ख़बर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का आंकड़ा 31.14 लाख मीट्रिक टन से पार, 8 लाख से ज्यादा किसानों ने बेचा धान
रायपुर: राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए एक दिसंबर से शुरू हुए धान खरीदी के बीते 17 दिनों में आज शाम साढ़े 6 बजे तक 8 लाख 59 हजार 63 किसानों से 31 लाख 14 हजार 113 मीट्रिक टन धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है। किसानों से 2482 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी के अनुमानित लक्ष्य 105 लाख मीट्रिक टन के विरूद्ध प्रदेश में अब तक 29.66 प्रतिशत धान की खरीदी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री बघेल की पहल पर इस वर्ष धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। अब तक 9 लाख 74 हजार 829 मीट्रिक टन का डीओ जारी कर दिया गया है। उपार्जन केन्द्रों से मिलर्स द्वारा 6,11,965 मीट्रिक धान का उठाव कर लिया गया है। धान खरीदी के 17वें दिन भी राजनांदगांव जिला, प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के मामले में पहले स्थान पर है। राजनांदगांव जिले में 3,00,781 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है।
बेमेतरा जिला धान खरीदी के मामले में आज राज्य में दूसरे क्रम पर है। बेमेतरा जिला में 2,34,314 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। अब तक की धान खरीदी में बलौदाबाजार जिला राज्य में तीसरे स्थान पर है।बलौदाबाजार जिला में 2,27,404 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हुई है। धान खरीदी के मामले में अब तक 06 जिले क्रमशः राजनांदगांव, बेमेतरा, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, महासमुंद और बालोद ने दो लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी कर ली है।
ख़बर छत्तीसगढ़
Chhattisgarh: PM मोदी से मिले CM साय, बस्तर विजन का रोडमैप रखा; कई बड़ी परियोजनाओं के लिए मांगा सहयोग

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के विकास और ‘बस्तर विजन’ का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया। बैठक में मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में ₹10,500 करोड़ की गैस आधारित यूरिया परियोजना, बस्तर के 461 गांवों को स्थायी विद्युत ग्रिड से जोड़ने और रायपुर अथवा बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (AIIA) की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास की समन्वित रणनीति के चलते बस्तर अब तेजी से बदल रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेल, बिजली, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
5,542 गांवों तक पहुंचीं योजनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने’ अभियान के जरिए बस्तर संभाग के 5,542 गांवों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। इससे लगभग 39 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
421 बंद स्कूल दोबारा शुरू
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद पड़े 421 स्कूलों को फिर से खोला गया है। इसके अलावा ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने की तैयारी चल रही है।
34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच
‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। जगदलपुर और गीदम में स्वास्थ्य अधोसंरचना को भी मजबूत किया जा रहा है।
₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद राज्य को करीब ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल बीपीओ और अन्य आधुनिक उद्योगों में निवेश तेजी से बढ़ रहा है।
‘लखपति दीदी सम्मेलन’ का न्योता
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2027 में रायपुर में प्रस्तावित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
ख़बर छत्तीसगढ़
Raipur: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क दुर्घटना में घायल, बागेश्वर धाम से लौटते समय यूपी में हादसा

रायपुर/ललितपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी कार नेशनल हाईवे-44 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, किरण सिंह देव की कमर में चोट आई है। हालांकि शुरुआती जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कार में मौजूद अन्य सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में स्थित बागेश्वर धाम गए थे। दर्शन के बाद वापस लौटते समय ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र में यह हादसा हुआ। किरण देव के काफिले में पीछे चल रही अन्य सभी गाड़ियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। कार में मौजूद पीएसओ, पीए और ड्राइवर को हल्की और मामूली चोटें आई हैं।
कार बचाने के प्रयास में ट्रक से टकराई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। इसे बचाने के लिए चालक ने किरण सिंह देव की कार मोड़ी, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 80 किमी प्रति घंटा थी।
ख़बर छत्तीसगढ़
‘मन की बात’ में फिर गूंजा छत्तीसगढ़: PM मोदी ने कोरबा के जल संरक्षण मॉडल की सराहना, CM साय बोले- प्रदेश के लिए गर्व की बात

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में एक बार फिर छत्तीसगढ़ का उल्लेख हुआ। प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत कोरबा में जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय बताया। मुख्यमंत्री ने रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना।
CM साय बोले- छत्तीसगढ़ को लगातार मिल रही राष्ट्रीय पहचान
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उल्लेख किया है। इससे पहले मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों को भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली थी। उन्होंने कहा कि अब कोरबा के जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख होना प्रदेश के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।
कोरबा मॉडल की प्रधानमंत्री ने की सराहना
प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत देशभर में वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और पुराने जल स्रोतों के संरक्षण की चर्चा की। इस दौरान कोरबा में वैज्ञानिक तरीके से किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों की विशेष रूप से सराहना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में भू-स्थानिक मैपिंग, रिचार्ज वेल, शैलो एक्विफर मैनेजमेंट जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, तालाबों के संरक्षण और वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बारिश की हर बूंद बचाना वर्तमान और भविष्य दोनों के लिए जरूरी है।
‘हर घर तिरंगा’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्थानीय उत्पादों को अपनाने और आगामी गणेशोत्सव में मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का उपयोग करने का संदेश भी दिया।
ख़बर छत्तीसगढ़
Chhattisgarh: सड़क सुरक्षा के लिए IIT मद्रास से ऐतिहासिक साझेदारी, 10 जिलों में डेटा आधारित मॉडल लागू होगा, ब्लैक स्पॉट की होगी वैज्ञानिक पहचान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। परिवहन विभाग ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी (CoERS) के साथ ऐतिहासिक समझौता (MoU) किया है। इस साझेदारी के तहत राज्य में डेटा-आधारित हाइपरलोकल इंटरवेंशन मॉडल लागू किया जाएगा, जिससे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की वैज्ञानिक पहचान कर समय पर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे।
रायपुर में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन, परिवहन, आवास एवं पर्यावरण तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की मौजूदगी में दोनों संस्थाओं के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
पहले चरण में 10 संवेदनशील जिलों पर फोकस
परियोजना के पहले चरण में सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से सबसे संवेदनशील 10 जिलों को चुना गया है। इन जिलों में कलेक्टर, पुलिस, परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक जिले के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप डेटा आधारित सड़क सुरक्षा कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
‘संजय’ प्लेटफॉर्म से होगी ब्लैक स्पॉट की पहचान
कार्यक्रम के तहत सड़क दुर्घटना के आंकड़ों का विश्लेषण कर ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान की जाएगी। इसके लिए ‘संजय’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा, जिससे साक्ष्य आधारित निर्णय लेकर कम लागत वाले इंजीनियरिंग सुधार किए जा सकेंगे।
‘हर दुर्घटना किसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति’
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना किसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल दुर्घटनाओं की संख्या कम करना नहीं, बल्कि ऐसी सुरक्षित सड़क व्यवस्था विकसित करना है, जिससे हर नागरिक सुरक्षित अपने घर पहुंच सके।
दुर्घटनामुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में पहल
परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश ने कहा कि वैज्ञानिक विश्लेषण और समयबद्ध हस्तक्षेप से दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी सुधार संभव होगा। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयास कर दुर्घटनामुक्त छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला में चयनित 10 जिलों के कलेक्टर, एसपी, आरटीओ, डीटीओ, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक और जिला सड़क सुरक्षा समिति के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।
ख़बर छत्तीसगढ़
CG Weather: छत्तीसगढ़ में रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बुधवार को दिनभर तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जुलाई में सक्रिय हुआ यह दूसरा मजबूत मौसम तंत्र है, जिसके असर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों को छोड़कर बीते एक सप्ताह से लगातार वर्षा हो रही है।
इन जिलों में आज भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।
सारंगढ़ में सामान्य से 373% ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में सारंगढ़ सबसे अधिक वर्षा वाला जिला बनकर सामने आया है। यहां अब तक 613 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 373 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा मुंगेली, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर में भी सामान्य से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं राजधानी रायपुर में अब तक करीब 150 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य श्रेणी में है।
11 जिलों में अब भी बारिश की कमी
प्रदेश में अब तक औसतन 381 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम है। कांकेर, सरगुजा, कोंडागांव और मोहला-मानपुर समेत 11 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है। इन इलाकों में मानसून की कमी बनी हुई है।
ख़बर दुनिया4 hours agoUS Iran Conflict: ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने का प्रस्ताव अमेरिकी सीनेट में 1 वोट से गिरा, ट्रम्प को मिली राहत
ख़बर बिहार4 hours agoभरत तिवारी एनकाउंटर: गोली चलाने के आरोपी STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार, परिवार के आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई
ख़बर मध्यप्रदेश2 hours agoMP News: मध्यप्रदेश में मकान बनाना हुआ आसान, बिल्डिंग परमिशन के लिए कई विभागों की NOC खत्म, पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन
ख़बर छत्तीसगढ़3 hours agoChhattisgarh: PM मोदी से मिले CM साय, बस्तर विजन का रोडमैप रखा; कई बड़ी परियोजनाओं के लिए मांगा सहयोग
ख़बर उत्तरप्रदेश47 minutes agoUP Police Constable Result 2026: 76,184 अभ्यर्थी पास, 17 अगस्त से DV, सितंबर में फिजिकल टेस्ट





















