ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: अस्पतालों से घर तक पार्थिक देह ले जाने के लिए मिलेगी वाहन की सुविधा, एयर एम्बुलेंस सुविधा का होगा विस्तार: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नागरिकों की स्वास्थ्य समस्याओं का निराकरण किया जाए। कैंसर जैसे रोगों से ग्रस्त नागरिकों को आवश्यक उपचार सुविधाएं प्राथमिकता से दिलवाई जाएं। प्रदेश में अंगदान को प्रोत्साहित किया जाए। पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं जो प्रदेश के नागरिकों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार द्वारा अस्पतालों से घर तक पार्थिक देह ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था जिलों से प्रारंभ होगी जिसका बाद में विकास खण्ड और तहसील स्तर तक विस्तार होगा। प्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा को अधिक प्रभावी बनाते हुए गंभीर रोगियों के साथ ही दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल नागरिकों को भी सेवाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
जिला स्तर पर उपलब्ध होंगे शव वाहन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने अस्पताल से पोस्ट मॉर्टम एवं मत्यु के अन्य मामलों में पार्थिव देह घर तक ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था प्रारंभ में जिला स्तर पर रहेगी। बाद में इस व्यवस्था को विकास खण्ड और तहसील तक विस्तार किया जाएगा।
एयर एम्बुलेंस सेवा बनाएंगे प्रभावी
मुख्यमत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का प्रथम राज्य है जहां मरीजों के लिए एयर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध है। इस सुविधा का विस्तार इस तरह किया जाएगा कि किसी भी दुर्घटना स्थल पर भी एयर एम्बुलेंस को पहुंचाया जा सके। दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को चिकित्सक और कलेक्टर द्वारा निर्णय लेकर चिकित्सा संस्थानों तक भेजने की व्यवस्था की जाएगी। वर्तमान में एयर एम्बुलेंस सेवा में एक हेलीकाप्टर और एक एरोप्लेन उपलब्ध है। गरीब से गरीब नागरिक को इस सुविधा का लाभ देने का प्रयास है। भविष्य की आवश्यकताओं के दृष्टिगत राज्य के विभिन्न जोन निर्धारित कर इस सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
पीपीपी मोड पर नए मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में पीपीपी मॉडल पर नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। गत वर्ष नीमच, मंदसौर और सिवनी में कॉलेज प्रारंभ किए गए। इस तरह के अन्य मेडिकल कॉलेज भी प्रारंभ होंगे। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया चल रही है। गंभीर रोगों की आसानी से जांच और उपचार हो इसके लिए यह व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रदेश में नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।
अंगदान और देहदान को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में अंगदान की घोषणा करने वालों और देहदान का संकल्प लेने वालों को प्रोत्साहित किया जाए। अंगदान से एक से अधिक रोगियों को लाभ मिलता है। देहदान से चिकित्सा विद्यार्थियों के लिये शल्य क्रिया की दृष्टि से पार्थिव देह की उपलब्धता संभव होती है। अंगदान और देहदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों एवं उनके परिजन को महत्वपूर्ण अवसरों पर सम्मानित किया जाए।
सेवानिवृत्त चिकित्सा विशेषज्ञों की सेवाएं लेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि विभिन्न सेवानिवृत्त चिकित्सा विशेषज्ञों की सेवाएं विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में नागरिकों के उपचार में प्राप्त की जाएं। नए मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के पदों को भरने की प्रक्रिया भी संचालित है।
अनेक स्वास्थ्य योजनाओं की हुई समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में स्वास्थ्य संस्थाओं में मानव संसाधन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था, मातृ शिशु संजीवनी कार्यक्रम, अनमोल 2.0 के माध्यम से माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य की शत प्रतिशत ट्रेकिंग और मानीटरिंग और आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन, स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश प्रोत्साहन नीति 2025 के क्रियान्वयन, अस्पतालों के निरीक्षण, स्वास्थ्य संस्थाओं के भवनों के निर्माण, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने, महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ कुपोषण समाप्ति के लिए संयुक्त प्रयास, स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार और आम जन को बेस्ट प्रैक्टिसेस से अवगत करवाने, टीकाकरण पल्स पोलियो अभियान, डे-केयर सेंटर के संचालन, मोबाइल मेडिकल यूनिट और नर्सिंग महाविद्यालयों के निर्माण से संबंधित चर्चा एवं समीक्षा की।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Board Result: 15 अप्रैल को आएगा एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म

MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश में एमपी बोर्ड 10 वीं और 12वीं के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने निवास से रिजल्ट घोषित करेंगे। इस साल करीब 16 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें लगभग 9.07 लाख विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 3856 केंद्र बनाए गए थे।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
छात्र घर बैठे अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट https://mpbse.mponline.gov.in, https://www.digilocker.gov.in/web/dashboard/issuers पर जाकर रोल नंबर डालकर रिजल्ट चेक किया जा सकता है।
रिजल्ट रहेगा ‘फुलप्रूफ’
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि रिजल्ट जारी करने से पहले हर स्तर पर क्रॉस चेकिंग और वेरिफिकेशन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार रिजल्ट पूरी तरह ‘फुलप्रूफ’ रखा गया है, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather: मध्यप्रदेश में तेज गर्मी की एंट्री, कई शहरों में 40°C पार, IMD ने जारी की एडवाइजरी

MP Weather: मध्यप्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर में गर्मी और ज्यादा बढ़ रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान औसतन 4 डिग्री तक बढ़ गया है, जबकि कई शहरों में यह बढ़ोतरी 5 से 6 डिग्री तक दर्ज की गई है।
भारत मौसम विभाग (IMD) भोपाल के अनुसार इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के जिले सबसे ज्यादा तप रहे हैं। शनिवार को इन इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा रहा और रविवार को भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।
कई शहरों में 37°C के पार तापमान
शनिवार को उज्जैन, रतलाम, नर्मदापुरम समेत 18 शहरों में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया।
- रतलाम: 40.6°C (सबसे ज्यादा)
- नर्मदापुरम: 39.4°C
- धार: 39.2°C
- खरगोन: 39°C
- गुना: 38°C
- शाजापुर: 37.7°C
प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखा- उज्जैन 38°C, इंदौर 37.6°C, भोपाल 36.8°C, जबलपुर 36.6°C और ग्वालियर 35.8°C दर्ज किया गया।
15 अप्रैल से नया सिस्टम, लेकिन राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 15 अप्रैल को एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन यह कमजोर रहेगा। यानी आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
लोग कर रहे बचाव के उपाय
गर्मी से बचने के लिए लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से निकल रहे हैं। वहीं गन्ने का जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम की मांग भी बढ़ गई है।
एडवाइजरी: ऐसे करें बचाव
- मौसम विभाग ने लोगों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है-
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें
- दोपहर में तेज धूप से बचें
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें
अप्रैल में पहले रहा बदला मौसम
इस बार अप्रैल की शुरुआत में प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला था। 1 से 9 अप्रैल के बीच करीब 45 जिलों में बारिश और 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे। ग्वालियर में इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।
ख़बर मध्यप्रदेश
Bhopal: राजधानी में दिनदहाड़े लूट, सीनियर टीबी डॉक्टर पर हमला, मिर्च पाउडर फेंककर 11 तोला सोना और नकदी लूटी

Bhopal: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश वीआईपी इलाके श्यामला हिल्स में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने एक वरिष्ठ टीबी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर को निशाना बनाते हुए बाइक से टक्कर मारकर गिराया और आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 11 तोला सोने का कड़ा, डिजिटल घड़ी और नकदी लूट ली। इस हमले में डॉक्टर के कूल्हे की हड्डी टूट गई, जिसके बाद उनका ऑपरेशन करना पड़ा। घटना के 30 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
साइक्लिंग से लौटते वक्त बनाया निशाना
पीड़ित डॉ. मनोज वर्मा प्रोफेसर कॉलोनी के निवासी हैं और वरिष्ठ टीबी रोग विशेषज्ञ हैं। वे शासकीय सेवा के साथ शाहजहांनाबाद क्षेत्र में निजी क्लीनिक भी चलाते हैं। रोज की तरह वे साइक्लिंग कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे किलोल पार्क के पास पहुंचे, एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
मिर्च पाउडर फेंककर लूट
डॉक्टर के गिरते ही एक बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। तीसरे आरोपी ने सोने का कड़ा, डिजिटल घड़ी और करीब ₹2000 नकद लूट लिया। गंभीर हालत में डॉक्टर को पहले जेपी अस्पताल और फिर हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका ऑपरेशन हुआ। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, लेकिन खाली हाथ
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों के रूट ट्रैक किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। श्यामला हिल्स जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 जिलों के कलेक्टर बदले, भोपाल में प्रियंक मिश्रा; कौशलेंद्र सिंह बने CM सचिव

MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश में जनगणना प्रक्रिया से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मोहन यादव सरकार ने 13 जिलों के कलेक्टर और एक संभाग आयुक्त के तबादले किए हैं। सबसे अहम बदलाव भोपाल में हुआ है, जहां कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। उनकी जगह प्रियंक मिश्रा को भोपाल का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
प्रदेश में तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री और अनुराग जैन के बीच लंबी बैठक हुई। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आदेश जारी किए। यह बैठक अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में आयोजित की गई थी।
इन जिलों को मिले नए कलेक्टर
सागर, धार, रीवा, भोपाल, नर्मदापुरम, सिवनी, शिवपुरी, उमरिया, श्योपुर, मैहर, दमोह, मंडला, झाबुआ और बैतूल।
- कौशलेंद्र विक्रम सिंह-CM सचिव
- प्रियंक मिश्रा- कलेक्टर भोपाल
- प्रतिमा पाल – कलेक्टर सागर
- नरेंद्र सूरवंशी-कलेक्टर रीवा
- सोमेश मिश्रा- कलेक्टर नर्मदापुरम
- अर्पित वर्मा- कलेक्टर शिवपुरी
- राखी सहाय-कलेक्टर उमरिया
- शील दाहिमा – कलेक्टर श्योपुर
- विदिशा मुखर्जी – कलेक्टर मैहर
- प्रताप नारायण यादव – कलेक्टर दमोह
- राहुल नामदेव घोटे -कलेक्टर मंडला
- डॉ. योगेश भरसट- कलेक्टर झाबुआ
- डॉ. सौरभ सोनवणे – कलेक्टर बैतूल
जनगणना से पहले तैयारी
सरकार ने यह फेरबदल 16 अप्रैल से शुरू होने वाली जनगणना प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए किया है। इससे पहले चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के बाद से ही इन बदलावों की तैयारी चल रही थी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather Alert: 3 साइक्लोनिक सिस्टम एक्टिव, कई जिलों में आंधी-बारिश; दतिया-छतरपुर में ओले गिरने का अलर्ट

MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) भोपाल के मुताबिक, बुधवार को दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ में ओले गिरने की संभावना है।
18 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें प्रमुख रूप से:
- ग्वालियर, भिंड, मुरैना
- पन्ना, सतना, रीवा
- सीधी, सिंगरौली
- कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर समेत कुल 18 जिले शामिल हैं।
मंगलवार को भी बिगड़ा मौसम
मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहा। शिवपुरी, दतिया, धार, पीथमपुर और झाबुआ में तेज बारिश हुई। रतलाम में धूल भरी हवाएं चलीं। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में कहीं तेज आंधी चली, तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विभाग के अनुसार, इन साइक्लोनिक सिस्टम्स के असर से अगले 1-2 दिन तक प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रहेगा। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की घटनाएं जारी रह सकती हैं।

















