ख़बर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़: सरगुजा में खुलेंगी फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन अकादमियां, CM साय का ऐलान

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां स्थापित की जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। ग्रामीण और दूरस्थ वनांचलों के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सकें।
उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का मंच है। खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करना सिखाते हैं। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे।
सरगुजा ओलंपिक में 4.16 लाख से ज्यादा पंजीयन
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल सरगुजा ओलंपिक में 4 लाख 16 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। पिछले संस्करण में यह संख्या लगभग साढ़े तीन लाख थी। इस बार बालिकाओं की भागीदारी भी उत्साहजनक रही।
विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं से दूरस्थ गांवों और वनांचलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ युवाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां होंगी स्थापित
सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए तीन खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और विशेषज्ञ प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा खेल वातावरण तैयार कर रही है, जहां प्रतिभाओं की पहचान से लेकर प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धा, प्रोत्साहन और रोजगार तक के अवसर उपलब्ध हों।
खेल सुविधाओं के लिए हर साल 100 करोड़ रुपए का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए राज्य के बजट में प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स’ योजना के तहत जिलों में प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।
नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग जैसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिल रहा है। राज्य खेल अलंकरण के माध्यम से अब तक 1,143 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया गया है, जबकि 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर देने की दिशा में पहल की गई है।
ओलंपिक पदक जीतने पर 3 करोड़ रुपए तक की प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान कर रही है। वहीं ओलंपिक में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपए दिए जाने का प्रावधान है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी की एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने और राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव के भारोत्तोलन में रजत पदक हासिल करने का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी।
11 खेल विधाओं में तीन दिन तक हुए मुकाबले
‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ संदेश के साथ आयोजित सरगुजा ओलंपिक में तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में मुकाबले हुए। संभाग के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण प्रतिभाओं को विकासखंड से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर दे रहा है।
समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेलप्रेमी मौजूद रहे।
ख़बर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़: CM विष्णुदेव साय ने ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का किया शुभारंभ, जशपुर के 50 विद्यार्थी बनाएंगे अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड

JOHAR Edu-SAT परियोजना: छत्तीसगढ़ के जनजातीय बहुल जशपुर जिले के विद्यार्थियों को अब अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया से जुड़ने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 29 नवंबर को बगिया स्थित अपने निवास में ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का शुभारंभ किया। इसके तहत जशपुर के 50 चयनित विद्यार्थी अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड तैयार कर रहे हैं। इसका संभावित प्रक्षेपण अप्रैल 2027 में किया जाना प्रस्तावित है।
जिला प्रशासन जशपुर की इस पहल को अदाणी फाउंडेशन के CSR सहयोग और इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स (IDYM) फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने परियोजना की शुरुआत पर विद्यार्थियों, जिला प्रशासन और सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और मार्गदर्शन देने की है। ऐसी पहल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचान देने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाएगी।
50 विद्यार्थी सीख रहे सैटेलाइट बनाने की तकनीक
परियोजना के तहत चयनित विद्यार्थी सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्हें इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिल रहा है।
तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी IDYM फाउंडेशन को दी गई है। यह इसरो में पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक Amateur Radio Satellite Payload के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और संचालन की जानकारी दी जा रही है।
अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है सैटेलाइट का प्रक्षेपण
परियोजना के तहत तैयार किए जा रहे सैटेलाइट पेलोड को इसरो के POEM/SMiLE प्लेटफॉर्म के माध्यम से लॉन्च करने की योजना है। इसका संभावित प्रक्षेपण अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है।
इसका उद्देश्य विद्यालयों की ओर से भेजे गए संदेशों को अंतरिक्ष के माध्यम से प्रसारित करना है। इसके लिए जशपुर में UHF ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है। इसकी मदद से विद्यार्थी सैटेलाइट को ट्रैक करना, अंतरिक्ष से डेटा प्राप्त करना और उसे डिकोड करना सीखेंगे।
पहले से चल रही हैं रोबोटिक्स और रॉकेट्री कार्यशालाएं
जिला प्रशासन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए अंतरिक्ष ज्ञान अभियान, रोबोटिक्स कार्यशाला, रॉकेट्री कार्यशाला, सैटेलाइट प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी गतिविधियां संचालित कर रहा है।
JOHAR Edu-SAT इसी पहल का अगला चरण है। इसके जरिए विद्यार्थी केवल किताबों में अंतरिक्ष विज्ञान पढ़ने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि सैटेलाइट निर्माण और उससे जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव भी हासिल करेंगे।
अंतरिक्ष तकनीक को लेकर बढ़ रही विद्यार्थियों की जिज्ञासा
IDYM फाउंडेशन के प्रतिनिधि शिव सिंह भदौरिया के अनुसार, परियोजना से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और आत्मविश्वास बढ़ रहा है। अब वे सैटेलाइट की कार्यप्रणाली, अंतरिक्ष में सिग्नल भेजने और वहां से संदेश व डेटा प्राप्त करने की प्रक्रियाओं को समझने में रुचि ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों का इस यात्रा से जुड़ना उत्साहजनक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जशपुर की यह पहल प्रदेश के दूसरे जिलों के विद्यार्थियों को भी विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
ख़बर छत्तीसगढ़
बीजापुर में नक्सलियों के डंप से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख कैश बरामद

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के छिपाए गए डंप के खिलाफ सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए है। इसमें सोने के 33 बिस्किट शामिल हैं, जिनका कुल वजन 330 तोला बताया गया है।
जमीन के अंदर स्टील के डिब्बों में छिपाया था सोना
पुलिस को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ और पुटरू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सोना और नकदी छिपाकर रखी है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान की योजना बनाई।
अभियान के दौरान इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाए गए डंप का पता चला। तलाशी में सोने के 33 बिस्किट और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद मिले। सोने को टीन के बक्सों और स्टील के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था।
बीजापुर में अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ कैश बरामद
पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में नक्सलियों के डंप के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी अलग-अलग इलाकों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के छिपाए गए डंप से सोना और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस ताजा बरामदगी के बाद जिले में अब तक कुल 12.34 किलोग्राम सोना और करीब 8.24 करोड़ रुपए नकद बरामद किए जा चुके हैं।
ख़बर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़: जशपुर की पंचायत अब खुद बनाएगी बिजली, हर साल होगी 18.75 लाख की कमाई; CM साय ने किया 280 KW सोलर प्लांट का लोकार्पण

जशपुर: छत्तीसगढ़ में ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। इस संयंत्र से ग्राम पंचायत को हर साल करीब 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के स्थायी स्रोत हों। कुंजारा अब बिजली उत्पादन के साथ उससे आय भी अर्जित करेगा। इस राशि का इस्तेमाल ग्रामसभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं पर किया जा सकेगा।
280 किलोवाट सोलर प्लांट से हर साल बनेगी 4 लाख यूनिट बिजली
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत स्थापित यह परियोजना छत्तीसगढ़ की पहली पंचायत आधारित परियोजना बताई गई है। संयंत्र से हर साल लगभग 4 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने की क्षमता है। उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में जाएगी।
वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत इस बिजली का समायोजन जशपुर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों की बिजली खपत से किया जाएगा। इसके बदले ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इससे पंचायत को सालाना लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।
इस परियोजना की स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (CREDA) ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से की है। बिजली विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच परियोजना के संचालन और लाभांश वितरण को लेकर समझौता भी किया गया है।
कुंजारा में 20 लाख की सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों की मांग पर कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क बनाने की घोषणा की। इसके अलावा श्री टोली में एक सामुदायिक भवन और कुंजारा में शिव मंदिर के पास दूसरे सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण के साथ बिजली खर्च में बचत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है।
जोकारी में 29.32 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकारी में 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार रुपये की लागत के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इनमें लोक निर्माण विभाग और सेतु विभाग के अंतर्गत 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये के एक कार्य का लोकार्पण तथा 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर पर बसे गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल और दूसरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
4.45 करोड़ के दो बिजली उपकेंद्र शुरू, 19 गांवों को लाभ
जोकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने काईकछार और बालाछापर में 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से बने दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। इनसे क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।
– काईकछार उपकेंद्र: काईकछार, चांपा टोली, रामबंध, बरपानी, ढारेन, जामपानी, सालामाली, केंदपानी और टेढ़ा पहाड़ सहित 9 गांवों को लाभ मिलेगा।
– बालाछापर उपकेंद्र: बालाछापर, पुरनानगर, सिटोंगा, कनमोरा, रेंगोला, रायकोना, जबला, जोगीमारा, बढ़ईखाना और रजौटी सहित 10 गांवों को लाभ मिलेगा।
इन उपकेंद्रों से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ कृषि और अन्य ग्रामीण गतिविधियों को भी बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
चीक समाज के लिए भवन, महिलाओं के लिए महतारी सदन
मुख्यमंत्री ने जोकारी कार्यक्रम में तीन प्रमुख घोषणाएं कीं:
– बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामाजिक भवन।
– जोकारी में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन।
– जोकारी में मिनी स्टेडियम और खेल मैदान का निर्माण।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक भवनों से सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि महतारी सदन महिलाओं की बैठकों और सामूहिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। मिनी स्टेडियम से स्थानीय युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
गांवों की समृद्धि से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास, महिलाओं का सशक्तिकरण और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गांवों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
ख़बर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़: प्रदेश में अब तक 4.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, 87 हजार किसानों को मिले ₹838.58 करोड़

रायपुर: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 26 नवंबर तक प्रदेश के 33 जिलों में 1 लाख 11 हजार 629 किसानों से कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। खरीदे गए धान का समर्थन मूल्य 1,085 करोड़ 84 लाख रुपये है। इसमें से अब तक 87 हजार 242 किसानों को 838 करोड़ 58 लाख रुपये का भुगतान जारी किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं और खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में इस वर्ष धान विक्रय के लिए 28 लाख 6 हजार 802 किसानों का पंजीयन हुआ है। किसानों से धान खरीदने के लिए कुल 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा धान की खरीदी
प्रदेश के जिलों में अब तक सबसे अधिक धान की खरीदी राजनांदगांव में दर्ज की गई है। यहां 43,394.64 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। इसके बाद बालोद, महासमुंद और बेमेतरा का स्थान है।
प्रमुख जिलों में खरीदी की स्थिति इस प्रकार है:
| जिला | धान खरीदी (मीट्रिक टन) |
| राजनांदगांव | 43,394.64 |
| बालोद | 38,299.60 |
| महासमुंद | 38,055.20 |
| बेमेतरा | 37,421.40 |
| धमतरी | 29,779.24 |
| दुर्ग | 26,849.04 |
| कबीरधाम | 25,771.00 |
| खैरागढ़-छुईखदान- गंडई | 24,819.44 |
| बलौदाबाजार- भाटापारा | 19,876.88 |
| गरियाबंद | 16,373.32 |
| रायपुर | 16,357.68 |
मोटा धान सबसे ज्यादा खरीदा गया
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अब तक धान की किस्मों के आधार पर खरीदी इस प्रकार हुई है:
- मोटा धान: 2,85,526.72 मीट्रिक टन
- पतला धान: 1,15,672.84 मीट्रिक टन
- सरना धान: 42,688.20 मीट्रिक टन
इस तरह कुल 4,43,887.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है, जिसे राउंड ऑफ करके 4,43,888 मीट्रिक टन बताया गया है।
खरीदी केंद्रों में बारदाना, पानी और बैठने की व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उपज की खरीदी से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जाए। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त इंतजाम करने तथा टोकन और तौल व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया है।
इन जिलों में 10 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा खरीदी
राजनांदगांव, बालोद, महासमुंद, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, रायपुर, कोंडागांव, कांकेर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर और मुंगेली में अब तक 10 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा जा चुका है। वहीं, बिलासपुर में 9,134 मीट्रिक टन, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 8,819.44 मीट्रिक टन, सरगुजा में 8,146 मीट्रिक टन और कोरिया में 6,937.24 मीट्रिक टन खरीदी हुई है।
ख़बर छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री जनदर्शन छत्तीसगढ़: CM साय ने दिखाई संवेदनशीलता, छयांश और पार्थ के इलाज की व्यवस्था के निर्देश, 3 जरूरतमंदों को 55 हजार की मदद

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में कई जरूरतमंद परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और उपचार के लिए तत्काल सहायता के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छह वर्षीय छयांश कोटांगले और तीन वर्षीय पार्थ साहू के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं, उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपये के चेक भी प्रदान किए।
छह वर्षीय छयांश के पैरों का होगा ऑपरेशन
रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई के साथ बेटे छयांश के इलाज की गुहार लेकर जनदर्शन पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। बड़े बेटे का ऑपरेशन कराने के बाद अब वह स्वस्थ है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है।
अमित ने बताया कि पत्नी के निधन के बाद दोनों बच्चों की परवरिश और घर की जिम्मेदारी वह अपनी मां और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं। सीमित आमदनी के कारण बेटे का इलाज कराना मुश्किल हो गया है।
परिवार की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
तीन साल के पार्थ के आंखों के इलाज की होगी व्यवस्था
राजनांदगांव से अपनी मां पूर्णिमा साहू तीन वर्षीय बेटे पार्थ को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था। जन्म के समय उसकी स्थिति कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था।
पूर्णिमा के अनुसार, तीन साल की उम्र में भी पार्थ शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और डॉक्टरों ने मोतियाबिंद की समस्या बताई है। आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के उपचार पर लाखों रुपये का खर्च बताया गया है।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ने मां की परेशानी सुनकर अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ऑटिज्म से प्रभावित आवान की थेरेपी के लिए 40 हजार का चेक
जनदर्शन में रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के इलाज के लिए सहायता मांगने पहुंचे। उन्होंने बताया कि आवान ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपये खर्च होते हैं।
आरिफ ने बताया कि दुर्घटना में चोटिल होने के बाद फिलहाल उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार चलाने के साथ बेटे की नियमित थेरेपी का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है।
मुख्यमंत्री साय ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपये की सहायता का चेक प्रदान किया और उसके बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ज्ञानेश साहू और नरसिंह सोलंकी को भी मिली आर्थिक मदद
पाटन से पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं और आर्थिक परेशानी के कारण इलाज नहीं करा पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उपचार के लिए उन्हें 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
वहीं, रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
इस तरह जनदर्शन में तीन जरूरतमंदों को उपचार के लिए कुल 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, छयांश और पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
ख़बर देश4 hours agoदिल्ली: ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में लगी आग, 4 चालकों की मौत; दो की हालत नाजुक
ख़बर उत्तरप्रदेश5 hours agoUP News: IPS आलोक सिंह का VRS मंजूर, अब संभालेंगे UPPSC के अध्यक्ष की जिम्मेदारी
ख़बर देश4 hours agoपरिसीमन बिल पर INDIA ब्लॉक की बैठक बेनतीजा, स्टालिन बोले- समर्थन के अलावा विकल्प नहीं
ख़बर छत्तीसगढ़7 hours agoछत्तीसगढ़: CM विष्णुदेव साय ने ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का किया शुभारंभ, जशपुर के 50 विद्यार्थी बनाएंगे अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड
ख़बर छत्तीसगढ़24 hours agoबीजापुर में नक्सलियों के डंप से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख कैश बरामद
ख़बर बिहार9 hours agoनालंदा: झारखंड में भीषण सड़क हादसा, नालंदा के 13 लोगों की मौत, रजरप्पा मंदिर जा रहे थे सभी


















