ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के राज्यपाल, 4 बार विधायक और बालाघाट से सांसद रह चुके

भोपाल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया। सिवनी जिले के पिपरिया गांव में जन्मे बिसेन चार बार विधायक रह चुके हैं। वे मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
2019 में बालाघाट से बने थे सांसद
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2019 के लोकसभा चुनाव में डॉ. बिसेन को बालाघाट सीट से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव जीतने के बाद वे 17वीं लोकसभा के सदस्य बने और 2024 तक सांसद रहे।
विधायक से राज्यपाल तक का सफर
डॉ. बिसेन का राजनीतिक सफर मध्यप्रदेश की राजनीति से शुरू हुआ। विधायक और मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाने के बाद उन्होंने लोकसभा में बालाघाट सीट से प्रतिनिधित्व किया। अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ख़बर मध्यप्रदेश
भोपाल: रैपिडो चालक पर युवती को अश्लील तस्वीर भेजने का आरोप, FIR दर्ज

भोपाल: राजधानी भोपाव के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में रैपिडो चालक पर 22 वर्षीय युवती को फोन कर परेशान करने, गाली-गलौज करने और व्हाट्सऐप पर अश्लील तस्वीर भेजने का आरोप लगा है। युवती ने शिकायत में धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात भी कही है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
युवती का आरोप है कि उसने 20 नवंबर को हबीबगंज जाने के लिए रैपिडो ऑटो बुक किया था। अतिरिक्त किराया मांगने को लेकर चालक से विवाद हुआ। इसके बाद चालक ने उसे रास्ते में उतार दिया और फोन व व्हाट्सऐप के जरिए परेशान करना शुरू कर दिया।
आरोपी की पहचान करोंद निवासी मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में बताई गई है। शुरुआती खबरों में उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन 28 नवंबर को प्रकाशित पुलिस के ताजा बयान के अनुसार, फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।
अतिरिक्त किराए को लेकर हुआ विवाद
युवती के मुताबिक, रैपिडो बुक करने के बाद चालक ने तय किराए से ज्यादा पैसे मांगे। उसने अतिरिक्त रकम देने से मना किया तो चालक ने रास्ता भटकने का हवाला देकर दोबारा पैसे मांगे। विरोध करने पर गाली-गलौज और राइड कैंसिल करने का दबाव बनाया गया। युवती के तैयार नहीं होने पर उसे रास्ते में उतारने का आरोप है।
फोन कर परेशान करने और धर्म पर टिप्पणी का आरोप
युवती का कहना है कि घटना के बाद चालक लगातार फोन करता रहा। आरोप है कि उसने व्हाट्सऐप पर अपने गुप्तांग की तस्वीरें भेजीं और धर्म को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘तुम हिंदू लड़कियां होती ही ऐसी हो।’ युवती के मुताबिक, लगातार कॉल और आपत्तिजनक तस्वीरों से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
पांच दिन बाद CM हेल्पलाइन पर की शिकायत
युवती ने घटना के बाद बागसेवनिया थाने में आवेदन दिया था। उसका आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे घर भेज दिया, लेकिन पांच दिन से ज्यादा समय बीतने के बाद भी उसे कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली।इसके बाद युवती ने CM हेल्पलाइन पर शिकायत की। शिकायत दोबारा थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू की।
बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंचे थाने
युवती ने पुलिस की कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए जिला भेल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता भी बागसेवनिया थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की।
पुलिस बोली- डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी
बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी के अनुसार, युवती की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस कॉल, व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
ख़बर मध्यप्रदेश
उज्जैन: खड़े हनुमानजी की विदेशों तक पहुंची महिमा, विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी

उज्जैन: बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में स्थित श्री खड़े हनुमानजी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था अब विदेशों तक पहुंच रही है। कंठाल से छत्री चौक मार्ग के चौड़ीकरण के कारण मंदिर फिलहाल अस्थायी टेंट में संचालित हो रहा है, लेकिन भक्तों की संख्या में कमी नहीं आई है। देश के अलग-अलग राज्यों के साथ अमेरिका, यूरोप, नेपाल और जॉर्डन से भी श्रद्धालु विशेष रूप से दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच रहे हैं।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, बीते दो महीनों में करीब 225 विदेशी श्रद्धालु खड़े हनुमानजी के दर्शन कर चुके हैं। हाल ही में नेपाल से लगभग 200 श्रद्धालुओं का एक जत्था भी मंदिर पहुंचा था।
सोशल मीडिया से विदेशों तक पहुंची मंदिर की ख्याति
मंदिर से जुड़ी प्राचीन मान्यताओं और खड़े हनुमानजी के विशिष्ट स्वरूप की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशों तक पहुंच रही है। इसी से प्रभावित होकर दूसरे देशों के श्रद्धालु भी मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे हैं। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि विदेशी भक्तों की आमद लगातार बढ़ रही है। अस्थायी टेंट में पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्था होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है।
डॉलर और यूरो भी कर रहे हैं भगवान के चरणों में अर्पित
विदेशी श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुसार अपने देश की मुद्रा भी भगवान को भेंट कर रहे हैं। मंदिर के पुजारी महेश बैरागी के अनुसार, दीपावली के बाद से गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों से आने वाले भक्तों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के कारण मंदिर फिलहाल अस्थायी टेंट में संचालित हो रहा है, लेकिन दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं है। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, विदेशों से श्रद्धालुओं का पहुंचना भी इसी बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है।
ख़बर मध्यप्रदेश
नागपुर की 3.74 करोड़ की लूट के तार बालाघाट से जुड़े, डोरली गांव के खेत में भूसे के ढेर से मिलीं नकदी से भरी 3 बोरियां

बालाघाट/नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में व्यापारी के कर्मचारियों से हुई 3.74 करोड़ रुपए की लूट के तार मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गए हैं। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी शुभम को लेकर बालाघाट के डोरली गांव पहुंची। उसकी निशानदेही पर एक खेत में भूसे के ढेर के भीतर छिपाकर रखी गई नकदी से भरी तीन बोरियां बरामद की गईं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद रकम 4 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। फिलहाल ग्राम पंचायत डोरली में नोटों की गिनती की जा रही है। हालांकि, बरामद रकम का अंतिम आंकड़ा गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
जीजा के खेत में भूसे के ढेर में छिपाई थी नकदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शुभम ने करीब चार दिन पहले नकदी को तीन बोरियों में भरकर अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में छिपा दिया था। बताया जा रहा है कि खेत में जगह उपलब्ध कराने में अरविंद ने सहयोग किया था।
मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को साथ लेकर डोरली पहुंची। उसकी निशानदेही पर खेत में तलाशी ली गई, जहां भूसे के ढेर के भीतर छिपाई गई तीनों बोरियां मिल गईं।
लूट की रकम बालाघाट कैसे पहुंची?
जांच के मुताबिक, 18 नवंबर की रात नागपुर के तुलसी नगर इलाके में व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से हथियारबंद बदमाशों ने नकदी से भरी कार लूट ली थी। कार में 3.74 करोड़ रुपए रखे थे। बदमाश कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे।
इसके बाद नागपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहनों की जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस को शक था कि वारदात में स्थानीय लोगों की भी भूमिका हो सकती है। जांच के दौरान पुलिस की टीम मध्यप्रदेश के बालाघाट तक पहुंची और डोरली गांव के खेत से नकदी बरामद की।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP कैबिनेट के बड़े फैसले: पैक्स और सहकारी बैंक चुनाव एक साल टले, 9 बैंकों को मिलेगी 225 करोड़ की अतिरिक्त पूंजी

भोपाल: मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपए की अंश पूंजी देने, वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण सहित कई अहम फैसले लिए गए।
कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने अगले दो साल की कार्ययोजना तैयार करने के लिए दिसंबर में अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों के चिंतन कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया है।
पैक्स और जिला सहकारी बैंक चुनाव एक साल के लिए टले
कैबिनेट ने प्रदेश की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। सरकार के मुताबिक, नई पैक्स समितियों का गठन और परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है।दरअसल, पैक्स समितियों के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं। इसलिए पहले पैक्स समितियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसके बाद जिला सहकारी बैंकों के चुनाव होंगे।
9 जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी 325 करोड़ की अंश पूंजी
सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए नौ जिला सहकारी बैंकों को सरकारी अंश पूंजी देने का फैसला किया गया है।
रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर: पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। कुल 125 करोड़ रुपए।
रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी: चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। कुल 200 करोड़ रुपए।
इस तरह नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपए की अंश पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी।
2 दिसंबर को अफसरों का नीति चिंतन, 21-22 दिसंबर को मंत्रियों-विधायकों का शिविर
सरकार अपने तीन साल के कामकाज की समीक्षा करेगी। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अगले दो साल की रणनीति तैयार की जाएगी।
2 दिसंबर: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन होगा। इसमें आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे।
21 और 22 दिसंबर: मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर होगा। इसमें आगामी दो साल की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित होगा। इसमें अनुपूरक बजट और कई शासकीय संकल्प पेश किए जाएंगे।
खनिज से सालाना 30 हजार करोड़ रुपए राजस्व का लक्ष्य
प्रदेश में खनिज रॉयल्टी से वर्तमान में 12,170 करोड़ रुपए की आमदनी होती है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपए करने का लक्ष्य रखा है।
इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर खनिज निगम लिमिटेड के माध्यम से नया सर्वे कराया जाएगा। पुराने आंकड़ों का भी विश्लेषण किया जाएगा। नई खदानों के विकास पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ मंजूर
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा से वंचित 1,834 मजरों-टोलों के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी रहेगी।
योजना के तहत 20 से अधिक घरों वाली बस्तियों को विद्युतीकृत किया जाएगा। वहीं, 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में बिजली पहुंचाने की व्यवस्था राज्य सरकार अपने खर्च पर करेगी।
एकात्म धाम परियोजना जारी रहेगी, तीन जगह बनेंगे ट्राइबल कैफे
ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपए की लागत से विकसित की जा रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके मुख्य कार्य को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफे स्थापित किए जाएंगे। यहां विदेशी पर्यटकों को जनजातीय खान-पान और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। जनजातीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के लिए भी आवेदन किए गए हैं।
2027 युवा वर्ष, साल में दो बार होगी MPPSC परीक्षा
मध्य प्रदेश सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। इसके तहत मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। वहीं, भोपाल के नाथू बरखेड़ा में करीब 1,000 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ भी हो चुका है।
ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 25 उद्योगपतियों को जमीन
जुलाई में ग्वालियर में शुरू हुए टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में नवंबर तक 25 उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की गई है। यहां निवेश के लिए 40 नए आवेदन भी मिले हैं। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में अब तक 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां होने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
HPV वैक्सीनेशन में 100% लक्ष्य हासिल
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए HPV वैक्सीनेशन अभियान में मध्य प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है।
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रहेगी
देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने वाली गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रखने का फैसला किया गया है। योजना के तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाता है।
ख़बर मध्यप्रदेश
छतरपुर में दर्दनाक हादसा: 70 फीट गहरे कुएं में गिरा ट्रैक्टर, किसान और 10 साल के बेटे की मौत

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में किसान और उसके 10 साल के बेटे की मौत हो गई। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। हादसे के समय किसान का 10 साल का बेटा भी ट्रैक्टर पर सवार था। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना की है।
हादसे के दौरान किसान की 12 साल की बेटी राशि खेत में मौजूद थी। उसने अपनी आंखों के सामने पिता और छोटे भाई को ट्रैक्टर समेत कुएं में गिरते देखा। वह चीखते हुए अपने चाचा को बुलाने पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया।
70 फीट गहरा था कुआं, 20 फीट तक भरा था पानी
खेत में बने कुएं की गहराई करीब 70 फीट बताई गई है। हादसे के समय उसमें लगभग 20 फीट पानी भरा हुआ था। ट्रैक्टर सीधे कुएं में जा गिरा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया। मोटर पंप की मदद से कुएं का पानी बाहर निकाला गया। रात करीब 7:10 बजे दो लोग शव निकालने के लिए कुएं में उतरे। रेस्क्यू के दौरान ट्रैक्टर को भी बाहर निकाल लिया गया।
धनतेरस पर ही खरीदा था ट्रैक्टर
परिवार के लिए यह हादसा दोहरी त्रासदी बन गया। संतोष यादव ने धनतेरस के दिन ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। उसी ट्रैक्टर से खेत की जुताई करते समय यह हादसा हो गया।
दो बहनों के बीच इकलौता भाई था दुर्गेश
संतोष का बेटा दुर्गेश कक्षा तीसरी में पढ़ता था। वह अपनी दो बड़ी बहनों आयुषी (14) और राशि (12) के बीच इकलौता भाई था। पिता और बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ख़बर मध्यप्रदेश9 hours agoभोपाल: रैपिडो चालक पर युवती को अश्लील तस्वीर भेजने का आरोप, FIR दर्ज
ख़बर देश6 hours agoमदुरै दीपम विवाद: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दीपस्तंभ पर जला कार्तिगई दीपम, CRPF ने संभाली सुरक्षा
ख़बर उत्तरप्रदेश5 hours agoवाराणसी: उपराष्ट्रपति ने योगी की तुलना के. कामराज से की, बोले- तमिलनाडु में जैसे कामराज थे, यूपी में वैसे योगी महाराज
ख़बर बिहार5 hours agoPatna: CM सम्राट चौधरी की DM-SP के साथ मैराथन बैठक, बोले- अपराध और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
खेल खिलाड़ी1 hour agoमहिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: भारत चौथी बार बना चैंपियन, फाइनल में चीन को 3-1 से हराया
ख़बर छत्तीसगढ़50 minutes agoछत्तीसगढ़: जशपुर की पंचायत अब खुद बनाएगी बिजली, हर साल होगी 18.75 लाख की कमाई; CM साय ने किया 280 KW सोलर प्लांट का लोकार्पण
ख़बर छत्तीसगढ़35 minutes agoबीजापुर में नक्सलियों के डंप से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख कैश बरामद



















