ख़बर यूपी / बिहार
UP GIS 2023: यूपी को मिले करोड़ों के निवेश प्रस्ताव, PM बोले- सरकारी सोच और अप्रोच में हुआ बदलाव

Global Investors Summit 2023: राजधानी लखनऊ में आज प्रधानमंत्री मोदी के हाथों ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आगाज हो गया। आज 10 फरवरी से 12 फरवरी तक चलने वाली इन्वेस्टर्स समिट के पहले दिन ही देश के बड़े कारोबारी घरानों ने सौगातों की झड़ी लगा दी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani), आदित्य बिड़ला ग्रुप चेयरमैन मंगलम बिड़ला (Mangalam Birla), टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन (N Chandrasekaran) ने प्रदेश में हजारों करोड़ के निवेश करने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री मोदी से मिली सीएम योगी को मिली तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में कहा कि 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद यूपी को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की पहचान गुड गवर्नेंस है। डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ यूपी में सरकारी सोच और अप्रोच में ईज ऑफ़ डूइंग बिजनेस को लेकर सार्थक बदलाव आया है। आज यूपी एक आशा… एक उम्मीद बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘छह साल पहले तक बीमारू राज्य कहलाने वाले यूपी की पहचान आज बेहतर कानून-व्यवस्था, शांति और स्थिरता के लिए है। भारत आज दुनिया के लिए Bright Spot है, तो यूपी देश की ग्रोथ को Drive करने वाला है।’
https://twitter.com/narendramodi/status/1624002946852851718?s=20&t=3E4_FKxjbalTL1imVTDkVw
UP अपने नाम UP(अप) को सार्थक कर रहा- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
यूपी इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत विश्व में investment का most attractive destination बन चुका है और मेरा विश्वास है कि दुनिया के विकास की धुरी भारत की अर्थव्यवस्था बनेगी और उसमें उत्तरप्रदेश एक प्रभावी growth engine की भूमिका निभाएगा। नेतृत्व बदल जाने से कैसे पूरा परिदृश्य बदल जाता है, उत्तरप्रदेश समेत पूरा देश इसका जीता जागता उदाहरण है। कुछ साल पहले स्थिति यह हो गई थी कि यूपी में इन्वेस्ट ‘Waste’ समझा जाने लगा था, पर आज यूपी में इन्वेस्ट ‘Best’ समझा जाने लगा है। UP ने अपने नाम यानी UP (अप) को लगातार सार्थक किया है।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/1623976799440093184?s=20&t=3E4_FKxjbalTL1imVTDkVw
‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मूल मंत्र पर बढ़ रहे आगे- सीएम योगी
यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की तारीफ हर किसी ने की। प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सभी ने यूपी की कानून व्यवस्था, सुशासन और योजनाओं के तीव्र गति से क्रियान्वयन को लेकर सीएम योगी की पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री योगी ने इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए कहा कि यूपी ने विगत 6 वर्षों में जो कुछ भी उपलब्धि हासिल करने की दिशा में प्रयास प्रारंभ किया है, वह प्रधानमंत्री मोदी के ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मूल मंत्र को अंगीकार करते हुए, उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में ही हासिल किया है।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/1623943828259618817?s=20&t=3E4_FKxjbalTL1imVTDkVw
रिलायंस करेगा 75 हजार करोड़ रुपए का निवेश
उत्तरप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में RIL के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने यूपी में 75 हजार करोड़ का बड़ा निवेश करने की घोषणा की। इस निवेश से प्रदेश में 1 लाख रोजगार पैदा होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है। मुकेश अंबानी ने कहा कि आने वाले पांच सालों में उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। RIL चेयरमैन ने यूपी में 10 GW की रिन्यूबल एनर्जी क्षमता स्थापित करने की बात कही। रिलायंस ने जियो प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से दो पायलट प्रोजेक्ट्स जियो-स्कूल और जियो-एआई-डॉक्टर की भी घोषणा की।
आदित्य बिड़ला ग्रुप करेगा 25 हजार करोड़ निवेश
यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने राज्य में 25 हजार करोड़ निवेश करने की घोषणा की। उन्होंने सीमेंट, धातु, रसायन, वित्तीय सेवाओं और रिन्यूबल एनर्जी में निवेश करने की बात कही। चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण पेश कर रहा है।
टाटा ग्रुप कनेक्टिविटी बढ़ाने पर करेगा काम
यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने में उत्तर प्रदेश की बड़ी भूमिका होने की बात कही। एन चंद्रशेखरन ने कहा कि एयर इंडिया अब उत्तर प्रदेश को देश और विदेशों से जोड़ने का प्लान बना रही है। एन चंद्रशेखरन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में कृषि, डिफेंस, फार्मा, इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी चीजों में निवेश करने की बहुत संभावनाएं हैं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, पुलिस बोली- प्रेमी के साथ साजिश रची, जहरीले सांप से डसवाया

Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक स्कूल संचालक की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी, कथित प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि चारों ने मिलकर स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) की हत्या की साजिश रची और उन्हें जहरीले करैत सांप से डसवाया। शुरुआती तौर पर मामला सांप के काटने से हुई सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन जांच में हत्या की साजिश का खुलासा होने का दावा किया गया। मामला हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी दामिनी, उसके कथित प्रेमी तुषार पायला और दो सपेरों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का दावा- पहले नींद की गोलियां दी गईं
जांच के अनुसार, घटना वाली रात अतुल कुमार को कथित तौर पर दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं। इसके बाद देर रात कथित प्रेमी और दो सपेरे घर पहुंचे और करैत सांप से अतुल को डसवाया। सुबह पत्नी ने परिजनों को बताया कि अतुल की मौत सांप के काटने से हुई है।
पूछताछ और कॉल डिटेल से खुला मामला
पुलिस के मुताबिक, पत्नी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर उससे पूछताछ की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में स्कूल के वैन चालक तुषार पायला से लगातार संपर्क सामने आया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में तुषार ने साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की।
बीमा राशि और प्रेम संबंध बना हत्या की वजह: पुलिस
पुलिस का दावा है कि अतुल कुमार ने करीब 20 लाख रुपये का बीमा कराया था। जांच में सामने आया कि कथित प्रेम संबंध और बीमा की राशि हासिल करने के उद्देश्य से हत्या की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, दो सपेरों को इस काम के लिए 5 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।
पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश
जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले अतुल को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। पुलिस का कहना है कि अन्य साजिशें विफल होने के बाद सांप के जरिए हत्या की योजना बनाई गई।
मोबाइल में मिली अहम तस्वीर
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, कथित प्रेमी के मोबाइल फोन से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली, जो घटनास्थल से बरामद सांप से मेल खाती है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। अदालत में आरोप सिद्ध होना अभी बाकी है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: 150 करोड़ की संपत्ति के विवाद में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या, गाजियाबाद में चेहरे, सीने और पेट में दागीं 6 गोलियां

Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 150 करोड़ रुपए की संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बुधवार देर रात पिता के चेहरे, सीने और पेट में छह गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव की है। मृतक की पहचान हरिओम चौधरी (52) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका बड़ा बेटा निखिल (32) है। प्रकरण के सम्बन्ध में थाना मोदीनगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की तलाश में चार टीमें लगाकर छापेमारी कर रही हैं।
शराब पीकर घर आया, डांटने पर चला दी गोलियां
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हरिओम चौधरी परिवार के साथ खाना खाकर घर पर थे। देर रात उनका बड़ा बेटा निखिल शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता ने शराब पीकर आने पर उसे फटकार लगाई। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पहले गाली-गलौज की और फिर हाथापाई के दौरान पिता पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं। गोली लगते ही हरिओम चौधरी मौके पर गिर पड़े। परिवार और पड़ोसी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पत्नी बोली- तूने पूरा घर उजाड़ दिया
पति को लहूलुहान देखकर पत्नी अनीता चौधरी चीख पड़ीं। उन्होंने आरोपी बेटे से कहा, “तूने पूरा घर उजाड़ दिया।” गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
150 करोड़ की संपत्ति को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, हरिओम चौधरी संपन्न किसान थे। उनके नाम करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड स्थित एक व्यावसायिक मार्केट है। परिवार की कुल संपत्ति लगभग 150 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि निखिल शराब का आदी है और लंबे समय से पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। हालांकि हरिओम चौधरी पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट में कई दुकानें दे चुके थे। इसके बावजूद वह शेष संपत्ति भी अपने नाम कराना चाहता था। पिता को आशंका थी कि बेटा जमीन बेचकर पैसा बर्बाद कर देगा, इसलिए उन्होंने इनकार कर दिया था।
छोटे भाई पर भी चला चुका है गोली
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब आठ साल पहले भी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर गोली चलाई थी। उस घटना में नीशू की जान बच गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के जिलों में भी उसकी तलाश की जा रही है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Encounter: बसपा नेता हत्याकांड का ₹1 लाख का इनामी बदमाश ढेर, STF के जवान को लगी गोली

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) और गोरखपुर पुलिस ने सोमवार देर रात संयुक्त कार्रवाई में बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू हत्याकांड के मुख्य आरोपी और ₹1 लाख के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल हसन को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान एक STF हेड कॉन्स्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया।
यह एनकाउंटर गोरखपुर जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर रामनगर-करजहा फोरलेन पर हुआ। पुलिस के अनुसार, करीब 30 मिनट तक चली मुठभेड़ में दोनों तरफ से लगभग 15 राउंड फायरिंग हुई।
रोकने पर की फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफिजुल कुशीनगर की ओर जा रहा है। STF और पुलिस ने चेकिंग शुरू की। देर रात करीब 11 बजे आरोपी बाइक से वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इस दौरान STF के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मुस्तफिजुल के पैर और आंख के पास लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मौके से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
2024 में गिरफ्तारी के बाद ट्रेन से भागा था
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुस्तफिजुल आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। दिसंबर 2024 में उसे गुजरात से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन आजमगढ़ लाते समय महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था।
10 आपराधिक मामले दर्ज
मुस्तफिजुल के खिलाफ आजमगढ़, हरदोई और महाराष्ट्र में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 10 मुकदमे दर्ज थे। वह लगातार ठिकाने बदलता रहता था, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में काफी मुश्किलें आ रही थीं।
पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2013 में मुस्तफिजुल के भाई कामरान की हत्या हुई थी, जिसमें बसपा नेता कलामुद्दीन आरोपी थे। इसी रंजिश के चलते वर्ष 2021 में कलामुद्दीन की हत्या कर दी गई थी। इस मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: सुप्रीम कोर्ट ने SIT से मांगी रिपोर्ट, CCTV सुरक्षित रखने के निर्देश

नई दिल्ली/अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है। अदालत ने यूपी सरकार की ओर से गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से अब तक की जांच की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने निर्देश दिया कि रिपोर्ट में SIT के गठन, उसकी संरचना और जांच कर रहे अधिकारियों की पूरी जानकारी दी जाए। कोर्ट ने मामले से जुड़े सभी CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया।
20 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि जांच की स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में पेश की जाएगी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में जांच एजेंसी की संरचना और कार्रवाई का पूरा विवरण होना चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई को होगी।
CBI जांच और एक्सपर्ट कमेटी की मांग
सुप्रीम कोर्ट चार अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। याचिकाओं में मामले की जांच CBI को सौंपने और मंदिर में चढ़ावे व दान के प्रबंधन की समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति (Expert Committee) गठित करने की मांग की गई है।
8 आरोपियों की रिमांड पर आज फैसला
उधर, अयोध्या पुलिस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश करेगी। उनकी पुलिस रिमांड आज समाप्त हो रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और चढ़ावा गिनती के प्रभारी रहे सुभाष श्रीवास्तव की 7 दिन की नई रिमांड मांग सकती है। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर चुकी है। सभी आरोपी फिलहाल फैजाबाद जेल की अलग-अलग बैरकों में बंद हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट ने निकाली CEO की भर्ती
इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक (Graduation) निर्धारित की गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई 2026 शाम 4 बजे तक है।
ख़बर बिहार
Patna: बिहार में शुरू हुई हेली टूरिज्म सेवा: अब हेलीकॉप्टर से घूम सकेंगे राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर

Patna: बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को इस योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत पर्यटक अब हेलीकॉप्टर और छोटे विमान के जरिए राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
योजना के लिए 13 जुलाई से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि 18 जुलाई से नियमित हेली टूरिज्म सेवाएं शुरू होंगी। पर्यटक बिहार पर्यटन विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।
पटना से जुड़ेंगे तीन प्रमुख पर्यटन स्थल
योजना के पहले चरण में पटना को राजगीर, कैमूर (मां मुंडेश्वरी) और वाल्मीकिनगर से जोड़ा गया है। वाल्मीकिनगर के लिए 20-सीटर राजकीय विमान संचालित होगा। राजगीर और कैमूर के लिए 6+2 सीटर हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक उड़ान में अधिकतम 5 सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित रहेंगी।
वाल्मीकिनगर के लिए उड़ान और किराया
पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी।
पहली उड़ान: सुबह 10:00 बजे पटना से प्रस्थान, 11:00 बजे वापसी।
दूसरी उड़ान: दोपहर 3:00 बजे पटना से प्रस्थान, 4:30 बजे वापसी।
किराया: ₹5,000 प्रति व्यक्ति (एक तरफ)।
प्रति सप्ताह इस रूट पर 20-20 सीटें उपलब्ध रहेंगी।
राजगीर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा
पटना-राजगीर-पटना: सुबह 9:30 बजे प्रस्थान, 10:30 बजे वापसी।
पटना-कैमूर-पटना: सुबह 11:00 बजे प्रस्थान, 12:45 बजे वापसी।
किराया: राजगीर – ₹4,000 प्रति व्यक्ति, कैमूर – ₹6,000 प्रति व्यक्ति
प्रत्येक यात्री 4 से 5 किलोग्राम तक सामान ले जा सकेगा।
₹2100 में पटना की हेलीकॉप्टर जॉय राइड
राजधानी पटना के लोगों और पर्यटकों के लिए 10 मिनट की हेलीकॉप्टर जॉय राइड भी शुरू की जा रही है। ₹2,100 में पर्यटक आसमान से गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब और शहर के प्रमुख स्थलों का हवाई नजारा देख सकेंगे। यह सुविधा फिलहाल शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी।
टूरिस्ट गाइड मुफ्त, बाकी व्यवस्था स्वयं करनी होगी
पर्यटन विभाग ने बताया कि यात्रियों को फ्री टूरिस्ट गाइड उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, होटल, भोजन, स्थानीय परिवहन और अन्य व्यवस्थाएं पर्यटकों को स्वयं करनी होंगी। सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन विभाग और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
खेल खिलाड़ी15 hours agoFIFA World Cup 2026: आज तय होगा फुटबॉल का नया बादशाह, वर्ल्ड कप फाइनल में स्पेन और अर्जेंटीना आमने-सामने
ख़बर देश14 hours agoराम मंदिर चढ़ावा विवाद: राहुल-खड़गे ने PM मोदी को लिखा पत्र, ट्रस्ट के खातों की स्वतंत्र जांच और सार्वजनिक ऑडिट की मांग
ख़बर मध्यप्रदेश12 hours agoMP Cabinet: मध्य प्रदेश में UCC लागू करने की तैयारी, कैबिनेट ने यूनिफॉर्म सिविल कोड विधेयक-2026 के ड्राफ्ट को दी मंजूरी

















