ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: ‘उत्तरप्रदेश के 21 जनपद बाढ़ प्रभावित’, सीएम योगी बोले- हरसंभव सहायता के लिए सरकार व प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ खड़ी

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को औरैया कलेक्ट्रेट में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किया। सीएम योगी ने इसके बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि पिछले 10-15 दिन के अंदर अत्यधिक बरसात के कारण उत्तर प्रदेश के 21 जनपद बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निरीक्षण और राहत कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ प्रभावी ढंग से सकुशल संचालन करने के लिए हर जनपद में प्रभारी मंत्रियों की तैनाती की गई है। मंत्री अपनी देखरेख में जिला व पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ राहत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहे है। सीएम ने आश्वस्त किया कि सरकार व प्रशासन जनता के साथ पूरी मुस्तैदी के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता के लिए मजबूती से कार्य करेगी।
NDRF की 16, SDRF की 18 तथा PAC फ्लड यूनिट की 31 टीमें तैनात
सीएम योगी ने कहा कि सभी क्षेत्रों में बाढ़ राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अपने स्तर पर पीएसी की फ्लड यूनिट, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ को तैनात किया है। वर्तमान में भी अलग-अलग क्षेत्रों में इन सभी की यूनिट बाढ़ कार्यों का निरीक्षण कर राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। एनडीआरएफ की 16, एसडीआरएफ की 18 तथा पीएसी फ्लड यूनिट की 31 टीमें बाढ़ प्रभावित जनपदों में कार्य कर रही हैं। सभी 21 जनपदों में 1250 से अधिक नौकाओं की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से नागरिकों के आवागमन को सुचारू बनाने का कार्य किया गया है।
सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही किट
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त नौकाओं की व्यवस्था के साथ ही प्रदेश व जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम, हर गांव में बाढ़ चौकी व राहत कार्यों के तहत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों को नाश्ता, दोपहर व रात का भोजन, शुद्ध पेयजल, पशुओं के चारे की व्यवस्था की गई है। जो लोग घरों में सुरक्षित रह सकते हैं, उन्हें सूखा राहत किट भी उपलब्ध कराई गई है। किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 10 किलो आलू, दो किलो दाल, एक किलो तेल, नमक, मसाले, डिग्निटी किट, बरसाती आदि देने की कार्रवाई की जा रही है।
बाढ़ राहत बचाव के लिए युद्ध स्तर पर लगाई गई हैं टीमें
सीएम योगी ने कहा कि जनहानि होने पर परिवार को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपए, किसी परिवार का मकान बहने या नदी में डूबने पर मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित करने की कार्रवाई भी की जा रही है। पशुधन की हानि पर मुआवजा दिया जा रहा है। जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर भी स्थापित किए गए हैं। इस सीजन में एंटी रैबीज वैक्सीन, सांप के काटने पर एंटी स्नेक वेनम की भी व्यवस्था सीएचसी, जिला अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए गए हैं। सांप, बिच्छू, कुत्ते या जंगली जानवरों के काटने के कारण किसी भी आपदा में बचा सकें। बाढ़ राहत बचाव के लिए युद्ध स्तर पर टीमें लगाई गई हैं। प्रत्येक जिला प्रशासन को युद्ध स्तर पर कार्य को बढा़ने के निर्देश दिए गए हैं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: नोएडा में सैलरी को लेकर बवाल, पथराव के बाद सख्ती; सरकार ने बढ़ाई मजदूरी, 300 से ज्यादा गिरफ्तार

Noida Protest: नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन मंगलवार को हिंसक हो गया। पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारियों की झड़प हो गई और भीड़ ने 2–3 जगहों पर पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया। हालांकि पुलिस ने जल्द ही हालात पर काबू पा लिया और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया।
इधर, प्रदर्शन के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात बड़ा फैसला लेते हुए फैक्ट्री कर्मचारियों की सैलरी बढ़ा दी। न्यूनतम मजदूरी दरों में 3000 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। यह फैसला हाईलेवल कमेटी और कर्मचारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। रात करीब डेढ़ बजे आदेश जारी किया गया, जिसमें कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी दी गई। बढ़ी हुई सैलरी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी।
हालांकि, मजदूरी बढ़ाने के फैसले के बावजूद कर्मचारियों का गुस्सा तुरंत शांत नहीं हुआ, जिसके चलते मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासन अब स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने में जुटा है।
भारी सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी
स्थिति को देखते हुए इंडस्ट्रियल इलाकों में सुबह 5 बजे से पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों का फ्लैग मार्च जारी है। CCTV और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिए पीएसी और RAF की 15 कंपनियां तैनात की गई हैं। साथ ही 26 अधिकारी (8 एडिशनल एसपी और 18 डीएसपी) भी मौके पर तैनात किए गए हैं। हालात को देखते हुए कई कंपनियां बंद रखी गई हैं।
300 से ज्यादा गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर भी एक्शन
राजीव कृष्ण लखनऊ के कंट्रोल रूम से हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपद्रव में हुए नुकसान की भरपाई आरोपियों से कराई जाएगी। वहीं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अब तक 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हिंसा भड़काने वाले 50 सोशल मीडिया (X) अकाउंट्स की पहचान की गई है और कुछ लोग अलग-अलग जगहों पर सक्रिय पाए गए हैं।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Vrindavan boat accident: वृंदावन नाव हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत, 22 रेस्क्यू; 4 लापता, यमुना में जारी सर्च ऑपरेशन

Vrindavan boat accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर 3 बजे केसी घाट पर हुए नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। हादसे में अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी 4 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। शनिवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आर्मी समेत करीब 250 जवान 14 किलोमीटर के दायरे में यमुना नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जहां 37 श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक पलट गई। घाट बांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी दूर है। यहां पानी की गहराई लगभग 25 फीट बताई गई है। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की जान चली गई, जिनमें मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा शामिल हैं।
क्यों नहीं मिल पा रहे लापता?
रेस्क्यू टीम के मुताबिक यमुना का बहाव तेज है। जिससे शव बहकर दूर जा सकते हैं। साथ ही उनके गाद और रेत में दबने की आशंका भी है। हालांकि 24 घंटे बाद शव ऊपर आ सकते हैं। देवरहा बाबा घाट के पास एक शव बरामद किया गया, जिसे देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: UP में शिक्षा मित्र-अनुदेशकों की सैलरी बढ़ी, 9 साल बाद बड़ा फैसला, अब ₹18,000 तक मानदेय

Lucknow: उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार शाम सैलरी बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया। अब शिक्षा मित्रों को ₹18,000 और अनुदेशकों को ₹17,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है, जबकि बढ़ा हुआ वेतन 1 मई से खातों में आना शुरू होगा। करीब 9 साल बाद यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है।
कितनी बढ़ी सैलरी
शिक्षा मित्र: ₹10,000 से बढ़कर ₹18,000
अनुदेशक: ₹9,000 से बढ़कर ₹17,000
कितने लोगों को फायदा
प्रदेश में 1,42,229 शिक्षा मित्र, 24,717 अनुदेशक हैं, यानी कुल मिलाकर लगभग 1.67 लाख कर्मचारियों को सरकार के फैसले का सीधा लाभ मिलेगा। इस फैसले से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी
CM योगी ने पहले ही घोषणा की थी कि शिक्षा मित्रों का ट्रांसफर भी किया जाएगा। परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Weather Update: बारिश से ठंडा हुआ मौसम, 7-8 अप्रैल को फिर आंधी-तूफान का अलर्ट

UP Weather Update: उत्तरप्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। बीते दिनों पूरे प्रदेश में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश में एक बार फिर आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का नया सिस्टम है, जो 7 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा और 8 अप्रैल तक पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगा।
रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। हालांकि 6 अप्रैल को मौसम में आंशिक सुधार के साथ तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 7 अप्रैल से शुरू होने वाला यह सिस्टम धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में असर दिखाएगा। वहीं 9 अप्रैल को इसके कमजोर पड़ने के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 10 अप्रैल से मौसम के फिर शुष्क होने की संभावना जताई गई है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: CM योगी की मां पर आपत्तिजनक बयान देने वाला मौलाना गिरफ्तार, UP STF ने बिहार से दबोचा

Lucknow: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित आपत्तिजनक बयान देने वाले मौलाना अब्दुल सलीम चतुर्वेदी को यूपी STF ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार के पूर्णिया/अररिया क्षेत्र से दबोचा गया। जानकारी के मुताबिक यूपी STF ने खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए मौलाना को बिहार के जोकीहाट क्षेत्र से हिरासत में लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा में उसे उत्तर प्रदेश लाया गया और जेल भेज दिया गया।
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जो रमजान के दौरान सामने आया था। इसमें मौलाना पर सीएम योगी की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद यूपी में विरोध बढ़ गया था और कार्रवाई की मांग उठी थी।
दो FIR दर्ज, जांच तेज
इस मामले में उत्तर प्रदेश में दो FIR दर्ज की गई थीं, जिसके बाद STF ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यह बयान एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मौलाना ने मांगी माफी
गिरफ्तारी के बाद मौलाना अब्दुल सलीम ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

















