ख़बर यूपी / बिहार
मुख्यमंत्री योगी की सुरक्षा बढ़ाई गई, सीआरपीएफ ने संभाला मोर्चा

लखनऊ: गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात पीएसी जवानों पर एक युवक मुर्तजा अब्बासी के हमले के बाद मुख्यमंत्री योगी की सुरक्षा की समीक्षा की गई है। सीएम योगी पर खतरे की आशंका को देखते हुए अब उनकी सुरक्षा में सीआरपीएफ जवानों को भी तैनात किया गया है। CRPF की दो प्लाटून मुख्यमंत्री योगी के सरकारी आवास (5 KD) पर तैनात की गई हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी को पहले से ही जेड प्लस सुरक्षा दी गई है। प्रधानमंत्री मोदी के बाद सीएम योगी ही सबसे कड़े सुरक्षा कवर में रहते हैं। उनकी सुरक्षा में 25-28 एनएसजी के स्पेशल कमांडो की तैनाती है। अब सीआरपीएफ भी उनकी सुरक्षा से जुड़ गई है। माना जा रहा है कि गोरखनाथ मंदिर में हुए हमले के बाद शासन की तरफ से यह फैसला लिया गया है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस

Lucknow: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 साल के थे। उन्हें सुबह करीब 6 बजे सिविल हॉस्पिटल लखनऊ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक, जब प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया तब उनकी पल्स डाउन थी और हार्ट काम करना बंद कर चुका था। प्रतीक यादव को उनकी पत्नी अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
असम में थीं पत्नी अपर्णा यादव
प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव उस समय असम में थीं। वह मुख्यमंत्री हेमंत विस्वा शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गई थीं। सूचना मिलने के बाद वह तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11 बजे भी प्रतीक यादव की तबीयत अचानक खराब हुई थी। तब उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन हालत में सुधार होने पर वह घर लौट आए थे। इससे पहले 30 अप्रैल को भी उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
फेफड़ों की गंभीर बीमारी से थे पीड़ित
डॉक्टरों के अनुसार, प्रतीक यादव पल्मोनरी एम्बोलिज्म नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी में फेफड़ों की नसों में खून का थक्का फंस जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन बाधित हो जाता है।
KGMU में हुआ पोस्टमॉर्टम
प्रतीक यादव के शव का पोस्टमॉर्टम King George’s Medical University में कराया गया। इसके बाद शव को उनके आवास ले जाया गया।
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी के बेटे थे प्रतीक
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साधना गुप्ता की पहली शादी चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी। बाद में तलाक के बाद उनकी नजदीकियां मुलायम सिंह यादव से बढ़ीं और वर्ष 2003 में दोनों ने शादी की थी। इसके बाद मुलायम सिंह ने सार्वजनिक रूप से प्रतीक को बेटे का दर्जा दिया था।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: ‘साइको किलर’ पुलिस एनकाउंटर में ढेर, 26 घंटे में ट्रेन और अस्पताल में की थीं 3 हत्याएं

UP psycho killer: उत्तर प्रदेश के चंदौली में 26 घंटे के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याएं करने वाला आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और बाद में जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस अफसर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात आरोपी गुरप्रीत सिंह को घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने एक पुलिस अधिकारी की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके सिर और सीने में गोली लगी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
26 घंटे में 3 हत्याएं, एक जैसा पैटर्न
45 साल के गुरप्रीत सिंह ने चंदौली में बेहद कम समय में तीन लोगों की हत्या की थी। तीनों मामलों में हत्या का तरीका लगभग एक जैसा था। आरोपी ने पीड़ितों की कनपटी पर गोली मारी थी।
ट्रेन में की दो हत्याएं
पहली वारदात रविवार सुबह करीब 7 बजे हुई। आरोपी ने पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक को गोली मार दी।इसके बाद रविवार रात करीब 2 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में बाथरूम गए एक अन्य युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
अस्पताल में महिला की हत्या
तीसरी वारदात सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हुई। आरोपी एक प्राइवेट अस्पताल में घुसा और बेड पर भर्ती महिला की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। हत्या के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ में बोला आरोपी- ‘मैं मन का राजा हूं’
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा, “मैं मन का राजा हूं। शराब पीने के बाद होश में नहीं रहता। जो मन में आता है, करता हूं।” उसने यह भी कबूल किया कि वह पहले ही दो-तीन लोगों की हत्या कर चुका है।
आर्मी से रिटायर था आरोपी
गुरप्रीत सिंह मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला था। वह करीब छह साल पहले सेना से रिटायर हुआ था।पुलिस के अनुसार, उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। वह शादीशुदा था, लेकिन उसने अपने परिवार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: यूपी में कल होगा योगी कैबिनेट विस्तार, आधा दर्जन नए मंत्री ले सकते हैं शपथ, कई के विभागों में बदलाव संभव

Lucknow: उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट का विस्तार रविवार को होने जा रहा है। रविवार शाम करीब 3:30 बजे राजभवन में 5-6 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही कई मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है।
राज्यपाल से मिले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब 6:30 बजे राजभवन पहुंचे, जहां उनकी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात हुई। बैठक में अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, सीएम योगी ने नए मंत्रियों की सूची राज्यपाल को सौंप दी है।
कुछ मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार सिर्फ नए चेहरों को मौका नहीं मिलेगा, बल्कि कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो शपथ लेने वाले मंत्रियों की संख्या 6 से ज्यादा भी हो सकती है। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।
योगी 2.0 का दूसरा विस्तार
यह योगी सरकार 2.0 का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार होगा। इससे पहले पहला विस्तार 5 मार्च 2024 को लोकसभा चुनाव से ठीक पहले किया गया था। फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत उत्तर प्रदेश सरकार में कुल 54 मंत्री हैं। संवैधानिक प्रावधानों के तहत अभी 6 और मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है।
जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की तैयारी
माना जा रहा है कि इस विस्तार में भाजपा सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने पर फोकस कर सकती है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिम यूपी के नेताओं को प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है।
ख़बर बिहार
Bihar: भागलपुर में बड़ा हादसा टला, विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गंगा में गिरा, सीमांचल से संपर्क टूटा

Vikramshila Setu: बिहार के भागलपुर में रविवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा अचानक धंसकर नदी में गिर गया। घटना रात करीब 1:10 बजे की बताई जा रही है। पुल के पिलर नंबर 4 और 5 के बीच बना स्लैब गंगा में समा गया, जिससे भागलपुर का सीमांचल क्षेत्र से सीधा संपर्क टूट गया है। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने पहले ही पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। इसी वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शाम से आने लगी थी दरार
जानकारी के मुताबिक, पुल के एक्सपेंशन जॉइंट में रविवार शाम से ही दरार दिखाई देने लगी थी। देर रात पहले करीब 10 इंच का जॉइंट सस्पेंशन धंसा और फिर कुछ ही देर बाद 34 मीटर लंबा स्लैब गंगा में गिर गया। उस समय पुल पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से सभी गाड़ियों को समय रहते हटा दिया गया। इसके बाद पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई।
मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही SSP प्रमोद कुमार यादव, सदर SDM विकास कुमार, सिटी DSP अजय कुमार चौधरी और ट्रैफिक DSP संजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ट्रैफिक को तत्काल डायवर्ट कराया। सिटी DSP अजय चौधरी ने बताया कि वाहनों को अब मुंगेर पुल की ओर भेजा जा रहा है। नवगछिया और भागलपुर दोनों तरफ पुलिस बल तैनात किया गया है।
DM बोले- पहले ही रोक दी थी आवाजाही
भागलपुर DM डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि रात 12:35 बजे से पुल का स्लैब धंसना शुरू हो गया था। उससे पहले ही ट्रैफिक रोक दिया गया था, इसलिए कोई हादसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जल्द ही हाई लेवल तकनीकी टीम पुल का निरीक्षण करेगी।
15 दिन लग सकते हैं मरम्मत में
NH विभाग के SDO सुधीर कुमार के अनुसार, करीब 34 मीटर का स्लैब नदी में गिरा है। नया स्लैब तैयार कर लगाने में कम से कम 15 दिन लग सकते हैं। पुल निगम के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
16 जिलों की लाइफलाइन है विक्रमशिला सेतु
विक्रमशिला सेतु बिहार के सीमांचल और कोसी इलाके के लिए बेहद अहम माना जाता है। यह पुल भागलपुर को नवगछिया समेत 16 जिलों से जोड़ता है। रोजाना करीब 50 हजार वाहन और लगभग एक लाख लोग इस पुल से गुजरते हैं। 4.7 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन साल 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने किया था। यह NH-131A का हिस्सा है और पूर्वोत्तर राज्यों के व्यापारिक संपर्क के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। पिछले कुछ वर्षों से पुल में जॉइंट और एक्सपेंशन गैप की समस्या को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आखिरी बार इसकी मरम्मत 2020 में हुई थी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने 4 बच्चों की हत्या की, पति के सऊदी में दूसरी शादी करने से थी नाराज

Ambedkar Nagar: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने ही चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, महिला का पति पिछले चार साल से सऊदी अरब में रह रहा था और उसने वहां दूसरी शादी कर ली थी। इसी तनाव के चलते महिला ने कथित तौर पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना अकबरपुर के मीरानपुर इलाके की है। शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि एक घर अंदर से बंद है और बच्चों से संपर्क नहीं हो पा रहा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद टीम पहली मंजिल की बालकनी के रास्ते घर में दाखिल हुई। कमरे के अंदर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
मृत बच्चों में शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और 8 वर्षीय बेटी बयान उर्फ सादिया शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बच्चों की मां गासिया खातून घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पति ने सऊदी में कर ली दूसरी शादी
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला का पति नियाज पिछले चार साल से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था। इसी दौरान उसने वहां एक पाकिस्तानी महिला से दूसरा निकाह कर लिया। इसके बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव को घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।
जहरीला पदार्थ खिलाने की आशंका
फोरेंसिक जांच में कमरे की दीवारों और बिस्तर पर खून के छींटे मिले हैं। बच्चों के उल्टी करने के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि पहले बच्चों को खाने में कोई जहरीला पदार्थ दिया गया, फिर उनके सिर पर भारी वस्तु से हमला किया गया। हालांकि घटनास्थल से ईंट या हथौड़ा बरामद नहीं हुआ है।
कई सवाल अब भी बरकरार
पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हैं। अगर बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया गया तो बचा हुआ खाना कहां गया? बर्तन साफ क्यों मिले? महिला घर से कैसे फरार हुई? क्या किसी और ने उसकी मदद की? इन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
मायके पक्ष से पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने महिला के मायके में भी दबिश दी और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, महिला का निकाह उसकी बुआ के लड़के नियाज से हुआ था। परिवार और गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने चारों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और फरार महिला की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।
ख़बर छत्तीसगढ़18 hours agoRaipur: छत्तीसगढ़ में नर्सिंग स्टाफ के पदनाम बदले, ‘नर्सिंग सिस्टर’ अब कहलाएंगी ‘सीनियर नर्सिंग ऑफिसर’
ख़बर देश18 hours agoNEET UG 2026: पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA का बड़ा फैसला, NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, CBI करेगी जांच
ख़बर उत्तरप्रदेश18 hours agoUP News: ‘साइको किलर’ पुलिस एनकाउंटर में ढेर, 26 घंटे में ट्रेन और अस्पताल में की थीं 3 हत्याएं
ख़बर देश18 hours agoMonsoon 2026: देश में मानसून 25-27 मई के बीच केरल पहुंचने के आसार, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
ख़बर छत्तीसगढ़16 hours agoChhattisgarh: दुर्ग में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, सरकार देगी 5-5 लाख की सहायता
ख़बर उत्तरप्रदेश5 hours agoUP News: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस





















