Connect with us

ख़बर देश

DRDO BMD System Test: भारत अब ICBM जैसी मिसाइलों को भी रोक सकेगा, लगातार 3 फ्लाइट टेस्ट सफल

Published

on

DRDO, BMD System, Ballistic Missile Defence, ICBM, Intercontinental Ballistic Missile, Rajnath Singh, Indian Defence, Missile Defence System, DRDO Test, Defence News India

DRDO BMD System Test: भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) सिस्टम का सफल प्रदर्शन किया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने 10 और 11 जून को लगातार तीन फ्लाइट टेस्ट किए, जिनमें लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों और इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) श्रेणी के खतरों को रोकने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 13 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर परीक्षण से जुड़ी तस्वीरें साझा करते हुए इस उपलब्धि की जानकारी दी।

अब ICBM जैसे खतरों का भी मुकाबला कर सकेगा भारत

DRDO के इस स्वदेशी मल्टी-लेयर्ड BMD सिस्टम की खासियत यह है कि यह दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइल को उसके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही हवा में नष्ट कर सकता है। परीक्षणों में इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल श्रेणी तक के खतरों को ट्रैक करने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमता प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही नेवल एंटी-शिप मिसाइल (मीडियम रेंज) का भी सफल परीक्षण किया गया, जिसे भारत की समुद्री रक्षा और स्ट्राइक क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विशेष देशों की सूची में शामिल हुआ भारत

इस सफलता के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है, जिनके पास ऑपरेशनल स्तर की बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस क्षमता मौजूद है। इससे पहले अमेरिका, रूस, इजराइल और चीन के पास ही ऐसी उन्नत तकनीक उपलब्ध थी।

Advertisement

क्या होती है ICBM?

इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) अत्यधिक लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइल होती है। इसकी रेंज आमतौर पर 5,500 किलोमीटर से अधिक होती है और यह एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप तक हमला करने में सक्षम होती है। यह मिसाइल पहले अंतरिक्ष की ओर जाती है और फिर अत्यधिक गति से पृथ्वी की ओर लौटकर लक्ष्य को निशाना बनाती है। अधिकांश ICBM परमाणु हथियार ले जाने में भी सक्षम होती हैं, इसलिए इन्हें दुनिया के सबसे शक्तिशाली रणनीतिक हथियारों में गिना जाता है।

कैसे काम करता है मल्टी-लेयर्ड BMD सिस्टम

मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम कई सुरक्षा परतों में काम करता है। सबसे पहले रडार दुश्मन की मिसाइल का पता लगाते हैं। इसके बाद कमांड सेंटर खतरे का विश्लेषण करता है और इंटरसेप्टर मिसाइल लॉन्च की जाती है। यह इंटरसेप्टर मिसाइल हवा में ही दुश्मन की मिसाइल को नष्ट कर देती है। यदि पहली इंटरसेप्टर मिसाइल लक्ष्य को नष्ट करने में असफल रहती है, तो दूसरी सुरक्षा परत सक्रिय हो जाती है। यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement

ख़बर देश

तनिष्क के नए शोरूम में करोड़ों की चोरी, दीवार और दरवाजा तोड़कर घुसे चोर

Published

on

मदुरै के नए तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में हुई चोरी की घटना

Tanishq Robbery Madurai: तमिलनाडु के मदुरै में तनिष्क के नए ज्वेलरी शोरूम में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। नकाबपोश चोरों ने शोरूम की पिछली दीवार और दरवाजा तोड़कर प्रदर्शन के लिए रखे सोने के आभूषण चुरा लिए। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में दुकान में रखे कुल सामान का करीब 30% चोरी होने की बात सामने आई है। शोरूम का उद्घाटन महज 15 दिन पहले हुआ था।

यह घटना मदुरै बाइपास रोड स्थित शोरूम में हुई। गुरुवार सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

CCTV में तीन लोगों के शामिल होने के संकेत

पुलिस आयुक्त एस. राजेंद्रन के मुताबिक, शुरुआती CCTV फुटेज में वारदात में तीन लोगों के शामिल होने के संकेत मिले हैं। आरोपियों ने पीछे की दीवार और परिसर का दरवाजा तोड़कर शोरूम में प्रवेश किया।

पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगाने के लिए खोजी कुत्तों की मदद ली है। आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच के लिए तीन सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP) के नेतृत्व में विशेष टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन इंस्पेक्टर शामिल हैं।

Advertisement

लॉकर में रखे गहने सुरक्षित, डिस्प्ले के आभूषण चोरी

पुलिस उपायुक्त एजी इनिगो दिव्यन ने बताया कि चोरों ने प्रदर्शन के लिए रखे आभूषणों को निशाना बनाया। लॉकर में सुरक्षित रखे गहनों को उन्होंने नहीं छुआ।

पुलिस के मुताबिक, चोरी हुए आभूषणों की वास्तविक कीमत का पता शोरूम प्रबंधन की औपचारिक शिकायत और स्टॉक का मिलान होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस किसी अनुमानित रकम की पुष्टि नहीं कर रही है।

15 दिन पहले ही खुला था शोरूम

मदुरै बाइपास रोड स्थित इस तनिष्क शोरूम का उद्घाटन करीब 15 दिन पहले ही हुआ था। इतने नए शोरूम में चोरी की घटना से पुलिस और व्यापारिक क्षेत्र में हलचल है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले सुराग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर देश

कुलगाम में CRPF नाके पर आतंकियों की फायरिंग, 3 जवान घायल; हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन

Published

on

कुलगाम में CRPF नाके पर हमले के बाद सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन।
image source- @PTI_News

Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने CRPF के जवानों पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल हुए हैं। हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम के मीर बाजार इलाके में CRPF के नाके पर हुई। गोलीबारी के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया। क्विक रिएक्शन टीम (QRT) भी मौके पर पहुंची।

मोटरसाइकिल से आए थे हमलावर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचे और नाके पर तैनात CRPF जवानों पर गोलियां चलाईं। जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं।

घायल जवानों को अनंतनाग अस्पताल पहुंचाया

Advertisement

गोलीबारी में घायल तीनों CRPF जवानों को अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इनमें से दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। अधिकारियों ने अभी घायलों की विस्तृत स्वास्थ्य स्थिति साझा नहीं की है।

इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई

हमले के बाद कुलगाम के मीर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बल हमलावरों की तलाश कर रहे हैं। फिलहाल उनकी पहचान और हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Continue Reading

ख़बर देश

India Air Pollution: दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के, राजस्थान का श्रीगंगानगर पहले नंबर पर; AQI 821

Published

on

दिवाली के बाद भारत के शहरों में वायु प्रदूषण गंभीर, श्रीगंगानगर का AQI 821 और दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त।

नई दिल्ली: दिवाली के बाद देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। AQI.in की 10 नवंबर की सुबह की रैंकिंग के मुताबिक, दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के हैं। राजस्थान का श्रीगंगानगर 821 AQI के साथ सूची में पहले स्थान पर रहा। इस सूची में भारत के अलावा पाकिस्तान का लाहौर ही शामिल था, जो 430 AQI के साथ 14वें स्थान पर रहा।

दिल्ली-NCR से लेकर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान तक कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। इसी बीच सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताते हुए दिल्ली समेत चार राज्यों से विस्तृत जवाब मांगा है।

श्रीगंगानगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर

AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, 10 नवंबर की सुबह 9:54 बजे राजस्थान के श्रीगंगानगर में AQI 821 दर्ज किया गया। यह उस समय की वैश्विक सूची में सबसे अधिक था। पाकिस्तान का लाहौर 430 AQI के साथ 14वें स्थान पर रहा।

दिवाली के बाद 9 नवंबर को प्रकाशित एक अन्य AQI.in रैंकिंग में भी श्रीगंगानगर 868 AQI के साथ सबसे ऊपर था। इससे पता चलता है कि प्रदूषण का स्तर अलग-अलग समय पर तेजी से बदल रहा था।

Advertisement

दिल्ली से MP तक कई शहरों में हवा गंभीर

दिल्ली में मंगलवार सुबह कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में रही। चांदनी चौक समेत कुछ क्षेत्रों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में भोपाल और उज्जैन जैसे शहरों में भी प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी तक पहुंचने की खबर है। हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी AQI 400 के पार रहा। उत्तर प्रदेश के नोएडा, बुलंदशहर और गाजियाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

हालांकि, अलग-अलग वेबसाइटों और मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों में अंतर हो सकता है। इसलिए किसी शहर का AQI बताते समय संबंधित स्टेशन और माप का समय देखना जरूरी है।

AQI की कौन-सी श्रेणी कितनी खतरनाक?

Advertisement

भारत में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मानकों के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक को छह श्रेणियों में बांटा गया है।

  • 0 से 50: अच्छी
  • 51 से 100: संतोषजनक
  • 101 से 200: मध्यम
  • 201 से 300: खराब
  • 301 से 400: बहुत खराब
  • 401 से 500: गंभीर

गंभीर श्रेणी में प्रदूषण का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है। पहले से सांस, हृदय या फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।

गाड़ियों के प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने वाहनों से निकलने वाले धुएं पर चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि क्षेत्र में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की समस्या पर तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।

6 नवंबर कोमुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने दिल्ली, हरिया सुनवाई के बाद जारी आदेश में णा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की सरकारों से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है।

अदालत ने दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम (MCD), दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक विभाग और तीनों पड़ोसी राज्यों से पूछा है कि वे प्रदूषण फैलाने वाली और निर्धारित उम्र पूरी कर चुकी गाड़ियों को दिल्ली-NCR में प्रवेश करने और चलने से रोकने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं।

Advertisement

PUC और पुरानी गाड़ियों की जांच का ब्योरा मांगा

सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों से यह भी बताने को कहा है कि प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के नियमों का पालन कैसे कराया जा रहा है। अदालत ने पुरानी और उत्सर्जन मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली गाड़ियों की पहचान, जांच और कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।

पीठ ने यह भी पूछा है कि नियम तोड़ने वाली कितनी गाड़ियों की जांच की गई, कितने चालान काटे गए और कितने वाहनों को प्रवेश से रोका गया। पड़ोसी राज्यों से दिल्ली-NCR में आने वाले निजी और व्यावसायिक वाहनों पर लागू नियमों की जानकारी भी मांगी गई है। इस मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर 2026 को होगी।

प्रदूषण के दूसरे स्रोतों पर भी नजर

सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश किए गए आंकड़ों में दिल्ली और आसपास के राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में कमी का संकेत मिला, लेकिन इसी अवधि में वाहनों से होने वाले प्रदूषण से जुड़ी समस्या बढ़ने की बात सामने आई।

Advertisement

अदालत ने स्पष्ट किया कि दिल्ली-NCR में प्रदूषण का समाधान केवल एक स्रोत पर कार्रवाई से नहीं होगा। वाहनों के उत्सर्जन, निर्माण गतिविधियों, औद्योगिक प्रदूषण, कचरा प्रबंधन और पराली जलाने जैसे मुद्दों पर अलग-अलग स्तर पर ठोस कदम उठाने होंगे।

Continue Reading

ख़बर देश

दिल्ली में प्रदूषण से हालात बिगड़े, GRAP-3 लागू; MP में बढ़ी ठंड, राजस्थान के भिवाड़ी में AQI 300 पार

Published

on

दिल्ली में वायु प्रदूषण और GRAP-3, मध्य प्रदेश में ठंड तथा राजस्थान के भिवाड़ी में बढ़ते AQI का समाचार

दिल्ली: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शुक्रवार को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया। इसके तहत दिल्ली और प्रमुख NCR जिलों में पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था में विद्यार्थी ऑनलाइन या ऑफलाइन, दोनों में से किसी भी माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे।

दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ने लगा है। इंदौर, भोपाल और दूसरे शहरों में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। राजस्थान में भी प्रदूषण बढ़ रहा है। भिवाड़ी में शनिवार सुबह AQI 300 के पार दर्ज किया गया।

दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू, पांचवीं तक हाइब्रिड कक्षाएं

दिल्ली में 6 नवंबर को औसत AQI 382 दर्ज किया गया था, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। शनिवार सुबह यह घटकर 364 रहा, हालांकि कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी तक पहुंचा। इंडिया गेट के आसपास के निगरानी स्टेशन पर शुक्रवार सुबह AQI 403 दर्ज किया गया था।

प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए CAQM ने दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू किया है। इसके तहत निर्माण और ध्वस्तीकरण से जुड़ी कई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। साथ ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

इस व्यवस्था के तहत स्कूलों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे। अभिभावक बच्चों की सुविधा और स्थानीय निर्देशों के अनुसार पढ़ाई का माध्यम चुन सकेंगे।

मध्य प्रदेश में रात का पारा 12 डिग्री के करीब

मध्य प्रदेश में दिवाली के आसपास मौसम में बदलाव दिखने लगा है। कई शहरों में रात का तापमान गिरने से सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस हो रही है।

6 नवंबर को इंदौर में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में यह 13.5 डिग्री रहा। दमोह में 12 डिग्री और पचमढ़ी में 12.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। शाजापुर जिले के गिरवर में प्रदेश का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Advertisement

राजस्थान के भिवाड़ी में AQI 300 पार

दिल्ली की तरह राजस्थान में भी वायु प्रदूषण चिंता बढ़ा रहा है। शनिवार सुबह भिवाड़ी के RIICO इंडस्ट्रियल एरिया-3 निगरानी केंद्र पर AQI 340 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में आता है। हालांकि भिवाड़ी के दूसरे निगरानी केंद्र पर AQI का स्तर अलग रहा।

प्रदेश के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की गई। अलवर में सुबह कोहरा देखा गया, जबकि अजमेर समेत कुछ जिलों में हल्के बादल छाए रहे।

शुक्रवार को पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस तरह प्रदेश में दिन के समय गर्मी और सुबह-रात में ठंडक के साथ वायु प्रदूषण की चुनौती भी बनी हुई है।

Advertisement
Continue Reading

ख़बर देश

CBSE Date Sheet 2027: 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से, 101 दिन पहले जारी हुई डेटशीट

Published

on

CBSE बोर्ड परीक्षा 2027 की 10वीं और 12वीं की डेटशीट, परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही टाइम टेबल जारी किया है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी और रिवीजन के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

CBSE के अनुसार, कक्षा 10वीं में 83 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें 26.5 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, 12वीं की परीक्षा में 121 विषय रखे गए हैं, जिसमें 19.8 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी।

10वीं की परीक्षा 9 मार्च तक, 12वीं के पेपर 9 अप्रैल तक

बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी अपनी विषयवार परीक्षा की तारीख और अन्य निर्देश CBSE की आधिकारिक डेटशीट में देख सकते हैं।

40 हजार से ज्यादा विषय संयोजनों का रखा ध्यान

Advertisement

CBSE ने डेटशीट तैयार करते समय 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी विद्यार्थी के चुने हुए दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न पड़ें। इसके अलावा, आमतौर पर साथ पढ़े जाने वाले विषयों के पेपर के बीच पर्याप्त अंतर रखा गया है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी और रिवीजन का समय मिल सके।

12वीं के छात्रों की प्रवेश परीक्षाओं को भी ध्यान में रखा

बोर्ड ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षाओं के संभावित कार्यक्रम को भी ध्यान में रखकर डेटशीट तैयार की है। कोशिश की गई है कि बोर्ड परीक्षाएं प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं के शुरू होने से पहले पूरी हो जाएं। इससे विद्यार्थियों को बोर्ड और प्रवेश परीक्षा, दोनों की तैयारी के लिए बेहतर समय मिल सकेगा।

CBSE की वेबसाइट से डाउनलोड करें डेटशीट

विद्यार्थी कक्षा 10वीं और 12वीं की विषयवार डेटशीट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर देख और डाउनलोड कर सकते हैं। आधिकारिक वेबसाइट: https://www.cbse.gov.in पर जाकर Latest Updates सेक्शन में वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा डेटशीट का लिंक खोलें। विद्यार्थी अपनी कक्षा और विषय के अनुसार परीक्षा की तारीख ध्यान से जांच लें।

Advertisement
Continue Reading

Advertisment

ख़बर उत्तर प्रदेश

अभी तक की बड़ी खबरें

WEBSITE PROPRIETOR & EDITOR DETAILS

Editor/ Director :- Somesh Singh Senger
Web News Portal: Khabritaau.com
Website : www.khabritaau.com
Company : Khabritaau News
Publication Place: Raipur (CG), Bhopal (MP) & Lucknow (UP)
Email:- khabritaau@gmail.com
Mob: +91 6264 084 601

DPR Links

Trending