खेल खिलाड़ी
महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न नहीं रहे, 52 की उम्र में हार्ट अटैक से निधन

Leg spinner Shane Warne passes away:दुनिया के सर्वकालिक महान गेंदबाजों में शुमार ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न (leg-spinner Shane Warne)का थाईलैंड में शुक्रवार को निधन हो गया। वह 52 साल के थे। वॉर्न के मैनेजमेंट ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को एक संक्षिप्त बयान जारी किया है कि वॉर्न का थाईलैंड के कोह समुई में निधन हो गया है। बयान में कहा गया, ‘शेन अपनी विला में अचेत पाये गए। मेडिकल स्टाफ की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जांच नहीं बचाई जा सकी।’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वॉर्न ने 1992 में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू करके 145 टेस्ट खेले और 708 विकेट लिए। वहीं उन्होंने 194 वनडे में 293 विकेट चटकाये।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स को पहले ही सत्र में कप्तान और कोच के रूप में खिताब दिलाया। मैदान के भीतर और बाहर बेहतरीन शख्सियत के मालिक वॉर्न ने कमेंटेटर के रूप में भी कामयाबी पाई। बता दें कि एक ही दिन में ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ने दो दिग्गजों को खो दिया। सुबह महान विकेटकीपर रॉड मार्श का निधन हो गया था। शेन वार्न ने भी मौत से कुछ घंटे पहले ही क्रिकेटर रॉड मार्श के निधन पर ट्वीट कर दुख जताया था। उनका यही ट्वीट आखिरी ट्वीट साबित हुआ।
ये भी पढ़ें:
खेल खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 11 गेंदों में फिफ्टी लगाकर तोड़ा 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड

Vaibhav Suryavanshi: भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 50 ओवर क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेली जा रही ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने केवल 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
20 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
वैभव सूर्यवंशी से पहले 50 ओवर क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने के नाम था। उन्होंने वर्ष 2006 में रागामा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 12 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। अब वैभव ने केवल 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
वनडे क्रिकेट में एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड बरकरार
हालांकि वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अब भी दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के नाम है। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में 50 रन पूरे किए थे। गौरतलब है कि हर वनडे इंटरनेशनल मैच लिस्ट-ए क्रिकेट का हिस्सा होता है, लेकिन सभी लिस्ट-ए मैच अंतरराष्ट्रीय वनडे नहीं होते।
भारत-ए को मिली धमाकेदार शुरुआत
फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या ने भारत-ए को तेज शुरुआत दिलाई। वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उनकी 94 रन की पारी ने भारत-ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और श्रीलंका-ए पर दबाव बना दिया।
भारत-ए की प्लेइंग इलेवन
वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्या, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, अनुकुल रॉय, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अशोक शर्मा और यश ठाकुर।
श्रीलंका-ए की प्लेइंग इलेवन
निरोशन डिकवेला, अविष्का फर्नांडो, रविंदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराच्चिगे (कप्तान), नुवानिदु फर्नांडो, वनुजा सहान, मोहम्मद शिराज, दुलाज समुधिता, विजयकांत वियासकांत और कुगाथस माथुलन।
खेल खिलाड़ी
IND vs AFG: यशस्वी के शतक से भारत की 9 विकेट से जीत, अफगानिस्तान का 3-0 से क्लीन स्वीप

India vs Afghanistan: भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे और अंतिम वनडे में 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 219 रन का लक्ष्य महज 28.4 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की जीत के हीरो यशस्वी जायसवाल और प्रसिद्ध कृष्णा रहे। यशस्वी ने नाबाद शतक जड़ा, जबकि प्रसिद्ध ने पांच विकेट लेकर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया।
यशस्वी का धमाकेदार शतक
219 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 170 रन की साझेदारी कर मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।यशस्वी जायसवाल ने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाते हुए नाबाद 110 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 3 छक्के लगाए।
रोहित शर्मा ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 79 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।रोहित के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर 20 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को जीत दिलाई।
अफगान कप्तान शाहिदी का पहला वनडे शतक
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गई।कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए वनडे करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने 102 रन की पारी खेली। अजमतुल्लाह उमरजई ने 50 रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
प्रसिद्ध कृष्णा ने झटके 5 विकेट
भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर अफगानिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। वहीं गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव को एक-एक विकेट मिला।
गिल की कप्तानी में पहली वनडे सीरीज जीत
इस सीरीज के साथ शुभमन गिल ने बतौर भारतीय कप्तान अपनी पहली वनडे सीरीज जीत दर्ज की है। इससे पहले उनकी कप्तानी में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत ने वनडे सीरीज जीती थी, लेकिन उस समय टीम की कप्तानी केएल राहुल ने की थी। अफगानिस्तान के खिलाफ 3-0 की जीत ने गिल के कप्तानी करियर को नई मजबूती दी है और टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर एक और शानदार सीरीज जीत दर्ज की।
खेल खिलाड़ी
Women T20 World Cup: भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया, स्मृति मंधाना की फिफ्टी; दीप्ति शर्मा ने झटके 5 विकेट

Women T20 World Cup: महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की। एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
भारत की जीत में बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई। बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना ने अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
मंधाना ने खेली 68 रन की शानदार पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। मंधाना ने 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने दो-दो विकेट हासिल किए। तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को एक-एक सफलता मिली।
दीप्ति शर्मा की फिरकी में फंसा पाकिस्तान
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। टीम की ओर से मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।
भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर पाकिस्तान को वापसी का मौका नहीं दिया। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच की सबसे बड़ी स्टार साबित हुईं। इसके अलावा श्री चरणी ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
भारत की प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
पाकिस्तान की प्लेइंग-11
पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, सायरा जबीन, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रामीन शमीम, नशरा संधू, तस्मिया रुबाब, सादिया इकबाल।
खेल खिलाड़ी
भारतीय शूटिंग को बड़ा झटका: दिग्गज निशानेबाज और मनु भाकर के कोच जसपाल राणा का निधन

Jaspal Rana Death: भारतीय निशानेबाजी जगत को बड़ा झटका लगा है। देश के दिग्गज शूटर और कोच जसपाल राणा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 49 वर्ष के थे। उन्हें दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
म्यूनिख से लौटते समय बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, 1 जून की रात म्यूनिख से भारत लौटते समय फ्लाइट में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। विमान में उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी गई। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें तुरंत मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उनके हृदय में स्टेंट भी डाला था, लेकिन इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मनु भाकर के कोच और हाई परफॉर्मेंस ट्रेनर थे
जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी टीम के सबसे सम्मानित कोचों में शामिल थे। वे पेरिस ओलिंपिक में दो पदक जीतने वाली स्टार निशानेबाज मनु भाकर के कोच रहे थे। वे भारतीय जूनियर शूटिंग टीम के कोच और हाई परफॉर्मेंस ट्रेनर की भूमिका भी निभा रहे थे। फरवरी 2025 में उन्हें 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के लिए भारत का हाई परफॉर्मेंस कोच नियुक्त किया गया था।
एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स में दिलाए कई पदक
खिलाड़ी के रूप में भी जसपाल राणा का करियर बेहद शानदार रहा। उन्होंने एशियन गेम्स में भारत के लिए कुल 8 पदक जीते, जिनमें 4 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने 15 पदक अपने नाम किए। इनमें 9 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल रहे। उनकी उपलब्धियों ने भारतीय निशानेबाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।
अभिनव बिंद्रा ने जताया शोक
भारत के पहले व्यक्तिगत ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने जसपाल राणा के निधन पर गहरा दुख जताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिंद्रा ने लिखा कि जसपाल राणा उनके टीममेट रहे हैं और भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाली पीढ़ी के अहम सदस्य थे।
उन्होंने कहा कि जसपाल बेहद प्रतिभाशाली और जुनूनी खिलाड़ी थे, जिनका योगदान भारतीय खेल जगत हमेशा याद रखेगा। जसपाल राणा के निधन को भारतीय खेल जगत, विशेषकर निशानेबाजी के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
खेल खिलाड़ी
FIFA World Cup 2026 आज से: 48 टीमों के बीच 104 मैच, पहली बार 3 देश कर रहे मेजबानी; जानिए टूर्नामेंट की हर बड़ी बात

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल का सबसे बड़ा महाकुंभ FIFA Men’s World Cup 2026 आज यानी 11 जून से शुरू हो रहा है। यह टूर्नामेंट 20 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेला जाएगा। FIFA वर्ल्ड कप के 96 साल के इतिहास में पहली बार तीन देश मिलकर मेजबानी कर रहे हैं।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा, जहां मेजबान मेक्सिको और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगे। इस बार वर्ल्ड कप कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे।
मेक्सिको ने रचा नया इतिहास
मेक्सिको दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जिसे तीसरी बार FIFA पुरुष वर्ल्ड कप की मेजबानी का मौका मिला है। इससे पहले वह 1970 और 1986 में भी टूर्नामेंट होस्ट कर चुका है। वहीं, 2002 में जापान और दक्षिण कोरिया ने पहली बार संयुक्त रूप से वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। अब पहली बार तीन देशों को यह जिम्मेदारी मिली है।
48 टीमों के साथ सबसे बड़ा वर्ल्ड कप
1998 से अब तक FIFA वर्ल्ड कप में 32 टीमें हिस्सा लेती थीं, लेकिन इस बार टीमों की संख्या बढ़ाकर 48 कर दी गई है। इन टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है और प्रत्येक ग्रुप में 4 टीमें शामिल हैं। ग्रुप चरण में हर टीम तीन मुकाबले खेलेगी। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचेंगी। इसके अलावा तीसरे स्थान पर रहने वाली 12 टीमों में से सर्वश्रेष्ठ 8 टीमों को भी नॉकआउट चरण का टिकट मिलेगा। इस तरह कुल 32 टीमें नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी, जबकि पहले केवल 16 टीमों को यह मौका मिलता था।
मेसी और रोनाल्डो पर रहेंगी नजरें
टूर्नामेंट में दुनिया के 1,248 फुटबॉल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। फुटबॉल प्रेमियों की नजरें एक बार फिर अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर टिकी रहेंगी।
चार देशों का पहला वर्ल्ड कप
इस बार चार देश पहली बार FIFA वर्ल्ड कप में खेलते नजर आएंगे। इनमें काबो वर्डी, क्यूरासाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान शामिल हैं। इसके अलावा हैती 1974 के बाद पहली बार टूर्नामेंट में लौटा है। ऑस्ट्रिया, नॉर्वे और स्कॉटलैंड की टीमें भी 1998 के बाद वापसी कर रही हैं।
विजेता टीम पर होगी पैसों की बारिश
FIFA वर्ल्ड कप 2026 में रिकॉर्ड पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 48 टीमों के बीच 655 मिलियन डॉलर (करीब 5,600 करोड़ रुपए) से अधिक की राशि बांटी जाएगी। चैंपियन टीम को 50 मिलियन डॉलर (करीब 429 करोड़ रुपए) मिलेंगे। उपविजेता को 33 मिलियन डॉलर (करीब 283 करोड़ रुपए) दिए जाएंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को लगभग 249 करोड़ रुपए और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को करीब 232 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी।
पहली बार होगा हाफटाइम शो
FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहली बार हाफटाइम शो भी आयोजित किया जाएगा। यह फीचर अमेरिकी खेल आयोजनों की तर्ज पर जोड़ा गया है और इसे टूर्नामेंट का एक बड़ा आकर्षण माना जा रहा है।
ख़बर मध्यप्रदेश24 hours agoUjjain: महाकाल भस्म आरती के नियम बदले, अब 3 महीने में एक बार ही मोबाइल नंबर से मिलेगी अनुमति
ख़बर उत्तरप्रदेश22 hours agoLucknow: कोचिंग सेंटर वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 15 की मौत
ख़बर छत्तीसगढ़23 hours agoChhattisgarh: रायपुर से रवाना हुई सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा, मुख्यमंत्री साय ने दिखाई विशेष ट्रेन को हरी झंडी
ख़बर छत्तीसगढ़16 hours agoChhattisgarh: राजनांदगांव को 510 करोड़ की सौगात, 333 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन; किसानों को मिलेंगे ₹15 हजार प्रति एकड़






















