ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: ‘फंडिंग नहीं जनसहयोग से चलता है आरएसएस’, संघ प्रमुख की मौजूदगी में सीएम योगी का बयान

Lucknow: राजधानी के जनेश्वर मिश्र पार्क में रविवार को आयोजित दिव्य गीता प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम में सीएम योगी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पहुंचे थे। इस दौरान सीएम योगी ने पहली बार खुले मंच से संघ की फंडिंग पर उठ रहे सवालों का करारा जवाब दिया है। सीएम योगी ने कहा कि आरएसएस की फंडिंग को लेकर दुनिया से आए विदेशी नेता और डिप्लोमेट हमसे पूछते हैं कि आरएसएस की फंडिंग कहा से आती है। इसपर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने पूरे सौ वर्षीय इतिहास में कभी भी सेवा के साथ सौदेबाजी नहीं की। संघ को कोई विदेशी देश, संस्था या बाहरी संगठन फंड नहीं करता है। आरएसएस समाज के सहयोग, लोगों की निःस्वार्थ भावना और राष्ट्रप्रेम से चलता है। सीएम योगी ने गीता के श्लोकों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां सत्य और धर्म का मार्ग होता है, वहीं विजय मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधर्म के मार्ग पर चलने वालों की जीत कभी संभव नहीं होती है। गीता का ज्ञान केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन का मार्गदर्शक है। आज के परिवेश में भी श्रीमद्भगवद् गीता मानवता को सही दिशा देने में सक्षम है। सीएम ने कहा कि आरएसएस ने बीते 100 वर्षों में समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, और बिना किसी स्वार्थ के सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्च स्थान दिया है।
इस मौके पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि गीता मूल में पढ़नी चाहिए, समझ लेनी चाहिए, तो पता चलेगा। गीता का और एक गुण विशेष ऐसा है कि हर बार आप चिंतन करते हो, तो हर बार आपको नई बात मिलती है। जो भी स्थिति में आपको उपयोगी लगती है, क्योंकि वो सब कुछ है, उससे सदा-सर्वदा, सब परिस्थितियों के लिए सब उपाय मिलते है। मोहन भागवत ने कहा कि भगवान ने पहली बात बताई कि तुम समस्या को टालने का प्रयास कर रहे हो, भागने का प्रयास कर रहे हो।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि पहली बात है कि भागो मत, खड़े रहो, समस्या आई, उसका सामने से मुकाबला करो। समस्या का निदान पाना है, तो दाएं-बाएं नहीं देखना है। समस्या के अंदर घुसकर निदान करना पड़ता है और इसलिए खड़े रहो, भागो मत। वहीं सीएम योगी ने कहा कि दिव्य गीता प्रेरणा उत्सव की जब हम बात करते हैं तो श्रीमद् भागवत गीता के 700 श्लोक जिन्हें हर भारत का सनातन धर्मावलंबी जीवन का मंत्र मानकर बड़ी पवित्रता के साथ, बड़े आदर भाव के साथ उन्हें आत्मसात करने का प्रयास करता है। वह हम सबके सामने 18 अध्यायों की 700 श्लोकों की श्रीमद् भागवत गीता हर सनातन धर्मावलंबी के सामने आती हुई और एक नई प्रेरणा देती हुई दिखाई देती है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: नोएडा में सैलरी को लेकर बवाल, पथराव के बाद सख्ती; सरकार ने बढ़ाई मजदूरी, 300 से ज्यादा गिरफ्तार

Noida Protest: नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन मंगलवार को हिंसक हो गया। पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई और भीड़ ने 2–3 जगहों पर पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया। हालांकि पुलिस ने जल्द ही हालात पर काबू पा लिया और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया।
इधर, प्रदर्शन के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा फैसला लेते हुए फैक्ट्री कर्मचारियों की सैलरी बढ़ा दी। न्यूनतम मजदूरी दरों में 3000 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। यह फैसला हाईलेवल कमेटी और कर्मचारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। रात करीब डेढ़ बजे आदेश जारी किया गया, जिसमें कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी दी गई। बढ़ी हुई सैलरी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी।
हालांकि, मजदूरी बढ़ाने के फैसले के बावजूद कर्मचारियों का गुस्सा तुरंत शांत नहीं हुआ, जिसके चलते मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासन अब स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने में जुटा है।
भारी सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी
स्थिति को देखते हुए इंडस्ट्रियल इलाकों में सुबह 5 बजे से पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों का फ्लैग मार्च जारी है। CCTV और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिए पीएसी और RAF की 15 कंपनियां तैनात की गई हैं। साथ ही 26 अधिकारी (8 एडिशनल एसपी और 18 डीएसपी) भी मौके पर तैनात किए गए हैं। हालात को देखते हुए कई कंपनियां बंद रखी गई हैं।
300 से ज्यादा गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर भी एक्शन
राजीव कृष्ण लखनऊ के कंट्रोल रूम से हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपद्रव में हुए नुकसान की भरपाई आरोपियों से कराई जाएगी। वहीं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अब तक 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हिंसा भड़काने वाले 50 सोशल मीडिया (X) अकाउंट्स की पहचान की गई है और कुछ लोग अलग-अलग जगहों पर सक्रिय पाए गए हैं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Vrindavan boat accident: वृंदावन नाव हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत, 22 रेस्क्यू; 4 लापता, यमुना में जारी सर्च ऑपरेशन

Vrindavan boat accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर 3 बजे केसी घाट पर हुए नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। हादसे में अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी 4 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। शनिवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आर्मी समेत करीब 250 जवान 14 किलोमीटर के दायरे में यमुना नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जहां 37 श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक पलट गई। घाट बांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी दूर है। यहां पानी की गहराई लगभग 25 फीट बताई गई है। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की जान चली गई, जिनमें मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा शामिल हैं।
क्यों नहीं मिल पा रहे लापता?
रेस्क्यू टीम के मुताबिक यमुना का बहाव तेज है। जिससे शव बहकर दूर जा सकते हैं। साथ ही उनके गाद और रेत में दबने की आशंका भी है। हालांकि 24 घंटे बाद शव ऊपर आ सकते हैं। देवरहा बाबा घाट के पास एक शव बरामद किया गया, जिसे देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: UP में शिक्षा मित्र-अनुदेशकों की सैलरी बढ़ी, 9 साल बाद बड़ा फैसला, अब ₹18,000 तक मानदेय

Lucknow: उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार शाम सैलरी बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। अब शिक्षा मित्रों को ₹18,000 और अनुदेशकों को ₹17,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है, जबकि बढ़ा हुआ वेतन 1 मई से खातों में आना शुरू होगा। करीब 9 साल बाद यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है।
कितनी बढ़ी सैलरी
शिक्षा मित्र: ₹10,000 से बढ़कर ₹18,000
अनुदेशक: ₹9,000 से बढ़कर ₹17,000
कितने लोगों को फायदा
प्रदेश में 1,42,229 शिक्षा मित्र, 24,717 अनुदेशक हैं, यानी कुल मिलाकर लगभग 1.67 लाख कर्मचारियों को सरकार के फैसले का सीधा लाभ मिलेगा। इस फैसले से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी
CM योगी ने पहले ही घोषणा की थी कि शिक्षा मित्रों का ट्रांसफर भी किया जाएगा। परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Weather Update: बारिश से ठंडा हुआ मौसम, 7-8 अप्रैल को फिर आंधी-तूफान का अलर्ट

UP Weather Update: उत्तरप्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। बीते दिनों पूरे प्रदेश में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश में एक बार फिर आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का नया सिस्टम है, जो 7 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा और 8 अप्रैल तक पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगा।
रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। हालांकि 6 अप्रैल को मौसम में आंशिक सुधार के साथ तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 7 अप्रैल से शुरू होने वाला यह सिस्टम धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में असर दिखाएगा। वहीं 9 अप्रैल को इसके कमजोर पड़ने के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 10 अप्रैल से मौसम के फिर शुष्क होने की संभावना जताई गई है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: CM योगी की मां पर आपत्तिजनक बयान देने वाला मौलाना गिरफ्तार, UP STF ने बिहार से दबोचा

Lucknow: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित आपत्तिजनक बयान देने वाले मौलाना अब्दुल सलीम चतुर्वेदी को यूपी STF ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार के पूर्णिया/अररिया क्षेत्र से दबोचा गया। जानकारी के मुताबिक यूपी STF ने खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए मौलाना को बिहार के जोकीहाट क्षेत्र से हिरासत में लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा में उसे उत्तर प्रदेश लाया गया और जेल भेज दिया गया।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जो रमजान के दौरान सामने आया था। इसमें मौलाना पर सीएम योगी की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद यूपी में विरोध बढ़ गया था और कार्रवाई की मांग उठी थी।
दो FIR दर्ज, जांच तेज
इस मामले में उत्तर प्रदेश में दो FIR दर्ज की गई थीं, जिसके बाद STF ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यह बयान एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मौलाना ने मांगी माफी
गिरफ्तारी के बाद मौलाना अब्दुल सलीम ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





















