Connect with us

ख़बर छत्तीसगढ़

बीजापुर में नक्सलियों के डंप से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख कैश बरामद

Published

on

बीजापुर में नक्सलियों के डंप से 3.84 किलो सोना और 24 लाख कैश बरामद

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के छिपाए गए डंप के खिलाफ सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए है। इसमें सोने के 33 बिस्किट शामिल हैं, जिनका कुल वजन 330 तोला बताया गया है।

जमीन के अंदर स्टील के डिब्बों में छिपाया था सोना

पुलिस को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ और पुटरू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सोना और नकदी छिपाकर रखी है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान की योजना बनाई।

अभियान के दौरान इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाए गए डंप का पता चला। तलाशी में सोने के 33 बिस्किट और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद मिले। सोने को टीन के बक्सों और स्टील के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था।

Advertisement

बीजापुर में अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ कैश बरामद

पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में नक्सलियों के डंप के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी अलग-अलग इलाकों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के छिपाए गए डंप से सोना और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस ताजा बरामदगी के बाद जिले में अब तक कुल 12.34 किलोग्राम सोना और करीब 8.24 करोड़ रुपए नकद बरामद किए जा चुके हैं।

Continue Reading
Advertisement

ख़बर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: जशपुर की पंचायत अब खुद बनाएगी बिजली, हर साल होगी 18.75 लाख की कमाई; CM साय ने किया 280 KW सोलर प्लांट का लोकार्पण

Published

on

जशपुर की पंचायत खुद बनाएगी बिजली, हर साल 18.75 लाख कमाई; CM साय ने किया सोलर प्लांट का लोकार्पण

जशपुर: छत्तीसगढ़ में ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। इस संयंत्र से ग्राम पंचायत को हर साल करीब 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के स्थायी स्रोत हों। कुंजारा अब बिजली उत्पादन के साथ उससे आय भी अर्जित करेगा। इस राशि का इस्तेमाल ग्रामसभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं पर किया जा सकेगा।

280 किलोवाट सोलर प्लांट से हर साल बनेगी 4 लाख यूनिट बिजली

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत स्थापित यह परियोजना छत्तीसगढ़ की पहली पंचायत आधारित परियोजना बताई गई है। संयंत्र से हर साल लगभग 4 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने की क्षमता है। उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में जाएगी।

वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत इस बिजली का समायोजन जशपुर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों की बिजली खपत से किया जाएगा। इसके बदले ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इससे पंचायत को सालाना लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।

Advertisement

इस परियोजना की स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (CREDA) ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से की है। बिजली विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच परियोजना के संचालन और लाभांश वितरण को लेकर समझौता भी किया गया है।

कुंजारा में 20 लाख की सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा

मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों की मांग पर कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क बनाने की घोषणा की। इसके अलावा श्री टोली में एक सामुदायिक भवन और कुंजारा में शिव मंदिर के पास दूसरे सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण के साथ बिजली खर्च में बचत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है।

जोकारी में 29.32 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

Advertisement

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकारी में 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार रुपये की लागत के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इनमें लोक निर्माण विभाग और सेतु विभाग के अंतर्गत 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये के एक कार्य का लोकार्पण तथा 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर पर बसे गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल और दूसरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

4.45 करोड़ के दो बिजली उपकेंद्र शुरू, 19 गांवों को लाभ

जोकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने काईकछार और बालाछापर में 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से बने दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। इनसे क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।

Advertisement

– काईकछार उपकेंद्र: काईकछार, चांपा टोली, रामबंध, बरपानी, ढारेन, जामपानी, सालामाली, केंदपानी और टेढ़ा पहाड़ सहित 9 गांवों को लाभ मिलेगा।

– बालाछापर उपकेंद्र: बालाछापर, पुरनानगर, सिटोंगा, कनमोरा, रेंगोला, रायकोना, जबला, जोगीमारा, बढ़ईखाना और रजौटी सहित 10 गांवों को लाभ मिलेगा।

इन उपकेंद्रों से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ कृषि और अन्य ग्रामीण गतिविधियों को भी बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।

चीक समाज के लिए भवन, महिलाओं के लिए महतारी सदन

मुख्यमंत्री ने जोकारी कार्यक्रम में तीन प्रमुख घोषणाएं कीं:

Advertisement

– बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामाजिक भवन।

– जोकारी में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन।

– जोकारी में मिनी स्टेडियम और खेल मैदान का निर्माण।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक भवनों से सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि महतारी सदन महिलाओं की बैठकों और सामूहिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। मिनी स्टेडियम से स्थानीय युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

गांवों की समृद्धि से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़

Advertisement

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास, महिलाओं का सशक्तिकरण और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गांवों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।

Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: प्रदेश में अब तक 4.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, 87 हजार किसानों को मिले ₹838.58 करोड़

Published

on

छत्तीसगढ़ में 4.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, किसानों को ₹838.58 करोड़ का भुगतान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 26 नवंबर तक प्रदेश के 33 जिलों में 1 लाख 11 हजार 629 किसानों से कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। खरीदे गए धान का समर्थन मूल्य 1,085 करोड़ 84 लाख रुपये है। इसमें से अब तक 87 हजार 242 किसानों को 838 करोड़ 58 लाख रुपये का भुगतान जारी किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं और खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में इस वर्ष धान विक्रय के लिए 28 लाख 6 हजार 802 किसानों का पंजीयन हुआ है। किसानों से धान खरीदने के लिए कुल 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।

राजनांदगांव में सबसे ज्यादा धान की खरीदी

प्रदेश के जिलों में अब तक सबसे अधिक धान की खरीदी राजनांदगांव में दर्ज की गई है। यहां 43,394.64 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। इसके बाद बालोद, महासमुंद और बेमेतरा का स्थान है।

प्रमुख जिलों में खरीदी की स्थिति इस प्रकार है:

Advertisement
जिला धान खरीदी (मीट्रिक टन)
राजनांदगांव43,394.64
बालोद38,299.60
महासमुंद38,055.20
बेमेतरा37,421.40
धमतरी29,779.24
दुर्ग26,849.04
कबीरधाम25,771.00
खैरागढ़-छुईखदान- गंडई24,819.44
बलौदाबाजार- भाटापारा19,876.88
गरियाबंद16,373.32
रायपुर16,357.68

मोटा धान सबसे ज्यादा खरीदा गया

छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अब तक धान की किस्मों के आधार पर खरीदी इस प्रकार हुई है:

  • मोटा धान: 2,85,526.72 मीट्रिक टन
  • पतला धान: 1,15,672.84 मीट्रिक टन
  • सरना धान: 42,688.20 मीट्रिक टन

इस तरह कुल 4,43,887.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है, जिसे राउंड ऑफ करके 4,43,888 मीट्रिक टन बताया गया है।

खरीदी केंद्रों में बारदाना, पानी और बैठने की व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उपज की खरीदी से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जाए। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त इंतजाम करने तथा टोकन और तौल व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया है।

इन जिलों में 10 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा खरीदी

Advertisement

राजनांदगांव, बालोद, महासमुंद, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, रायपुर, कोंडागांव, कांकेर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर और मुंगेली में अब तक 10 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा जा चुका है। वहीं, बिलासपुर में 9,134 मीट्रिक टन, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 8,819.44 मीट्रिक टन, सरगुजा में 8,146 मीट्रिक टन और कोरिया में 6,937.24 मीट्रिक टन खरीदी हुई है।

Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री जनदर्शन छत्तीसगढ़: CM साय ने दिखाई संवेदनशीलता, छयांश और पार्थ के इलाज की व्यवस्था के निर्देश, 3 जरूरतमंदों को 55 हजार की मदद

Published

on

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन में जरूरतमंद परिवारों की समस्याएं सुनीं

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में कई जरूरतमंद परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और उपचार के लिए तत्काल सहायता के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छह वर्षीय छयांश कोटांगले और तीन वर्षीय पार्थ साहू के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं, उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपये के चेक भी प्रदान किए।

छह वर्षीय छयांश के पैरों का होगा ऑपरेशन

रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई के साथ बेटे छयांश के इलाज की गुहार लेकर जनदर्शन पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। बड़े बेटे का ऑपरेशन कराने के बाद अब वह स्वस्थ है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है।

अमित ने बताया कि पत्नी के निधन के बाद दोनों बच्चों की परवरिश और घर की जिम्मेदारी वह अपनी मां और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं। सीमित आमदनी के कारण बेटे का इलाज कराना मुश्किल हो गया है।

परिवार की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

Advertisement

तीन साल के पार्थ के आंखों के इलाज की होगी व्यवस्था

राजनांदगांव से अपनी मां पूर्णिमा साहू तीन वर्षीय बेटे पार्थ को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था। जन्म के समय उसकी स्थिति कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था।

पूर्णिमा के अनुसार, तीन साल की उम्र में भी पार्थ शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और डॉक्टरों ने मोतियाबिंद की समस्या बताई है। आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के उपचार पर लाखों रुपये का खर्च बताया गया है।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना संभव नहीं था। मुख्यमंत्री ने मां की परेशानी सुनकर अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ऑटिज्म से प्रभावित आवान की थेरेपी के लिए 40 हजार का चेक

Advertisement

जनदर्शन में रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के इलाज के लिए सहायता मांगने पहुंचे। उन्होंने बताया कि आवान ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपये खर्च होते हैं।

आरिफ ने बताया कि दुर्घटना में चोटिल होने के बाद फिलहाल उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार चलाने के साथ बेटे की नियमित थेरेपी का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है।

मुख्यमंत्री साय ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपये की सहायता का चेक प्रदान किया और उसके बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ज्ञानेश साहू और नरसिंह सोलंकी को भी मिली आर्थिक मदद

पाटन से पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं और आर्थिक परेशानी के कारण इलाज नहीं करा पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उपचार के लिए उन्हें 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।

Advertisement

वहीं, रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।

इस तरह जनदर्शन में तीन जरूरतमंदों को उपचार के लिए कुल 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, छयांश और पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

रायपुर साहित्य उत्सव 2027: 8 से 10 जनवरी तक होगा आयोजन, CM साय ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

Published

on

रायपुर साहित्य उत्सव 2027: 8 से 10 जनवरी तक आयोजन, CM साय ने किया लोगो का अनावरण

रायपुर: छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस बार तीन दिवसीय साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

उन्होंने कहा कि गत वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव को साहित्यकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से अच्छी सफलता मिली थी। इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक, भव्य और गरिमामय स्वरूप देने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि यह देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके।

गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी भाषाओं को मिलेगा महत्व

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण-संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित प्रदेश की विभिन्न भाषाओं और बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत मौजूद है।

Advertisement

इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है। मुख्यमंत्री ने साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान देने की बात कही।

युवा रचनाकारों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच

इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को अभिव्यक्त करती है। साहित्य उत्सव में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है। रायपुर साहित्य उत्सव उभरते रचनाकारों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

साहित्यकारों ने दिए आयोजन को बेहतर बनाने के सुझाव

Advertisement

कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और लेखकों ने पिछले वर्ष के आयोजन के अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी साहित्य उत्सव को और प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव भी दिए। साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी में इतने व्यापक स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय रचनाकारों को नई ऊर्जा मिली है और छत्तीसगढ़ की साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

इस दौरान साहित्यकारों ने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव प्रदेश की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक और साहित्य जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Continue Reading

ख़बर छत्तीसगढ़

भिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनेगा, दो सड़कों के लिए 27 करोड़ मंजूर

Published

on

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भिलाई के खुर्सीपार में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में

भिलाई/रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की। साथ ही दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों के लिए 27 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। सरकार का प्रयास है कि शहर में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी अधोसंरचना का लगातार विस्तार हो।

दो सड़क निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपए की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं।

  • कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपए।
  • जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपए।

इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।

BSP टाउनशिप के हजारों परिवारों को किराए में राहत

Advertisement

मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपए किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को राहत मिली है।

तीन साल में भिलाई के विकास पर 886 करोड़ खर्च/जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। नगरीय निकायों में स्वच्छता, सड़क, पेयजल और अन्य सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों और गांवों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिलाई आने वाले समय में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर राशि हस्तांतरित की। इस दौरान 3 हजार निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सहायता और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

Advertisement

आवास से लेकर स्वरोजगार तक, हितग्राहियों को मिला लाभ

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

  • प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
  • पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।
  • प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
  • आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 2 हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपए के चेक दिए गए।
  • 7 श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
  • छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण के चेक दिए गए।
  • मत्स्य विभाग की ओर से आइस बॉक्स, नाव-जाल और पट्टे वितरित किए गए।

महतारी वंदन योजना की 33 किस्तें जारी

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, महापौर नीरज पाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Continue Reading

Advertisment

ख़बर उत्तर प्रदेश

अभी तक की बड़ी खबरें

WEBSITE PROPRIETOR & EDITOR DETAILS

Editor/ Director :- Somesh Singh Senger
Web News Portal: Khabritaau.com
Website : www.khabritaau.com
Company : Khabritaau News
Publication Place: Raipur (CG), Bhopal (MP) & Lucknow (UP)
Email:- khabritaau@gmail.com
Mob: +91 6264 084 601

DPR Links

Trending