ख़बर यूपी / बिहार
UP News: युवाओं के लिए खुशखबरी! राजस्व विभाग में आने वाली हैं बंपर भर्ती

Lucknow: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही योगी सरकार नौकरी के लिए भर्ती निकालने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल के साथ लिपिकीय संवर्ग के खाली पदों को तत्काल भरने का निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इसके अलावा तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक जैसे पदों के लिए जहां पदोन्नति लंबित है, वहां तत्काल प्रक्रिया पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आम जन से जुड़े कार्यों को समयबद्धता के साथ मेरिट के आधार पर निस्तारित किया जाए। अनावश्यक कहीं भी कोई प्रकरण लंबित न रहे। बैठक में मुख्य सचिव, अध्यक्ष राजस्व परिषद, प्रमुख सचिव राजस्व सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
CM योगी का निर्देश- लंबित न रहे एक भी मामला
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों से लेकर पैमाइश, नामांकन, घरौनी, खतौनी, सर्वे, पट्टा सहित ढेरों महत्वपूर्ण प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण हो सके, इसके लिए न केवल विभाग के रिक्त पदों पर नई नियुक्ति की आवश्यकता है, बल्कि आवश्यकतानुसार नवीन पदों का सृजन किया जाए। यही नहीं, उन्होंने राजस्व परिषद के अंतर्गत बन्दोबस्त आयुक्त (ग्रामीण) बन्दोबस्त आयुक्त (नगरीय) तथा निदेशक प्रशिक्षण का नवीन पद सृजित करने की भी जरूरत बताई।
राजस्व विभाग और परिषद में तकनीकी दक्ष युवाओं को मिले प्राथमिकता
शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में राजस्व विभाग के कामकाज और उपलब्ध मानव संसाधन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग और राजस्व परिषद में काम के बदलते स्वरूप और अधिकता को देखते हुए दक्ष युवाओं की तैनाती की जानी चाहिए। नवीनतम तकनीकों को अपनाने के लिए तहसील, जिला, मंडल और राजस्व परिषद में आई.टी. में दक्ष लोगों की तैनाती की जानी चाहिए।
लेखपालों व राजस्व निरीक्षकों को मिलेगा वाहन भत्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के कार्यों में राजस्व विभाग के कार्मिकों को प्रायः फील्ड में काम करना पड़ता है। ऐसे में यह उचित होगा कि लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को वाहन भत्ता दिया जाना चाहिए। इसी तरह नायब तहसीलदार की कार्यक्षमता में बढ़ोतरी के लिए उन्हें चार पहिया वाहन की उपलब्धता कराई जाए। साथ ही, जीपीएस से संबंधित कार्यों के बेहतर संपादन के लिए लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को नए टैबलेट भी उपलब्ध कराए जाएं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
पीलीभीत: रामलीला चंदे के विवाद में 3 की हत्या, दो सगे कारोबारी भाई और राहगीर की मौत

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर हुए विवाद में दो सगे कारोबारी भाइयों समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई। वारदात में एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच लंबे समय से रामलीला कमेटी के चंदे के हिसाब को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे अमरिया थाना क्षेत्र में हुई। आरोप है कि कारोबारी भाई मोहित गुप्ता (38) और अंकित गुप्ता (30) अपने साथियों के साथ दूसरे गुट के घर पहुंचे। वहां कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई।
गोली लगने से दोनों भाई मोहित गुप्ता और अंकित गुप्ता, उनके रिश्तेदार रोज गुप्ता (20) और वहां से गुजर रहे राहगीर कुणाल श्रीवास्तव (18) घायल हो गए। चारों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान मोहित, अंकित और कुणाल की मौत हो गई। रोज गुप्ता का बरेली में इलाज चल रहा है।
20-22 लाख रुपये के चंदे के हिसाब पर विवाद
अमरिया कस्बे में कौशल गुप्ता और चंद्र प्रकाश गुप्ता के परिवारों के बीच रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कौशल कमेटी के सदस्य हैं, जबकि चंद्र प्रकाश का बेटा सूरज कमेटी का अध्यक्ष है। कमेटी हर साल कस्बे में रामलीला का आयोजन कराती है।
बताया गया है कि 9 अक्टूबर को हुई कमेटी की बैठक में कौशल ने सूरज से पिछले चार साल के चंदे का हिसाब मांगा था। इसी बात पर दोनों के बीच बहस हुई। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
शाम को फिर हुई कहासुनी
सोमवार शाम करीब 6 बजे कस्बे में एक कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों का फिर आमना-सामना हुआ। इस बार भी उनके बीच बहस हुई, लेकिन लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे चंद्र प्रकाश के भाई नरेश गुप्ता के बेटे मोहित और अंकित साथियों के साथ कौशल गुप्ता के घर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि कौशल ने अपने भाई हर्षित, चाचा संतोष गुप्ता और अन्य लोगों के साथ लाइसेंसी राइफल व तमंचों से फायरिंग की। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले।
इलाज के दौरान तीन ने तोड़ा दम
फायरिंग में मोहित और अंकित को गोली लगी। उनके परिवार के रोज गुप्ता और वहां से गुजर रहे कुणाल श्रीवास्तव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां अंकित और कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल मोहित को बरेली रेफर किया गया, लेकिन रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। चौथे घायल रोज गुप्ता का बरेली में इलाज जारी है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Board Exam 2027: 5 फरवरी से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, टाइमटेबल जारी

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 का टाइमटेबल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं एक साथ दो पालियों में कराई जाएंगी।
पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। बोर्ड की ओर से जारी विषयवार कार्यक्रम के मुताबिक, 5 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल का हिंदी, प्रारंभिक हिंदी का पेपर होगा। जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट का हिंदी, सामान्य हिंदी का पेपर होगा।
वहीं, 24 फरवरी को आखिरी दिन हाईस्कूल का पहली पाली में कृषि और इंटरमीडियट का पहली पाली में कम्प्यूटर, जबकि दूसरी पाली में संस्कृत विषय का पेपर होगा।
52 लाख से ज्यादा छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 52,04,713 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पिछले साल 53,37,432 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस बार विद्यार्थियों की संख्या में 1,32,719 की कमी आई है।
फरवरी में पूरी होंगी परीक्षाएं
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं फरवरी में पूरी करा ली जाएंगी। टाइमटेबल में विषयवार परीक्षा की तारीखें और पालियों का विवरण दिया गया है। परीक्षार्थी अपने विषयों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम देखकर तैयारी कर सकते हैं।




ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: यूपी कांग्रेस कार्यालय में मारपीट, आराधना मिश्रा-इमरान मसूद के पदभार ग्रहण के दौरान जूते-चप्पल चले

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई और जूते-चप्पल चलने की बात सामने आई। करीब 30 मिनट तक कार्यालय में गहमागहमी बनी रही। हंगामे के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बदसलूकी की गई।
अजय राय बोले- मुझे गाली दी गई
मामला बढ़ने पर सांसद प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद मौके पर पहुंचे। प्रमोद तिवारी ने अजय राय के सामने हाथ जोड़कर उन्हें मनाने की कोशिश की। इस दौरान अजय राय ने कहा कि उन्हें गाली दी गई है। इमरान मसूद ने भी उनसे बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अजय राय की राहुल गांधी से फोन पर बात हुई। इसके बाद वह धरने से उठकर वहां से चले गए।
ममता चौधरी से कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेत्री ममता चौधरी और अजय राय के बीच पहले से तनातनी थी। आरोप है कि अजय राय के पार्टी कार्यालय पहुंचने पर ममता चौधरी ने उनसे वहां से चले जाने को कहा। इसके जवाब में अजय राय ने भी नाराजगी जताई। इसी दौरान उनके एक समर्थक के जूता निकालने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हंगामे में बदल गई। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान हुए इस घटनाक्रम से पार्टी कार्यालय में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: योगी की अखिलेश को चुनौती- अयोध्या से चुनाव लड़ो, मैं भी लड़ूंगा; बोले- आमने-सामने हो जाए मुकाबला

बलरामपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। शनिवार को बलरामपुर के उतरौला क्षेत्र स्थित कालूबनकट में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा, “अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ें, हम भी लड़ेंगे। आमने-सामने मुकाबला हो जाए और तय हो जाए कि किसमें कितना दम है।” योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले उनसे क्या लड़ेंगे। मुख्यमंत्री के इस बयान से यूपी का सियासी पारा चढ़ गया है।
अयोध्या के विकास पर भी बोले योगी
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के प्रति अपनी आस्था जाहिर करते हुए कहा कि वह बार-बार अयोध्या जाते हैं। अयोध्या उनके लिए पावन धाम है और वहां विकास कार्यों में किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम में हो रहे विकास कार्यों का विरोध करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के विजन का विरोध कर रहे हैं। योगी ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने पहले जय श्रीराम के उद्घोष पर रोक लगाई थी, वे आज अयोध्या के विकास पर सवाल उठा रहे हैं।
803 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 803 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ख़बर बिहार
बिहार में अपराधियों पर सख्ती के निर्देश, सीएम सम्राट चौधरी ने बुलाई हाईलेवल बैठक, डायल-112 और साइबर क्राइम पर फोकस

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना स्थित अपने आवास पर कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में महिलाओं के खिलाफ हाल की घटनाओं, गंभीर आपराधिक मामलों और अपराध नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पुलिस कार्रवाई का फीडबैक लिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा। उन्होंने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने और कानून-व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
अपराधियों की सूची बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिलावार और थानावार अपराधियों की सूची तैयार करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। आदतन अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाने और जरूरत के अनुसार अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) का इस्तेमाल करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस की कार्रवाई का प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें अपराध नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई।
डायल-112 का रिस्पॉन्स टाइम घटाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में औसत रिस्पॉन्स टाइम करीब 11 मिनट या उससे कम बताया गया। मुख्यमंत्री ने इसमें और सुधार करने को कहा, ताकि जरूरत के समय लोगों को पुलिस सहायता जल्दी मिल सके।
सोशल मीडिया पर संवेदनशील मामलों में दो घंटे में प्रतिक्रिया
संवेदनशील घटनाओं से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट पर त्वरित प्रतिक्रिया देने की व्यवस्था पर जोर दिया गया। इसके तहत जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को ऐसे मामलों में दो घंटे के भीतर आवश्यक प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने साइबर अपराध की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दंगा निरोधी दस्ते और महिला पुलिसकर्मियों की सुविधाओं पर ध्यान
बैठक में जिला दंगा निरोधी दस्तों के पुनर्गठन और विशेष कार्य बल को आधुनिक बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और अश्लील गानों पर भी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं को कदाचार मुक्त कराने और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही अश्लील और द्विअर्थी गानों के उन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। बैठक में भ्रष्टाचार के मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने और कार्रवाई में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
ख़बर दुनिया9 hours agoअजरबैजान के स्कूलों में हिजाब पर विवाद, छात्राओं ने किया कक्षाओं का बहिष्कार
अर्थ जगत10 hours agoUPI पेमेंट पर MDR चार्ज दिवाली तक टला, ₹2,000 से ज्यादा के भुगतान पर लगना था 0.4% शुल्क
ख़बर मध्यप्रदेश8 hours agoMP News: लाड़ली बहनों को 14 अक्टूबर को मिलेगी 41वीं किस्त, खाते में आएंगे ₹1,500
ख़बर उत्तरप्रदेश9 hours agoपीलीभीत: रामलीला चंदे के विवाद में 3 की हत्या, दो सगे कारोबारी भाई और राहगीर की मौत

















