Connect with us

ख़बर बिहार

नालंदा: झारखंड में भीषण सड़क हादसा, नालंदा के 13 लोगों की मौत, रजरप्पा मंदिर जा रहे थे सभी

Published

on

झारखंड में सड़क हादसा: नालंदा के 13 लोगों की मौत, रजरप्पा जा रहे थे सभी

नालंदा/रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार के नालंदा जिले के 13 लोगों की मौत हो गई। सभी लोग स्कॉर्पियो से रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा शनिवार देर रात करीब 2 बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामगढ़ के पास हुआ। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। मृतकों में पांच पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। सभी मृतक नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

पैंकी गांव के पास दूसरी गाड़ी से टकराई स्कॉर्पियो

जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ के पैंकी गांव के पास स्कॉर्पियो की आगे चल रही एक गाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क किनारे जा पहुंची।

हादसे के बाद वाहन में सवार लोग अंदर फंस गए। आसपास के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों और अन्य लोगों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

Advertisement

मृतकों में स्कूल डायरेक्टर विवेकानंद का परिवार भी शामिल

मृतकों में मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के डायरेक्टर विवेकानंद, उनकी पत्नी, मां और तीन बच्चे भी शामिल हैं। बताया गया कि विवेकानंद की पत्नी अमृता की शिक्षक के पद पर नौकरी लगी थी। इसी खुशी में परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। हादसे में परिवार के कई सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक व्यक्ति गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी

स्कॉर्पियो में सवार 14 लोगों में से 13 की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement

ख़बर बिहार

Patna: CM सम्राट चौधरी की DM-SP के साथ मैराथन बैठक, बोले- अपराध और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

Published

on

बिहार CM सम्राट चौधरी की DM-SP के साथ बैठक, अपराध और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा के लिए दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। 28 और 29 नवंबर को पटना के मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में हो रही इस बैठक में सभी 38 जिलों के जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP) और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी की यह पहली दो दिवसीय व्यापक प्रशासनिक समीक्षा बैठक है। इसका आयोजन बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले किया जा रहा है। पहले दिन शनिवार को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली पर फोकस रहा, जबकि रविवार को विकास योजनाओं और विभागीय कामकाज की समीक्षा की जाएगी।

X पर CM ने लिखा- जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि दो दिवसीय प्रशासनिक समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ सभागार में विभागीय पदाधिकारियों, जिलाधिकारियों और वरीय पुलिस अधीक्षकों-पुलिस अधीक्षकों के साथ प्रशासनिक और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस के साथ जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

अपराध नियंत्रण पर SP से लिया रिपोर्ट कार्ड

Advertisement

बैठक के पहले दिन मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के SP और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलों में आपराधिक घटनाओं को रोकने और पुलिस की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिले में अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस अधीक्षक की होगी।

दो हिस्सों में हो रही बैठक

दो दिवसीय बैठक का एजेंडा दो हिस्सों में बांटा गया है।

  • 28 नवंबर, शनिवार: कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही की समीक्षा।
  • 29 नवंबर, रविवार: विकास योजनाओं, सरकारी विभागों के कामकाज और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा।

बैठक में मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव के अलावा पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त, रेंज के IG और DIG भी शामिल हैं।

सात निश्चय से कृषि रोडमैप तक योजनाओं की समीक्षा

Advertisement

रविवार को मुख्यमंत्री विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। इसमें नीतीश कुमार के कार्यकाल में शुरू की गई सात निश्चय योजनाओं, कृषि रोडमैप, सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण से जुड़े कार्यों की समीक्षा प्रस्तावित है।मुख्यमंत्री अधिकारियों से जानेंगे कि योजनाएं कितनी आगे बढ़ी हैं, उन्हें पूरा करने में कहां बाधाएं आ रही हैं और उनके समाधान के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और उद्योग विभाग देंगे प्रेजेंटेशन

दूसरे दिन की बैठक में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, नगर विकास और उद्योग विभाग सहित कई प्रमुख विभाग अपने कामकाज का प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें अब तक की उपलब्धियों, योजनाओं की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी।

जिला अधिकारियों को भी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति बतानी होगी। सरकार का जोर योजनाओं का लाभ गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचाने पर रहेगा।

जनता की शिकायतों और लंबित मामलों पर भी चर्चा

Advertisement

बैठक में आम लोगों की शिकायतों के निपटारे की स्थिति भी समीक्षा के एजेंडे में है। मुख्यमंत्री जिलों में लोक शिकायत निवारण की प्रगति, लंबित मामलों और उनके समाधान में आ रही बाधाओं की जानकारी लेंगे। इसके साथ ही विभागों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी कम हो और लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

शीतकालीन सत्र से पहले प्रशासनिक व्यवस्था दुरुस्त करने की कोशिश

बिहार विधानमंडल के आगामी शीतकालीन सत्र से पहले इस बैठक को प्रशासनिक स्तर पर अहम माना जा रहा है। सरकार चाहती है कि विभागों और जिलों में चल रही योजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा सके। बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने भी कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था मजबूत करना, विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराना और आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

Continue Reading

ख़बर बिहार

बिहार कैबिनेट के 34 फैसले: नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में बनेंगे औद्योगिक क्षेत्र, 1,294 एकड़ जमीन अधिग्रहण को मंजूरी

Published

on

बिहार में उद्योग और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कैबिनेट के बड़े फैसले

पटना: बिहार में औद्योगिक विकास, पेयजल व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज को आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। बैठक में नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए कुल 1,294.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी गई।

इसके अलावा पटना की जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च में छह गुना बढ़ोतरी और किशनगंज में SSB की बटालियनों के लिए जमीन हस्तांतरित करने का निर्णय भी लिया गया। इसी दिन से बिहार मंत्रिमंडल की बैठकों में ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत भी कर दी गई है।

ई-कैबिनेट से अब पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल और पेपरलेस

बिहार सरकार ने मंत्रिमंडल की बैठकों की कार्यप्रणाली को डिजिटल बनाने की शुरुआत की है। अब कैबिनेट के एजेंडे, प्रस्ताव और जरूरी दस्तावेज डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। इस व्यवस्था से कागजों का इस्तेमाल कम होगा और मंत्रियों तथा अधिकारियों के बीच दस्तावेजों का आदान-प्रदान आसान हो सकेगा। सरकार का उद्देश्य कैबिनेट की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और तेज बनाना है।

पटना की जलापूर्ति योजना पर खर्च होंगे 1,794.32 करोड़

Advertisement

पटना शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने अमृत 2.0 मिशन के तहत जलापूर्ति परियोजना को 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। शहर की बढ़ती आबादी और पानी की जरूरतों को देखते हुए इस परियोजना को अहम माना जा रहा है। इसके माध्यम से पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

ग्राम कचहरियों का सालाना खर्च छह गुना बढ़ा

ग्रामीण स्तर पर न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य की सभी ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च में बढ़ोतरी की गई है। अब तक प्रत्येक ग्राम कचहरी को सालाना 4,000 रुपये मिलते थे। कैबिनेट ने इसे बढ़ाकर 24,000 रुपये करने की मंजूरी दी है। यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2027 से लागू होगी। इससे ग्राम कचहरियों को स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे विवादों के निपटारे और प्रशासनिक कामकाज में मदद मिलने की उम्मीद है।

किशनगंज में SSB को जमीन, बनेंगे वॉच टावर

सीमावर्ती क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड में बिहार सरकार की 11.884 डिसमिल जमीन SSB की 19वीं और 41वीं बटालियन को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है। यह जमीन केंद्रीय गृह मंत्रालय को स्थायी रूप से हस्तांतरित की जाएगी। इसके बदले 4 लाख 38 हजार 63 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इस जमीन पर सीमावर्ती इलाके की निगरानी के लिए वॉच टावर बनाए जाने हैं।

Advertisement

तीन जिलों में औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन अधिग्रहण

राज्य में उद्योगों की स्थापना और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने तीन जिलों में कुल 1,294.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी है। इसके लिए कुल 706.52 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी गई है। जिलेवार प्रस्ताव इस प्रकार हैं:

1. नालंदा: इस्लामपुर में 564.37 एकड़ जमीन

नालंदा जिले के इस्लामपुर अंचल के मौजा ब्रहगांवा में 564.37 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए 382.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है।

2. समस्तीपुर: खानपुर में 480 एकड़ जमीन

Advertisement

समस्तीपुर जिले के खानपुर अंचल के तीन मौजों में कुल 480 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा। इसके लिए 261.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। जमीन उपलब्ध होने के बाद यहां औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

3. शेखपुरा: चेवाड़ा में 250 एकड़ जमीन

शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में 250 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 62.37 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई है। तीनों जिलों में जमीन अधिग्रहण की मंजूरी से औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने का रास्ता खुलेगा। इससे भविष्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

Continue Reading

ख़बर बिहार

PM मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन: गंगा पर बना 6 लेन का पुल, नीतीश कुमार को लगाया गले; 100 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी

Published

on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन किया।

वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित किया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री पुल पर टहले और गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार से मुलाकात की और उन्हें गले लगाया। दोनों नेताओं की इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आईं।

मोदी बोले- नीतीश सेतु उनके सेवा समर्पण का सम्मान

उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस बिहार ने दशकों तक बदहाली झेली, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। गंगा मैया पर बने इस पुल को जनता को समर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि इसका नाम नीतीश जी के सम्मान में रखा गया है। प्रधानमंत्री ने इसे नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण के सम्मान का प्रतीक बताया।

पटना और वैशाली के बीच कम होगी दूरी

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पुल से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। इससे लोगों का समय बचेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। फल, सब्जियां और दूध जैसे कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। विद्यार्थियों को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में सुविधा होगी।

Advertisement

छठी मैया के आशीर्वाद से मना रहे विकास का पर्व

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में छठ महापर्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार विकास का पर्व मना रहा है। उन्होंने बिहार की जनता, मुख्यमंत्री और कार्यक्रम में मौजूद नेताओं का आभार जताया। मोदी ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी विकास के प्रति उनकी जागरूकता और उत्साह को दिखाती है।उन्होंने छठ पर्व पर माताओं और बहनों द्वारा परिवार, समाज और पूरे जगत के मंगल के लिए किए गए कठिन व्रत का भी उल्लेख किया।

100 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विभिन्न शहरों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों से शहरी परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।

नीतीश सेतु की खासियत

Advertisement
जानकारीविवरण
     पुल का नाम                      नीतीश सेतु
         स्थान                   गंगा नदी, बिहार
कनेक्टिविटीकच्ची दरगाह (पटना) से बिदुपुर (वैशाली)
कुल प्रोजेक्ट लंबाई19.7 किलोमीटर
मुख्य पुललगभग 9.7 किलोमीटर
लेन6
निर्माण लागतलगभग ₹4,280 करोड़
उद्घाटन21 नवंबर 2026

यह पुल महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करेगा। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा।

Continue Reading

ख़बर बिहार

छठ पूजा: बिहार के 13 हजार से ज्यादा घाटों पर उमड़ी भीड़, डूबते सूर्य को लाखों श्रद्धालुओं ने दिया पहला अर्घ्य

Published

on

बिहार में छठ पूजा के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देते श्रद्धालु
AI जनरेटेड इमेज

पटना: बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। राज्यभर में 13 हजार से ज्यादा घाटों पर पूजा की व्यवस्था की गई थी। पटना से इस बीच एक दुखद घटना सामने आई। मिर्जापुर गांव के पास पुनपुन नदी में चार युवक डूब गए। इनमें से एक को बचा लिया गया, जबकि तीन युवक अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चारों युवक छठ घाट की तैयारी के दौरान नदी में डूबे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव की कोशिश की। पुलिस और प्रशासन की टीमों को भी सूचना दी गई। लापता युवकों की तलाश जारी है।

13 हजार से ज्यादा घाटों पर संध्या अर्घ्य

छठ महापर्व के तीसरे दिन को संध्या अर्घ्य कहा जाता है। इस दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। बिहार में इस अवसर पर 13,183 घाटों पर तैयारियां की गई थीं। पटना में गंगा किनारे के घाटों के साथ अस्थायी तालाबों में भी अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस, गोताखोर और आपदा राहत दल तैनात किए गए। राज्य सरकार के अनुसार, एसडीआरएफ की टीमें 254 और एनडीआरएफ की टीमें 123 घाटों पर तैनात की गईं। इसके अलावा 12,806 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की ड्यूटी लगाई गई।

Advertisement

छठ के लिए 50 लाख लोग लौटे बिहार

छठ पर्व मनाने के लिए देश के अलग-अलग शहरों और विदेशों से बड़ी संख्या में लोग बिहार लौटे हैं। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, करीब 50 लाख लोग दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई सहित दूसरे शहरों और विदेशों से अपने घर पहुंचे। इनमें लगभग 40 लाख लोगों ने ट्रेन से और 10 लाख लोगों ने हवाई जहाज, बस तथा निजी वाहनों से यात्रा की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी घाट पहुंचे

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छठ के तीसरे दिन श्रद्धालुओं को संध्या अर्घ्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पटना के छठ घाटों पर पहुंचकर पूजा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने घर पर छठ पूजा की। चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना निर्जला व्रत पूरा करेंगे।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर बिहार

बेगूसराय में दुष्कर्म पीड़िता को छत से फेंकने का आरोप, पड़ोसी गिरफ्तार

Published

on

बेगूसराय में दुष्कर्म पीड़िता पर हमले के मामले की जांच करती पुलिस

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में सामूहिक दुष्कर्म की 30 वर्षीय पीड़िता को इमारत की छत से नीचे फेंकने का आरोप लगा है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर उसके पड़ोसी भोंगल कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घायल महिला को बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुराने केस में समझौते का दबाव बनाने का आरोप

महिला के परिजनों का आरोप है कि जून में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के मामले को वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों ने मंगलवार को हुई घटना को इसी दबाव से जोड़कर देखा है। हालांकि, हमले के पीछे की वजह और इसमें अन्य लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

जून में पांच लोगों पर दर्ज हुआ था सामूहिक दुष्कर्म का केस

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, 11 जून को महिला घर से शौच के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान महिला के शरीर से कुछ संदिग्ध वस्तुएं निकाली गई थीं। इस मामले में पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

तीन महीने पहले भी घर में घुसने का आरोप

पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि करीब तीन महीने पहले भी सामूहिक दुष्कर्म के मामले से जुड़े कुछ आरोपी उनके घर में घुस आए थे। उन्होंने महिला के साथ दोबारा यौन उत्पीड़न की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Continue Reading

Advertisment

ख़बर उत्तर प्रदेश

अभी तक की बड़ी खबरें

WEBSITE PROPRIETOR & EDITOR DETAILS

Editor/ Director :- Somesh Singh Senger
Web News Portal: Khabritaau.com
Website : www.khabritaau.com
Company : Khabritaau News
Publication Place: Raipur (CG), Bhopal (MP) & Lucknow (UP)
Email:- khabritaau@gmail.com
Mob: +91 6264 084 601

DPR Links

Trending