खेल खिलाड़ी
Chhattisgarh: मुख्यमंत्री साय ने उभरती तीरंदाज नवलीन कौर को दी बधाई, कहा- मिलेगा हरसंभव सहयोग

Raipur: खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के हर खिलाड़ी को उसकी मेहनत, लगन और क्षमता के अनुरूप अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने महासमुंद जिले की नवोदित तीरंदाज नवलीन कौर को आगामी राष्ट्रीय खेलों में तीरंदाजी में स्थान बनाने पर बधाई और शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवलीन जैसी खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के भविष्य की नींव हैं और सरकार उन्हें खेल के हर स्तर पर निखारने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
जन्म से ही स्वास्थ्यगत चुनौतियों से जूझने वाली नवलीन ने इसे अपनी कमज़ोरी नहीं, बल्कि ताकत में बदल दिया और खेल को अपना जीवन-मार्ग चुना। उन्होंने फरवरी 2025 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि इच्छाशक्ति और मेहनत के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
महासमुंद जिले के बागबाहरा की निवासी नवलीन कौर, अरविंद एवं रंजीत कौर छाबड़ा की सुपुत्री हैं। उनका जन्म गर्भावस्था के सातवें महीने में हुआ था, जिससे प्रारंभिक वर्षों में स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियाँ रहीं। आस-पड़ोस, रिश्तेदार और परिचित हमेशा उनकी तबीयत के बारे में पूछते रहते थे, जिससे वह कभी-कभी उदास हो जाती थीं। लेकिन नवलीन ने इस जिज्ञासा को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और खुद को एक नई दिशा में ढाल दिया।
वर्ष 2018 में नवलीन ने बागबाहरा से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित बिहाझर बालाश्रम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्रारंभ किया। वे महासमुंद जिले की पहली महिला तीरंदाज बनीं। स्कूली शिक्षा के दौरान उन्होंने दो बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए और एक बार राष्ट्रीय स्तर की स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता में चौथा स्थान अर्जित किया। वर्ष 2023 में उन्होंने गुजरात में आयोजित एफजीएफआई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया और राज्य स्तरीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
नवलीन का लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना है। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में कंपाउंड बो से खेला जाता है, जिसके लिए उनके परिजनों ने उन्हें एक नया आधुनिक कंपाउंड धनुष प्रदान किया है। उन्होंने सिटी ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता में कंपाउंड राउंड बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर इसकी शानदार शुरुआत की है। वर्तमान में नवलीन कोच एवन साहू एवं खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे से तीरंदाजी के गुर सीख रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि क्रिकेट की लोकप्रियता के इस दौर में कोई खिलाड़ी यदि तीरंदाजी जैसे विशिष्ट खेल में कड़ी मेहनत करके प्रदेश और देश के लिए मेडल लाने की दिशा में काम कर रहा है, तो यह न केवल सराहनीय है बल्कि प्रेरणास्पद भी। नवलीन जैसी प्रतिभाएं छत्तीसगढ़ के युवाओं को यह संदेश देती हैं कि प्रतिबद्धता, अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
खेल खिलाड़ी
Saina Nehwal: शादी के सात साल बाद अलग होंगे साइना-कश्यप, इंस्टाग्राम पर साइना ने शेयर किया नोट

Saina Nehwal Divorce: भारतीय बैडमिंटन स्टार प्लेयर साइना नेहवाल ने रविवार देर रात इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर कर अपने पति और बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप (पी. कश्यप) से अलग होने की जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर स्टोरी में एक नोट शेयर करते हुए लिखा, ‘बहुत सोच-विचार के बाद, कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है।’
साइना ने आगे लिखा, ‘जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। हम एक-दूसरे के लिए शांति, तरक्की और उबरना चुन रहे हैं। मैं उनके साथ सभी यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।’
साइना और पी. कश्यप ने करीब 10 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 14 दिसंबर, 2018 को लव मैरिज की थी। दोनों 2007 से रिलेशनशिप में थे। साइना और पी. कश्यप अपने करियर के शुरुआती दिनों में हैदराबाद के पुलेला गोपीचंद एकेडमी में एक साथ ट्रेनिंग करते थे।
खेल खिलाड़ी
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के लाल अनिमेष कुजूर ने एथेंस में रचा नया इतिहास, CM साय ने दी बधाई

Dromia International Sprint Meet: छत्तीसगढ़ के युवा धावक अनिमेष कुजूर ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को मात्र 10.18 सेकेंड में पूरा कर भारत के लिए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने X पर कहा कि ‘हम सभी के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है कि छत्तीसगढ़ के अनिमेष कुजूर ने ग्रीस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को मात्र 10.18 सेकेंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। इससे पहले अनिमेष ने दक्षिण कोरिया में हुए एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ को 20.32 सेकेंड में पूरा कर एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने युवा खिलाड़ी अनिमेष को बधाई देते हुए कहा कि आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर युवा को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। छत्तीसगढ़ को आप पर गर्व है।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष की यह उपलब्धि युवा शक्ति के आत्मविश्वास और सपनों की उड़ान का प्रतीक है। उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
खेल खिलाड़ी
IND vs ENG: बर्मिंघम टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 336 रनों से हराया, पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर

IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को एजबेस्टन ग्राउंड में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 336 रनों के अंतर से हरा दिया है। इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार है जब इंग्लैंड को एजबेस्टन मैदान पर भारत के खिलाफ हार मिली है। भारत ने इंग्लैंड को 608 रनों का टारगेट दिया था। इंग्लैंड की दूसरी पारी मैच के आखिरी दिन 271 रन पर ऑलआउट हुई और भारत ने जीत हासिल की।
मैच के आखिरी दिन इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 72 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। बारिश के कारण मुकाबला करीब 90 मिनट की देरी से शुरू हुआ। लंच तक अंग्रेजों ने तीन विकेट और गंवा दिए। दूसरे सत्र में बाकी बचे चार विकेट गिरे। भारत के लिए आकाश दीप ने 6, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 587 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने 269 रनों की पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 407 रन पर सिमट गई। भारत ने अपनी दूसरी पारी 6 विकेट पर 427 रन के स्कोर पर घोषित कर दी। गिल फिर टॉप स्कोरर रहे और 161 रन बनाए। वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने इस मैच की दोनों पारियों में मिलाकर 430 रन बनाए, जबकि आकाश दीप ने 10 विकेट झटके।
खेल खिलाड़ी
Ind vs Eng: भारत की पहली पारी 587 रन पर ऑलआउट, सबसे लंबी पारी खेलने वाले कप्तान बने गिल, तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड

Ind vs Eng: बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम पहली पारी में इंग्लैंड के खिलाफ 587 रन पर ऑलआउट हो गई है। पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल ने 387 गेंदों पर 269 रन बनाए, जिसमें 30 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। गिल टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली के नाम था। कोहली ने अक्टूबर 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पुणे टेस्ट मैच में नाबाद 254* रन बनाए थे।
भारतीय पारी में शुभमन के अलावा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 87 और रवींद्र जडेजा ने 89 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 42 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से शोएब बशीर ने 3 विकेट झटके। क्रिस वोक्स और जोश टंग को 2-2 विकेट मिले। वहीं ब्रायडन कार्स, जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स को एक-एक विकेट हासिल हुए।
खेल खिलाड़ी
Rishabh Pant: लीड्स टेस्ट की दूसरी पारी में भी ऋषभ पंत ने ठोका शतक, लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी

IND vs ENG: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट की दूसरी पारी में भी शतक ठोक दिया है। ऋषभ ने पहली में शानदार 134 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में उनके बल्ले से 118 रन आए। लीड्स टेस्ट के चौथे दिन शुरुआत में ही पंत बल्लेबाजी करने आ गए थे। पंत ने 130 गेंदों पर अपना 8वां टेस्ट शतक लगाया। यह इंग्लैंड में भारतीय उपकप्तान का चौथा टेस्ट शतक है। वह 140 गेंद पर 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 118 रन बनाकर आउट हुए।
पंत इंग्लैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर और दिलीप वेंगसकर के बराबर पहुंच गए हैं। सचिन ने 17 तो वेंगसरकर ने 13 टेस्ट में 4 शतक लगाए थे। यह पंत का इंग्लैंड में 10वां मैच ही है। 13 मैच में 6 शतक के साथ राहुल द्रविड़ पहले नंबर पर हैं।
दोनों पारी में शतक लगाने वाले पंत 7वें भारतीय बल्लेबाज
टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले ऋषभ पंत भारत के पहले विकेटकीपर और कुल 7वें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि विजय हजारे, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा अपने नाम कर चुके हैं। इंग्लैंड में ऐसा करने वाले पंत पहले भारतीय हैं। इसके साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ भी कोई भारतीय बल्लेबाज अभी तक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक नहीं लगा पाया था।
एंडी फ्लावर के बाद पंत ने किया यह कारनामा
ऋषभ पंत से पहले टेस्ट इतिहास में सिर्फ एक ही विकेटकीपर बल्लेबाज ने एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया था। जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर ने 2001 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह कारनामा किया था। उन्होंने हरारे में 142 और 199 रनों की पारी खेली थी। 44वां मैच खेल रहे पंत का यह 8वां शतक है। पंत की यह पारी न सिर्फ भारत को मैच में बनाए रखने के लिए अहम रही, बल्कि उनके करियर के लिहाज़ से भी मील का पत्थर साबित हुई।
- ख़बर छत्तीसगढ़4 hours ago
Chhattisgarh: मुख्यमंत्री साय ने सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं की रोकथाम के दिए निर्देश, बोले- समस्या गंभीर, ढिलाई स्वीकार्य नहीं
- ख़बर देश11 hours ago
Jagdeep Dhankhar: राष्ट्रपति मुर्मू ने मंजूर किया उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा, PM मोदी बोले- उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं
- ख़बर देश10 hours ago
Kanwar Yatra: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, ‘कांवड़ मार्ग पर सभी होटलों को लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दिखाना होगा’
- ख़बर मध्यप्रदेश5 hours ago
MP Cabinet: उज्जैन और ग्वालियर व्यापार मेले में वाहनों पर टैक्स में मिलेगी 50% की छूट, कैबिनेट में लिए गए कई अहम निर्णय
- ख़बर मध्यप्रदेश3 hours ago
MP News: ‘खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण पर करें कठोर कार्यवाही’, सीएम के निर्देश- किसानों को खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें