ख़बर यूपी / बिहार
उत्तरप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 आईपीएस अफसरों के तबादले, 10 डीएम भी बदले गए

लखनऊ:(Big administrative reshuffle in Uttar Pradesh) उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक कसावट के लिए बड़ा फेरबदल किया है। प्रदेश में 10 जिलों के डीएम समेत 14 आईपीएस अफसरों के तबादले हुए हैं। नीतीश कुमार रामनगरी अयोध्या के नए डीएम होंगे। मनोज कुमार महोबा और रविंद्र कुमार झांसी के डीएम बनाए गए हैं। संजय सिंह फर्रुखाबाद, सीपी सिंह बुलंदशहर और मानवेंद्र बरेली के नए डीएम होंगे। वहीं, हर्षिता माथुर कासगंज, सत्येंद्र कुमार महाराजगंज के डीएम नियुक्त किए गए हैं। नेहा प्रकाश श्रावस्ती और टीके शिबू सोनभद्र के डीएम बनाए गए हैं।
14 आईपीएस अफसरों का तबादला
आईपीएस अफसर सुधीर कुमार सिंह को एसएसपी आगरा, जयप्रकाश सिंह को एसएसपी इटावा, आकाश तोमर को एसएसपी सहारनपुर नियुक्त किया गया है। वहीं दिनेश त्रिपाठी उन्नाव, अनुराग आर्य आजमगढ़, अनुराग वत्स बाराबंकी और अंकुर अग्रवाल चंदौली के एसपी होंगे। आईपीएस मुनिराज चुनाव सेल, एस चिनप्पा वीआईपी सुरक्षा और अखिलेश निगम लखनऊ कोऑपरेटिव सेल के एसपी होंगे। बृजेश कुमार सिंह को एसपी एटीएस बनाया गया है। अविनाश पांडे को अलीगढ़ पीएसी में ट्रांसफर किया गया है। यमुना प्रसाद को बरेली में इंटेलिजेंस के पद पर नियुक्त किया गया है। अमित कुमार नोएडा के डीसीपी होंगे।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Varanasi Encounter: 10 हत्याओं का आरोपी बनारसी यादव ढेर, 50 करोड़ की जमीन के लिए कॉलोनाइजर की करवाई थी हत्या

Varanasi Encounter: वाराणसी में सुपारी लेकर हत्या कराने वाले कुख्यात अपराधी बनारसी यादव को STF ने एनकाउंटर में मार गिराया। मंगलवार देर रात इनपुट के आधार पर STF टीम ने चौबेपुर रोड पर उसकी घेराबंदी की। इंस्पेक्टर ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन बनारसी ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश की गोली से दो सिपाही बाल-बाल बच गए। इसके बाद STF ने जवाबी कार्रवाई की। आमने-सामने करीब 5 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो गोलियां बनारसी को लगीं। वह मौके पर गिर पड़ा। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एनकाउंटर के बाद बनारसी के पास से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए। वह गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र का रहने वाला था। बनारसी पर वाराणसी, गाजीपुर सहित कई जिलों में हत्या, रंगदारी और सुपारी किलिंग के कुल 21 मुकदमे दर्ज थे। इनमें 10 हत्याएं शामिल थीं। पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
50 करोड़ की जमीन के लिए दी गई थी सुपारी
करीब पांच महीने पहले गाजीपुर के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर योगेंद्र यादव ने 50 करोड़ रुपए की जमीन के विवाद में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या करवाई थी। इसके लिए योगेंद्र ने बनारसी यादव को 5 लाख रुपए की सुपारी दी थी। बनारसी ने फौजी अरविंद यादव और विशाल समेत तीन शूटरों को हायर किया। 21 अगस्त 2025 को बदमाशों ने दिनदहाड़े ऑफिस जा रहे कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले के खुलासे के बाद बनारसी यादव फरार हो गया था।
मोबाइल से दूरी, हुलिया बदलने में था माहिर
बनारसी यादव पूर्वांचल के सबसे शातिर शूटरों में गिना जाता था। वह कभी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और लगातार ठिकाने बदलता रहता था। हुलिया बदलने में माहिर होने की वजह से पुलिस के पास लंबे समय तक उसकी कोई पुख्ता तस्वीर भी नहीं थी। सारनाथ में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या के बाद जब बनारसी का नाम सामने आया, तब पुलिस को उसके नेटवर्क और मौजूदगी के ठोस सुराग मिले। इसके बाद STF उसकी तलाश में जुटी थी।
दिनदहाड़े हुई थी कॉलोनाइजर की हत्या
महेंद्र गौतम बुद्धा सिटी के रहने वाले थे और उनका प्रॉपर्टी का बड़ा कारोबार था। उनके पिता श्यामनाथ RTO अफसर रह चुके थे। महेंद्र ने अपने बेटे अरिहंत के नाम पर रिंग रोड के पास कॉलोनी विकसित की थी, जहां पहले फेज में 127 मकानों की रजिस्ट्री हो चुकी थी। 21 अगस्त 2025 को सुबह करीब साढ़े 8 बजे महेंद्र घर से ऑफिस के लिए निकले थे। ऑफिस से महज 150 मीटर पहले बाइक सवार तीन शूटरों ने उन्हें ओवरटेक कर बेहद नजदीक से फायरिंग की। गर्दन और कनपटी में गोली लगने से महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: यूपी में फर्जी शिक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट सख्त, 6 महीने में जांच पूरी कर दोषियों पर कार्रवाई के आदेश

Prayagraj:उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापकों की नियुक्ति में सामने आए फर्जीवाड़े के मामलों पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने प्रमुख सचिव, बेसिक शिक्षा को निर्देश दिया है कि धोखाधड़ी कर नौकरी हासिल करने वाले सभी शिक्षकों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की जाए। साथ ही, इस फर्जीवाड़े में शामिल या इसे जानबूझकर नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। हाईकोर्ट ने पूरी जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया 6 महीने के भीतर पूरी करने का आदेश दिया है।
मुकदमे से जुड़े तथ्यों के अनुसार, याची को 27 जुलाई 2010 को सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्त किया गया था। करीब 15 वर्षों तक सेवा देने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने 6 अगस्त 2025 को आदेश पारित कर उनकी नियुक्ति रद्द कर दी थी। इसके बाद इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। याची की ओर से दलील दी गई कि नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए गए सभी दस्तावेजों की जांच हो चुकी थी। वहीं, प्रतिवादी बीएसए की तरफ से अदालत को बताया गया कि नियुक्ति के दौरान पेश किए गए सभी शैक्षणिक और अन्य दस्तावेज जांच में जाली पाए गए हैं।
कोर्ट ने याची की याचिका पर सहानुभूति दिखाने के बजाय इस पूरे मामले को बड़े भ्रष्टाचार का हिस्सा करार दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि सरकार को न केवल ऐसी अवैध नियुक्तियां रद्द करनी होंगी, बल्कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने वालों से सरकारी धन की रिकवरी भी करनी होगी।
यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने देवरिया की सहायक अध्यापिका गरिमा सिंह की याचिका खारिज करते हुए दिया है। हाईकोर्ट के इस फैसले को प्रदेश में फर्जी शिक्षक भर्तियों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की दिशा में अहम माना जा रहा है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: रामलीला में रावण की आंख में लगा तीर, रोशनी चली गई, रावण बने कलाकार ने राम और आयोजकों पर दर्ज कराया SC/ST केस

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रामलीला मंचन के दौरान हुआ हादसा अब कानूनी विवाद में बदल गया है। राम-रावण युद्ध के दृश्य में तीर लगने से रावण का किरदार निभा रहे कलाकार की आंखों की रोशनी चली गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार और रामलीला आयोजकों के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है। यहां 13 नवंबर 2025 को रामलीला का मंचन चल रहा था। राम की भूमिका नैतिक पांडेय निभा रहे थे, जबकि रावण के किरदार में सुनील कुमार मंच पर मौजूद थे।
युद्ध दृश्य में चूका निशाना, आंख में लगा तीर
राम-रावण युद्ध के दौरान राम को रावण का मुकुट गिराना था। इसी दौरान धनुष से चलाया गया तीर निशाना चूक गया और सीधे रावण बने सुनील कुमार की बाईं आंख में जा लगा। तीर लगते ही आंख से खून और पानी निकलने लगा। घायल कलाकार को पहले इलाज के लिए ले जाया गया और बाद में वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी आंखों की रोशनी चली गई।
इलाज में मदद न करने और मारपीट का आरोप
पीड़ित सुनील कुमार का आरोप है कि घटना के बाद उसने आयोजकों और राम का किरदार निभा रहे व्यक्ति से इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी, लेकिन सभी ने मदद से इनकार कर दिया। जब वह दोबारा सहायता मांगने पहुंचा तो उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दो महीने बाद दर्ज हुआ केस
घटना के करीब दो महीने बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Agra Encounter: राज चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी मारा गया, दो गिरफ्तार

आगरा: यूपी के आगरा में राज चौहान हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाशों को देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ में घेर लिया। इस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी आशु और मोहित घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आशु और मोहित के पैरों में गोली लगी। वहीं कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर डीसीपी सिटी अली अब्बास ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के लिए नौ विशेष टीमें गठित की थीं। लगातार दबिश और पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
तीनों आरोपियों पर पहले ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, यही आरोपी 23 जनवरी को राज चौहान की गोली मारकर हत्या करने में शामिल थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ था, जिसे देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और एनकाउंटर से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। आगरा पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Mathura: वृंदावन से चुनावी शंखनाद, नितिन नवीन बोले- देश को बांटने वाली ताकतों को जनता नकार रही

Mathura: वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव के समय कुछ ऐसी ताकतें सक्रिय हो जाती हैं, जो समाज को बांटने और काटने का काम करती हैं, लेकिन देश की जनता अब इन्हें नकार रही है।
ब्रजभूमि की धरती से नितिन नवीन ने आगामी चुनावों का शंखनाद करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ मजबूत करें और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाएं।
गांव-गांव जनसंपर्क का आह्वान
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि गांव-गांव और गली-गली जनसंपर्क अभियान चलाया जाए, ताकि आम जनता तक डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके और उनके हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी जा सके। मथुरा पहुंचने पर बाजना कट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह से विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं, भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटी है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से फिर ऐसी सरकार बनेगी, जिसमें विकास के साथ-साथ लोगों का विश्वास भी मजबूत होगा।
योगी बोले- योगेश्वर की नगरी से शुरू होगा नया युग
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि अब योगेश्वर श्रीकृष्ण की नगरी से नवीन युग की शुरुआत होगी। उन्होंने डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब भाजपा की कमान भी युवा नेतृत्व के हाथों में है, जो देश को नई दिशा देगा।
कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक सभी ने मन की बात कार्यक्रम सुना। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संबोधन दिया और फिर बांके बिहारी मंदिर के लिए रवाना हो गए।
ख़बर देश4 hours agoUdhampur Encounter: उधमपुर में जैश के 2 पाकिस्तानी आतंकी ढेर, टॉप कमांडर अबू माविया मारा गया; किश्तवाड़ में ऑपरेशन त्राशी-1 जारी
ख़बर छत्तीसगढ़11 hours agoCG Cabinet: 10 जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, पायलट ट्रेनिंग संस्थान, स्टार्टअप नीति और क्लाउड फर्स्ट पॉलिसी को मंजूरी
ख़बर उत्तरप्रदेश14 hours agoVaranasi Encounter: 10 हत्याओं का आरोपी बनारसी यादव ढेर, 50 करोड़ की जमीन के लिए कॉलोनाइजर की करवाई थी हत्या
खेल खिलाड़ी3 hours agoU-19 WC: भारत 10वीं बार फाइनल में, अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया; 311 रन का सबसे बड़ा रन चेज






















