ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: पिस्तौल की तलाश में पहुंची पुलिस, अलमारी से मिला करीब 3 करोड़ कैश, गिनती के लिए मंगानी पड़ी मशीन

सागर: मध्य प्रदेश के सागर में पुलिस एक युवक के घर पिस्तौल की तलाश में पहुंची, लेकिन तलाशी के दौरान कुछ ऐसा मिला कि पुलिस भी हैरान रह गई। एक लॉक अलमारी के अंदर रखे बैग से करीब 3 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए। रकम इतनी ज्यादा थी कि नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा का है।
इंस्टाग्राम पर पिस्तौल के साथ फोटो मिली थी
पुलिस के मुताबिक, सागर में ऐसे सोशल मीडिया प्रोफाइल की स्क्रीनिंग की जा रही है, जिनमें आपराधिक प्रवृत्ति के लोग पिस्तौल या चाकू के साथ फोटो पोस्ट करते हैं। इसी दौरान दो इंस्टाग्राम प्रोफाइल में पिस्तौल के साथ तस्वीरें मिली थीं। इसी जांच के तहत पुलिस सौरभ अहिरवार के घर पहुंची थी। यहां पिस्तौल के संबंध में पूछताछ और तलाशी ली गई।
लॉक अलमारी खुलवाई तो मिला कैश से भरा बैग
तलाशी के दौरान पुलिस को एक अलमारी लॉक मिली। परिवार के पास उसकी चाबी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में अलमारी खुलवाई। अलमारी के अंदर एक बैग रखा मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी थी। शुरुआती गिनती में करीब 3 करोड़ रुपए मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्ती की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की जा रही है।
परिवार बोला- रिश्तेदार रख गया था पैसा
पुलिस के मुताबिक, सौरभ अहिरवार ड्राइवर है और उसका भाई ऑटो चलाता है। परिवार का कहना है कि अलमारी और उसमें रखा पैसा उनका नहीं है। परिजनों के अनुसार, उनके रिश्तेदार रमेश अहिरवार करीब 8-9 महीने पहले यह रकम यहां रख गए थे। परिवार का दावा है कि रमेश भोपाल के चूना भट्टी इलाके में रहते हैं और PWD में इंजीनियर हैं।पुलिस अब इस दावे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई।
संबंधित एजेंसियों को दी जाएगी जानकारी
मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं और परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहले जब्ती और नकदी की गिनती की कार्रवाई पूरी की जाएगी। इसके बाद मामले की जानकारी संबंधित जांच एजेंसियों को दी जाएगी। फिलहाल, कैश के वास्तविक स्रोत और उसके मालिकाना हक को लेकर जांच जारी है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: 7.5 करोड़ की सोना-चांदी लूट का खुलासा, सराफा व्यापारी के कर्मचारी ने रची थी साजिश, 6 गिरफ्तार

रतलाम: सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया से 13 अगस्त की रात हुई करीब 7.5 करोड़ रुपए की सोना-चांदी लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि लूट की पूरी साजिश व्यापारी की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी रोहित नायक ने रची थी।
रोहित को व्यापारी के आने-जाने का समय, रास्ता और उसके पास मौजूद सोना-चांदी की जानकारी थी। उसने यह जानकारी अपने साथी अभिजीत उर्फ अभय को दी। इसके बाद आरोपियों ने करीब डेढ़ महीने तक व्यापारी की रैकी की।
पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मास्टरमाइंड रोहित नायक और उसका साथी गौरव गुर्जर अभी फरार हैं।
5.41 करोड़ का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.167 किलो सोने के 238 जेवर और 4.47 किलो चांदी के 183 जेवर बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 5.41 करोड़ रुपए बताई गई है।
पहले भी बनाई थी लूट की योजना
पुलिस के मुताबिक, रोहित और अभिजीत ने करीब डेढ़ महीने पहले भी व्यापारी को लूटने की योजना बनाई थी। उन्हें पता था कि व्यापारी कभी बस तो कभी दोपहिया वाहन से अकेले आता-जाता है।
दोनों ने रुणीजा-बड़नगर के बीच लूट की तैयारी भी की थी, लेकिन उस दिन व्यापारी के साथ एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। इसके बाद आरोपियों ने योजना टाल दी और लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
दुकान के नीचे चाय की दुकान से मिली अंदर की जानकारी
मुख्य आरोपी अभिजीत उर्फ अभय गणेश मार्केट में व्यापारी की दुकान के नीचे चाय की दुकान चलाता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती व्यापारी के कर्मचारी रोहित नायक से हुई। पुलिस के अनुसार, रोहित ने व्यापारी के रूट, समय और उसके साथ ले जाए जाने वाले माल की जानकारी अभिजीत को दी। इसके बाद अन्य आरोपियों को शामिल कर लूट की पूरी योजना बनाई गई।
बस में बैग छीना, दो बाइक से फरार
13 अगस्त की रात अर्पित चौरड़िया बड़नगर से रतलाम लौटने के लिए बस में सवार हुए थे। आरोपियों ने रेन फंटे के पास बस रुकवाई। बस में सवार बदमाशों ने व्यापारी से जेवरों से भरा बैग छीना और बाहर निकलकर दो बाइक से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के भागने के लिए रवि उर्फ बबला गुर्जर ने बाइक उपलब्ध कराई थी।
लूट के बाद इंदौर में छिपने की थी तैयारी
वारदात से पहले ही आरोपियों ने छिपने की योजना भी बना ली थी। वे इंदौर के हरसौला इलाके में रुकने वाले थे। पुलिस की तलाश तेज होने पर आरोपी वहां से हिम्मतगढ़ के पहाड़ी इलाके में चले गए। यहीं से पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार मास्टरमाइंड रोहित नायक और गौरव गुर्जर की तलाश जारी है।
ख़बर मध्यप्रदेश
80th Independence Day: CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, 2027 होगा ‘युवा वर्ष’; हर साल 1 लाख नौकरियां, हर जिले में बनेगा Incubation Center

भोपाल: मध्य प्रदेश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास का रोडमैप पेश करते हुए युवाओं, रोजगार, स्टार्टअप, निवेश, किसानों और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने ऐलान किया कि वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा।
सीएम ने कहा कि अगले ढाई साल सरकार का मुख्य फोकस युवाओं को रोजगार और कौशल से जोड़ने, स्टार्टअप को बढ़ावा देने और बड़े निवेश को जमीन पर उतारने पर रहेगा।
हर साल 1 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में हर वर्ष 1 लाख से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं की स्किलिंग के लिए अगले एक साल में 1 लाख युवाओं को ITI में ट्रेनिंग, 10 हजार युवाओं को Global Skill Park में प्रशिक्षण, उद्योग और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के लिए अलग Placement Cell, शिक्षा, कौशल, स्वरोजगार, स्टार्टअप, खेल-संस्कृति, शोध और नेतृत्व क्षमता विकास के 7 पिलर्स पर काम होगा।
2027 होगा ‘युवा वर्ष’
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। सरकार युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर तैयार करने पर विशेष फोकस करेगी।
हर जिले में बनेगा Incubation Center
प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 100 नए Incubation Centers स्थापित किए जाएंगे। इसका लक्ष्य हर जिले में कम से कम एक Incubation Center उपलब्ध कराना है। मध्य प्रदेश में वर्तमान में करीब 8 हजार स्टार्टअप्स हैं, जिनमें लगभग 50% महिला नेतृत्व वाले बताए गए हैं। सरकार ने इनकी संख्या बढ़ाकर 12 हजार से अधिक करने का लक्ष्य रखा है।
34 लाख करोड़ के प्रस्ताव, 10 लाख करोड़ से ज्यादा निवेश जमीन पर
मुख्यमंत्री ने निवेश को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को मिले 34 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश जमीन पर उतर चुका है। धार में ₹21,500 करोड़ का PM MITRA Park वस्त्र उद्योग को नई दिशा देगा। साथ ही, अगली Global Investors Summit 2027 में भोपाल में आयोजित की जाएगी।
2026 रहेगा ‘किसान कल्याण वर्ष’
सीएम मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। पिछले ढाई वर्षों में किसानों के खातों में 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई है। सरकार ने भूमि अधिग्रहण के मामलों में 4 गुना मुआवजा देने का फैसला भी किया है।
100 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता का लक्ष्य
₹44,600 करोड़ की केन-बेतवा लिंक परियोजना के जरिए वर्ष 2028-29 तक प्रदेश की सिंचाई क्षमता को 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सड़क और ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़े लक्ष्य तय किए गए हैं। प्रदेश में ₹23 हजार करोड़ की लागत से 15 हजार किलोमीटर सड़कें बनाई गई हैं। बिजली उत्पादन में ग्रीन एनर्जी की हिस्सेदारी को 30% से बढ़ाकर 50% करने का लक्ष्य है।
CM मोहन यादव के भाषण की 7 बड़ी बातें
1. 2027 होगा युवा वर्ष
युवाओं, रोजगार, स्टार्टअप और कौशल विकास पर रहेगा विशेष फोकस।
2. हर साल 1 लाख नौकरियां
सार्वजनिक क्षेत्र में प्रतिवर्ष 1 लाख से अधिक रोजगार के अवसर देने का लक्ष्य।
3. 1 लाख युवाओं को ITI Training
अगले एक साल में बड़े स्तर पर Skill Development Program चलाया जाएगा।
4. हर जिले में Incubation Center
प्रदेश में 100 नए सेंटर स्थापित करने की तैयारी।
5. 12 हजार से ज्यादा Startups का लक्ष्य
वर्तमान स्टार्टअप इकोसिस्टम को तेजी से विस्तार देने की योजना।
6. GIS 2027 भोपाल में
अगली Global Investors Summit राजधानी भोपाल में आयोजित होगी।
7. 2026 किसान कल्याण वर्ष
सिंचाई, भूमि अधिग्रहण और किसान हितों पर सरकार का विशेष फोकस।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में बारिश का नया दौर, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 24 घंटे में 4 इंच तक पानी गिरने की संभावना

भोपाल: मध्य प्रदेश में बारिश का एक और दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा और सतना समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
खरगोन में साटक जलाशय ओवरफ्लो
लगातार बारिश के कारण खरगोन जिले के गोगांवा क्षेत्र में साटक जलाशय ओवरफ्लो हो गया है। करीब 18.38 मिलियन क्यूबिक मीटर क्षमता वाला यह जलाशय स्पिल-वे के ऊपर से बह रहा है। दो साल बाद जलाशय के ओवरफ्लो होने की स्थिति बनी है। इससे पहले यह 2023 में 16 सितंबर और 2024 में 2 सितंबर को ओवरफ्लो हुआ था।
सतना में झरना उफान पर, अस्पताल तक पहुंचा पानी
सतना जिले के ग्रामीण इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। तराई क्षेत्र में इसका ज्यादा असर दिखाई दे रहा है। पहाड़ी इलाकों से तेजी से पानी उतरने के कारण धारकुंडी आश्रम का झरना पूरी रफ्तार से बह रहा है और आश्रम परिसर के अंदर तक पानी पहुंच गया है। कोटर नगर परिषद कार्यालय परिसर और आसपास की दुकानों में भी पानी भर गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वार्ड में पानी घुसने के कारण प्रसूताओं को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।
पुल के ऊपर से बह रही मऊ नदी
लगातार बारिश के चलते बिरसिंहपुर-सेमरिया रोड पर मऊ नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। ऐसे में आसपास के इलाकों में आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। प्रशासन और स्थानीय लोगों को नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Board Date Sheet 2027: 10वीं-12वीं का टाइम टेबल जारी, 12वीं की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से, 10वीं की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होगी

भोपाल: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल यानी कक्षा 10वीं और हायर सेकेंडरी यानी कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षाओं का विस्तृत टाइम टेबल जारी कर दिया है। बोर्ड ने इसके साथ ही जून 2027 में होने वाली दूसरी यानी सप्लीमेंट्री परीक्षा का कार्यक्रम भी घोषित किया है।
एमपी बोर्ड की 12वीं की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक होगी। वहीं, 10वीं की मुख्य परीक्षा 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी।
परीक्षा केंद्र पर कितने बजे पहुंचना होगा?
बोर्ड ने छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश से संबंधित समय भी तय किया है। छात्रों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। 8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में अपनी सीट पर बैठना जरूरी होगा। सुबह 8:45 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रश्न पत्र 8:45 बजे दिया जाएगा। उत्तर पुस्तिका 8:55 बजे मिलेगी। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होगी।
MP Board 12th Date Sheet 2027: 12वीं का टाइम टेबल
| तारीख | प्रमुख विषय |
| 17 फरवरी | जैव प्रौद्योगिकी, गायन-वादन, तबला-पखावज |
| 18 फरवरी | उर्दू, मराठी |
| 20 फरवरी | संस्कृत |
| 22 फरवरी | एनएसक्यूएफ विषय, शारीरिक शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस |
| 23 फरवरी | हिंदी |
| 24 फरवरी | ड्राइंग एंड डिजाइनिंग |
| 25 फरवरी | मनोविज्ञान |
| 26 फरवरी | अंग्रेजी |
| 1 मार्च | इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिस |
| 3 मार्च | समाजशास्त्र |
| 4 मार्च | भौतिकी, अर्थशास्त्र सहित अन्य विषय |
| 8 मार्च | जीव विज्ञान |
| 11 मार्च | राजनीति विज्ञान |
| 13 मार्च | रसायन विज्ञान, इतिहास, बिजनेस स्टडीज सहित अन्य विषय |
| 16 मार्च | गणित |
| 17 मार्च | कृषि, गृह विज्ञान, अकाउंटेंसी |
| 19 मार्च | भूगोल सहित अन्य विषय |
MP Board 10th Date Sheet 2027: 10वीं का टाइम टेबल
कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षा 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक चलेगी।
| तारीख | विषय |
| 24 फरवरी | मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी, पेंटिंग, गायन-वादन, तबला-पखावज, कंप्यूटर |
| 25 फरवरी | एनएसक्यूएफ विषय, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस |
| 27 फरवरी | उर्दू |
| 2 मार्च | हिंदी |
| 5 मार्च | गणित स्टैंडर्ड और बेसिक |
| 9 मार्च | अंग्रेजी |
| 12 मार्च | संस्कृत |
| 15 मार्च | विज्ञान |
| 18 मार्च | सामाजिक विज्ञान |
जून में होगी दूसरी यानी सप्लीमेंट्री परीक्षा
MP बोर्ड ने जून 2027 में होने वाली दूसरी परीक्षा का शेड्यूल भी तय कर दिया है।
- कक्षा 12वीं: 11 जून से 30 जून 2027
- कक्षा 10वीं: 15 जून से 30 जून 2027
प्रैक्टिकल परीक्षा कब होगी?
नियमित छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षा उनके स्कूलों में होगी, जबकि निजी छात्रों की परीक्षा निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
मुख्य परीक्षा के लिए प्रैक्टिकल 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच होंगे। जून में होने वाली दूसरी परीक्षा के प्रैक्टिकल 11 जून से 30 जून 2027 के बीच आयोजित किए जाएंगे।
प्रैक्टिकल की सटीक तारीख और समय के लिए छात्रों को स्कूल प्राचार्य या संबंधित केंद्र अधीक्षक से संपर्क करना होगा।
छुट्टी के दिन भी नहीं बदलेगी परीक्षा
बोर्ड के अनुसार, परीक्षा अवधि के दौरान किसी दिन स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षा की तारीख में बदलाव नहीं किया जाएगा। परीक्षा पहले से जारी टाइम टेबल के अनुसार ही होगी।
हालांकि, जरूरत पड़ने पर बोर्ड परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव कर सकता है। इसकी सूचना संबंधित माध्यमों से दी जाएगी। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए नियमानुसार विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: प्रदेश में 24 घंटे खुल सकेंगे दुकान-मॉल और होटल, राज्यपाल ने नई श्रम संहिता को मंजूरी दी

भोपाल: मध्य प्रदेश में अब दुकानें, होटल, रेस्टोरेंट, मॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन खुले रखे जा सकेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ‘मध्य प्रदेश कार्यस्थल सशक्तिकरण संहिता (श्रम शक्ति संहिता), 2026’ को मंजूरी दे दी है। हालांकि, प्रतिष्ठान 24 घंटे खुले रहने का मतलब कर्मचारियों से लगातार काम कराना नहीं होगा। कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट में लगानी होगी और निर्धारित समय के बाद शिफ्ट बदलनी होगी।
हफ्ते में 48 घंटे से ज्यादा काम नहीं
नई व्यवस्था में कर्मचारियों के काम के घंटे तय रहेंगे। किसी कर्मचारी से एक सप्ताह में अधिकतम 48 घंटे काम कराया जा सकेगा। अगर अतिरिक्त काम कराया जाता है तो इसके लिए कर्मचारी की सहमति जरूरी होगी। साथ ही ओवरटाइम का भुगतान भी तय नियमों के अनुसार करना होगा। इस व्यवस्था से लोगों को देर रात भी खरीदारी, होटल और रेस्टोरेंट जैसी सेवाएं मिल सकेंगी। खासकर बड़े मॉल, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 24 घंटे कारोबार करने का अवसर मिलेगा।
एक बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, बार-बार रिन्यूअल नहीं
नई संहिता में दुकानों और प्रतिष्ठानों के पंजीयन की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। अब बार-बार रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल कराने की जरूरत नहीं होगी। प्रतिष्ठान को एक बार ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। इसके बाद प्रमाण-पत्र और एक यूनिक पहचान नंबर जारी किया जाएगा। भविष्य में प्रतिष्ठान की जानकारी में बदलाव होने पर उसे ऑनलाइन अपडेट करना होगा।
कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मालिक की
नई व्यवस्था में कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर भी प्रावधान किए गए हैं। प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई, सुरक्षा उपकरण, आग से बचाव और आपात स्थिति से निपटने की व्यवस्था करनी होगी। किसी हादसे या संभावित खतरे की स्थिति में संबंधित अधिकारी जांच कर कार्रवाई कर सकेंगे। महिला कर्मचारियों के लिए भी सुरक्षित कार्यस्थल और जरूरी सुरक्षा प्रावधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
असंगठित कामगारों को भी मिलेगा योजनाओं का लाभ
नई संहिता में रिक्शा चालक, घरेलू कामगार, निर्माण श्रमिक और अन्य असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है। इन कामगारों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, परिवहन और अन्य सामाजिक सुरक्षा व कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
शिकायत और जांच की प्रक्रिया भी होगी आसान
श्रमिकों की शिकायतों के निपटारे के लिए प्रशासनिक व्यवस्था और समितियां बनाई जाएंगी। श्रम विभाग के अधिकारी जरूरत पड़ने पर प्रतिष्ठानों की जांच कर सकेंगे और जरूरी दस्तावेज मांग सकेंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकेगी।
ख़बर छत्तीसगढ़7 hours agoRaipur: स्वतंत्रता संग्राम और ‘वंदे मातरम्’ की गौरवगाथा, टाउन हॉल में लगी छायाचित्र प्रदर्शनी, 21 अगस्त तक रहेगी खुली
ख़बर देश3 hours agoWest Bengal: बीरभूम के होटल में भीषण आग, 7 की मौत, AC में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
ख़बर बिहार3 hours agoBihar: लखीसराय के अशोक धाम में भगदड़, 7 महिलाओं की मौत:23 से ज्यादा घायल, करंट फैलने की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी
ख़बर मध्यप्रदेश6 hours agoMP News: 7.5 करोड़ की सोना-चांदी लूट का खुलासा, सराफा व्यापारी के कर्मचारी ने रची थी साजिश, 6 गिरफ्तार
ख़बर देश18 hours agoAmritsar: बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, पुलिस को मिला 690 ग्राम IED, पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की थी तैयारी


















