ख़बर बिहार
Bihar Election 2025: बिहार में बीजेपी-जदयू 101-101 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव, एनडीए के बीच हुआ सीटों का बंटवारा

Patna: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपने सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। गठबंधन के मुख्य घटक दलों भाजपा और जदयू को बराबर संख्या में यानी 101-101 सीटें दी गई हैं। इसके अलावा, अन्य सहयोगी दलों को भी चुनाव लड़ने के लिए हिस्सेदारी दी गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को छ-छ सीटें दी गई हैं।
एनडीए के महासचिव विनोद तावड़े ने इस सीट बंटवारे की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने लिखा,“संगठित और समर्पित एनडीए परिवार ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सीटों का वितरण पूर्ण किया। सभी सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का खुशी-खुशी स्वागत किया है। सभी साथी कमर कस चुके हैं और बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।”
इस सीट बंटवारे में स्पष्ट रूप से यह संकेत मिलता है कि भाजपा और जदयू दोनों प्रमुख दल अपने क्षेत्रीय प्रभुत्व को बरकरार रखना चाहते हैं। 101-101 सीटों का विभाजन दोनों दलों के बीच संतुलन बनाए रखने की रणनीति है। इसके अलावा, छोटी पार्टियों को हिस्सेदारी देना भी गठबंधन की मजबूती और चुनावी संतुलन बनाए रखने का हिस्सा है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं। यह संख्या इस बात का प्रतीक है कि गठबंधन में छोटे दलों की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हम को छह-छह सीटें दी गई हैं, जो चुनाव में उनके स्थानीय और क्षेत्रीय प्रभाव को ध्यान में रखते हुए तय की गई हैं।
हालांकि सीट बंटवारे के ऐलान के बाद मांझी ने तीखे तेवर दिखाए हैं। उन्होंने कहा, ‘आलाकमान ने जो फैसला लिया है वो स्वीकार है। हमें सिर्फ 6 सीट देकर उन्होंने हमारी अहमियत कम आंकी है। इसका असर NDA पर पड़ सकता है।’ मांझी की पार्टी ने 4 सीटों पर कैंडिडेट्स का भी ऐलान कर दिया है। इमामगंज से दीपा मांझी, बराचट्टी से ज्योति देवी, टेकारी से अनिल कुमार और सिकंदरा से प्रफुल्ल कुमार मांझी को टिकट दिया गया है।
ख़बर बिहार
Patna: खान सर को राहत, गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक, 20 जून को होगी अग्रिम जमानत याचिका पर अगली सुनवाई

Patna: फायरिंग मामले में चर्चित शिक्षाविद और खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर खान सर को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी। कोर्ट ने पुलिस को मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट कहा है कि अगली सुनवाई या अगले आदेश तक खान सर के खिलाफ कोई कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी।
20 जून को होगी अगली सुनवाई
खान सर की ओर से अदालत में पेश हुए अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआर ने दलील दी कि गोली आत्मरक्षा में चलाई गई थी और इसका उद्देश्य किसी प्रकार का भय या आतंक फैलाना नहीं था। वकील के अनुसार, अदालत अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 जून को करेगी, जहां अग्रिम जमानत याचिका पर विस्तृत बहस होगी।
सोमवार को दायर की थी अग्रिम जमानत याचिका
खान सर ने सोमवार को पटना जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दाखिल किया था। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और हथियारों के कथित अवैध उपयोग से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
FIR में क्या आरोप?
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के मुताबिक, खान सर के सुरक्षा गार्डों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में आरोप है कि खान सर ने गार्ड्स से कहा था, “तुम गोली चलाओ, बाकी मैं देख लूंगा।” इसी आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज
इधर, खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को अदालत से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।
छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च
रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर सोमवार को पटना में छात्रों ने कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने रौशन आनंद के समर्थन में नारे लगाए और खान सर की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन में शामिल छात्र पोस्टर लेकर पहुंचे थे, जिन पर लिखा था- “झूठे केस में हमारा जीवन मत बर्बाद करो” और “मैं निर्दोष हूं”।
मामले की प्रमुख बातें
- खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक
- पुलिस से केस डायरी तलब
- 20 जून को होगी अगली सुनवाई
- हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
- रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज
- पटना में छात्रों का कैंडल मार्च
ख़बर बिहार
Hospital Fire: अस्पताल के ICU में लगी आग से 5 की मौत, 20 से ज्यादा झुलसे, AC ब्लास्ट के बाद लगी आग

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी अस्पताल के ICU में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए। हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट के बाद ICU में लगे एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट हो गया, जिससे आग तेजी से पूरे वार्ड में फैल गई। ICU अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों ने ICU समेत अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि हादसे के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके से गायब हो गया था। कई परिजन अपने मरीजों को स्ट्रेचर पर लेकर खुद अस्पताल से बाहर निकलते दिखाई दिए।
हादसे में मृतकों में गीता देवी, चंचला कुमारी, 57 वर्षीय उदय कुमार और 30 वर्षीय शशांक कुमार की पहचान हो चुकी है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से घटना को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उनके साथ मौजूद राज्यसभा सांसद संजय झा भी बिना कुछ बोले दिल्ली रवाना हो गए। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ख़बर बिहार
Patna: बिहार में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, पटना-सीवान में 2 बदमाशों का ‘हाफ एनकाउंटर’, 26 दिन में 7 मुठभेड़

Patna: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। राज्य में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पिछले 26 दिनों में पुलिस ने 7 एनकाउंटर किए हैं। इनमें 2 अपराधी मारे गए, जबकि कई बदमाशों को गोली मारकर गिरफ्तार किया गया है। ताजा मामलों में पटना और सीवान में पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों का ‘हाफ एनकाउंटर’ किया। दोनों मामलों में अपराधियों के पैर में गोली लगी है।
पटना: शिक्षक को गोली मारने वाला बदमाश गिरफ्तार
पटना के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में अगमकुआं थाना पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने संदीप उर्फ बादल नाम के लुटेरे को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान संदीप ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस वाहन के शीशे में लगी, हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में संदीप घायल हो गया। उसके साथी प्रिंस को भी गिरफ्तार किया गया है।
संदीप पर 13 मई को शिक्षक शंभू कुमार को गोली मारकर मोबाइल लूटने और शिक्षिका वीणा का बैग छीनने का आरोप है। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा और बाइक बरामद की है। घायल संदीप का इलाज एनएमसीएच में चल रहा है।
सीवान: 20 लाख की डकैती का आरोपी घायल
सीवान में 20 लाख रुपए की ज्वेलरी लूट के मुख्य आरोपी अंकित कुमार सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद यूपी भाग गया था। रविवार रात मैरवा पुलिस ने बैदौली छठ घाट के पास उसे रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख अंकित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों घुटनों में गोली लगी। अंकित ने 6 मई को जामापुर स्थित ओम साईं ज्वेलर्स में डकैती की थी। उसके पास से लोडेड पिस्टल और लूटी गई बाइक बरामद हुई है। गंभीर हालत में उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है।
नशे की लत ने बनाया अपराधी
पटना में पकड़े गए संदीप और प्रिंस की कहानी चौंकाने वाली है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों स्मैक और नशीले इंजेक्शन के आदी हैं। नशे का खर्च निकालने के लिए दोनों मोबाइल, चेन और महिलाओं के बैग लूटते थे। लूट का सामान तुरंत सस्ते दामों में बेचकर नशे के लिए पैसे जुटाए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक को गोली मारने की घटना भी नशे की तलब का नतीजा थी।
ख़बर बिहार
Bihar Cabinet: कर्मचारियों का DA बढ़कर 60% हुआ, महिलाओं को EV खरीदने पर ₹1 लाख की मदद

Bihar cabinet decisions: बिहार सरकार ने राज्य के करीब 9 लाख सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने केंद्र की तर्ज पर महंगाई भत्ता (DA) 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया है। वित्त विभाग के मुताबिक यह फैसला 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। सम्राट कैबिनेट की बैठक में कुल 19 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में राज्य में बढ़ते अपराध को देखते हुए 5 जिलों में ग्रामीण SP (Rural SP) के नए पद सृजित करने का फैसला भी लिया गया।
कर्मचारियों को कितना फायदा होगा?
DA बढ़ने से अलग-अलग वेतनमान वाले कर्मचारियों को हर महीने अतिरिक्त राशि मिलेगी। न्यूनतम स्तर पर 19 हजार रुपए मूल वेतन पाने वाले कर्मचारियों को करीब 390 रुपए प्रतिमाह अतिरिक्त मिलेंगे। शीर्ष स्तर पर 2.25 लाख रुपए मूल वेतन पाने वाले वरिष्ठ IAS अधिकारियों को करीब 4500 रुपए प्रति माह का फायदा होगा।
पेंशनर्स को भी मिलेगा लाभ
सरकार के फैसले से पेंशनभोगियों को भी राहत मिलेगी। नई दरों के अनुसार पेंशनर्स की मासिक पेंशन में 250 रुपए से लेकर 2200 रुपए तक की बढ़ोतरी होगी।
महिलाओं को इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर ₹1 लाख
बिहार कैबिनेट ने महिलाओं को इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहन खरीदने पर 1 लाख रुपए की सहायता देने का फैसला भी किया है। सरकार का उद्देश्य राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना और महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है।
ख़बर बिहार
Bihar: भागलपुर में बड़ा हादसा टला, विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गंगा में गिरा, सीमांचल से संपर्क टूटा

Vikramshila Setu: बिहार के भागलपुर में रविवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा अचानक धंसकर नदी में गिर गया। घटना रात करीब 1:10 बजे की बताई जा रही है। पुल के पिलर नंबर 4 और 5 के बीच बना स्लैब गंगा में समा गया, जिससे भागलपुर का सीमांचल क्षेत्र से सीधा संपर्क टूट गया है। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने पहले ही पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। इसी वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शाम से आने लगी थी दरार
जानकारी के मुताबिक, पुल के एक्सपेंशन जॉइंट में रविवार शाम से ही दरार दिखाई देने लगी थी। देर रात पहले करीब 10 इंच का जॉइंट सस्पेंशन धंसा और फिर कुछ ही देर बाद 34 मीटर लंबा स्लैब गंगा में गिर गया। उस समय पुल पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से सभी गाड़ियों को समय रहते हटा दिया गया। इसके बाद पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई।
मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही SSP प्रमोद कुमार यादव, सदर SDM विकास कुमार, सिटी DSP अजय कुमार चौधरी और ट्रैफिक DSP संजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ट्रैफिक को तत्काल डायवर्ट कराया। सिटी DSP अजय चौधरी ने बताया कि वाहनों को अब मुंगेर पुल की ओर भेजा जा रहा है। नवगछिया और भागलपुर दोनों तरफ पुलिस बल तैनात किया गया है।
DM बोले- पहले ही रोक दी थी आवाजाही
भागलपुर DM डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि रात 12:35 बजे से पुल का स्लैब धंसना शुरू हो गया था। उससे पहले ही ट्रैफिक रोक दिया गया था, इसलिए कोई हादसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जल्द ही हाई लेवल तकनीकी टीम पुल का निरीक्षण करेगी।
15 दिन लग सकते हैं मरम्मत में
NH विभाग के SDO सुधीर कुमार के अनुसार, करीब 34 मीटर का स्लैब नदी में गिरा है। नया स्लैब तैयार कर लगाने में कम से कम 15 दिन लग सकते हैं। पुल निगम के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
16 जिलों की लाइफलाइन है विक्रमशिला सेतु
विक्रमशिला सेतु बिहार के सीमांचल और कोसी इलाके के लिए बेहद अहम माना जाता है। यह पुल भागलपुर को नवगछिया समेत 16 जिलों से जोड़ता है। रोजाना करीब 50 हजार वाहन और लगभग एक लाख लोग इस पुल से गुजरते हैं। 4.7 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन साल 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने किया था। यह NH-131A का हिस्सा है और पूर्वोत्तर राज्यों के व्यापारिक संपर्क के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। पिछले कुछ वर्षों से पुल में जॉइंट और एक्सपेंशन गैप की समस्या को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आखिरी बार इसकी मरम्मत 2020 में हुई थी।
ख़बर मध्यप्रदेश20 hours agoMP Rajya Sabha: भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, चुनाव आयोग ने दिए प्रमाणपत्र
ख़बर देश20 hours agoTMC Crisis: 4 दिन में तीसरे राज्यसभा सांसद का इस्तीफा, प्रकाश चिक बड़ाईक ने भी छोड़ी पार्टी
खेल खिलाड़ी4 hours agoभारतीय शूटिंग को बड़ा झटका: दिग्गज निशानेबाज और मनु भाकर के कोच जसपाल राणा का निधन






















