ख़बर देश
SC: शिक्षक बने रहने और प्रमोशन के लिए टीईटी पास होना अनिवार्य, SC बोला- 2 साल में पास करना होगा टीईटी

New Delhi: सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की बेंच ने शिक्षकों की योग्यता (TET परीक्षा) को लेकर आज यानी 1 सितंबर को बड़ा फैसला दिया है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की बेंच ने कहा- कि अब शिक्षक बने रहने और प्रमोशन पाने के लिए सभी शिक्षकों को टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी TET पास करना अनिवार्य होगा।
बेंच ने कहा- जिन शिक्षकों की नौकरी को 5 साल हो चुके हैं और उनकी सेवा 5 साल से ज्यादा बाकी है, उन्हें 2 साल के अंदर TET पास करना होगा। बेंच ने ऐसे टीचर्स को राहत दी है, जिनकी सर्विस में 5 साल ही बचे हैं। हालांकि ऐसे टीचर्स को TET पास न करने पर प्रमोशन नहीं दिया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि ये निर्देश अल्पसंख्यक संस्थानों पर लागू होगा या नहीं, इसका फैसला बड़ी बेंच (7 जज) करेगी।
कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि अगर शिक्षक 2 साल के अंदर TET पास नहीं करते, तो उन्हें इस्तीफा देना होगा या फिर अनिवार्य सेवानिवृत्ति लेना होगी। हालांकि, बेंच ने ऐसे टीचर्स को इससे राहत दी है, जिनकी सर्विस में 5 साल ही बचे हैं।
क्या है पूरा मामला
RTE एक्ट, 2009 की धारा 23(1) के अनुसार, शिक्षकों के लिए न्यूनतम योग्यता NCTE, द्वारा निर्धारित की जाएगी। NCTE ने 23 अगस्त 2010 को एक नोटिफिकेशन जारी किया, जिसमें कक्षा 1 से 8 तक शिक्षक बनने के लिए TET पास करना अनिवार्य कर दिया गया था।NCTE ने शिक्षक पदों पर नियुक्त उम्मीदवारों को TET क्वालिफाई करने के लिए 5 साल का समय दिया। जिसे आगे चलकर 4 साल और बढ़ाया भी गया।
NCTE के आदेश को कोर्ट में दी गई थी चुनौती
एनसीटीई के नोटिस को कुछ शिक्षकों ने कोर्ट में चुनौती दी थी। इस पर मद्रास हाईकोर्ट बेंच ने जून 2025 में कहा कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति 29 जुलाई 2011 से पहले हुई थी, उन्हें सेवा में बने रहने के लिए TET पास करने की बाध्यता नहीं है, लेकिन पदोन्नति के लिए TET पास करना अनिवार्य रहेगा। इसी फैसले पर अब सुप्रीम कोर्ट ने सर्विस में बने रहने और प्रमोशन दोनों के लिए TET क्वालिफाई करना अनिवार्य कर दिया है। हालांकि, अल्पसंख्यक संस्थानों के लिए फैसला आना अभी बाकी है।
ख़बर देश
सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 13 घायल; शाम को डिजाइनर गेट भी गिरा

Surajkund Fair: हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक झूला अचानक गिर पड़ा। इस हादसे में पुलिस इंस्पेक्टर की मौके पर मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पतालों और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही DC आयुष सिन्हा मौके पर पहुंचे और पूरे मेला परिसर को खाली करा दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला ऊपर से तेजी से नीचे गिरते हुए दिख रहा है। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
DC आयुष सिन्हा ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “लापरवाही बरतने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” हादसे में पलवल के चांदहट थाने के SHO जगदीश प्रसाद की भी झूले की चपेट में आने से मौत हो गई।
शाम को डिजाइनर गेट भी गिरा, एक घायल
इसी दिन शाम को मेले के गेट नंबर-2 के पास बना डिजाइनर गेट अचानक गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि गेट पहले से ही झुका हुआ था। गेट गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया, हालांकि उसकी हालत गंभीर नहीं है। घटना के बाद मेला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर गेट का मलबा हटवाया।
39वां सूरजकुंड मेला 15 फरवरी तक
39वां अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला 31 जनवरी को शुरू हुआ था। इसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया था। मेला 15 फरवरी तक चलेगा। इसमें भारत के 30 राज्यों के करीब 1150 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं, जबकि 46 देशों के कलाकार भी मेले में पहुंचे हैं।
ख़बर देश
US ट्रेड ऑफिस का नया इंडिया मैप वायरल: PoK और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया, इसी बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील का फ्रेमवर्क जारी

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को एक अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Agreement- ITA) का फ्रेमवर्क घोषित किया। इस घोषणा के साथ अमेरिकी ट्रेड ऑफिस (USTR) ने भारत का आधिकारिक मैप शेयर किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस मैप में पूरा जम्मू-कश्मीर क्षेत्र, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और चीन के कब्जे वाला अक्साई चिन भी शामिल है, को भारत का अभिन्न हिस्सा दिखाया गया है।
अब तक अमेरिका और अधिकांश पश्चिमी देशों के सरकारी नक्शों में PoK और अक्साई चिन जैसे विवादित क्षेत्रों को अलग रंग या डॉटेड लाइनों से दर्शाया जाता रहा है। अमेरिका के पुराने मैप्स में भी PoK को भारत से अलग दिखाया गया था। लेकिन इस बार ट्रम्प प्रशासन के कार्यकाल में जारी किए गए इस मैप को भारत की सीमाओं को पूरी तरह मान्यता देने वाला माना जा रहा है- चाहे यह जानबूझकर किया गया हो या अनजाने में।
भारत लंबे समय से यह स्पष्ट करता आया है कि जम्मू-कश्मीर उसका अभिन्न अंग है और इस नक्शे को उसी रुख की अंतरराष्ट्रीय पुष्टि के तौर पर देखा जा रहा है।
अब समझिए भारत-अमेरिका ट्रेड डील का फ्रेमवर्क
भारत और अमेरिका ने इंटरिम ट्रेड एग्रीमेंट (ITA) का फ्रेमवर्क जारी किया है, जिसके तहत भारतीय उत्पादों पर अमेरिका का औसत टैरिफ 50% से घटाकर 18% किया जाएगा। रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर लगाया गया 25% अतिरिक्त टैक्स हटाया गया। दोनों देशों ने जल्द फ्रेमवर्क लागू करने और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। संयुक्त बयान के मुताबिक, यह फ्रेमवर्क 13 फरवरी 2025 से शुरू हुई भारत-अमेरिका BTA वार्ता को आगे बढ़ाएगा।
सरकार का दावा
कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल के मुताबिक, यह समझौता भारतीय निर्यातकों के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर (करीब 27.18 लाख करोड़ रुपए) के अमेरिकी बाजार के दरवाजे खोलेगा। इससे MSME, किसान और मछुआरे सबसे बड़े लाभार्थी होंगे। महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही भारत अगले 5 साल में अमेरिका से 500 अरब डॉलर (45.30 लाख करोड़ रुपए) के उत्पाद खरीदेगा।
ख़बर देश
Udhampur Encounter: उधमपुर में जैश के 2 पाकिस्तानी आतंकी ढेर, टॉप कमांडर अबू माविया मारा गया; किश्तवाड़ में ऑपरेशन त्राशी-1 जारी

Udhampur Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ा ऑपरेशन करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया। दोनों आतंकी एक गुफा में छिपे हुए थे। सेना ने इलाके को घेरकर गुफा पर ग्रेनेड से हमला किया। एनकाउंटर का वीडियो भी सामने आया है। ऑपरेशन के बाद एक आतंकी का शव गुफा के बाहर मिला, जबकि दूसरे का शव गुफा के अंदर काफी गहराई में पाया गया।
मारे गए आतंकियों में जैश का टॉप कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया भी शामिल है, जो पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में सक्रिय था। मुठभेड़ की शुरुआत मंगलवार शाम करीब 4 बजे हुई थी। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों के पास से M4 कार्बाइन, AK-47 असॉल्ट राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। उधर, किश्तवाड़ जिले के चतरू इलाके में बुधवार शाम को भी आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हुआ। इस मुठभेड़ में सेना ने एक आतंकी को मार गिराया।
उधमपुर और किश्तवाड़ दोनों जिलों में ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ अब भी जारी है। यह ऑपरेशन 18 जनवरी को चतरू बेल्ट के मंडराल-सिंहपोरा के पास सोनार गांव के जंगलों में शुरू किया गया था। पिछले 15 दिनों में इस ऑपरेशन के दौरान आतंकियों के साथ चार बार मुठभेड़ हो चुकी है।
18 जनवरी को हुए पहले एनकाउंटर में 8 जवान घायल हुए थे, जिनमें से हवलदार गजेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद 22 और 24 जनवरी को अलग-अलग मुठभेड़ हुईं, जबकि 31 जनवरी को डोलगाम इलाके में फिर से गोलीबारी हुई थी। सुरक्षा बल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज किए हुए हैं।
ख़बर देश
India US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड डील फाइनल, ट्रम्प ने टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया, मोदी बोले– 1.4 अरब भारतीयों की ओर से धन्यवाद

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जिस ट्रेड डील का इंतजार था, उस पर सोमवार को मुहर लग गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करने का ऐलान किया। सोमवार सुबह ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रेड डील की जानकारी साझा की।
ट्रम्प ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं। जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से भी तेल खरीदेगा। ट्रम्प के मुताबिक, ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर यानी करीब 46 लाख करोड़ रुपए से अधिक का सामान खरीदेगा। इसमें ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद शामिल होंगे।
अगस्त में लगने वाली पेनल्टी भी हटेगी
ट्रम्प ने अप्रैल 2025 में भारत पर 25% रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था। इसके बाद रूस से तेल खरीदने को लेकर अगस्त में अतिरिक्त 25% पेनल्टी लगाने का ऐलान किया गया था। हालांकि, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि अब भारत पर सिर्फ 18% टैरिफ ही लगेगा। रूस से तेल खरीद को लेकर लगाई गई अतिरिक्त पेनल्टी हटा ली जाएगी।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा
ट्रम्प ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा खरीद और ट्रेड डील पर चर्चा की। ट्रम्प के मुताबिक, मोदी की दोस्ती और अनुरोध पर दोनों देशों के बीच तुरंत ट्रेड डील पर सहमति बनी।
मोदी बोले- पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रम्प से बात कर उन्हें खुशी हुई। मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% किए जाने के फैसले के लिए उन्होंने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से ट्रम्प का आभार जताया। मोदी ने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ आते हैं, तो इससे लोगों को फायदा होता है और सहयोग के नए अवसर बनते हैं।
भारत अब कम टैरिफ वाले देशों में शामिल
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने NDTV से बातचीत में ट्रेड डील की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी दस्तावेजों पर अगले कुछ दिनों में हस्ताक्षर होंगे, लेकिन समझौता लगभग तय है। राजदूत गोर के मुताबिक, पहले भारत पर ज्यादा टैरिफ लगता था, लेकिन अब भारत उन देशों में शामिल हो गया है, जिन पर अमेरिका कम टैरिफ लगाता है। उन्होंने इसे मोदी-ट्रम्प की मजबूत दोस्ती का नतीजा बताया।
ख़बर देश
Trump-Modi: PM मोदी से डोनाल्ड ट्रम्प की फोन पर बात, भारत-अमेरिका रिश्तों और वैश्विक हालात पर चर्चा की अटकलें

Trump-Modi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को फोन पर बातचीत हुई। इस बातचीत की जानकारी भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर साझा की है। हालांकि, बातचीत में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बातचीत में भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों, वैश्विक राजनीतिक हालात और दोनों देशों के बीच सहयोग से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक संबंध और सुरक्षा सहयोग जैसे विषय भी बातचीत का हिस्सा हो सकते हैं। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े घटनाक्रम चल रहे हैं और वैश्विक राजनीति में तेज बदलाव देखे जा रहे हैं।
गौर करने वाली बात यह भी है कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने इसी दिन अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर भारत से जुड़ी दो तस्वीरें पोस्ट की थीं। एक तस्वीर में उन्होंने इंडिया गेट की फोटो साझा की, जबकि दूसरी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक मैगजीन कवर की तस्वीर दिखाई दी। इन पोस्ट्स के बाद दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत को अहम माना जा रहा है।
ख़बर बिहार23 hours agoPatna: 31 साल पुराने केस में पप्पू यादव गिरफ्तार, बेहोशी के बाद PMCH लाया गया; देर रात आवास पर 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
ख़बर देश21 hours agoUS ट्रेड ऑफिस का नया इंडिया मैप वायरल: PoK और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया, इसी बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील का फ्रेमवर्क जारी
ख़बर छत्तीसगढ़20 hours agoBastarPandum: राष्ट्रपति मुर्मु ने बस्तर पंडुम की प्रदर्शनी देखी, ढोकरा से लेकर जनजातीय व्यंजनों तक लिया जायजा
ख़बर देश14 hours agoसूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 13 घायल; शाम को डिजाइनर गेट भी गिरा
ख़बर मध्यप्रदेश16 hours agoMP News: रीवा में रफ्तार का कहर, ऑडी कार ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, पिता-बेटा और भांजी की मौके पर मौत
ख़बर छत्तीसगढ़15 hours agoChhattisgarh: दक्षिण बस्तर में माओवाद की कमर टूटी: 1.61 करोड़ के इनामी 51 कैडरों ने किया सरेंडर


















