ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने वाले को मिलेगा 25000 रुपए का इनाम, इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर बनेंगे मेट्रोपॉलिटन सिटी

Indore: लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती को चिर-स्थायी बनाने के उद्देश्य से आज मंगलवार को इंदौर की ऐतिहासिक धरोहर राजवाड़ा में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। कैबिनेट ने मध्यप्रदेश में राहवीर योजना लागू करने की स्वीकृति दी है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर इनाम स्वरूप ₹25,000 मिलेंगे। संबंधित व्यक्ति को कहीं दुर्घटना घटित होने पर रुककर तत्काल एम्बुलेंस को कॉल करना होगा और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद करनी होगी।
मंगलवार को इंदौर के राजवाड़ा में हुई डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टर को इस योजना पर अमल के निर्देश दिए हैं। अगर कोई नागरिक घायल व्यक्ति को सीधे अस्पताल ले जाता है, उस स्थिति में पुलिस द्वारा कलेक्टर को भी इस संबंध में एक पत्र लिखा जाएगा।
मेट्रोपॉलिटन विकास प्राधिकरण का होगा गठन
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि कैबिनेट ने “मध्यप्रदेश महानगर क्षेत्र नियोजन एवं विकास अधिनियम-2025” को स्वीकृत करने का निर्णय लिया हैं। अधिनियम-2025 लागू होने के बाद “महानगर योजना समिति” एवं “महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण” का गठन किया जा सकेगा। साथ ही प्रदेश में “इंदौर-उज्जैन-देवास-धार” एवं “भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा (राजगढ़)” के लिए महानगर योजना समिति एवं महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण का गठन राज्य सरकार द्वारा किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा भारतीय संविधान में विहित प्रावधानों के अनुसार राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगरों का क्षेत्रीय स्तर पर समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए “महानगर योजना समिति” एवं “महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण” गठित करने के लिए घोषणा की गई थी।
आचार्य शंकर संग्रहालय “अद्वैत लोक” के निर्माण के लिए 2195 करोड़ रुपए से अधिक की पुनरीक्षित स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने ‘ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना अंतर्गत किये जाने वाले कार्यों हेतु सूचकांक में छूट प्रदाय किये जाने और आचार्य शंकर संग्रहालय “अद्वैत लोक” के निर्माण के लिए पुनरीक्षित लागत राशि 2195 करोड़ 54 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदाय की है। इस राशि से अद्वैत लोक (संग्रहालय), आचार्य शंकर अंतर्राष्ट्रीय अद्वैत वेदान्त संस्थान, अद्वैत निलयम, परियोजना सूचना केंद्र, शंकर सेतु और अभय घाट का निर्माण किया जाएगा।
लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर प्रशिक्षण कार्यकम योजना की सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर प्रशिक्षण कार्यकम योजना की सैद्धांतिक स्वीकृति दी। इसमें युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जायेगे। योजना में जरूरतमंद व्यक्ति बैंक ब्याज में एक हजार रुपए प्रतिवर्ष छूट के साथ पूरे जीवनकाल के लिए अधिकतम 10 हजार रूपये प्रति व्यक्ति ऋण के ब्याज पर छूट प्राप्त कर सकेगा। प्रतिवर्ष योजना पर लगभग 100 करोड़ रूपए का व्यय किया जायेगा।
प्रदेश के 04 औद्योगिक क्षेत्रों में वर्किंग वीमेन हॉस्टल के निर्माण की स्वीकृति
कैबिनेट ने प्रदेश में महिलाओं के कामकाजी जीवन को आसान बनाने के लिए 4 औद्योगिक क्षेत्र में 249 करोड़ 66 लाख रूपये की लागत से वर्किंग वीमेन हॉस्टल के निर्माण की स्वीकृति दी है। विक्रम उद्योगपुरी जिला उज्जैन, पीथमपुर सेक्टर-1 एवं 2 जिला धार, मालनपुर घिरौंगी (भिंड) एवं मंडीदीप (रायसेन) में कामकाजी महिला छात्रावासों अन्तर्गत कुल 26 हॉस्टलों और भवनों का निर्माण किया जायेगा। प्रत्येक में 222 बेड की क्षमता होगी। इस प्रकार कुल 5 हजार 572 बेड क्षमता के हॉस्टलों का निर्माण भारत सरकार के सहयोग से औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग अन्तर्गत एमपीआईडीसी लि. द्वारा किया जायेगा। भारत सरकार द्वारा “स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेटस फॉर कैपिटल इंवेस्टमेंट 2024-25” स्कीम में वर्किंग वीमेन हॉस्टल के निर्माण किया जाना है।
वर्किंग वीमेन हॉस्टल्स में आधुनिक सुविधाएं, पर्याप्त पार्किंग, फूड कोर्ट और मनोरंजन तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध होगा। कामकाजी महिला छात्रावासों में महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा और नौकरी के अवसरों की उपलब्धता को प्राथमिकता दी जायेगी। रियायती दरों पर भोजन एवं न्यूनतम किराये पर बेड उपलब्ध कराया जायेगा। बुनियादी अधोसंरचनाओं जैसे-पार्किंग, रिक्रिएशनल रूम, पेन्ट्री, डायनिंग एरिया, कॉमन टॉयलेटस, कॉमर्शियल दुकानें इत्यादि सुविधाओं का निर्माण किया जायेगा। कार्यरत महिलाओं के बच्चों की उचित देखभाल के लिए झूला घर का भी प्रावधान किया गया है।
इंदौर और रीवा मेडिकल कॉलेज के उन्नयन के लिए 1095 करोड़ रूपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने महाराजा यशवंत राव चिकित्सालय परिसर इंदौर और चिकित्सा महाविद्यालय रीवा के उन्नयन के लिए 1095 करोड़ रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। स्वीकृति अनुसार महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, इंदौर से संबद्ध महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय परिसर में 773 करोड़ 7 लाख रूपये से प्रस्तावित नवीन चिकित्सालय भवन, मिनी ऑडिटोरीयम, नर्सिंग हॉस्टल, पार्किंग एवं बाह्य विकास कार्य आदि का निर्माण किया जाएगा। रीवा में श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय में ओ.पी.डी. ब्लॉक, मेटरनिटी ब्लॉक, स्टॉफ क्वार्टर, नर्सिंग कॉलेज तथा हॉस्टल एवं अन्य कार्य के लिए 321.94 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता मिशन कार्यक्रम की वित्तीय वर्ष-2028-29 तक निरंतरता की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता मिशन कार्यक्रम की वित्तीय वर्ष-2028-29 तक निरंतरता की स्वीकृति दी। इसमें आगामी 4 वित्तीय वर्षों 2025-26, 2026-27, 2027-28 और 2028-29 के लिए राज्यांश राशि 167 करोड़ 74 लाख रूपये और निकाय अंशदान राशि 59 करोड़ 31 लाख रूपये, कुल राशि 227 करोड़ 5 लाख रूपये का व्यय अनुमानित है। योजना में राशि का प्रयोग प्रदेश के नगरीय निकायों में सेप्टिक टैंक से निकलने वाले स्लज के परिवहन के लिए डी-स्लजिंग वाहन, सीवर लाईन की सफाई के लिए सफाई उपकरणों, ठोस अपशिष्ट के संग्रहण एवं परिवहन के लिए वाहन तथा नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई मित्रों के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण एवं पीपीई किट के लिए अनुदान प्रदान कर तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जायेगा।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Board Result: 15 अप्रैल को आएगा एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म

MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश में एमपी बोर्ड 10 वीं और 12वीं के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने निवास से रिजल्ट घोषित करेंगे। इस साल करीब 16 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें लगभग 9.07 लाख विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 3856 केंद्र बनाए गए थे।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
छात्र घर बैठे अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट https://mpbse.mponline.gov.in, https://www.digilocker.gov.in/web/dashboard/issuers पर जाकर रोल नंबर डालकर रिजल्ट चेक किया जा सकता है।
रिजल्ट रहेगा ‘फुलप्रूफ’
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि रिजल्ट जारी करने से पहले हर स्तर पर क्रॉस चेकिंग और वेरिफिकेशन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार रिजल्ट पूरी तरह ‘फुलप्रूफ’ रखा गया है, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather: मध्यप्रदेश में तेज गर्मी की एंट्री, कई शहरों में 40°C पार, IMD ने जारी की एडवाइजरी

MP Weather: मध्यप्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर में गर्मी और ज्यादा बढ़ रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान औसतन 4 डिग्री तक बढ़ गया है, जबकि कई शहरों में यह बढ़ोतरी 5 से 6 डिग्री तक दर्ज की गई है।
भारत मौसम विभाग (IMD) भोपाल के अनुसार इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के जिले सबसे ज्यादा तप रहे हैं। शनिवार को इन इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा रहा और रविवार को भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।
कई शहरों में 37°C के पार तापमान
शनिवार को उज्जैन, रतलाम, नर्मदापुरम समेत 18 शहरों में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया।
- रतलाम: 40.6°C (सबसे ज्यादा)
- नर्मदापुरम: 39.4°C
- धार: 39.2°C
- खरगोन: 39°C
- गुना: 38°C
- शाजापुर: 37.7°C
प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखा- उज्जैन 38°C, इंदौर 37.6°C, भोपाल 36.8°C, जबलपुर 36.6°C और ग्वालियर 35.8°C दर्ज किया गया।
15 अप्रैल से नया सिस्टम, लेकिन राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 15 अप्रैल को एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन यह कमजोर रहेगा। यानी आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
लोग कर रहे बचाव के उपाय
गर्मी से बचने के लिए लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से निकल रहे हैं। वहीं गन्ने का जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम की मांग भी बढ़ गई है।
एडवाइजरी: ऐसे करें बचाव
- मौसम विभाग ने लोगों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है-
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें
- दोपहर में तेज धूप से बचें
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें
अप्रैल में पहले रहा बदला मौसम
इस बार अप्रैल की शुरुआत में प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला था। 1 से 9 अप्रैल के बीच करीब 45 जिलों में बारिश और 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे। ग्वालियर में इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।
ख़बर मध्यप्रदेश
Bhopal: राजधानी में दिनदहाड़े लूट, सीनियर टीबी डॉक्टर पर हमला, मिर्च पाउडर फेंककर 11 तोला सोना और नकदी लूटी

Bhopal: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश वीआईपी इलाके श्यामला हिल्स में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने एक वरिष्ठ टीबी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर को निशाना बनाते हुए बाइक से टक्कर मारकर गिराया और आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 11 तोला सोने का कड़ा, डिजिटल घड़ी और नकदी लूट ली। इस हमले में डॉक्टर के कूल्हे की हड्डी टूट गई, जिसके बाद उनका ऑपरेशन करना पड़ा। घटना के 30 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
साइक्लिंग से लौटते वक्त बनाया निशाना
पीड़ित डॉ. मनोज वर्मा प्रोफेसर कॉलोनी के निवासी हैं और वरिष्ठ टीबी रोग विशेषज्ञ हैं। वे शासकीय सेवा के साथ शाहजहांनाबाद क्षेत्र में निजी क्लीनिक भी चलाते हैं। रोज की तरह वे साइक्लिंग कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे किलोल पार्क के पास पहुंचे, एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
मिर्च पाउडर फेंककर लूट
डॉक्टर के गिरते ही एक बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। तीसरे आरोपी ने सोने का कड़ा, डिजिटल घड़ी और करीब ₹2000 नकद लूट लिया। गंभीर हालत में डॉक्टर को पहले जेपी अस्पताल और फिर हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका ऑपरेशन हुआ। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, लेकिन खाली हाथ
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों के रूट ट्रैक किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। श्यामला हिल्स जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 जिलों के कलेक्टर बदले, भोपाल में प्रियंक मिश्रा; कौशलेंद्र सिंह बने CM सचिव

MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश में जनगणना प्रक्रिया से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मोहन यादव सरकार ने 13 जिलों के कलेक्टर और एक संभाग आयुक्त के तबादले किए हैं। सबसे अहम बदलाव भोपाल में हुआ है, जहां कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। उनकी जगह प्रियंक मिश्रा को भोपाल का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
प्रदेश में तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री और अनुराग जैन के बीच लंबी बैठक हुई। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आदेश जारी किए। यह बैठक अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में आयोजित की गई थी।
इन जिलों को मिले नए कलेक्टर
सागर, धार, रीवा, भोपाल, नर्मदापुरम, सिवनी, शिवपुरी, उमरिया, श्योपुर, मैहर, दमोह, मंडला, झाबुआ और बैतूल।
- कौशलेंद्र विक्रम सिंह-CM सचिव
- प्रियंक मिश्रा- कलेक्टर भोपाल
- प्रतिमा पाल – कलेक्टर सागर
- नरेंद्र सूरवंशी-कलेक्टर रीवा
- सोमेश मिश्रा- कलेक्टर नर्मदापुरम
- अर्पित वर्मा- कलेक्टर शिवपुरी
- राखी सहाय-कलेक्टर उमरिया
- शील दाहिमा – कलेक्टर श्योपुर
- विदिशा मुखर्जी – कलेक्टर मैहर
- प्रताप नारायण यादव – कलेक्टर दमोह
- राहुल नामदेव घोटे -कलेक्टर मंडला
- डॉ. योगेश भरसट- कलेक्टर झाबुआ
- डॉ. सौरभ सोनवणे – कलेक्टर बैतूल
जनगणना से पहले तैयारी
सरकार ने यह फेरबदल 16 अप्रैल से शुरू होने वाली जनगणना प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए किया है। इससे पहले चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के बाद से ही इन बदलावों की तैयारी चल रही थी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather Alert: 3 साइक्लोनिक सिस्टम एक्टिव, कई जिलों में आंधी-बारिश; दतिया-छतरपुर में ओले गिरने का अलर्ट

MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) भोपाल के मुताबिक, बुधवार को दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ में ओले गिरने की संभावना है।
18 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें प्रमुख रूप से:
- ग्वालियर, भिंड, मुरैना
- पन्ना, सतना, रीवा
- सीधी, सिंगरौली
- कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर समेत कुल 18 जिले शामिल हैं।
मंगलवार को भी बिगड़ा मौसम
मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहा। शिवपुरी, दतिया, धार, पीथमपुर और झाबुआ में तेज बारिश हुई। रतलाम में धूल भरी हवाएं चलीं। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में कहीं तेज आंधी चली, तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विभाग के अनुसार, इन साइक्लोनिक सिस्टम्स के असर से अगले 1-2 दिन तक प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रहेगा। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की घटनाएं जारी रह सकती हैं।

















