ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: PM मोदी ने प्रदेश को दी 19000 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, बोले- प्रदेश को टॉप 3 स्टेट में लाएंगे

MP News(Gwalior): प्रधानमंत्री मोदी ने आज मध्यप्रदेश को 19 हजार करोड़ लागत के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ग्वालियर के मेला ग्राउण्ड में आयोजित जन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता में मध्यप्रदेश नंबर एक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश इस समय विकास के क्षेत्र में देश के टॉप-10 राज्यों में शामिल है। इसे टॉप-3 राज्यों में लाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को अनेक क्रांतिवीर देने वाले ग्वालियर अंचल की धरती एक प्रेरणा स्थल है। यहां राष्ट्र रक्षा के लिए देशभक्तों ने अपने को खपा दिया। इस धरती से करीब सवा दो लाख हितग्राहियों को दीवाली और धनतेरस के पहले ही गृह प्रवेश का सौभाग्य मिला है।
किसी ने नहीं पूछा, उन्हें हम पूछते और पूजते हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिनको किसी ने नहीं पूछा, उस वर्ग को हम पूछते हैं और पूजते भी हैं। कुछ साल पहले तक दिव्यांगों को बेसहारा छोड़ दिया गया था। दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किया है। सांकेतिक भाषा के माध्यम से दिव्यांग सुविधाएं प्राप्त करेंगे। अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर ग्वालियर में प्रारंभ होगा, जो ग्वालियर का नाम रोशन करेगा। यही नहीं आज ग्वालियर से सुमावली ब्राड गेज के कार्य का लोकार्पण, मेडिकल कॉलेज ग्वालियर में 50 बिस्तर के क्रिटीकल हेल्थ केयर हेल्थ ब्लॉक शिलान्यास भी महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने दीं महत्वपूर्ण सौगातें
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ग्वालियर अंचल के साथ ही प्रदेशभर के कई स्थानों में नई योजनाओं का शिलान्यास और पूर्ण कार्यों का लोकार्पण हो रहा है। जहां उज्जैन में विक्रमपुरी औद्योगिक टॉउनशिप का लोकार्पण हुआ है, वहीं इंदौर के मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का शिलान्यास भी हुआ है।
दिल्ली-वड़ोदरा एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत 244 किलोमीटर लंबाई के मार्ग का लोकार्पण, इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के मालनपुर बॉटलिंग प्लांट का लोकार्पण और इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के रतलाम टर्मिनल पर अतिरिक्त सेवाओं का लोकार्पण महत्वपूर्ण है।
सड़क परियोजनाओं में राघवगढ़-इंदौर-हरदा, बांकानेर घाट निर्माण, जीरापुर-पचोर, आष्टा बायपास और खिलचीपुर बायपास के कार्यों के लिए भूमिपूजन भी हुआ है।
आईआईटी इंदौर के अकादमिक भवन के लोकार्पण के साथ हॉस्टल भवन एवं लैब कॉम्प्लेआक्स के शिलान्यास से विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
प्रधानमंत्री ने ग्वालियर और श्योपुर जिलों की जल जीवन मिशन परियोजनाओं के भूमिपूजन को इस अंचल के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।प्रदेश के विदिशा मेडिकल कॉलेज सहित बैतूल, कटनी, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, दमोह, आगर-मालवा और शाजापुर में 50 बिस्तर क्षमता के क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक बनाने के लिए भूमिपूजन हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित हुए कार्यक्रम से हरी झण्डी दिखाकर ग्वालियर से सुमावली के लिये मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया। लगभग 48 किलोमीटर लम्बे इस नए रेलमार्ग का निर्माण 411 करोड़ रूपए की लागत से किया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने प्रधानमंत्री को भेंट की तानसेन की प्रतिमा और चितेरावली पेंटिंग
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गालव ऋषि की तपोभूमि ग्वालियर की पवित्र धरा पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को संगीत सम्राट तानसेन की मूर्ति और ग्वालियर की सुप्रसिद्ध मराठा शैली की चितेरावली चित्रकला की सतरंगी पेंटिंग सौंपी। तानसेन की मूर्ति का निर्माण ग्वालियर के सुप्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक वर्मा ने किया है। चितेरावली चित्रकला प्रमुखत: शुभ अवसरों पर लोगों द्वारा अपने घरों में उकेरी जाती है। इस कला का शुभारंभ सन् 1657 से माना जाता है और यह कला ग्वालियर के मोतीमहल में आज भी चित्रित है, जिसे सन् 1757 ईसवी में चित्रित किया गया था।
खुले वाहन में सवार होकर सभा स्थल पहुंचे प्रघानमंत्री और मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ग्वालियर में सभा स्थल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा के साथ खुले वाहन पर सवार होकर संगीत एवं कला की ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर के मेला मैदान में प्रवेश किया। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए जन दर्शन के दौरान कार्यक्रम में भारी संख्या में मौजूद जनसमूह ने करतल ध्वनि और नारे लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, वीरेन्द्र कुमार व ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्य सरकार के मंत्रिगण सर्वश्री नरोत्तम मिश्र, गोपाल भार्गव, तुलसीराम सिलावट, यशोधरा राजे सिंधिया, राजेन्द्र शुक्ला, प्रभुराम चौधरी, महेन्द्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर, अरविंद भदौरिया, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, भारत सिंह कुशवाह, सांसदगण विवेक नारायण शेजवलकर, संध्या राय और केपी. सिंह यादव उपस्थित रहे।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: विदिशा में बारातियों से भरी टवेरा सूखे तालाब में गिरी: 3 की मौत, 7 घायल; 2 की हालत नाजुक

Vidisha: मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा में कुल 10 लोग सवार थे। अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से सीधे करीब 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी।
इस हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की मौत हो गई। घायलों में अशोक लोधी (25) का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि 14 वर्षीय राज बोधी के पेट में गंभीर चोट आई है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं।
2 की हालत गंभीर, एक भोपाल रेफर
45 वर्षीय भावसिंह लोधी और 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। देर रात इनमें से एक घायल को गंभीर स्थिति में भोपाल भेजा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसा शादी वाले घर से लगभग एक किलोमीटर दूर हुआ। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। कई घायल खून से लथपथ थे।
प्रशासन ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। एडीएम, तहसीलदार, सीएसपी और संबंधित थाना प्रभारियों सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। डॉ. वर्मा ने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
Ujjain: 44 घंटे खुले रहेंगे महाकाल के पट, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना

Ujjain: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 (रविवार) को धूमधाम और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। पर्व को लेकर उज्जैन पूरी तरह शिवमय हो चुका है। 6 फरवरी से शिव नवरात्रि और भगवान महादेव के विवाहोत्सव की शुरुआत हो चुकी है, जो 16 फरवरी तक चलेगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर इस बार महाकाल मंदिर के पट लगातार 44 घंटे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। 15 फरवरी सुबह 6 बजे से दर्शन शुरू होंगे और 16 फरवरी सुबह तक बिना किसी अवकाश के जारी रहेंगे। 16 फरवरी दोपहर 12 बजे विशेष भस्म आरती के साथ शिव नवरात्रि का समापन होगा।
महाकाल मंदिर में दोपहर की भस्म आरती वर्ष में केवल एक बार, महाशिवरात्रि पर ही की जाती है। इससे पहले भगवान महाकाल को फलों, फूलों और सप्तधान्य से बना भव्य सेहरा अर्पित किया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का पर्व है। इस दिन चारों प्रहर पूजा, व्रत और जप का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन विधिपूर्वक पूजन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं की संभावना
पुलिस प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान जताया है। इसे लेकर एडीजी राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन के लिए 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें 150 महिला पुलिसकर्मी महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रहेंगी। वीआईपी दर्शन व्यवस्था के लिए 250 पुलिसकर्मी अलग से जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाईटेक निगरानी और विशेष ट्रैफिक प्लान
मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में 200 सीसीटीवी कैमरे और 5 ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। एआई आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम भी सक्रिय रहेगा। यातायात व्यवस्था के लिए विशेष पार्किंग जोन बनाए जा रहे हैं और भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य
प्रशासन ने अधिकतम 40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य तय किया है। महाकाल लोक से मंदिर तक विशेष मार्ग व्यवस्था लागू होगी। हर 300 मीटर पर पेयजल और चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मेडिकल हेल्थ पॉइंट, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सहायता डेस्क भी तैयार किए जा रहे हैं। 13 फरवरी तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से: 10वीं-12वीं में 16 लाख से ज्यादा छात्र, 3856 केंद्रों पर CCTV और फ्लाइंग स्क्वॉड

MP Board Exam 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत अलग-अलग तारीखों पर हो रही है। 12वीं की बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से, जबकि 10वीं की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू होगी। इस बार प्रदेश भर में 16 लाख से ज्यादा छात्र बोर्ड परीक्षा देंगे। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए शिक्षा विभाग और प्रशासन ने परीक्षा को नकलमुक्त और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे प्रदेश में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी।
10वीं में 9 लाख, 12वीं में 7 लाख छात्र
इस साल कक्षा 10वीं की परीक्षा में 9 लाख 7 हजार छात्र, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा में करीब 7 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। राजधानी भोपाल में ही 10वीं के 30,746 और 12वीं के 26,627 छात्र परीक्षा देंगे। यहां 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
हर जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड, पुलिस-प्रशासन की निगरानी
नकल रोकने के लिए हर जिले में चार फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इनमें दो स्क्वॉड विकासखंड स्तर पर और दो जिला स्तर पर काम करेंगे। हर स्क्वॉड में तीन-तीन अधिकारी शामिल रहेंगे, ताकि किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
संवेदनशील केंद्रों पर CCTV, प्रश्न-पत्र वितरण की वीडियोग्राफी
संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इन केंद्रों की मॉनिटरिंग भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से की जाएगी। इसके अलावा थानों से प्रश्न-पत्र निकालने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
स्कूलों को निर्देश: संशोधित टाइम टेबल हर छात्र तक पहुंचे
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने संशोधित टाइम टेबल पहले ही जारी कर दिया है। छात्रों में भ्रम न हो, इसके लिए सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि यह जानकारी हर छात्र और अभिभावक तक नोटिस बोर्ड, असेंबली और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पहुंचाई जाए।
परीक्षा केंद्रों पर सख्त एंट्री नियम
जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने बताया कि परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर रोक रहेगी और सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी की जाएगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: रीवा में रफ्तार का कहर, ऑडी कार ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, पिता-बेटा और भांजी की मौके पर मौत

Rewa: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रीवा-रायपुर मार्ग पर कोष्टा गांव के पास तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे भागवत विश्वकर्मा, उनके छोटे बेटे शिवम विश्वकर्मा और भांजी शीतल विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑडी कार रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी और पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
भगवान को पहला शादी का कार्ड देने जा रहे थे
पुलिस के अनुसार, मृतक भागवत विश्वकर्मा के बेटे शुभम की 25 फरवरी को शादी तय थी। हिंदू परंपरा के अनुसार, शादी का पहला निमंत्रण भगवान को अर्पित किया जाता है। इसी रस्म के तहत पूरा परिवार बाइक से चिरहुला नाथ मंदिर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा उनकी जिंदगी छीन ले गया।
ऑडी कार जब्त, ड्राइवर की तलाश जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। हादसे में शामिल ऑडी कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: निमाड़ के 25,602 विस्थापित परिवार बनेंगे जमीन के मालिक, सरकार कराएगी मुफ्त रजिस्ट्री, 600 करोड़ का राजस्व छोड़ा

MP Cabinet Decision: सरदार सरोवर बांध के कारण निमाड़ अंचल के बड़वानी, अलीराजपुर, धार और खरगोन जिलों में विस्थापित हुए 25,602 परिवार अब अपने आवासीय भूखंडों के स्थायी मालिक बनेंगे। राज्य सरकार इन परिवारों को पट्टे पर दिए गए आवासीय भूखंडों की रजिस्ट्री नि:शुल्क कराएगी। इस फैसले के बाद ये परिवार अपने भूखंडों की खरीद-बिक्री, मॉर्टगेज कर बैंक से लोन लेने जैसे अधिकार भी हासिल कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
600 करोड़ का राजस्व छोड़ा, NNVDA करेगा प्रतिपूर्ति
सरकार के इस निर्णय से राज्य को करीब 600 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होगा। हालांकि कैबिनेट ने व्यवस्था दी है कि पहले से तय एसओपी के तहत रजिस्ट्री शुल्क और स्टाम्प ड्यूटी की यह राशि नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) द्वारा वहन की जाएगी।
8 विधानसभा क्षेत्रों के आदिवासी परिवारों को लाभ
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि इस फैसले से 8 विधानसभा क्षेत्रों के आदिवासी परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें 4 सीटों पर कांग्रेस विधायक भी हैं, जिनमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का क्षेत्र शामिल है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने यह निर्णय बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के लिया है।
बाणसागर बांध से मैहर-कटनी के लिए दो नई सिंचाई परियोजनाएं मंजूर
कैबिनेट ने सोन नदी पर बने बाणसागर बांध से मैहर और कटनी जिलों के लिए दो नई सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। 620.65 करोड़ रुपए की लागत से 14,300 से अधिक किसानों की 23,500 हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी।
परियोजनाओं का विवरण
धनवाही सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना: लागत: 53.73 करोड़
9 गांव, 3,500 हेक्टेयर क्षेत्र
2,810 किसान लाभान्वित
बरही-बरही सूक्ष्म लिफ्ट सिंचाई परियोजना: लागत: 566.92 करोड़
27 गांव, 20,000 हेक्टेयर क्षेत्र
11,500 किसान लाभान्वित
समाज कल्याण बोर्ड के कर्मचारियों का संविलियन
राज्य सरकार द्वारा भंग किए गए राज्य समाज कल्याण बोर्ड के कर्मचारियों का संविलियन अब महिला एवं बाल विकास विभाग में किया जाएगा। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इससे बोर्ड से जुड़े 7 कर्मचारियों की नौकरी पर बना संकट खत्म हो गया है।
जनहित की 10 योजनाओं की अवधि 5 साल बढ़ी
कैबिनेट ने 6 विभागों की जनहित से जुड़ी 10 योजनाओं की अवधि मार्च 2026 से बढ़ाकर मार्च 2030 तक कर दी है। इन योजनाओं के लिए 15,009 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
प्रमुख योजनाएं
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0)
विधानसभा क्षेत्र निर्वाचन योजना
डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना
ब्लॉक ग्रांट योजना
पशु विकास एवं गौ संवर्धन योजना
किशोर कल्याण निधि योजना
घरेलू हिंसा पीड़िता सहायता योजना
अल्पसंख्यक स्वरोजगार/उद्यम योजना
ख़बर दुनिया17 hours agoBangladesh Election 2026: बांग्लादेश में BNP की ऐतिहासिक जीत, 209 सीटों के साथ बहुमत, तारिक रहमान के PM बनने का रास्ता साफ; हसीना ने चुनाव को बताया फर्जी
ख़बर उत्तरप्रदेश3 hours agoUP News: शंकराचार्य विवाद पर विधानसभा में गरजे योगी, बोले- हर कोई नहीं लिख सकता शंकराचार्य, कानून सबके लिए बराबर
ख़बर मध्यप्रदेश17 hours agoMP News: विदिशा में बारातियों से भरी टवेरा सूखे तालाब में गिरी: 3 की मौत, 7 घायल; 2 की हालत नाजुक














