ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: प्रदेश में शस्त्र-पूजन के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा दशहरा पर्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इस वर्ष प्रदेश में दशहरा पर्व सरकार और समाज मिलकर धूमधाम के साथ मनाएंगे और शस्त्र-पूजन भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष का दशहरा पर्व महिला सशक्तिकरण और सुशासन की प्रतीक लोकमाता देवी अहिल्याबाई को समर्पित रहेगा। देवी अहिल्याबाई ने देश भर में जन-कल्याण के अनेक महती कार्य संपन्न करवाए। इन कार्यों की स्मृति और देवी अहिल्याबाई के योगदान से आज की पीढ़ी को अवगत करवाने और उनके सम्मान में दशहरा पर्व पर शस्त्र-पूजन के कार्यक्रम होंगे।
मंत्री, सांसद, विधायक और जन-प्रतिनिधि भी करेंगे अपने-अपने क्षेत्रों में शस्त्र-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि इस दशहरा पर्व पर भारत की प्राचीन शस्त्र-पूजन परंपरा में सरकार के मंत्रीगण सहित सांसद, विधायक और जन-प्रतिनिधि भी अपने क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रत्येक जिले में पुलिस शस्त्रागार, कोतवाली और थानों में होने वाले शस्त्र-पूजन एक विभाग तक सीमित न होकर जनता का पर्व बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं देवी अहिल्याबाई की राजधानी रहे शहर महेश्वर और उनकी छावनी रहे इंदौर में शस्त्र-पूजन करेंगे।
लोकमाता अहिल्याबाई का व्यक्तित्व, जीवन और चरित्र हम सबके लिये आदर्श
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती वर्ष मना रहे हैं। लोकमाता देवी अहिल्याबाई का व्यक्तित्व, जीवन और चरित्र हम सबके लिये आदर्श है। वे एक तपोनिष्ठ, धर्मनिष्ठ,कर्मनिष्ठ शासक एवं प्रशासक रही है। उनसे हम सबको प्रेरणा लेना चाहिये। देवी अहिल्याबाई ने धर्म के साथ शासन व्यवस्था चलाने का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उनका धर्म तथा राज्य व्यवस्था में विशेष महत्व है। उनका मुख्य ध्येय था कि उनकी प्रजा कभी भी अभावग्रस्त और भूखी नहीं रहे। उनके सुशासन की यशोगाथा पूरे देश में प्रसिद्ध है।
शस्त्र-पूजन के लिये मंत्रियों को जिले एवं स्थान आवंटित
“दशहरा पर्व” पर प्रदेश में होने वाले शस्त्र-पूजन कार्यक्रम के लिये राज्य मंत्रि-परिषद के सदस्यों को जिले आवंटित किये गये हैं। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भोपाल, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा, मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह खण्डवा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार, मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल नरसिंहपुर, मंत्री राकेश सिंह जबलपुर, मंत्री करण सिंह वर्मा सीहोर, मंत्री उदय प्रताप सिंह गाडरवाड़ा (नरसिंहपुर), मंत्री सम्पतिया उइके मण्डला, मंत्री तुलसीराम सिलावट इंदौर, मंत्री रामनिवास रावत विजयपुर श्योपुर, मंत्री एदल सिंह कंषाना मुरैना, मंत्री निर्मला भूरिया झाबुआ, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सागर, मंत्री विश्वास सारंग भोपाल, मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ग्वालियर, मंत्री नागर सिंह चौहान सतना, मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शिवपुरी, मंत्री राकेश शुक्ला भिण्ड, मंत्री चैतन्य काश्यप रतलाम, मंत्री इंदर सिंह परमार शाजापुर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर सीहोर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी दमोह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल सीधी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल राजगढ़, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन सिंह पटेल विदिशा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पवार राजगढ़, राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल बरेली (रायसेन), राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी सतना, राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार अनूपपुर और राज्य मंत्री राधा सिंह सिंगरौली में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: बारात से लौट रहे युवकों की कार को टैंकर ने रौंदा, 6 दोस्तों की मौत, एक गंभीर

Barwani accident: बड़वानी जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा जुलवानिया टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार टैंकर ने बारातियों से भरी कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक सभी युवक शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में एक वाहन का डीजल खत्म हो गया, जिसके लिए ये दूसरी कार से जुलवानिया की ओर गए थे। वापसी के दौरान खरगोन की तरफ से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
कार के अंदर फंसे रहे युवक
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। सभी युवक कार के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। शुरुआत में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाद में 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एम्बुलेंस खराब, जिला अस्पताल पहुंचने में हुई देरी
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी दौरान एम्बुलेंस में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे करीब 20 मिनट की देरी हुई। हालात बिगड़ने पर परिजन ही घायलों को निजी साधनों से अस्पताल लेकर पहुंचे। विशेषज्ञों के मुताबिक हादसे के बाद का ‘गोल्डन ऑवर’ बेहद अहम होता है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: भोपाल से चंदेरी-ओरछा अब हेलीकॉप्टर से, ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ का विस्तार, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ

Bhopal: मध्यप्रदेश में धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ के नए सेक्टर भोपाल-चंदेरी-ओरछा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम भोपाल स्टेट हैंगर में आयोजित हुआ, जहां यात्रियों को बोर्डिंग पास देकर सेवा की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
कितना है किराया?
- चंदेरी: ₹5500
- ओरछा: ₹6500
इसके अलावा 14,500 रुपए के पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
सप्ताह में 5 दिन उड़ान
यह सेवा बुधवार से रविवार तक संचालित होगी। 6-सीटर आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा के विशेष इंतजाम हैं।
ऐसे करें बुकिंग
यात्री ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बुकिंग कर सकते हैं:
- FlyOla
- IRCTC
पहले से चल रहे सेक्टर
यह सेवा पहले इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर-कान्हा-बांधवगढ़ जैसे रूट्स पर चल रही है। अब तक 2600 से ज्यादा यात्री इसका लाभ ले चुके हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक डकैती, 5 बदमाश 15 करोड़ का सोना-नकदी लूटकर फरार

Singrauli: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न शाखा में 5 हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। करीब 1 बजे हुई इस डकैती में बदमाश फायरिंग करते हुए बैंक में घुसे और करीब 9-10 किलो सोना व लगभग 20 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह सोना ग्राहकों का था, जिसे बैंक ने गिरवी रखकर लोन दिया था। सारा सोना एक ही लॉकर में रखा गया था, जिसे बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपी अपने साथ पिट्ठू बैग और बड़ा कपड़े का थैला लाए थे, जिसमें सारा माल भरकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बैंक में मौजूद थे, तभी दो बदमाश हथियार लेकर अंदर घुसे और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कुछ ही देर में तीन और साथी अंदर आए और पूरे बैंक पर कब्जा कर लिया। बदमाशों ने ग्राहकों और स्टाफ पर बंदूक तान दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
CM के निर्देश पर अफसर मौके पर
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाना देर रात सिंगरौली पहुंचे। इससे पहले रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रसाद पांडे भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुके थे।
मैनेजर पर हमला, 15 मिनट तक आतंक
एसपी मनीष खत्री के मुताबिक, बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश की चाबियां मांगीं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और बंदूक की बट से सिर पर हमला किया गया। करीब 15 मिनट तक बदमाशों ने बैंक में उत्पात मचाया।
जिले की घेराबंदी, CCTV खंगाले जा रहे
वारदात के बाद पुलिस ने पूरे जिले की नाकेबंदी कर दी है। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स सील कर दिए गए हैं और बैंक व आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी के अनुसार, करीब 14.50 लाख रुपए पिछले दिन के रखे थे, जबकि बाकी रकम उसी दिन का कलेक्शन था। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोना-चांदी भी लॉकर में रखा था, जिसे बदमाश लूटकर ले गए।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Board Result: 15 अप्रैल को आएगा एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म

MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश में एमपी बोर्ड 10 वीं और 12वीं के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने निवास से रिजल्ट घोषित करेंगे। इस साल करीब 16 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें लगभग 9.07 लाख विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 3856 केंद्र बनाए गए थे।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
छात्र घर बैठे अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट https://mpbse.mponline.gov.in, https://www.digilocker.gov.in/web/dashboard/issuers पर जाकर रोल नंबर डालकर रिजल्ट चेक किया जा सकता है।
रिजल्ट रहेगा ‘फुलप्रूफ’
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि रिजल्ट जारी करने से पहले हर स्तर पर क्रॉस चेकिंग और वेरिफिकेशन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार रिजल्ट पूरी तरह ‘फुलप्रूफ’ रखा गया है, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather: मध्यप्रदेश में तेज गर्मी की एंट्री, कई शहरों में 40°C पार, IMD ने जारी की एडवाइजरी

MP Weather: मध्यप्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर में गर्मी और ज्यादा बढ़ रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान औसतन 4 डिग्री तक बढ़ गया है, जबकि कई शहरों में यह बढ़ोतरी 5 से 6 डिग्री तक दर्ज की गई है।
भारत मौसम विभाग (IMD) भोपाल के अनुसार इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के जिले सबसे ज्यादा तप रहे हैं। शनिवार को इन इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा रहा और रविवार को भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।
कई शहरों में 37°C के पार तापमान
शनिवार को उज्जैन, रतलाम, नर्मदापुरम समेत 18 शहरों में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया।
- रतलाम: 40.6°C (सबसे ज्यादा)
- नर्मदापुरम: 39.4°C
- धार: 39.2°C
- खरगोन: 39°C
- गुना: 38°C
- शाजापुर: 37.7°C
प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखा- उज्जैन 38°C, इंदौर 37.6°C, भोपाल 36.8°C, जबलपुर 36.6°C और ग्वालियर 35.8°C दर्ज किया गया।
15 अप्रैल से नया सिस्टम, लेकिन राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 15 अप्रैल को एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन यह कमजोर रहेगा। यानी आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
लोग कर रहे बचाव के उपाय
गर्मी से बचने के लिए लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से निकल रहे हैं। वहीं गन्ने का जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम की मांग भी बढ़ गई है।
एडवाइजरी: ऐसे करें बचाव
- मौसम विभाग ने लोगों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है-
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें
- दोपहर में तेज धूप से बचें
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें
अप्रैल में पहले रहा बदला मौसम
इस बार अप्रैल की शुरुआत में प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला था। 1 से 9 अप्रैल के बीच करीब 45 जिलों में बारिश और 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे। ग्वालियर में इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।
ख़बर छत्तीसगढ़23 hours agoRaipur: नगरीय निकायों पर सख्ती, डिप्टी CM अरुण साव ने CMO को दी चेतावनी, अवैध प्लाटिंग-अतिक्रमण पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
ख़बर दुनिया10 hours agoUS Iran Ceasefire: पाकिस्तान की अपील पर ट्रम्प ने बढ़ाया सीजफायर, नाकेबंदी रहेगी जारी
ख़बर देश10 hours agoChar Dham Yatra 2026: केदारनाथ धाम के कपाट खुले, शुरू हुए दर्शन, 50 मीटर तक मोबाइल बैन
ख़बर देश22 hours agoKerala Blast: केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 13 की मौत, कई झुलसे; लगातार विस्फोट से रेस्क्यू में मुश्किल
ख़बर मध्यप्रदेश21 hours agoMP News: बारात से लौट रहे युवकों की कार को टैंकर ने रौंदा, 6 दोस्तों की मौत, एक गंभीर
ख़बर छत्तीसगढ़11 hours agoRaipur: छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक, 3 महीने बिना अनुमति अवकाश नहीं, उल्लंघन पर कार्रवाई

















