ख़बर उत्तरप्रदेश
Ayodhya: मुख्यमंत्री योगी ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच के लिए SIT बनाई, कर्मचारी के घर से 10 लाख रुपए मिले

Ayodhya: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित अनियमितता और करोड़ों रुपए की चोरी के दावों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग की थी। इसके कुछ ही घंटों बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय SIT का गठन कर दिया।
इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब मंदिर से जुड़े कर्मचारी लवकुश मिश्रा के घर से करीब 10 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि कुछ रकम गोबर में दबाकर छिपाई गई थी, जबकि कुछ नकदी बक्से में रखी हुई मिली।
रकम किसकी है, अभी नहीं हुआ स्पष्ट
फिलहाल बरामद राशि का स्रोत स्पष्ट नहीं हो सका है। लवकुश मिश्रा के पिता ने भी घर से नकदी मिलने की पुष्टि की है। सूत्रों के अनुसार लवकुश मंदिर में चढ़ावे की रकम गिनने का कार्य करता था। जानकारी के मुताबिक उसकी नियुक्ति उसके ससुर की सिफारिश पर हुई थी। उसका साला अनुकल्प मिश्रा पहले से मंदिर में कार्यरत था। सूत्रों का दावा है कि लवकुश और अनुकल्प दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।
तीन सदस्यीय SIT करेगी जांच
सरकार द्वारा गठित SIT में प्रशासन, पुलिस और वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ अधिकारियों को शामिल किया गया है।
1.विजय विश्वास पंत- लखनऊ मंडलायुक्त और वरिष्ठ IAS अधिकारी। IIT कानपुर से बीटेक कर चुके विजय विश्वास पंत SIT के अध्यक्ष बनाए गए हैं। वे मंदिर की दान और चढ़ावा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे तथा सुधार संबंधी सुझाव देंगे।
2.किरन एस.- वरिष्ठ IPS अधिकारी और वर्तमान में आईजी रेंज। वे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में डीआईजी के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। उन्हें आपराधिक जांच और तथ्यों की पड़ताल की जिम्मेदारी दी गई है।
3. नीलरतन- वित्त विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे मंदिर के वित्तीय लेन-देन, ऑडिट रिकॉर्ड और दान प्रबंधन व्यवस्था की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेंगे।
दान प्रबंधन और वित्तीय व्यवस्था की होगी समीक्षा
SIT केवल कथित चोरी के आरोपों की जांच ही नहीं करेगी, बल्कि मंदिर में चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन की पूरी व्यवस्था का भी अध्ययन करेगी। टीम यह भी देखेगी कि भविष्य में ऐसी आशंकाओं को रोकने के लिए कौन-से सुधारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं। मामले को लेकर प्रदेश सरकार और मंदिर प्रशासन दो नों सतर्क हैं। अब सभी की नजर SIT की जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Ayodhya: राम मंदिर दान विवाद PMO तक पहुंचा, नृपेंद्र मिश्र की अयोध्या में गोपनीय बैठक, निष्पक्ष जांच की मांग तेज

Ayodhya: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान राशि के कथित दुरुपयोग और अनियमितताओं को लेकर उठे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंच गया है। भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इसी बीच राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री के पूर्व प्रमुख सचिव नृपेंद्र मिश्र का अयोध्या दौरा चर्चा का विषय बन गया है। सोमवार को वे अचानक अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों तथा मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की। बैठक को पूरी तरह गोपनीय रखा गया और इसकी कार्यसूची को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।
नृपेंद्र मिश्र की बैठक के बाद बढ़ी चर्चाएं
सूत्रों के मुताबिक, नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर की व्यवस्थाओं और हालिया घटनाक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक के बाद वह मंगलवार सुबह दिल्ली लौट गए। दान राशि को लेकर उठे विवाद के बीच उनके इस दौरे को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चर्चा है कि मंदिर प्रशासन और हालिया विवाद से जुड़ी एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीर्ष स्तर तक भेजी जा सकती है।
PM को पत्र लिखकर जांच की मांग
भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में दान, चढ़ावे और मंदिर प्रशासन से जुड़े किसी भी आरोप की पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने पत्र में लिखा कि यदि आरोप निराधार हैं तो जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि कहीं अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के विश्वास को सर्वोपरि बताते हुए जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
महंत कमल नयन दास बोले- जांच करने वालों पर भी उठ रहे सवाल
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में दान व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद पर महंत कमल नयन दास ने कहा कि यदि कहीं कोई गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जांच एजेंसियों और जांच करने वालों की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिससे लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहा है। ऐसे माहौल में निष्पक्ष जांच बड़ी चुनौती बन गई है।
बालयोगी रामदास ने भी की पारदर्शी जांच की मांग
सरयू तट स्थित करतलिया आश्रम के महंत बालयोगी रामदास ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित अनियमितताओं से जुड़ी खबरें चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। यदि आरोप गलत हैं तो भी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के मन में पैदा हुआ भ्रम दूर हो सके। फिलहाल, दान राशि को लेकर उठे विवाद और जांच की मांग के बीच सभी की नजरें मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Varanasi: वाराणसी में आधी रात बुलडोजर एक्शन, अजगैब शहीद मस्जिद ढहाई गई

Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मंगलवार देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भदऊ चुंगी स्थित अजगैब शहीद मस्जिद को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के मुताबिक मस्जिद रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से बनी थी। करीब 42 फीट ऊंची इस संरचना को 5 बुलडोजरों की मदद से महज 22 मिनट में गिरा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रशासन करीब 1000 पुलिसकर्मियों के साथ रात 12 बजे मौके पर पहुंचा। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एडीसीपी वैभव बांगर की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग की गई और लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
रातों-रात हटाया गया मलबा
मस्जिद ढहाने के बाद प्रशासन ने मलबा भी तुरंत ट्रकों में भरकर हटवा दिया। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई रात में इसलिए की गई ताकि ट्रैफिक और जनजीवन प्रभावित न हो।
रेलवे की जमीन पर कब्जे का दावा
प्रशासन के अनुसार किला कोहना क्षेत्र स्थित यह जमीन रेलवे की है। आरोप है कि पहले यहां मजार बनाई गई और बाद में मस्जिद एवं कब्रिस्तान का निर्माण किया गया। वर्ष 2024 में काशी मॉडल रेलवे स्टेशन विस्तार परियोजना के लिए कराए गए सर्वे में जमीन पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई थी।
कोर्ट में हारने के बाद हुई कार्रवाई
मुस्लिम पक्ष का दावा है कि मस्जिद करीब 200 साल पुरानी थी। मस्जिद के मुतवल्ली शमीम उस्ताद थे, जिनका दो महीने पहले निधन हो चुका है। रेलवे द्वारा जमीन खाली कराने को लेकर मामला अदालत पहुंचा था, जहां फैसला रेलवे के पक्ष में आया। इसके बाद रेलवे ने तीन बार नोटिस जारी किए, लेकिन जमीन खाली नहीं की गई।
अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेश और नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वहीं, काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार कार्य के लिए इस जमीन को आवश्यक बताया गया है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Ghaziabad: सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में ढेर, पिता समेत 3 गिरफ्तार

Ghaziabad: गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय असद शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। रविवार तड़के करीब 4 बजे वसुंधरा इलाके में घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वो मारा गया। पुलिस ने शनिवार को ही असद पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
बकरीद के दिन हुई थी सूर्या की हत्या
जानकारी के अनुसार, 28 मई को बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या हुई थी। पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक असद ने फोन कर सूर्या को बुलाया और साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर चाकू से हमला किया। मामले से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसकी जांच की जा रही है।
पिता समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
Uttar Pradesh Police की खोड़ा थाना पुलिस ने रविवार दोपहर असद के पिता नवाब (45), फरहान (19) और आतिफ (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर कथित साजिश, उकसावे और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार की मांग और बढ़ी सुरक्षा
सूर्या की मां ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले के संवेदनशील होने के कारण इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।सरकार की ओर से परिवार को 5 लाख रुपए की सहायता और एक सदस्य को नगरपालिका में नौकरी देने की घोषणा की गई है।
कई स्तरों पर जांच में जुटी एजेंसियां
पुलिस पूरे घटनाक्रम, आरोपियों की भूमिका और कथित साजिश के पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Weather: यूपी में नौतपा के बीच बदला मौसम, आंधी-बारिश से 10°C तक गिरा तापमान, 31 लोगों की मौत

UP Weather: उत्तरप्रदेश में नौतपा के बीच बीते दो दिनों से आंधी, तूफान और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के चलते भीषण गर्मी से राहत मिली। कई शहरों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
28 मई को बांदा का तापमान 47.5°C रिकॉर्ड किया गया था, जो अब घटकर करीब 37°C तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में दिन में छाया अंधेरा
लखीमपुर-खीरी, बहराइच, सहारनपुर और मेरठ में दोपहर बाद तेज आंधी चली, जिसके बाद बारिश शुरू हो गई। आसमान में काले बादल छाने से कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज आंधी, तूफान और बारिश की संभावना जताई है।
ओले गिरे, मकानों को नुकसान
इससे पहले गुरुवार देर रात और शुक्रवार को लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं, टिनशेड उड़ गए और सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। चित्रकूट में आंधी-बारिश के दौरान करीब 500 तोतों की मौत होने की खबर सामने आई है। नुकसान की स्थिति को देखते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
बिजली गिरने और हादसों में 31 मौतें
आंधी-तूफान, बिजली गिरने और उससे जुड़े हादसों में प्रदेश में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 15 मौतें बुंदेलखंड क्षेत्र में हुईं। हमीरपुर में 6, बांदा में 3 और महोबा, उरई-जालौन में 2-2 लोगों की जान गई। इसके अलावा कौशांबी में 4, सहारनपुर और देवरिया में 2-2, जबकि प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, बलिया, महाराजगंज, मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर और रामपुर में एक-एक मौत दर्ज की गई।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत, कई दबे होने की आशंका

Hamirpur bridge collapse: उत्तरप्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत-बचाव कार्य जारी है। यह हादसा शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर ललपुरा थाना क्षेत्र में देर रात करीब 2 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके नीचे सो रहे मजदूर दब गए।
SDRF रेस्क्यू में जुटी, जेसीबी से हट रहा मलबा
घटना के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाकर दबे मजदूरों की तलाश की जा रही है। उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन के एमडी धर्मवीर सिंह ने बताया कि देर रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण स्लैब गिरा। हादसे के वक्त कई मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे। मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी
मौसम विभाग के अनुसार हमीरपुर में शुक्रवार देर रात 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली थी। प्रत्यक्षदर्शी सुरेश कुमार ने बताया कि पुल पर दो शिफ्ट में काम होता था। उन्होंने बताया कि पहली शिफ्ट के मजदूर पुल के नीचे थे, जबकि दूसरी शिफ्ट के 7 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। आंधी आने पर वे बचने के लिए पुल पर लेट गए, तभी अचानक हादसा हो गया।
90 करोड़ की लागत से बन रहा पुल
उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन की ओर से मोराकांड और कुरारा गांव के बीच 700 मीटर लंबा दो लेन पुल बनाया जा रहा है। इसकी लागत करीब 90 करोड़ रुपए बताई गई है। पुल का निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था और दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। मृतकों में 4 मजदूर बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले बताए गए हैं। लखनऊ से वरिष्ठ अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
ख़बर देश18 hours agoAssam Plane Crash: वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, पायलट समेत 5 जवानों की मौत, को-पायलट घायल
ख़बर देश18 hours agoDRDO BMD System Test: भारत अब ICBM जैसी मिसाइलों को भी रोक सकेगा, लगातार 3 फ्लाइट टेस्ट सफल
ख़बर छत्तीसगढ़14 hours agoRaipur: छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, 1 जुलाई से सत्र शुरू होने की खबर फर्जी, शिक्षा विभाग ने किया स्पष्ट
ख़बर छत्तीसगढ़13 hours agoJashpur Rail Project: इतिहास में पहली बार रेल मानचित्र पर उभरेगा जशपुर, धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को केंद्र की मंजूरी
ख़बर छत्तीसगढ़21 hours agoIndia U19 Women Cricket Team: छत्तीसगढ़ की बेटी महक नरवासे बनीं भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान, CM साय ने किया सम्मानित
ख़बर बिहार2 hours agoBihar: सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले बवाल, पटना रेलवे स्टेशन पर छात्रों का प्रदर्शन, ट्रेनों में तोड़फोड़
ख़बर देश47 minutes agoWeather Update: देशभर में प्री-मानसून का असर, 9 राज्यों में बारिश, यूपी में आंधी-बारिश से 5 मौतें; मानसून छत्तीसगढ़ सीमा तक पहुंचा





















