ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: प्रदेश के हर जिले में बनेगा पुलिस बैंड, 932 नए पद सृजित, सरकारी भवनों में सोलर रूफ टॉप संयंत्रों की स्वीकृति

Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। प्रदेश को वर्ष 2028 तक गरीबी मुक्त बनाने का महत्वाकांक्षी निर्णायक कदम उठाते हुए मंत्रि-परिषद ने ‘गरीब कल्याण मिशन’ के क्रियान्वयन की स्वीकृति दी। मिशन का उद्देश्य राज्य के गरीब और वंचित वर्गों का आर्थिक उत्थान करते हुये उनकी आय को न्यूनतम आय के स्तर तक लाना है। गरीब कल्याण मिशन संयुक्त रूप से पंचायत एवं ग्रामीण विकास और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा अन्य विभागों के सहयोग से क्रियान्वित किया जायेगा।
गरीब कल्याण मिशन मुख्यतः तीन घटकों यथा बहु-आयामी गरीबी इण्डेक्स में सुधार, आजीविका सुदृढ़ीकरण और विद्यमान संगठनों के सशक्तिकरण पर केन्द्रित है। बहु आयामी गरीबी इण्डेक्स के मुख्य बिन्दु महिलाओं और बच्चों का पोषण सुनिश्चित करना, शिशु मृत्यु दर कम करना, गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य सुनिश्चित करना, माध्यमिक शिक्षा सुनिश्चित करना, माध्यमिक कक्षा तक के छात्रों की स्कूल में उपस्थिति, भोजन पकाने के लिए समुचित ईंधन उपलब्धता, स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता, विद्युत कनेक्शन, आवास निर्माण, परिवारों के पास संसाधन उपलब्धता, बैंक खाता की उपलब्धता के साथ वित्तीय समावेश में सुधार किया जायेगा।
गरीब कल्याण मिशन-2028, स्थानीय समुदाय के सशक्तिकरण के माध्यम से वर्तमान शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुये राज्य की जनता को आत्मनिर्भरता और समृद्धि के पथ पर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष-2024 के स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर ‘गरीब कल्याण मिशन-2028’ की घोषणा की थी।
प्रत्येक जिले में पुलिस बैण्ड की स्थापना के लिए नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश के जिलों में पुलिस बैण्ड की स्थापना के लिए कुल 932 नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें 10 निरीक्षक बैण्ड, 38 उप निरीक्षक बैण्ड, 72 सहायक उप निरीक्षक बैण्ड, 170 प्रधान आरक्षक बैण्ड और 642 आरक्षक बैण्ड के पद शामिल हैं।
शासकीय भवनों में सोलर रूफ टॉप संयंत्रों की स्थापना की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” अंतर्गत प्रदेश के शासकीय भवनों में सोलर रूफ टॉप संयंत्रों की स्थापना की स्वीकृति दी है। सोलर रूफ टॉप संयंत्रों की स्थापना मिशन मोड में वर्ष 2025-26 तक की जाना है। जिला स्तर पर 20 किलोवॉट और उससे अधिक क्षमता वाले शासकीय भवनों को एग्रीगेट कर निविदा के माध्यम से रेस्को पद्धति या कैपेक्स मोड में म.प्र. ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड द्वारा योजना का क्रियान्वयन किया जायेगा। केन्द्र सरकार द्वारा “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” प्रारम्भ की गई है। इस योजना के विभिन्न घटकों में घरेलू क्षेत्र में सोलर रूफ टॉप की स्थापना के साथ ही प्रदेश के शासकीय भवनों में सोलर रूफ टॉप संयंत्रों की स्थापना की जाना है।
सभी शासकीय भवनों में सोलर रूफ टॉप संयंत्र की स्थापना एवं संचालन की मॉनिटरिंग “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत निर्मित की गई “राज्य स्तरीय समन्वय समिति” एवं “जिला स्तरीय समिति” द्वारा की जायेगी। सभी विभाग अपने भवनों पर और सभी जिला कलेक्टर जिले के शासकीय भवनों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिये एक्शन प्लान तैयार कर “राज्य स्तरीय समन्वय समिति” के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इस योजना के सफल एवं दक्षतापूर्ण क्रियान्वयन से निश्चित ही प्रदेश सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
डायल-100 सेवा के द्वितीय चरण के संचालन के लिए 1565 करोड़ रूपये की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा एकीकृत पुलिस कॉल सेन्टर एवं नियंत्रण कक्ष तंत्र (डायल-100) सेवा के द्वितीय चरण अप्रैल-2025 से सितम्बर-2030 तक (5 वर्ष 06 माह) के संचालन के लिए 1200 फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल (एफआरवी) के साथ कुल अनुमानित राशि 1565 करोड़ रुपए की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गयी।
“मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना” को वर्ष 2025-26 तक निरंतर रखे जाने का निर्णय
मंत्रि-परिषद द्वारा “मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना” को आगामी 2 वर्षों (वर्ष 2024-25 एवं वर्ष 2025-26) में निरंतर रखे जाने का निर्णय लिया गया है। योजना में ग्रामीण तालाबों में मत्स्य बीज उत्पादन/ मत्स्यपालन, ग्रामीण तालाबों में झींगा पालन, मत्स्यपालकों को प्रशिक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड (ब्याज अनुदान), स्मार्ट फिश पार्लर की स्थापना, एकीकृत सूचना प्रणाली का विकास, राज्य मछली महाशीर का संरक्षण आदि कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए राशि 100 करोड़ रुपए राज्यांश स्वीकृत किया गया है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: भिंड में रेत माफिया ने SDM की गाड़ी को मारी टक्कर, पुलिस ने जब्त की दो ट्रॉलियां

Bhind:भिंड में सोमवार को अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंचे लहार एसडीएम की गाड़ी को रेत माफिया के ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। एसडीएम की गाड़ी को आगे से नुकसान हुआ है। मिहोना बायपास पर हुई इस घटना में पुलिस ने मौके से रेत से भरी दो ट्रॉलियां जब्त की हैं।
जानकारी के मुताबिक लहार एसडीएम यादव को अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद वे सुबह करीब 10.30 बजे मिहोना बायपास पहुंचे। वहां रेत से भरी दो ट्रैक्टर ट्रॉली बिना रॉयल्टी और ओवरलोड मिलीं। एसडीएम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक ड्राइवर ने कार्रवाई से बचने के लिए जानबूझकर एसडीएम की गाड़ी में ट्रैक्टर घुसा दिया। टक्कर से अफसर की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद एसडीएम ने फौरन मिहोना थाना प्रभारी को फोन कर फोर्स बुलवाई। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया और थाने में खड़ा करवाया। पुलिस ने ड्राइवरों के खिलाफ अवैध रेत परिवहन, ओवरलोडिंग और शासकीय वाहन को क्षतिग्रस्त करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: सिवनी में लैंडिंग के वक्त हाई वोल्टेज लाइन से टकराकर ट्रेनी एयरक्रॉफ्ट क्रैश, दोनों पायलट घायल

Seoni: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में स्थित सुकतरा एयरस्ट्रिप पर एक ट्रेनी एयरक्रॉफ्ट हादसे का शिकार होकर जमीन पर आ गिरा। विमान करीब शाम 6.30 बजे लैंडिंग के वक्त स्ट्रिप के पास मौजूद 33 केवी हाईवोल्टेज लाइन से टकरा गया। धमाके के साथ विमान पास ही खेत में जा गिरा। विमान में सवार ट्रेनी और ट्रेनर पायलट दोनों हादसे में घायल हो गए हैं। जानकारी अनुसार तार टूटने से करीब 90 गांव की बिजली भी गुल हो गई है।
जानकारी अनुसार रेड बर्ड एविएशन कंपनी का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट सोमवार शाम 33 केवी हाई वोल्टेज विद्युत सप्लाई लाइन से टकरा गया। जोरदार आवाज के साथ विमान नीचे गिरता नज़र आया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। विमान में सवार ट्रेनर पायलट अजित एंथोनी और ट्रेनी पायलट अशोक छावड़ा घायल हो गए हैं, जिन्हें मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इधर विमान की विंग टकराने से 33 केवीए लाइन का तार टूट गया था जिस कारण बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेनी उड़ान के दौरान विमान अचानक लैंडिंग के वक्त नियंत्रण खोकर हाई वोल्टेज लाइन के बिल्कुल करीब पहुंच गया और उसके पंख (Wings) विद्युत लाइन से टकरा गए। विमान के वजन और चिंगारी निकलने के बाद लाइन ट्रिप हो गई और आसपास के इलाके में अंधेरा छा गया। विमान एक झटके के साथ जमीन पर आ गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने धमाके की आवाज सुनी और चिंगारियां देखीं तो दौड़कर मौके पर पहुंचे और दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष बालाघाट में 10 इनामी नक्सलियों ने किया समर्पण, सीएम बोले- समर्पित नक्सलियों के पुनर्वास की चिंता सरकार करेगी

Balaghat: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नक्सलवाद के सफाये की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष बालाघाट में रविवार को 10 नक्सलियों ने आत्म समर्पण किया, जिनमें 4 महिला नक्सली भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें संविधान की प्रति प्रदान कर मुख्यधारा से जोड़ा। आत्म समर्पण करने वाले नक्सलियों ने अपने हथियार मुख्यमंत्री को सौंपे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सरकार जनवरी 2026 तक मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एक भी व्यक्ति को हथियार उठाने की अनुमति नहीं है। मुख्यमंत्री ने नक्सलियों से आह्वान किया कि वे सरकार की पुनर्वास नीति अपनाएं। सरकार उनके जीवन को सुरक्षित करने, विकास सुनिश्चित करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों और जवानों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि एंटी नक्सल अभियान को लगातार सशक्त और सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रदेश में 15 नवीन अस्थायी कैंप और विशेष सहयोगी दस्ता के 882 पद स्वीकृत किए गए हैं। सतत निगरानी, सघन जांच और कार्रवाइयों से प्रदेश में नक्सली दायरा तेज़ी से घटा है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास के लिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पिछले वर्ष 46 एकल सुविधा केंद्र खोले गए। इन केंद्रों के माध्यम से रोजगार, वन अधिकार पत्र और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद आशीष शर्मा की वीरता को नमन करते हुए कहा कि कर्तव्यपथ में उत्कृष्टता से कार्य करने वाले 328 हॉक फोर्स सहित पुलिस अधिकारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो कानून की राह अपनाते हैं, उनकी पुनर्वास की चिंता सरकार की है।
डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में एंटी नक्सल अभियान को सशक्त किया गया है। नए कैंप स्थापित किए गए हैं, हॉक फोर्स और पुलिस बल में वृद्धि की गई है। साथ ही अधिकारियों और जवानों को सतत प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इन कार्रवाइयों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी नक्सल समर्पण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं और नागरिकों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। मध्यप्रदेश पुलिस निर्धारित समय-सीमा में नक्सल मुक्ति के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा और बालाघाट के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
इन नक्सलियों ने किया आत्म समर्पण
1.सुरेंद्र उर्फ कबीर उर्फ सोमा सोढी पिता उंग्गा सोढी जाति गोंड उम्र 50 निवासी पुलमपाढ थाना गुल्लापल्ली जिला सुकमा छग।
2.राकेश ओडी उर्फ मनीष पिता समरत ओडी जाति गोंड उम्र 42 निवासी ग्राम झंडेपार (बोट्टेकसा) थाना कोरची जिला गडचिरौली महाराष्ट्र।
3.लालसिंह मरावी उर्फ सींगा उर्फ प्रवीण पिता भीमा माता ऊंगी जाति गोंड उम्र 30 निवासी छोटे गुडरा थाना कटेकल्याण जिला दंतेवाड़ा छग।
4.शिल्पा नुप्पो पिता जोगा माता ..बीमे..जाति गोंड उम्र 26 निवासी बुडिया बट्टुम थाना बासीगुडा तहसील हवापल्ली जिला बीजापुर छग।
5.सलीता उर्फ सावित्री अलावा पिता लकमु माता चिको जाति गोंड उम्र 26 निवासी सीनागेलोर थाना बासागुडा तहसील हवापल्ली जिला बीजापुर छग।
6.नवीन नुप्पो उर्फ हिडमा पिता नंगा माता बीमे जाति गोंड उम्र 30 निवासी बोडकेल तहसील कोंटा (जगरगुंडा) जिला सुकमा छग।
7.जयशीला उर्फ ललीता ओयम पिता समलु माता देवे जाति गोंड उम्र 26 निवासी तरैम थाना बासागुडा तहसील हवापल्ली जिला बीजापुर छग।
8.विक्रम उर्फ हिडमा वट्टी पिता तकमा माता पीसे जाति गोंड उम्र 30 निवासी मडपे दुल्लोड थाना 4 थाना चिंता गुफा जिला सुकमा छग।
9.जरिना उर्फ जोगी मुसाक पिता अंदल माता कोशी जाति गोंड (मुडिया) उम्र निवासी मुरंगा थाना गंगलुर जिला बिजापुर छग।
10.समर उर्फ समारू उर्फ राजु अतरम पिता सन्नु माता सुमरी जाति गोंड उम्र 32 निवासी इंड्री तहसील बैरमगढ जिला बीजापुर छग।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: पन्ना में अवैध डीजे संचालकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 लाख के उपकरण जब्त, तीन गिरफ्तार

Panna: मध्यप्रदेश के पन्ना में सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध डीजे संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल और हाईकोर्ट जबलपुर के निर्देशों का पालन करते हुए कोतवाली पुलिस ने बिना अनुमति और तय सीमा से तेज आवाज में डीजे बजाने वाले तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है। यह कार्रवाई अलग-अलग स्थानों पर की गई है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के डीजे संचालकों में हड़कंप मच गया है।
पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के डीजे उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें 2 डीजे मशीनें, 14 साउंड बॉक्स, 3 एम्पलीफायर, 1 जनरेटर और 2 वाहन (पिकअप और कमांडर) शामिल हैं। सभी जब्त सामग्री पर पुलिस ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पन्ना एसपी नायडू ने कहा है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: भोपाल में पर्यटकों को मिलेगा कश्मीर की डल झील जैसा लुत्फ, सीएम डॉ. यादव ने बड़े तालाब के बोट क्लब पर 20 नवीन शिकारा नाव सेवा का किया शुभारंभ

Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को बोट क्लब भोपाल पर ‘शिकारा नाव’ सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजा भोज की नगरी भोपाल में लगभग एक हजार साल पहले बने बड़े तालाब में ‘शिकारा नाव’ सेवा का शुभारंभ ऐतिहासिक अवसर है। इन नवीन 20 शिकारों के माध्यम से पर्यटकों को कश्मीर की प्रसिद्ध डल झील का आनंद, झीलों की नगरी भोपाल में ही मिल जाएगा। शिकारों में पर्यटकों के लिए खान-पान एवं आरामदायक बैठक व्यवस्था की गई है। ये शिकारे प्रदेश के जल-पर्यटन (वॉटर टूरिज्म) को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलवाएंगे। प्रदेशवासी पर्यटन सेवा का लाभ उठाने के लिए आगे आएं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक एवं प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल विशेष रूप से उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन को लेकर आपार संभावनाएं विद्यमान हैं। नर्मदा वैली सहित प्रदेश की बड़ी-बड़ी जल परियानाओं के माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित करने वाली गतिविधियां को बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। पिछले एक साल में उज्जैन आने वाले पर्यटकों की संख्या 7 करोड़ के पार पहुंच गई।
शिकारे की सैर का लिया आनंद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिकारों को फ्लेगऑफ करने के बाद बड़े तालाब में शिकारे की सैर का आनंद लिया और उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और गणमान्य नागरिकों ने शिकारा बोट रेस्टोरेंट से चाय, पोहा, समोसे एवं फलों का जायका लिया। साथ ही फ्लोटिंग बोट मार्केट से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की पारम्परिक कला बाघ और बटिक वस्त्रों, जैविक उत्पादों आदि की खरीदारी भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बोट क्लब पर मौजूद छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी ली और अथितियों के साथ टेलीस्कोप से सूर्य के दर्शन किए। टेलीस्कोप की बोट क्लब पर व्यवस्था वैज्ञानिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आंचलिक विज्ञान केंद्र भोपाल द्वारा की गई थी।
पर्यटन विकास से स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर : विधानसभा अध्यक्ष तोमर
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि राजधानी की इतनी बड़ी झील में शिकारा सेवा की शुरुआत बहुत आकर्षक है। इससे प्रदेश में पर्यटन के अवसर बढ़ेंगे, पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
बड़े तालाब की पारिस्थितिकी रहेगी बेअसर
पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए शिकारा सेवा में संचालित सभी 20 शिकारों का निर्माण प्रदूषण रहित आधुनिक तकनीक से किया गया है। इनका निर्माण ‘फाइबर रीइन्फोर्स्ड पॉलीयूरिथेन’ और उच्च गुणवत्ता वाली नॉन-रिएक्टिव सामग्री से हुआ है, जो जल के साथ किसी भी प्रकार की रासायनिक क्रिया नहीं करती। इससे बड़े तालाब की पारिस्थितिकी और जल की शुद्धता पूर्णतः सुरक्षित रहेगी। ये शिकारे अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्था द्वारा निर्मित किए गए हैं, जिनके द्वारा निर्मित शिकारे केरल, बंगाल और असम में भी पर्यटकों द्वारा अत्यंत पसंद किए जा रहे हैं। भोपाल का बोट क्लब इन आकर्षक शिकारों के साथ पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। शिकारों पर नौकायन का आनंद लेने के साथ पर्यटक बर्ड वाचिंग, हैंडीक्रॉफ्ट प्रोडक्ट, स्थानीय व्यंजन, आर्गेनिक वेजिटेबल्स और फ्रूट्स आदि भी खरीद सकेंगे।
ख़बर छत्तीसगढ़20 hours agoChhattisgarh Assembly: राज्य के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा ₹35,000 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश, वित्तमंत्री बोले- सरकार वादों पर नहीं, परिणामों पर विश्वास करती है
ख़बर छत्तीसगढ़22 hours agoChhattisgarh: बीजापुर में 84 लाख के इनामी 34 नक्सलियों का सरेंडर, 7 महिला नक्सली भी शामिल













