों की सैलरी बढ़ी, 9 साल बाद बड़ा फैसला, अब ₹18,000 तक मानदेय

Lucknow: उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार शाम सैलरी बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। अब शिक्षा मित्रों को ₹18,000 और अनुदेशकों को ₹17,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है, जबकि बढ़ा हुआ वेतन 1 मई से खातों में आना शुरू होगा। करीब 9 साल बाद यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है।
कितनी बढ़ी सैलरी
शिक्षा मित्र: ₹10,000 से बढ़कर ₹18,000
अनुदेशक: ₹9,000 से बढ़कर ₹17,000
कितने लोगों को फायदा
प्रदेश में 1,42,229 शिक्षा मित्र, 24,717 अनुदेशक हैं, यानी कुल मिलाकर लगभग 1.67 लाख कर्मचारियों को सरकार के फैसले का सीधा लाभ मिलेगा। इस फैसले से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी
CM योगी ने पहले ही घोषणा की थी कि शिक्षा मित्रों का ट्रांसफर भी किया जाएगा। परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Weather Update: बारिश से ठंडा हुआ मौसम, 7-8 अप्रैल को फिर आंधी-तूफान का अलर्ट

UP Weather Update: उत्तरप्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। बीते दिनों पूरे प्रदेश में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश में एक बार फिर आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का नया सिस्टम है, जो 7 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा और 8 अप्रैल तक पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगा।
रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। हालांकि 6 अप्रैल को मौसम में आंशिक सुधार के साथ तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 7 अप्रैल से शुरू होने वाला यह सिस्टम धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में असर दिखाएगा। वहीं 9 अप्रैल को इसके कमजोर पड़ने के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 10 अप्रैल से मौसम के फिर शुष्क होने की संभावना जताई गई है।





















