ख़बर देश
Odisha Train Firing: ओडिशा में चलती ट्रेन पर फायरिंग, भद्रक में हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस

Odisha Train Firing: ओडिशा के पुरी से दिल्ली आ रही नंदनकानन एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर-12815) पर फायरिंग से हड़कंप मच गया। वारदात भद्रक के पास की है। स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को पुरी से दिल्ली के आनंद विहार आ रही नंदन कानन एक्सप्रेस में गोली चलने के कारण शौचालय का कांच टूट गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना ओडिशा के भद्रक-बौदपुर खंड में सुबह 9.30 बजे के आसपास हुई। सूत्रों ने कहा कि ट्रेन सुबह 9.25 बजे भद्रक स्टेशन से रवाना हुई और और कथित गोलीबारी इसके पांच मिनट बाद हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रेलवे और पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
घटना की जांच के लिए चार टीमों का गठन
पुरी की सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) पुलिस स्टेशन प्रभारी एसके बहिनीपति ने नंदन कानन एक्सप्रेस में गोली चलने की घटना पर कहा कि मंगलवार सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच हमें सूचना मिली कि भद्रक पार करने के बाद नंदनकानन एक्सप्रेस ट्रेन पर गोलीबारी हुई। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की निगरानी में ट्रेन को रवाना किया गया। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस समेत 4 टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
ख़बर देश
Vedic Clock: काशी विश्वनाथ मंदिर में लगी ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’, PM मोदी बोले- यह आधुनिक तकनीक और प्राचीन ज्ञान का संगम

Vedic Clock: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में स्थापित विश्व की अनूठी ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने घड़ी के डिजिटल फलक पर प्रदर्शित भारतीय पंचांग, मुहूर्त, ग्रह-नक्षत्र और वैदिक कालगणना प्रणाली की सराहना करते हुए इसे आधुनिक तकनीक और भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अद्भुत संगम बताया।
यह वैदिक घड़ी सबसे पहले महाकाल की नगरी उज्जैन में स्थापित की गई थी, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री मोदी ने 29 फरवरी 2024 को किया था। अब इसे देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थापित यह घड़ी सबसे पहले बाबा विश्वनाथ को समर्पित की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 अप्रैल 2026 को यह वैदिक घड़ी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट की थी। इसके बाद 4 अप्रैल को इसे काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में स्थापित किया गया। मध्यप्रदेश सरकार का कहना है कि यह पहल भारत की गौरवशाली कालगणना परंपरा को आधुनिक तकनीक के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।
सूर्योदय के आधार पर काम करती है घड़ी
‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’ भारतीय वैदिक समय प्रणाली पर आधारित है। यह घड़ी सूर्योदय से अगले सूर्योदय तक के समय की गणना करती है। एक वैदिक दिवस को 30 मुहूर्तों में बांटा गया है।
- सूर्योदय से सूर्यास्त तक 15 मुहूर्त
- सूर्यास्त से अगले सूर्योदय तक 15 मुहूर्त
घड़ी में वैदिक समय, भारतीय मानक समय (IST), पंचांग, विक्रम संवत, तिथि, मुहूर्त, योग, करण, नक्षत्र, सूर्य राशि, चंद्र राशि और ग्रहों की स्थिति जैसी जानकारियां दिखाई देती हैं।
मुहूर्त, कला और काष्ठा की गणना भी खास
- 1 मुहूर्त = 30 कला
- 1 कला = 96 सेकंड
- 1 कला = 30 काष्ठा
- 1 काष्ठा = 3.2 सेकंड
घड़ी सूर्य के कोण और स्थान विशेष के सूर्योदय-सूर्यास्त समय के अनुसार वैदिक समय प्रदर्शित करती है। यानी जिस शहर में यह घड़ी लगेगी, वहां के स्थानीय सूर्योदय के हिसाब से समय दिखाई देगा।
अयोध्या और सभी ज्योतिर्लिंगों में लगाने की तैयारी
मध्यप्रदेश सरकार अब अयोध्या के श्रीराम मंदिर समेत देश के सभी ज्योतिर्लिंगों में ऐसी वैदिक घड़ियां स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इसे भारत की सांस्कृतिक और वैज्ञानिक विरासत को पुनर्जीवित करने की बड़ी पहल माना जा रहा है।
ख़बर देश
Delhi: टेकऑफ से पहले बड़ा हादसा टला, दिल्ली एयरपोर्ट पर स्विस विमान के इंजन में आग, 6 यात्री घायल

Delhi: दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट रात 1:08 बजे ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी। जैसे ही विमान रनवे पर टेकऑफ के लिए बढ़ा, उसका एक इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई। साथ ही बाईं ओर लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया।
स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया।
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि घटना के समय विमान एयरबस A330 था। स्थानीय टीम मौके पर मौजूद है और यात्रियों की देखभाल की जा रही है। कंपनी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच के लिए उनकी टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर जांच करेगी। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना में पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया।
ख़बर देश
Maoist surrender: तेलंगाना में 47 माओवादियों का सरेंडर, AK-47 समेत भारी हथियार सौंपे

Maoist surrender: तेलंगाना में माओवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। राज्य के DGP बी. शिवधर रेड्डी ने बताया कि शनिवार को 47 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर दिया। ये सभी माओवादी दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी, साउथ बस्तर रीजनल कमेटी की 9वीं और 30वीं प्लाटून और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी से जुड़े हुए थे।
अलग-अलग स्तर के कैडर शामिल
सरेंडर करने वालों में संगठन के कई स्तर के सदस्य शामिल हैं। इनमें 1 स्टेट कमेटी मेंबर, 3 डिवीजन कमेटी मेंबर
24 एरिया कमेटी मेंबर, 19 पार्टी मेंबर शामिल हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
AK-47, LMG समेत भारी हथियार सौंपे
DGP के मुताबिक, माओवादियों ने आत्मसमर्पण के दौरान हथियार और गोला-बारूद भी पुलिस को सौंपा। इनमें 4 AK-47 राइफल, 3 SLR, 1 लाइट मशीन गन (LMG), 2 INSAS राइफल, 2 .410 मस्केट, 1 पिस्टल शामिल हैं। कुल मिलाकर 32 हथियार, 26 मैगजीन, 515 राउंड कारतूस और 10 बंडल कार्डेक्स वायर पुलिस को सौंपे गए।
पुनर्वास नीति और ऑपरेशन का असर
DGP बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि यह आत्मसमर्पण सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार चल रहे ऑपरेशनों का नतीजा है। सुरक्षा बलों के दबाव और विकास कार्यों के चलते माओवादी अब मुख्यधारा में लौटने का फैसला कर रहे हैं।
“तेलंगाना में अब माओवादी मूवमेंट नहीं”
DGP ने दावा किया कि राज्य में अब माओवादी गतिविधि नहीं के बराबर रह गई है। जो लोग अभी भी जंगलों में सक्रिय हैं, उन्हें सरेंडर कर सामान्य जीवन में लौटने का मौका दिया जा रहा है।
ख़बर देश
Heatwave: देशभर में भीषण गर्मी का कहर, प्रयागराज 45.2°C पर टॉप, 5 राज्यों के 14 शहरों में पारा 44°C पार

Heatwave:देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.2°C दर्ज किया गया। वहीं अकोला में पारा 45°C और अमरावती में 44.8°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
14 शहरों में 44°C के पार पारा
उत्तर-पश्चिम, उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के 5 राज्यों के 14 शहरों में तापमान 44°C से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें वाराणसी, बांदा, रोहतक, झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, अकोला, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल, बाड़मेर, हमीरपुर, आगरा और राजनांदगांव शामिल हैं।
यूपी के 60 जिलों में रेड अलर्ट
उत्तप्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उड़ीसा के झारसुगुड़ा में लगातार दूसरे दिन तापमान 44.8°C दर्ज हुआ। मध्यप्रदेश के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है, जबकि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। यहां ऊना का तापमान 41.1°C तक पहुंच गया।
अगले 2 दिन और बढ़ेगी गर्मी
26 अप्रैल:
छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हीटवेव की संभावना
आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी।
27 अप्रैल:
बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप जारी
कई जगहों पर गर्म रातें (Warm Nights) रहने की आशंका।
ख़बर देश
Raghav Chadha: आप को बड़ा झटका, राघव चड्ढा BJP में शामिल, दावा- आप के 10 में से 7 सांसद साथ

Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पर्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया। इसके बाद चड्ढा बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां राघव के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता भी हमारे साथ हैं। हालांकि, बाकी चार सांसद अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।
राघव ने कहा- “हम पार्टी के दो-तिहाई सांसद हैं, इसलिए दलबदल कानून लागू नहीं होगा। हमने संवैधानिक प्रावधानों के तहत यह फैसला लिया है।” उन्होंने यह भी कहा- “पिछले कुछ समय से मुझे लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं।”
वहीं आप की ही एक अन्य राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि वे फिलहाल इटानगर में हैं और दिल्ली लौटने के बाद इस मुद्दे पर विस्तार से बात करेंगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बड़े दलबदल से राज्य की राजनीति पर गहरा असर पड़ने की संभावना है।
ख़बर छत्तीसगढ़20 hours agoCG Cabinet: छत्तीसगढ़ कैबिनेट के बड़े फैसले, शहरी गैस वितरण नीति 2026 को मंजूरी, क्रिकेट अकादमी के लिए 5 एकड़ जमीन आवंटित
ख़बर छत्तीसगढ़13 hours agoRaipur: राजधानी के बड़े निजी स्कूलों को टक्कर दे रहे ‘प्रयास’ विद्यालय, CG बोर्ड में 13 विद्यार्थियों ने बनाई टॉप-10 में जगह
ख़बर छत्तीसगढ़18 hours agoCG Board Result 2026: छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट जारी, 10वीं में 77.15%, 12वीं में 83.04% छात्र पास
ख़बर देश16 hours agoVedic Clock: काशी विश्वनाथ मंदिर में लगी ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी’, PM मोदी बोले- यह आधुनिक तकनीक और प्राचीन ज्ञान का संगम





















