Connect with us

ख़बर उत्तरप्रदेश

UP Board Exam 2027: 5 फरवरी से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, टाइमटेबल जारी

Published

on

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027, यूपी बोर्ड टाइमटेबल, UP Board Exam Date 2027, 10वीं परीक्षा, 12वीं परीक्षा, UPMSP

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 का टाइमटेबल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं एक साथ दो पालियों में कराई जाएंगी।

पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। बोर्ड की ओर से जारी विषयवार कार्यक्रम के मुताबिक, 5 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल का हिंदी, प्रारंभिक हिंदी का पेपर होगा। जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट का हिंदी, सामान्य हिंदी का पेपर होगा।

वहीं, 24 फरवरी को आखिरी दिन हाईस्कूल का पहली पाली में कृषि और इंटरमीडियट का पहली पाली में कम्प्यूटर, जबकि दूसरी पाली में संस्कृत विषय का पेपर होगा।

52 लाख से ज्यादा छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 52,04,713 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पिछले साल 53,37,432 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस बार विद्यार्थियों की संख्या में 1,32,719 की कमी आई है।

Advertisement

फरवरी में पूरी होंगी परीक्षाएं

बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं फरवरी में पूरी करा ली जाएंगी। टाइमटेबल में विषयवार परीक्षा की तारीखें और पालियों का विवरण दिया गया है। परीक्षार्थी अपने विषयों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम देखकर तैयारी कर सकते हैं।

Continue Reading
Advertisement

ख़बर उत्तरप्रदेश

UP News: मुजफ्फरनगर में कार में आग लगने से 6 युवकों की मौत, पोल से टकराकर पलटी थी गाड़ी

Published

on

मुजफ्फरनगर के पानीपत-खटीमा हाईवे पर कार में आग लगने से छह युवकों की मौत का हादसा।

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार छह युवकों की मौत हो गई। उनकी कार पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर बिजली के खंभे से टकराने के बाद डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई। इसके बाद कार में आग लग गई। सभी छह युवक अंदर फंस गए और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसा तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास सुबह करीब 4:50 बजे हुआ। कार में सवार सभी युवक हरियाणा के हिसार क्षेत्र के रहने वाले थे और हरिद्वार जा रहे थे। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

बिजली के खंभे से टकराई कार, दूसरी लेन में पलटी

पुलिस के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी। चालक के नियंत्रण खोने के बाद गाड़ी पहले बिजली के खंभे से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर की सड़क पर पहुंचकर पलट गई।

हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। राहगीरों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग पर काबू पाने के बाद कार में फंसे छह लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

कार के नंबर से हुई मृतकों की पहचान

शुरुआत में आग की वजह से कार सवार लोगों की पहचान करना मुश्किल था। पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार के मालिक का पता लगाया। इसके बाद परिवारों से संपर्क कर मृतकों की पहचान की गई।

मृतकों की पहचान राहुल, अंकित, साहिल, अजय, अमन और दूसरे अंकित के रूप में हुई है। इनमें राहुल और अंकित सगे भाई बताए गए हैं। सभी युवक हरियाणा के हिसार क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।

सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए निकले थे

परिजनों के मुताबिक, सभी दोस्तों ने दिवाली के बाद हरिद्वार जाने का कार्यक्रम बनाया था। वे सोमवती अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान करना चाहते थे। इसके लिए सोमवार तड़के करीब 12 बजे हिसार क्षेत्र से कार लेकर रवाना हुए थे।

Advertisement

बताया गया कि साहिल कार बुकिंग पर चलाता था। उसी के पास कार थी। समूह में शामिल कुछ युवक AC और फ्रिज की मरम्मत का काम करते थे, जबकि कुछ अन्य कामों से जुड़े थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। कार पेट्रोल-CNG वेरिएंट की बताई जा रही है। टक्कर के बाद आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा।

Continue Reading

ख़बर उत्तरप्रदेश

UP DA Hike: योगी सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 63% किया, नवंबर की सैलरी में मिलेगा बढ़ा पैसा

Published

on

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का तोहफा दिया है। सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया है। यानी DA में 3 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी की गई है। नई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी।

वित्त विभाग ने 7 नवंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नवंबर 2026 के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा। जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीने का एरियर कर्मचारियों को अलग-अलग बचत और पेंशन खातों में निर्धारित नियमों के अनुसार दिया जाएगा।

इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के पूर्णकालिक नियमित कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों और UGC वेतनमान वाले पदधारकों को मिलेगा।

30 हजार बेसिक सैलरी पर हर महीने 900 रुपए बढ़ेंगे

महंगाई भत्ते की गणना कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर होती है। DA में 3 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी का मतलब है कि कर्मचारी की बेसिक सैलरी का 3 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते के रूप में मिलेगा। इसे उदाहरण से समझिए। यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30,000 रुपए है, तो पहले 60 प्रतिशत DA के हिसाब से उसे 18,000 रुपए मिलते थे। अब 63 प्रतिशत DA के हिसाब से यह रकम 18,900 रुपए हो जाएगी। इस तरह कर्मचारी को हर महीने 900 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। इस तरह कर्मचारी को हर महीने 900 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे।

Advertisement
बेसिक सैलरीपहले 60% DAअब 63% DAमासिक बढ़ोतरी
₹30,000₹18,000₹18,900₹900
₹50,000₹30,000₹31,500₹1,500
₹75,000₹45,000₹47,250₹2,250
₹1,00,000₹60,000₹63,000₹3,000
₹2,00,000₹1,20,000₹1,26,000₹6,000

यह गणना केवल DA की बढ़ोतरी पर आधारित है। वास्तविक वेतन में अन्य भत्तों और कटौतियों का असर अलग हो सकता है।

जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर कैसे मिलेगा?

सरकार ने 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक के चार महीने के एरियर के भुगतान के लिए अलग व्यवस्था की है।

GPF कर्मचारी: आयकर और लागू सरचार्ज की कटौती के बाद एरियर की राशि भविष्य निधि खाते में जमा होगी। सामान्य स्थिति में यह राशि 1 नवंबर 2027 तक खाते में रहेगी।

NPS कर्मचारी: एरियर का 10 प्रतिशत हिस्सा टियर-1 पेंशन खाते में जमा होगा। राज्य सरकार नियोक्ता के रूप में 14 प्रतिशत के बराबर अंशदान भी जमा करेगी। शेष 90 प्रतिशत राशि PPF या NSC के माध्यम से दी जाएगी। NSC उपलब्ध नहीं होने पर संबंधित राशि नकद दी जा सकती है।

Advertisement

सेवानिवृत्त कर्मचारी: जिनकी सेवाएं समाप्त हो चुकी हैं, जो 1 जुलाई 2026 से शासनादेश जारी होने के बीच रिटायर हुए हैं या अगले छह महीने में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें एरियर की पूरी राशि नकद दी जाएगी।

पेंशनर्स के लिए अलग आदेश जरूरी

7 नवंबर को जारी यह शासनादेश सेवारत कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) से संबंधित है। इसमें पेंशनर्स के महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का प्रावधान शामिल नहीं है। पेंशनर्स को लाभ देने के लिए अलग आदेश की जानकारी देखना जरूरी होगा।

मई में भी हुई थी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश सरकार ने इससे पहले 21 मई 2026 को महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। उस समय DA 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया गया था। अब 7 नवंबर के आदेश के बाद यह 63 प्रतिशत हो गया है। इस तरह 2026 में राज्य कर्मचारियों के DA में कुल 5 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।

Advertisement

दिवाली पर 30 दिन के बोनस का भी मिला था तोहफा

DA बढ़ाने से पहले योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को 30 दिन का तदर्थ बोनस देने का आदेश जारी किया था। बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक परिलब्धि 7,000 रुपए तय की गई है। इसके आधार पर अधिकतम बोनस 6,908 रुपए बनता है। इसमें 75 प्रतिशत राशि PF या निर्धारित बचत व्यवस्था में जमा होगी, जबकि 25 प्रतिशत नकद दिया जाएगा। यह लाभ सभी कर्मचारियों को स्वतः नहीं मिलेगा। इसके लिए शासनादेश में तय पात्रता और सेवा संबंधी शर्तें लागू होंगी।

Continue Reading

ख़बर उत्तरप्रदेश

बहराइच मेले में जलपरी शो का टैंक फटा, 4 बच्चों समेत 15 घायल

Published

on

बहराइच के उर्स मेले में जलपरी शो का पानी से भरा टैंक फटा

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में उर्स मेले के दौरान जलपरी शो का पानी से भरा टैंक अचानक फट गया। हादसे में चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। टैंक में भरा करीब 20 हजार लीटर पानी तेज दबाव के साथ बाहर निकला। पानी के प्रेशर से टैंक की कांच की दीवार टूट गई और कांच के टुकड़े दर्शकों को जा लगे। हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

घटना सोमवार रात करीब 9 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर फखरपुर थाना क्षेत्र के खालिदपुर गांव में हुई। उस समय करीब 40 लोग जलपरी शो देख रहे थे। अचानक टैंक फटने से पानी का तेज बहाव दर्शकों की ओर आया। कुछ बच्चे पानी के साथ कई मीटर तक बह गए। कांच के टुकड़े बच्चों और अन्य लोगों के चेहरे व सिर में धंस गए।

घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। इनमें से दो बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया। शो में प्रदर्शन कर रही एक जलपरी भी घायल हुई है।

20 हजार लीटर पानी से भरा था टैंक

जलपरी शो में एक लड़की मछली जैसी पोशाक पहनकर पानी से भरे टैंक में करतब दिखाती है। बताया गया कि शो का टैंक करीब 20 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा था। इसमें लगभग 20 हजार लीटर पानी भरा हुआ था। दर्शक बाहर लगी कांच की दीवार से शो देखते थे।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, टैंक में पानी का दबाव अधिक होने के कारण उसकी कांच की दीवार टूट गई। पानी का तेज बहाव बाहर निकलने से दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

शो के लिए नहीं ली गई थी अनुमति

फखरपुर थाना प्रभारी राजकुमार राजभर के मुताबिक, जलपरी शो के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने उर्स कमेटी के अध्यक्ष वाजिद खान और शो संचालक शादाब समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेला कमेटी अध्यक्ष और जलपरी शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और आयोजन में सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर उत्तरप्रदेश

जालौन बार एसोसिएशन अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या, सिर पर जैक से किए 15 वार

Published

on

जालौन के कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष गयादीन अहिरवार हत्याकांड से जुड़ा समाचार

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। शनिवार को उन्हें बेटे के सामने कार में बैठाकर ले जाया गया था। रविवार सुबह उनका शव कानपुर के गुजैनी इलाके में नहर से बरामद हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, उनके सिर पर जैक जैसी भारी वस्तु से कई वार किए गए थे। सिर की हड्डियां टूट गई थीं और अत्यधिक रक्तस्राव से उनकी मौत हुई।

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार बरामद करने के लिए आरोपियों को कालपी के जंगल ले जाया गया, जहां पुलिस के मुताबिक उन्होंने छिपाए गए हथियारों से फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में आशीष विश्वकर्मा और सर्वेश शुक्ला के पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी केशव को भी पकड़ लिया गया। बाद की पुलिस कार्रवाई में कथित साजिशकर्ता इंद्रजीत यादव को भी गिरफ्तार किए जाने की खबर है। मुख्य शूटर मोनू यादव की तलाश जारी बताई गई है।

बेटे के सामने कार में बैठाकर ले गए थे आरोपी

कालपी के मोहल्ला कागजीपुरा निवासी गयादीन अहिरवार शनिवार को उरई स्थित जिला न्यायालय में एक मुकदमे की पैरवी करने गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्होंने बेटे हर्ष को स्कूटी लेकर बुलाया और बताया कि दुर्गा मंदिर चौराहे पर उनका एक मुवक्किल इंतजार कर रहा है।

बेटा उन्हें स्कूटी से चौराहे तक ले गया। वहां बिना नंबर प्लेट की कार खड़ी थी, जिसमें तीन लोग मौजूद थे। बेटे के मुताबिक, कार से उतरे एक व्यक्ति ने गयादीन के पैर छुए और उन्हें अपने साथ कार में बैठा लिया।

Advertisement

कार के बिना नंबर प्लेट होने से बेटे को शक हुआ। उसने पिता को फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। बेटे ने स्कूटी से कार का पीछा भी किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहले अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जमीन विवाद में हत्या की सुपारी देने का आरोप

एएसपी डॉ. ईशान सोनी के मुताबिक, गयादीन अहिरवार और कानपुर निवासी इंद्रजीत यादव के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में इसी रंजिश को हत्या की वजह माना गया है। पुलिस का आरोप है कि इंद्रजीत यादव ने हत्या के लिए मोनू यादव को सुपारी दी थी। मोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, जमीन को लेकर विवाद वर्ष 2015 से चल रहा था और इंद्रजीत के मोबाइल से मिले व्हाट्सऐप चैट की भी जांच की जा रही है।

सिर पर जैक से किए गए कई वार, नहर किनारे मिला शव

पुलिस को आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर कानपुर के गुजैनी क्षेत्र में नहर के किनारे शव मिला। घटनास्थल के पास खून लगा ट्रक जैक भी बरामद किया गया, जिसे पुलिस हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार मानकर जांच कर रही है।

Advertisement

पोस्टमॉर्टम से जुड़ी जानकारी के अनुसार, गयादीन के सिर पर करीब 15 चोटें थीं। सिर की हड्डियां बुरी तरह टूट गई थीं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हुई। शव मिलने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

कार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़, दो आरोपी घायल

पुलिस आरोपियों को अपहरण में इस्तेमाल कार बरामद कराने के लिए कालपी के जंगल क्षेत्र में ले गई थी। पुलिस के मुताबिक, वहां पहले से छिपाए गए हथियारों से आरोपियों ने फायरिंग की और भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में आशीष विश्वकर्मा और सर्वेश शुक्ला के पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी केशव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी कानपुर के रहने वाले हैं। इसके बाद कथित साजिशकर्ता इंद्रजीत यादव को भी गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी मोनू यादव की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

छह थानों की पुलिस को चकमा देकर 70 किमी दूर फेंका शव

Advertisement

इस हत्याकांड में आरोपियों ने जालौन से कानपुर तक का रास्ता तय किया और शव को करीब 70 किलोमीटर दूर नहर में फेंक दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंची। जांच में अपहरण के लिए इस्तेमाल कार और हत्या में प्रयुक्त जैक की बरामदगी भी अहम कड़ी मानी जा रही है।

चौथी बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए थे गयादीन

गयादीन अहिरवार कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर चौथी बार चुने गए थे। वह वरिष्ठ अधिवक्ता थे और लंबे समय से वकालत कर रहे थे। उनकी हत्या की खबर से कालपी के अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक है।

जालौन के एसपी सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, बेटे की तहरीर पर पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। शव बरामद होने के बाद मामले में हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। मामले की जांच सीओ राजेश कमल को सौंपी गई है।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर उत्तरप्रदेश

नोएडा एनकाउंटर: 50 हजार का इनामी अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी मारा गया, दो पुलिसकर्मी घायल

Published

on

नोएडा सेक्टर-126 में पुलिस मुठभेड़ के बाद की तस्वीर

नोएडा: नोएडा पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी को मुठभेड़ में मार गिराया। शनिवार शाम सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। अमन को घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-126 थाना पुलिस और क्राइम रिस्पॉन्स टीम (CRT) की संयुक्त टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमन को गोली लगी। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, खोखा कारतूस और बाइक बरामद की है। घटनास्थल का निरीक्षण फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने किया।

2019 में भी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था

पुलिस के अनुसार, अमन त्यागी मुजफ्फरनगर जिले के छपार गांव का रहने वाला था। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

अमन की पुलिस से यह पहली मुठभेड़ नहीं थी। वर्ष 2019 में थाना फेज-2 पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद वह फिर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों में पुलिस के निशाने पर आया।

Advertisement

बादलपुर में फायरिंग के मामले में था वांछित

पुलिस के मुताबिक, अमन त्यागी थाना बादलपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 306/2026 में वांछित था। आरोप है कि उसने कुछ दिन पहले बादलपुर क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर अपने साथियों के साथ फायरिंग की थी। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस को उसकी तलाश थी और गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

रणदीप भाटी गैंग से जुड़ा होने का आरोप

पुलिस के अनुसार, अमन त्यागी का संबंध रणदीप भाटी गैंग से था। वह कथित तौर पर गैंग के लिए शूटर के रूप में काम करता था। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उस पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में हुई कुछ हत्याओं में भी उसकी भूमिका की जांच की गई थी। इन मामलों में उसकी कथित भूमिका को पुलिस के आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

दो पुलिसकर्मी घायल, जांच जारी

Advertisement

मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब अमन के साथियों, उसके नेटवर्क और दर्ज मुकदमों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

Continue Reading

Advertisment

ख़बर उत्तर प्रदेश

अभी तक की बड़ी खबरें

WEBSITE PROPRIETOR & EDITOR DETAILS

Editor/ Director :- Somesh Singh Senger
Web News Portal: Khabritaau.com
Website : www.khabritaau.com
Company : Khabritaau News
Publication Place: Raipur (CG), Bhopal (MP) & Lucknow (UP)
Email:- khabritaau@gmail.com
Mob: +91 6264 084 601

DPR Links

Trending