ख़बर मध्यप्रदेश
Gwalior: बांग्लादेशी सलमा ने मीनू बनकर किया बड़ा खेल, नौकरानी से बन गई मालकिन

Gwalior: आज के दौर में किसी पर भी आंख बंद कर भरोसा करना, आपके लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है। ग्वालियर में एक रिटॉयर्ड एडिशनल सेक्रेटरी के पिता की देखरेख करने वाली नौकरानी ने संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी वसीयत ही बनवा ली। गुजरात सरकार में एडिशनल सेक्रेटरी रहे दीपक सक्सेना ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया है कि उनकी नौकरानी सलमा ने उनके पिता प्रेम नारायण सक्सेना की संपत्ति हड़पने के लिए मीनू सक्सेना बनकर कहीं पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे खुद को पत्नी बताया, तो कहीं पर खुद को बेटी दिखाया। इसके लिए नौकरानी सलमा ने मीनू सक्सेना के नाम से फर्जी पेन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर आईडी कार्ड तक बनवा लिए।

पिता की सेवा के लिए नोएडा से ग्वालियर भेजा
शिकायतकर्ता दीपक सक्सेना का कहना है कि सलमा पहले नोएडा में उनके घर में काम करती थी। यह नौकरानी पुरानी थी, इसलिए पूरा परिवार उस पर भरोसा भी करता था। इसीलिए पिता की देखभाल करने के लिए उन्होंने अपने पिता के पास उसे ग्वालियर भेज दिया। सक्सेना की प्रॉपर्टी देखकर सलमा के मन में लालच आया और उसने मीनू सक्सेना के नाम से फर्जी पेन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवा लिए। सलमा ने प्रेमनारायण सक्सेना की एक फर्जी वसीयत भी तैयार कर ली और उनकी प्रॉपर्टी पर दावा ठोक दिया।
वसीयत के सहारे पैतृक संपत्ति बेचने की कोशिश में हुआ खुलासा
नौकरानी सलमा ने शिकायतकर्ता दीपक सक्सेना के पिता प्रेमनारायण सक्सेना के पिता की मौत के बाद मुरैना में ढाई करोड़ की पैतृक संपत्ति बेचकर नामांतरण करने के लिए आवेदन दिया, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। चूंकि संपत्ति पैतृक थी, इसलिए उसने दीपक सक्सेना के चाचा भी हिस्सेदार थे और उनकी सहमति के बिना नामांतरण संभव नहीं था, तो उन्होंने मामले की जानकारी लगने पर इसकी सूचना दीपक सक्सेना को दी। रिटॉयर्ड एडिशनल सेक्रेटरी दीपक सक्सेना ने पूरे मामले की शिकायत ग्वालियर पुलिस में की, जिसके बाद पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन घर का सामान बेचकर फरार हुई सलमा अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आई है।
मामले की शुरुआत में सलमा ने मीनू बनकर दिखाई दबंगी
शिकायतकर्ता ने जब पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत की, तो मीनू सक्सेना बनी सलमा ने ऐसी कहानी रची, जिस पर कोई भी भरोसा कर ले। सलमा उर्फ मीनू ने कहा कि वह बचपन से ही दीपक सक्सेना के घर रहती थी और उनके पिता की सेवा करती थी। सेवा से खुश होकर एडिशनल सेक्रेटरी दीपक सक्सेना के पिता प्रेमनारायण सक्सेना ने मकान और जमीन उसके नाम कर दी। जबकि दीपक सक्सेना का आरोप है कि सलमा उर्फ मीनू ने फर्जी दस्तावेज बनवाए और इस आधार पर फर्जी वसीयत करवाई। रिटॉयर्ड एडिशनल सेक्रेटरी दीपक सक्सेना का कहना है कि कथित मीनू सक्सेना बांग्लादेशी है और इसका नाम सलमा है। पहले यह नोएडा में मजदूरी करती थी और इसके घर में इस्लाम धर्म की तस्वीर लगी थी। इस मामले में पुलिस ने एडिशनल सेक्रेटरी दीपक सक्सेना के बयान दर्ज कर लिए हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: मध्य प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों की झड़ी, 4 दिन में 14 नेताओं को मंत्री दर्जा, महेंद्र सिंह यादव बने अपेक्स बैंक प्रशासक

Bhopal: मध्य प्रदेश में बीते कुछ दिनों से राजनीतिक नियुक्तियों का दौर तेज़ हो गया है। इसी कड़ी में ग्वालियर के भाजपा नेता महेन्द्र सिंह यादव को अपेक्स बैंक का प्रशासक नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि पिछले चार दिनों में राज्य सरकार ने 14 नेताओं को मंत्री दर्जा देते हुए विभिन्न निगम, मंडलों और आयोगों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
23 अप्रैल को हुई नियुक्तियां
राम लाल रौतेल- अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति आयोग
मंगल सिंह धुर्वे, भगत नेताम- सदस्य, अनुसूचित जनजाति आयोग
कैलाश जाटव- अध्यक्ष, अनुसूचित जाति आयोग
रामलाल मालवीय, बारेलाल अहिरवार- सदस्य, अनुसूचित जाति आयोग
24 अप्रैल को हुई नियुक्तियां
केशव सिंह बघेल- अध्यक्ष, पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम
अशोक जादौन- अध्यक्ष, ग्वालियर मेला प्राधिकरण
उदयवीर सिंह गुर्जर- उपाध्यक्ष, ग्वालियर मेला प्राधिकरण
25 अप्रैल को जारी आदेश
केपी यादव- अध्यक्ष, नागरिक आपूर्ति निगम
संजीव कांकर- उपाध्यक्ष, नागरिक आपूर्ति निगम
संजय नगायच – अध्यक्ष, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन
केशव सिंह भदौरिया – अध्यक्ष, महाराणा प्रताप बोर्ड
राज्य में लगातार हो रही इन नियुक्तियों को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार द्वारा विभिन्न सामाजिक और प्रशासनिक संस्थाओं में नई जिम्मेदारियां देकर राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश भी साफ नजर आ रही है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: बारात से लौट रहे युवकों की कार को टैंकर ने रौंदा, 6 दोस्तों की मौत, एक गंभीर

Barwani accident: बड़वानी जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा जुलवानिया टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार टैंकर ने बारातियों से भरी कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक सभी युवक शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में एक वाहन का डीजल खत्म हो गया, जिसके लिए ये दूसरी कार से जुलवानिया की ओर गए थे। वापसी के दौरान खरगोन की तरफ से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
कार के अंदर फंसे रहे युवक
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। सभी युवक कार के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। शुरुआत में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाद में 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एम्बुलेंस खराब, जिला अस्पताल पहुंचने में हुई देरी
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी दौरान एम्बुलेंस में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे करीब 20 मिनट की देरी हुई। हालात बिगड़ने पर परिजन ही घायलों को निजी साधनों से अस्पताल लेकर पहुंचे। विशेषज्ञों के मुताबिक हादसे के बाद का ‘गोल्डन ऑवर’ बेहद अहम होता है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: भोपाल से चंदेरी-ओरछा अब हेलीकॉप्टर से, ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ का विस्तार, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ

Bhopal: मध्यप्रदेश में धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ के नए सेक्टर भोपाल-चंदेरी-ओरछा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम भोपाल स्टेट हैंगर में आयोजित हुआ, जहां यात्रियों को बोर्डिंग पास देकर सेवा की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
कितना है किराया?
- चंदेरी: ₹5500
- ओरछा: ₹6500
इसके अलावा 14,500 रुपए के पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
सप्ताह में 5 दिन उड़ान
यह सेवा बुधवार से रविवार तक संचालित होगी। 6-सीटर आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा के विशेष इंतजाम हैं।
ऐसे करें बुकिंग
यात्री ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बुकिंग कर सकते हैं:
- FlyOla
- IRCTC
पहले से चल रहे सेक्टर
यह सेवा पहले इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर-कान्हा-बांधवगढ़ जैसे रूट्स पर चल रही है। अब तक 2600 से ज्यादा यात्री इसका लाभ ले चुके हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक डकैती, 5 बदमाश 15 करोड़ का सोना-नकदी लूटकर फरार

Singrauli: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न शाखा में 5 हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। करीब 1 बजे हुई इस डकैती में बदमाश फायरिंग करते हुए बैंक में घुसे और करीब 9-10 किलो सोना व लगभग 20 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह सोना ग्राहकों का था, जिसे बैंक ने गिरवी रखकर लोन दिया था। सारा सोना एक ही लॉकर में रखा गया था, जिसे बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपी अपने साथ पिट्ठू बैग और बड़ा कपड़े का थैला लाए थे, जिसमें सारा माल भरकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बैंक में मौजूद थे, तभी दो बदमाश हथियार लेकर अंदर घुसे और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कुछ ही देर में तीन और साथी अंदर आए और पूरे बैंक पर कब्जा कर लिया। बदमाशों ने ग्राहकों और स्टाफ पर बंदूक तान दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
CM के निर्देश पर अफसर मौके पर
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाना देर रात सिंगरौली पहुंचे। इससे पहले रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रसाद पांडे भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुके थे।
मैनेजर पर हमला, 15 मिनट तक आतंक
एसपी मनीष खत्री के मुताबिक, बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश की चाबियां मांगीं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और बंदूक की बट से सिर पर हमला किया गया। करीब 15 मिनट तक बदमाशों ने बैंक में उत्पात मचाया।
जिले की घेराबंदी, CCTV खंगाले जा रहे
वारदात के बाद पुलिस ने पूरे जिले की नाकेबंदी कर दी है। शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स सील कर दिए गए हैं और बैंक व आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी के अनुसार, करीब 14.50 लाख रुपए पिछले दिन के रखे थे, जबकि बाकी रकम उसी दिन का कलेक्शन था। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोना-चांदी भी लॉकर में रखा था, जिसे बदमाश लूटकर ले गए।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Board Result: 15 अप्रैल को आएगा एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म

MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश में एमपी बोर्ड 10 वीं और 12वीं के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने निवास से रिजल्ट घोषित करेंगे। इस साल करीब 16 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें लगभग 9.07 लाख विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 3856 केंद्र बनाए गए थे।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
छात्र घर बैठे अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट https://mpbse.mponline.gov.in, https://www.digilocker.gov.in/web/dashboard/issuers पर जाकर रोल नंबर डालकर रिजल्ट चेक किया जा सकता है।
रिजल्ट रहेगा ‘फुलप्रूफ’
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि रिजल्ट जारी करने से पहले हर स्तर पर क्रॉस चेकिंग और वेरिफिकेशन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार रिजल्ट पूरी तरह ‘फुलप्रूफ’ रखा गया है, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।
















