ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Encounter: बसपा नेता हत्याकांड का ₹1 लाख का इनामी बदमाश ढेर, STF के जवान को लगी गोली

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) और गोरखपुर पुलिस ने सोमवार देर रात संयुक्त कार्रवाई में बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू हत्याकांड के मुख्य आरोपी और ₹1 लाख के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल हसन को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान एक STF हेड कॉन्स्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया।
यह एनकाउंटर गोरखपुर जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर रामनगर-करजहा फोरलेन पर हुआ। पुलिस के अनुसार, करीब 30 मिनट तक चली मुठभेड़ में दोनों तरफ से लगभग 15 राउंड फायरिंग हुई।
रोकने पर की फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफिजुल कुशीनगर की ओर जा रहा है। STF और पुलिस ने चेकिंग शुरू की। देर रात करीब 11 बजे आरोपी बाइक से वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इस दौरान STF के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मुस्तफिजुल के पैर और आंख के पास लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मौके से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
2024 में गिरफ्तारी के बाद ट्रेन से भागा था
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुस्तफिजुल आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। दिसंबर 2024 में उसे गुजरात से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन आजमगढ़ लाते समय महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था।
10 आपराधिक मामले दर्ज
मुस्तफिजुल के खिलाफ आजमगढ़, हरदोई और महाराष्ट्र में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 10 मुकदमे दर्ज थे। वह लगातार ठिकाने बदलता रहता था, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में काफी मुश्किलें आ रही थीं।
पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2013 में मुस्तफिजुल के भाई कामरान की हत्या हुई थी, जिसमें बसपा नेता कलामुद्दीन आरोपी थे। इसी रंजिश के चलते वर्ष 2021 में कलामुद्दीन की हत्या कर दी गई थी। इस मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: सुप्रीम कोर्ट ने SIT से मांगी रिपोर्ट, CCTV सुरक्षित रखने के निर्देश

नई दिल्ली/अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है। अदालत ने यूपी सरकार की ओर से गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से अब तक की जांच की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने निर्देश दिया कि रिपोर्ट में SIT के गठन, उसकी संरचना और जांच कर रहे अधिकारियों की पूरी जानकारी दी जाए। कोर्ट ने मामले से जुड़े सभी CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया।
20 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि जांच की स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में पेश की जाएगी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में जांच एजेंसी की संरचना और कार्रवाई का पूरा विवरण होना चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई को होगी।
CBI जांच और एक्सपर्ट कमेटी की मांग
सुप्रीम कोर्ट चार अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। याचिकाओं में मामले की जांच CBI को सौंपने और मंदिर में चढ़ावे व दान के प्रबंधन की समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति (Expert Committee) गठित करने की मांग की गई है।
8 आरोपियों की रिमांड पर आज फैसला
उधर, अयोध्या पुलिस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश करेगी। उनकी पुलिस रिमांड आज समाप्त हो रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और चढ़ावा गिनती के प्रभारी रहे सुभाष श्रीवास्तव की 7 दिन की नई रिमांड मांग सकती है। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर चुकी है। सभी आरोपी फिलहाल फैजाबाद जेल की अलग-अलग बैरकों में बंद हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट ने निकाली CEO की भर्ती
इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक (Graduation) निर्धारित की गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई 2026 शाम 4 बजे तक है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा,13 जुलाई को होगी सुनवाई, 23 गणनाकर्मियों ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली/अयोध्या: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को सुनवाई करेगा। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस मामले से जुड़ी तीन याचिकाएं सूचीबद्ध हैं। इनमें मामले की जांच CBI को सौंपने, विशेष जांच दल (SIT) गठित करने तथा मंदिर में दान और चढ़ावे के प्रबंधन की समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति बनाने की मांग की गई है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मामले में तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की थी और नियमित प्रक्रिया के तहत सुनवाई की बात कही थी। अब यह मामला 13 जुलाई की सूची में शामिल है।
चढ़ावा गिनने वाले 23 कर्मचारियों का सामूहिक इस्तीफा
इधर, राम मंदिर में चढ़ावे की गणना करने वाले 23 कर्मचारियों ने गुरुवार को सामूहिक इस्तीफा दे दिया। कर्मचारियों का कहना है कि चोरी की घटना के बाद चढ़ावे में छोटे नोटों की संख्या काफी बढ़ गई है, जिससे गिनती में पहले की तुलना में अधिक समय लग रहा है।
उनके अनुसार पहले 500 रुपये के नोटों की 70-80 गड्डियां बन जाती थीं, जबकि अब मुश्किल से 15 गड्डियां बनती हैं। साथ ही पहले दो शिफ्ट में होने वाला काम अब सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक एक ही शिफ्ट में कराया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि कार्य के घंटे बढ़ गए हैं, लेकिन वेतन में कोई वृद्धि नहीं हुई है। इस्तीफों के बाद बैंक के पास अब केवल 13 गणनाकर्मी बचे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर साधा निशाना
चढ़ावा चोरी मामले के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, उन्होंने अतीत में हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या लंबे समय तक विकास से वंचित रही, लेकिन अब शहर का व्यापक विकास किया गया है और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उधर, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच पहले से जारी है। हाल ही में मंदिर ट्रस्ट में नेतृत्व परिवर्तन भी हुआ था और मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: रिटायर्ड ARTO के घर 26 घंटे की रेड, 13 किलो सोना, ₹1.62 करोड़ कैश और 35 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

Lucknow: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस विभाग ने रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। करीब 26 घंटे तक चली कार्रवाई में टीम ने 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, हीरे के आभूषण, 1.62 करोड़ रुपए नकद और करोड़ों रुपए की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद संपत्तियों की कुल कीमत करीब 35 करोड़ रुपए है।
विजिलेंस के मुताबिक, तलाशी के दौरान नकदी घर की दीवारों और अलग-अलग कमरों में पैकेट बनाकर छिपाई गई थी। इसके अलावा लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित मकानों, फ्लैटों, प्लॉट और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए।
2024 में दर्ज हुई थी शिकायत
विजिलेंस विभाग के अनुसार, मूल रूप से रायबरेली निवासी ललित कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस समय वे परिवहन विभाग में रीजनल इंस्पेक्टर (टेक्निकल) के पद पर कार्यरत थे। शिकायत के बाद परिवहन आयुक्त की अनुमति से भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने उनकी आय और संपत्तियों की जांच शुरू की।
आय से 73.6% अधिक खर्च का आरोप
जांच में सामने आया कि ललित कुमार की कुल वैध आय 93.26 लाख रुपए थी, जबकि संपत्तियों की खरीद, रखरखाव और अन्य मदों पर उनका कुल खर्च 1.61 करोड़ रुपए पाया गया। यानी उन्होंने अपनी वैध आय से 68.66 लाख रुपए (करीब 73.6 प्रतिशत) अधिक खर्च किए। जांच एजेंसी का कहना है कि इस अतिरिक्त संपत्ति और खर्च का वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
कोर्ट के वारंट पर हुई कार्रवाई
विजिलेंस टीम ने 7 जुलाई को अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद लखनऊ के अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी में उनके आवास पर छापा मारा। तलाशी के दौरान नकदी के साथ बड़ी मात्रा में कीमती धातुएं और अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले। विजिलेंस विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है और बरामद संपत्तियों के स्रोत की पड़ताल की जा रही है।
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और हीरे के आभूषण (अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपए), 1.62 करोड़ रुपए नकद, लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में मकान, फ्लैट, प्लॉट और कृषि भूमि के दस्तावेज
अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपए
ख़बर उत्तरप्रदेश
Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, आरोपियों के घरों से लाखों की नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद, SIT जांच का दायरा बढ़ा

Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के घर छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच की और परिजनों से पूछताछ की। इस बीच, मामले में गिरफ्तार 8 आरोपियों में से 7 के घरों से हुई बरामदगी का विवरण भी सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे अधिक 20 लाख रुपए नकद जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला के पास से मिले हैं। इसके अलावा उसके यहां से 1121 अमेरिकी डॉलर (करीब 1.06 लाख रुपए) और सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हुए। वहीं आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के पास से 1 लाख रुपए और उसके भतीजे के पास से 2 लाख रुपए नकद मिलने की जानकारी सामने आई है।
रामराज्य कोष लिखी संदूक भी मिली
पुलिस ने 28 जून को अयोध्या स्थित अविनाश शुक्ला के योग सेंटर पर छापा मारा था। वहां से एक संदूक बरामद हुई, जिस पर लाल रंग से ‘रामराज्य कोष’ लिखा था। संदूक पर पेटीएम का QR कोड भी लगा था। छापेमारी का वीडियो बुधवार को सामने आया।
SIT को मिले 15 दिन और, ED भी हो सकती है जांच में शामिल
राज्य सरकार ने मामले की जांच कर रही SIT को जांच पूरी करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। सूत्रों के अनुसार, मामले में धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के पहलुओं की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी शामिल किया जा सकता है। इस संबंध में अयोध्या पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुरोध किया है।
मंगलवार को फैजाबाद जेल में बंद सभी आठ आरोपियों से पूछताछ की गई। सबसे लंबी पूछताछ अविनाश शुक्ला से हुई, जो करीब दो घंटे चली। इसमें उसके घर से बरामद नकदी और आभूषणों को लेकर सवाल किए गए।
400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के दायरे में
जांच एजेंसियों ने राम मंदिर परिसर में तैनात करीब 400 निजी सुरक्षाकर्मियों को भी जांच के दायरे में लिया है। उनके ड्यूटी रोस्टर, CCTV फुटेज, एंट्री-एग्जिट रिकॉर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मंदिर की निजी सुरक्षा का जिम्मा एक ऐसी कंपनी के पास था, जिसका संबंध बिहार के एक पूर्व सांसद से बताया जा रहा है। ट्रस्ट इस सुरक्षा व्यवस्था पर हर महीने लगभग 1 करोड़ रुपए खर्च करता था।
चंपत राय से पूछताछ, RMO का तबादला
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय से पुलिस ने करीब तीन घंटे पूछताछ की। उनसे पूछा गया कि चढ़ावा चोरी की जानकारी उन्हें पहली बार कब और कैसे मिली तथा इसके बाद उन्होंने क्या कदम उठाए।
वहीं, राम मंदिर में पिछले 17 वर्षों से तैनात रेडियो ऑपरेशन अधिकारी (RMO) अर्जुन देव का गोरखपुर तबादला कर दिया गया है। काउंटिंग रूम और मंदिर परिसर में लगे 1600 CCTV कैमरों की निगरानी की जिम्मेदारी उन्हीं के पास थी। SIT उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
महंत नृत्य गोपाल दास अस्पताल में भर्ती
इसी बीच, राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ और यूरिन संक्रमण की शिकायत के बाद 29 जून को भर्ती कराया गया था।
कब क्या हुआ?
- 7 जून: चढ़ावा चोरी का मामला पहली बार सामने आया।
- 13 जून: यूपी सरकार ने SIT का गठन किया।
- 25 जून: FIR दर्ज हुई और 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
- 25 जून: ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दिया।
- अब: SIT जांच जारी, ED की एंट्री की संभावना।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Weather: यूपी में मानसून की धमाकेदार एंट्री, 25 शहरों में बारिश, 55 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून ने दस्तक देने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल दिया है। बुधवार सुबह से प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, ललितपुर समेत 25 शहरों में बारिश हो रही है। वहीं कानपुर, आगरा, मथुरा सहित अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
सबसे ज्यादा असर बिजनौर में देखने को मिला, जहां सुबह हुई तेज बारिश से कई सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। लोग घुटनों तक पानी में होकर गुजरते नजर आए। ललितपुर में भारी बारिश के कारण रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी भर गया। फतेहपुर में तेज आंधी के दौरान एक ई-रिक्शा पलट गया, जबकि बदायूं में बारिश से खेत जलमग्न हो गए।
55 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 55 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में मानसून और सक्रिय होगा तथा पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश होने की संभावना है।
10 दिन की देरी से पहुंचा मानसून
मंगलवार को मानसून ने सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून करीब 19 दिन तक यूपी-बिहार सीमा पर रुका रहा, जिसके कारण प्रदेश में इसकी एंट्री सामान्य से लगभग 10 दिन देरी से हुई। सामान्यतः मानसून 20 जून तक उत्तर प्रदेश पहुंच जाता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब मानसून लगातार सक्रिय रहेगा और अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी।
खेल खिलाड़ी13 hours agoFIFA World Cup: 16 साल बाद वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा स्पेन, फ्रांस को 2-0 से हराया, ओयारजाबाल और पोरो ने दागे गोल
ख़बर देश13 hours agoE-20 से गाड़ियां खराब होने का कोई प्रमाण नहीं, गडकरी बोले- एथेनॉल से तेल आयात घटा, किसानों की आय बढ़ी
अर्थ जगत12 hours agoIndia UK FTA: भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू: UK की कारें, व्हिस्की और ब्रांडेड सामान होंगे सस्ते, भारतीय निर्यात को भी बड़ा फायदा
ख़बर मध्यप्रदेश9 hours agoMP के 1,895 सरकारी स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं, CAG रिपोर्ट के हवाले से हाईकोर्ट में PIL, सरकार से मांगा जवाब
ख़बर देश5 hours agoPatna: बिहार में आकाशीय बिजली का कहर, बच्चे समेत 3 की मौत, 2 छात्र गंभीर, नेपाल की बारिश से नदियां उफान पर


















