ख़बर मध्यप्रदेश
Ujjain: 44 घंटे खुले रहेंगे महाकाल के पट, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना

Ujjain: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 (रविवार) को धूमधाम और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। पर्व को लेकर उज्जैन पूरी तरह शिवमय हो चुका है। 6 फरवरी से शिव नवरात्रि और भगवान महादेव के विवाहोत्सव की शुरुआत हो चुकी है, जो 16 फरवरी तक चलेगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर इस बार महाकाल मंदिर के पट लगातार 44 घंटे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। 15 फरवरी सुबह 6 बजे से दर्शन शुरू होंगे और 16 फरवरी सुबह तक बिना किसी अवकाश के जारी रहेंगे। 16 फरवरी दोपहर 12 बजे विशेष भस्म आरती के साथ शिव नवरात्रि का समापन होगा।
महाकाल मंदिर में दोपहर की भस्म आरती वर्ष में केवल एक बार, महाशिवरात्रि पर ही की जाती है। इससे पहले भगवान महाकाल को फलों, फूलों और सप्तधान्य से बना भव्य सेहरा अर्पित किया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का पर्व है। इस दिन चारों प्रहर पूजा, व्रत और जप का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन विधिपूर्वक पूजन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं की संभावना
पुलिस प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान जताया है। इसे लेकर एडीजी राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन के लिए 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें 150 महिला पुलिसकर्मी महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रहेंगी। वीआईपी दर्शन व्यवस्था के लिए 250 पुलिसकर्मी अलग से जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाईटेक निगरानी और विशेष ट्रैफिक प्लान
मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में 200 सीसीटीवी कैमरे और 5 ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। एआई आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम भी सक्रिय रहेगा। यातायात व्यवस्था के लिए विशेष पार्किंग जोन बनाए जा रहे हैं और भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य
प्रशासन ने अधिकतम 40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य तय किया है। महाकाल लोक से मंदिर तक विशेष मार्ग व्यवस्था लागू होगी। हर 300 मीटर पर पेयजल और चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मेडिकल हेल्थ पॉइंट, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सहायता डेस्क भी तैयार किए जा रहे हैं। 13 फरवरी तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
नागपुर की 3.74 करोड़ की लूट के तार बालाघाट से जुड़े, डोरली गांव के खेत में भूसे के ढेर से मिलीं नकदी से भरी 3 बोरियां

बालाघाट/नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में व्यापारी के कर्मचारियों से हुई 3.74 करोड़ रुपए की लूट के तार मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गए हैं। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी शुभम को लेकर बालाघाट के डोरली गांव पहुंची। उसकी निशानदेही पर एक खेत में भूसे के ढेर के भीतर छिपाकर रखी गई नकदी से भरी तीन बोरियां बरामद की गईं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद रकम 4 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। फिलहाल ग्राम पंचायत डोरली में नोटों की गिनती की जा रही है। हालांकि, बरामद रकम का अंतिम आंकड़ा गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
जीजा के खेत में भूसे के ढेर में छिपाई थी नकदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शुभम ने करीब चार दिन पहले नकदी को तीन बोरियों में भरकर अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में छिपा दिया था। बताया जा रहा है कि खेत में जगह उपलब्ध कराने में अरविंद ने सहयोग किया था।
मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को साथ लेकर डोरली पहुंची। उसकी निशानदेही पर खेत में तलाशी ली गई, जहां भूसे के ढेर के भीतर छिपाई गई तीनों बोरियां मिल गईं।
लूट की रकम बालाघाट कैसे पहुंची?
जांच के मुताबिक, 18 नवंबर की रात नागपुर के तुलसी नगर इलाके में व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से हथियारबंद बदमाशों ने नकदी से भरी कार लूट ली थी। कार में 3.74 करोड़ रुपए रखे थे। बदमाश कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे।
इसके बाद नागपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहनों की जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस को शक था कि वारदात में स्थानीय लोगों की भी भूमिका हो सकती है। जांच के दौरान पुलिस की टीम मध्यप्रदेश के बालाघाट तक पहुंची और डोरली गांव के खेत से नकदी बरामद की।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP कैबिनेट के बड़े फैसले: पैक्स और सहकारी बैंक चुनाव एक साल टले, 9 बैंकों को मिलेगी 225 करोड़ की अतिरिक्त पूंजी

भोपाल: मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपए की अंश पूंजी देने, वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण सहित कई अहम फैसले लिए गए।
कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने अगले दो साल की कार्ययोजना तैयार करने के लिए दिसंबर में अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों के चिंतन कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया है।
पैक्स और जिला सहकारी बैंक चुनाव एक साल के लिए टले
कैबिनेट ने प्रदेश की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। सरकार के मुताबिक, नई पैक्स समितियों का गठन और परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है।दरअसल, पैक्स समितियों के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं। इसलिए पहले पैक्स समितियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसके बाद जिला सहकारी बैंकों के चुनाव होंगे।
9 जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी 325 करोड़ की अंश पूंजी
सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए नौ जिला सहकारी बैंकों को सरकारी अंश पूंजी देने का फैसला किया गया है।
रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर: पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। कुल 125 करोड़ रुपए।
रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी: चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। कुल 200 करोड़ रुपए।
इस तरह नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपए की अंश पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी।
2 दिसंबर को अफसरों का नीति चिंतन, 21-22 दिसंबर को मंत्रियों-विधायकों का शिविर
सरकार अपने तीन साल के कामकाज की समीक्षा करेगी। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अगले दो साल की रणनीति तैयार की जाएगी।
2 दिसंबर: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन होगा। इसमें आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे।
21 और 22 दिसंबर: मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर होगा। इसमें आगामी दो साल की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित होगा। इसमें अनुपूरक बजट और कई शासकीय संकल्प पेश किए जाएंगे।
खनिज से सालाना 30 हजार करोड़ रुपए राजस्व का लक्ष्य
प्रदेश में खनिज रॉयल्टी से वर्तमान में 12,170 करोड़ रुपए की आमदनी होती है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपए करने का लक्ष्य रखा है।
इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर खनिज निगम लिमिटेड के माध्यम से नया सर्वे कराया जाएगा। पुराने आंकड़ों का भी विश्लेषण किया जाएगा। नई खदानों के विकास पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ मंजूर
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा से वंचित 1,834 मजरों-टोलों के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी रहेगी।
योजना के तहत 20 से अधिक घरों वाली बस्तियों को विद्युतीकृत किया जाएगा। वहीं, 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में बिजली पहुंचाने की व्यवस्था राज्य सरकार अपने खर्च पर करेगी।
एकात्म धाम परियोजना जारी रहेगी, तीन जगह बनेंगे ट्राइबल कैफे
ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपए की लागत से विकसित की जा रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके मुख्य कार्य को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफे स्थापित किए जाएंगे। यहां विदेशी पर्यटकों को जनजातीय खान-पान और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। जनजातीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के लिए भी आवेदन किए गए हैं।
2027 युवा वर्ष, साल में दो बार होगी MPPSC परीक्षा
मध्य प्रदेश सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। इसके तहत मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। वहीं, भोपाल के नाथू बरखेड़ा में करीब 1,000 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ भी हो चुका है।
ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 25 उद्योगपतियों को जमीन
जुलाई में ग्वालियर में शुरू हुए टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में नवंबर तक 25 उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की गई है। यहां निवेश के लिए 40 नए आवेदन भी मिले हैं। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में अब तक 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां होने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
HPV वैक्सीनेशन में 100% लक्ष्य हासिल
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए HPV वैक्सीनेशन अभियान में मध्य प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है।
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रहेगी
देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने वाली गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रखने का फैसला किया गया है। योजना के तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाता है।
ख़बर मध्यप्रदेश
छतरपुर में दर्दनाक हादसा: 70 फीट गहरे कुएं में गिरा ट्रैक्टर, किसान और 10 साल के बेटे की मौत

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में किसान और उसके 10 साल के बेटे की मौत हो गई। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। हादसे के समय किसान का 10 साल का बेटा भी ट्रैक्टर पर सवार था। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना की है।
हादसे के दौरान किसान की 12 साल की बेटी राशि खेत में मौजूद थी। उसने अपनी आंखों के सामने पिता और छोटे भाई को ट्रैक्टर समेत कुएं में गिरते देखा। वह चीखते हुए अपने चाचा को बुलाने पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया।
70 फीट गहरा था कुआं, 20 फीट तक भरा था पानी
खेत में बने कुएं की गहराई करीब 70 फीट बताई गई है। हादसे के समय उसमें लगभग 20 फीट पानी भरा हुआ था। ट्रैक्टर सीधे कुएं में जा गिरा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया। मोटर पंप की मदद से कुएं का पानी बाहर निकाला गया। रात करीब 7:10 बजे दो लोग शव निकालने के लिए कुएं में उतरे। रेस्क्यू के दौरान ट्रैक्टर को भी बाहर निकाल लिया गया।
धनतेरस पर ही खरीदा था ट्रैक्टर
परिवार के लिए यह हादसा दोहरी त्रासदी बन गया। संतोष यादव ने धनतेरस के दिन ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। उसी ट्रैक्टर से खेत की जुताई करते समय यह हादसा हो गया।
दो बहनों के बीच इकलौता भाई था दुर्गेश
संतोष का बेटा दुर्गेश कक्षा तीसरी में पढ़ता था। वह अपनी दो बड़ी बहनों आयुषी (14) और राशि (12) के बीच इकलौता भाई था। पिता और बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ख़बर मध्यप्रदेश
उज्जैन में रेलवे का बुलडोजर एक्शन: माधव नगर स्टेशन के पास मस्जिद, मजार और शाही मकबरा हटाया; 15 हजार वर्गफीट जमीन खाली

उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में रेलवे ने शनिवार सुबह अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। माधव नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 के पास रेलवे की जमीन पर बने मस्जिद कलंदरी, मजार, शाही मकबरे और अन्य निर्माणों को जेसीबी से हटाया गया। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई 11 बजे तक चली। इसके लिए 6 जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं।
रेलवे के मुताबिक, करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर अतिक्रमण था। इसे खाली कराने के बाद यहां सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग और वेटिंग एरिया विकसित किया जाएगा।
6 जेसीबी से हटाए गए निर्माण, भारी पुलिस बल तैनात
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर 100 से अधिक RPF जवानों के साथ GRP और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे ने कार्रवाई की निगरानी की। सुबह से शुरू हुआ अभियान करीब छह घंटे तक चला।
हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद कार्रवाई
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक, संबंधित जमीन रेलवे की है। इस पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी नोटिस जारी किए गए थे। हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने और रेलवे के पक्ष में फैसला आने के बाद निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जमीन खाली होने से स्टेशन परिसर के विस्तार और सिंहस्थ की तैयारियों में मदद मिलेगी।
वक्फ कमेटी ने जताया विरोध, कोर्ट जाने की चेतावनी
दूसरी ओर, कार्रवाई को लेकर वक्फ कमेटी ने आपत्ति जताई है। कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने आरोप लगाया कि मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और मजारों को गलत तरीके से हटाया गया है। कमेटी का दावा है कि जमीन से संबंधित मामला भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल में लंबित है। उसने कार्रवाई के खिलाफ कोर्ट में अवमानना याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।
सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया
उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ महापर्व आयोजित होना है। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ने की संभावना है। रेलवे की योजना है कि खाली कराई गई 15 हजार वर्गफीट जमीन पर होल्डिंग और वेटिंग एरिया बनाया जाए। इससे स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने और प्लेटफॉर्म पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MPPSC Exam Calendar 2027: आयोग ने जारी किया 25 परीक्षाओं का कैलेंडर, राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी को प्रस्तावित

इंदौर: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2027 का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने सहित कुल 25 प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखें घोषित की गई हैं। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं जनवरी से अक्टूबर 2027 के बीच आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साल में दो बार राज्य सेवा परीक्षा कराने के फैसले के बाद जारी इस कैलेंडर को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे अभ्यर्थियों को एक ही साल में परीक्षा में शामिल होने के दो अवसर मिल सकेंगे।
24 जनवरी को राज्य सेवा और वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा
आयोग के प्रस्तावित कैलेंडर के अनुसार, राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। इसके बाद राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 14 फरवरी और राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 7 मार्च को प्रस्तावित है।
18 अप्रैल को पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी तथा उप संचालक एवं सहायक संचालक (तकनीकी) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इसके बाद राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल और राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (विशेष) 2 मई को प्रस्तावित है।
मई में होगी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 10 से 15 मई 2027 तक आयोजित करने का प्रस्ताव है। वहीं, सहायक कुलसचिव परीक्षा 30 मई को होगी। राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के बाद मुख्य परीक्षा की संभावित तारीखें घोषित होने से अभ्यर्थियों को तैयारी की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
जून से अगस्त तक इन परीक्षाओं का कार्यक्रम
आयोग के कैलेंडर में जून से अगस्त तक विभिन्न विभागों के पदों के लिए परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
- 27 जून: आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, यूनानी चिकित्सा अधिकारी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी।
- 4 जुलाई: सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल।
- 25 जुलाई: सहायक प्रबंधक।
- 1 अगस्त: खनिज निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
- 9 से 14 अगस्त: राज्य सेवा मुख्य परीक्षा (विशेष)।
आयोग के अनुसार, ये तारीखें प्रस्तावित हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित अंतिम कार्यक्रम, आवेदन प्रक्रिया और अन्य निर्देशों के लिए MPPSC की आधिकारिक सूचनाएं देखते रहना चाहिए।
परीक्षा की महत्वपूर्ण तारीखें
| परीक्षा | प्रस्तावित तारीख |
|---|---|
| राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक | 24 जनवरी 2027 |
| राज्य अभियांत्रिकी सेवा | 14 फरवरी 2027 |
| राज्य पात्रता परीक्षा (SET) | 7 मार्च 2027 |
| पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, ADPO और तकनीकी पद | 18 अप्रैल 2027 |
| राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा | 25 अप्रैल 2027 |
| राज्य सेवा प्रारंभिक (विशेष) | 2 मई 2027 |
| राज्य सेवा मुख्य परीक्षा | 10–15 मई 2027 |
| सहायक कुलसचिव | 30 मई 2027 |
| आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी | 27 जून 2027 |
| सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी, ग्रंथपाल | 4 जुलाई 2027 |
| सहायक प्रबंधक | 25 जुलाई 2027 |
| खनिज निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी | 1 अगस्त 2027 |
| राज्य सेवा मुख्य (विशेष) | 9–14 अगस्त 2027 |
नोट: ये प्रस्तावित तारीखें हैं। अंतिम परीक्षा कार्यक्रम आयोग की आधिकारिक अधिसूचना से ही मान्य होगा।
ख़बर देश12 hours agoBJP-SAD Alliance: पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल: अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान, 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे
ख़बर उत्तरप्रदेश11 hours agoकन्नौज में भीषण सड़क हादसा: स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 25 घायल
खेल खिलाड़ी7 hours agoवैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक दोहरा शतक: 53 गेंदों में 204 रन ठोककर भारत A को सेमीफाइनल में पहुंचाया, UAE को 7 विकेट से हराया
ख़बर दुनिया10 hours agoबांग्लादेश ने शेख हसीना की वापसी की योजना ठुकराई: 16 दिसंबर को लौटने पर गिरफ्तारी की चेतावनी, सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी
ख़बर छत्तीसगढ़6 hours agoChhattisgarh: CM साय ने रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी, पेयजल के लिए 134 करोड़ मंजूर
ख़बर मध्यप्रदेश6 hours agoनागपुर की 3.74 करोड़ की लूट के तार बालाघाट से जुड़े, डोरली गांव के खेत में भूसे के ढेर से मिलीं नकदी से भरी 3 बोरियां
ख़बर छत्तीसगढ़5 hours agoभिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनेगा, दो सड़कों के लिए 27 करोड़ मंजूर




















