ख़बर मध्यप्रदेश
Janmashtami: प्रदेश के सभी विकासखण्ड के एक गांव में बसेगा ‘बरसाना’, मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ऐलान

Indore: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के सभी विकासखण्डों में एक गांव को चयनित कर बरसाना गांव के रूप में विकसित किया जायेगा। इन गांवों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और सिद्धांतों का प्रसार जन-जन तक पहुंचाया जायेगा। बरसाना गांव में जहां एक ओर प्राचीन संस्कृति को पुष्पित और पल्लवित किया जायेगा, वहीं दूसरी ओर जैविक खेती और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जायेगा। इन गांवों में विकास की नई दिशा तय की जायेगी। ग्रामीणों में मानवता, सामाजिक, सांस्कृतिक एकता के जन जागरण का प्रसार कर एक ऐसा समाज तैयार किया जायेगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श और सिद्धांत दिखाई दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के हर एक नगरीय निकाय में गीता भवन केन्द्र भी स्थापित किये जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज इंदौर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर “हर बालक कृष्ण-हर माँ यशोदा” की थीम पर आयोजित देश में अपने तरह के पहले एवं अनूठे कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस धर्ममय एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित बाल-गोपालों और यशोदा माताओं का पुष्प-वर्षा कर अभिनंदन किया। इस अनूठे कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक बच्चे बाल-गोपाल और इतनी ही माताएं मैया यशोदा के रूप में मौजूद थी। कार्यक्रम स्थल पूरी तरह आलौकिक अनुभूति से सराबोर था। कार्यक्रम स्थल को भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं से चित्रित कर सजाया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित बाल-गोपालों को गोद में लेकर स्नेहपूर्वक दुलारा। महोत्सव में मटकी फोड़ का कार्यक्रम भी हुआ। उन्होंने बाल-गोपालों को प्रसाद के रूप में माखन-मिश्री भी खिलाई। बाल-गोपालों को कृष्ण जन्माष्टमी के उपहार भी वितरित किए गये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र और उनसे जुड़ी लीलाओं और प्रसंगों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंनें कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र से सीख लेकर हमें उनके आदर्शों और सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात करना चाहिये। भगवान श्रीकृष्ण कोमलता, धैर्य, करूणा और प्रेम की प्रतिमूर्ति है। वे मानव जाति की रक्षा के प्रतीक भी हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में मानव जाति के कल्याण और धर्म की स्थापना के लिये अनेक लीलाएं भी की हैं। उन्होंने प्रकृति से प्रेम करना सिखाया है। ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा दिया है। माखन, दूध, दही को स्वास्थ्य रक्षक के रूप में प्रतिष्ठित किया है। उनका जीवन ग्रामीण संस्कृति को प्रोत्साहन देने का काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिये हमने हर विकासखण्ड के एक गाँव को चयनित कर “बरसाना” गाँव के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में गीता भवन केन्द्र भी स्थापित किये जाएंगे। उन्होंने आह्वान किया कि “हर बालक कृष्ण-हर माता यशोदा” के रूप में अपना जीवन बनायें। माँ यशोदा ममत्व की प्रतिमूर्ति है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि अब हर तीज, त्यौहार और पर्व पूर्ण हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किये जाएंगे। समाज का हर वर्ग सभी तीज, त्यौहार और पर्व आनंद और उत्साह के साथ मनायें।
मुख्यमंत्री ने गाया भजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित भजन “गोविंदा आला-रे-आला, जरा मटकी संभाल बृजबाला” सुनाया। इस भजन पर उपस्थित श्रोताओं ने स्वर से स्वर मिलाकर पूरे कार्यक्रम को धर्ममय कर दिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध बांसुरी वादक बल्लू जी के बांसुरी वादन ने और माधवास बैंड की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में आलौकिक अनुभूति कराई। मुख्यमंत्री ने “हाथी घोड़ा पालकी-जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से पूरे कार्यक्रम स्थल को उपस्थित बाल-गोपालों और यशोदा माताओं के स्वर के साथ गुंजायमान कर दिया।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: प्रदेश के 14 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे, छतरपुर के नौगांव में सबसे कम तापमान दर्ज

Bhopal: मध्य प्रदेश में सर्दी एक बार फिर रफ्तार पकड़ रही है। बीती रात प्रदेश के 14 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया। छतरपुर के नौगांव में सबसे कम 6.1 डिग्री तापमान रहा, जबकि राज्य के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 6.4 डिग्री तक गिर गया। राजधानी भोपाल में पिछले दो दिनों से लगातार शीतलहर का असर दिख रहा है। कई जिलों में सुबह कोहरे की चादर भी देखने को मिल रही है। शनिवार को भी भोपाल में ठंडी हवाएं चलती रहीं। दिन का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक हालात इसी तरह बने रहेंगे। दिसंबर के शुरुआती सप्ताह से दोबारा कड़ाके की ठंड बढ़ेगी, जिसका असर जनवरी तक जारी रह सकता है।
भोपाल, राजगढ़ और मंडला में तापमान लुढ़का
शुक्रवार-शनिवार की रात कई शहरों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। भोपाल में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.6 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर में 10.4 डिग्री, ग्वालियर में 10.5 डिग्री, उज्जैन में 14 डिग्री और जबलपुर में 10.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नौगांव और पचमढ़ी के बाद कल्याणपुर 7.1 डिग्री, उमरिया और अमरकंटक 7.6 डिग्री, रीवा 7.8 डिग्री, मलाजखंड 8.7 डिग्री, राजगढ़ और खजुराहो 9 डिग्री, मंडला और छिंदवाड़ा 9.4 डिग्री, दमोह 9.5 डिग्री और बैतूल 9.7 डिग्री पर रहा।
उत्तर में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, एमपी में पड़ेगा असर
उत्तरी भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी बढ़ेगी। इसके बाद कुछ दिनों में वही ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर रूख करेंगी, जिससे प्रदेश में पारा और नीचे जा सकता है। इन दिनों कई शहरों में कोहरे की स्थिति भी बनी हुई है। भोपाल में रात से ही धुंध फैलने लगती है और सुबह विजिबिलिटी 1 से 1.5 किलोमीटर तक रह जाती है। रविवार को भी कोहरा रहने का अनुमान है।
ख़बर मध्यप्रदेश
Agar Malwa News: मां बगलामुखी मंदिर परिसर की जमीन से हटा अतिक्रमण, कोर्ट के फैसले के बाद कार्रवाई

Maa Baglamukhi temple: मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर की कीमती भूमि को लेकर हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया। इसके बाद शुक्रवार रात को पुलिस प्रशासन और अन्य विभागों की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से जमीन पर किए गए वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटा दिया गया। कार्रवाई देर रात तक चली और परिसर में भीड़ लगी रही। दरअसल नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मूर्ति श्रीराम मंदिर की कीमती भूमि को लेकर मामला हाईकोर्ट में चल रहा था। मामले में कोर्ट के फैसले से जमीन पर सरकार का अधिकार एक बार फिर स्थापित कर दिया।
फर्जी आधार पर प्राप्त कर ली थी डिक्री
कोर्ट ने नलखेड़ा मंदिर परिसर स्थित जमीन को लेकर सरकार के खिलाफ वर्ष 2007 से चल रही अपील निरस्त कर दी। मंदिर परिसर स्थित जमीन का विवाद दो दशकों से अधिक समय से लंबित था। वर्ष 1997 में कुछ लोगों ने महत्वपूर्ण तथ्यों को छुपाकर और फर्जी आधार पर इस जमीन के संबंध में एक डिक्री प्राप्त कर ली थी। इस डिक्री पर सवाल उठे और जिला न्यायालय में वाद प्रस्तुत हुआ। जिसके बाद आगर अपर जिला न्यायाधीश ने 14 मार्च 2007 को विस्तृत साक्ष्यों के आधार पर उक्त डिक्री को अवैध व शून्य घोषित कर दिया था। जिला न्यायालय के इस फैसले के खिलाफ प्रथम अपील दायर हुई जिसे कोर्ट ने निरस्त कर दिया।
विधिक रूप से टिकाऊ नहीं डिक्री
कोर्ट ने कहा है कि वर्ष 1997 में प्राप्त डिक्री धोखे से और दस्तावेजों को छुपाकर प्राप्त की गई थी। यह विधिक रूप से टिकाऊ नहीं है। कोर्ट ने यह भी देखा कि प्रस्तुत वसीयतनामा संदेहास्पद था और मूल राजस्व अभिलेख मंदिर/मठ की पारंपरिक गुरु-चेले प्रणाली की पुष्टि करते थे।मामले में शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता आनंद सोनी ने अंतिम बहस की। उन्होंने कोर्ट के समक्ष राजस्व अभिलेख, ओकाफ समिति के मूल रिकार्ड, मंदिर की ऐतिहासिक संरचना, पूर्व के न्यायालयीन निर्णय तथा फर्जी दस्तावेज़ों के पूरे क्रम को स्पष्टता से रखा। कोर्ट ने माना कि धोखाधड़ी के माध्यम से उक्त भूमि पर गलत तरीके से दावा स्थापित करने की कोशिश की गई थी। हाई कोर्ट द्वारा सरकार के पक्ष में अपील निरस्त करने से मंदिर की भूमि सुरक्षित हो गई।
देर रात तक चली जेसीबी, हटाया अतिक्रमण
फैसला आने के बाद शुक्रवार रात को पुलिस और प्रशासन की टीम ने विभिन्न विभागों के दल के साथ मंदिर की भूमि पर से अतिक्रमण हटाया। मौके पर एसडीएम सर्वेश यादव नलखेड़ा एसडीओपी देव नारायण यादव, सीएमओ मनोज नामदेव नलखेड़ा सुसनेर पुलिस बल अन्य विभागों की टीम के साथ पहुंचे। जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। रात में की गई कार्रवाई से अतिक्रमणकर्ताओं में हड़कंप की स्थिति रही।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Encounter: रायसेन में मासूम बच्ची से रेप के आरोपी का देर रात शॉर्ट एनकाउंटर, भागने की कोशिश में लगी गोली

Raisen: रायसेन के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी सलमान का घटना के 6 दिन बाद गुरुवार देर रात शॉर्ट एनकाउंटर हो गया। रायसेन पुलिस सलमान को भोपाल की गांधीनगर पुलिस से लेकर गौहरगंज लेकर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पंक्चर हो गई। पुलिस अफसरों का कहना है कि रात करीब 3-4 बजे के बीच आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी उसने एक पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर फायर करने और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवााई के दौरान पैर पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं हमले में एसआई को भी हल्की चोट आई है। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में आरोपी का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सलमान ने पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह जंगल के रास्ते भोपाल पहुंचा और गांधी नगर के वार्ड-11 में किराए का कमरा ढूंढ रहा था, उसी इलाके से भोपाल की गांधीनगर पुलिस ने उसे एक चाय की दुकान से धर दबोचा था। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना के बाद हिंदू संगठन के कुछ लोग गांधी नगर थाने भी पहुंचे, लेकिन उससे पहले रायसेन जिले की पुलिस उसे गौहरगंज के लिए लेकर निकल गई। इस बीच औबेदुल्लागंज के पास आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसका शार्ट एनकाउंटर किया गया।
बता दें कि 21 नवंबर को सलमान 6 साल की मासूम बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर जंगल में ले गया था। जहां वह उसके साथ रेप कर फरार हो गया। बच्ची रोते हुए परिजनों को मिली थी। स्थानीय लोगों की मदद से भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया। यहां बच्ची की स्थिति में अभी सुधार है। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने आरोपी सलमान पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर रायसेन में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे।
गौहरगंज में 6 साल की मासूम के साथ रेप के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों सहित प्रदेशभर में गुस्सा था। मासूम से रेप के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हो रहे धरना प्रदर्शनों पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 26 नवंबर को पीएचक्यू में सीएस, डीजीपी, एडीजी इंटेलिजेंस, पुलिस कमिश्नर भोपाल समेत उच्च अधिकारियों की बैठक ली थी। सीएम ने पुलिस की ढीली कार्रवाई से नाराजगी जताई थी। इसके बाद उन्होंने रायसेन एसपी पंकज पांडेय को तत्काल प्रभाव से हटाकर पीएचक्यू अटैच करने का निर्देश दिया था। उनकी जगह आशुतोष गुप्ता को रायसेन का नया एसपी बनाया गया है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: ‘शाहगढ़ में बनेगा सिविल अस्पताल, बण्डा में बनेगा सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम’, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

Sagar: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को सागर जिले की तहसील बण्डा में सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। सीएम मोहन यादव ने 50.65 करोड़ रुपए के 16 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही सागर जिले की बहुप्रतीक्षित लांच नदी परियोजना की स्वीकृति की घोषणा की। शाहगढ़ में सिविल अस्पताल बनाने, बण्डा में सर्वसुविधा युक्त स्टेडियम, सिविल अस्पताल, बण्डा में पोस्टमार्टम हाउस, बण्डा क्षेत्र में राखसी, चकेरी, विनेयका में भवन विहीन स्कूलों के लिए भवन बनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि तहसील मुख्यालय बण्डा में आज लगभग 31 करोड़ रुपए की लागत से नव निर्मित सर्वसुविधा युक्त सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया है। इस विद्यालय में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा है कि बण्डा क्षेत्र में सर्वसुविधा युक्त स्कूल भवन के निर्माण से इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीधा लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बण्डा में बने सांदीपनि विद्यालय का भवन बहुत ही अद्भुत और सर्व-सुविधा युक्त है। सांदीपनि विद्यालय परियोजना मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जो गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के विज़न के साथ प्रारंभ की गई है।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड के हर खेत को पानी मिलेगा। इससे क्षेत्र में समृद्धि आएगी। किसान अपने खेतों को समृद्ध बनायें और किसी हालत में अपनी कृषि भूमि न बेचें। केन-बेतवा लिंक परियोजना से आने वाला समय कृषि के लिये बहुत लाभकारी होगा। उन्होंने कहा किशीघ्र ही कृषि के क्षेत्र में बुंदेलखंड पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ देगा। सागर जिले सहित सागर संभाग के सभी जिलों में विकास की गंगा बहेगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, सीएम बोले- शहादत पर प्रदेश को गर्व

Narsinghpur: नक्सली मुठभेड़ में शहीद बालाघाट में हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को आज गुरुवार को उनके गृह ग्राम नरसिंहपुर जिले के बोहानी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शर्मा के अंत्येष्टि कार्यक्रम में पहुंचकर शहीद की पार्थिक देह को कांधा भी दिया। सीएम ने इस मौके पर कहा कि इंस्पेक्टर आशीष शर्मा ने नक्सल विरोधी अभियान में अदम्य साहस का परिचय देते हुए कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान दिया है। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आशीष शर्मा की शहादत पर प्रदेश को गर्व है।
परिजनों को 1 करोड़ की सम्मान निधि, छोटे भाई को एसआई पद पर मिलेगी नियुक्ति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी। साथ ही, बोहानी गांव में शहीद आशीष शर्मा के नाम से एक पार्क और स्टेडियम भी विकसित किया जाएगा, ताकि भावी पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा मिलती रहे और उनकी स्मृति अक्षुण्ण बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा के छोटे भाई को शासकीय नियमों में शिथिलता बरतते हुए सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय परिवार को संबल देने और शहीद के अदम्य साहस को सदैव याद रखने और आमजन में राष्ट्रप्रेम के लिए प्रेरित करने के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
गुरुवार सुबह शहीद आशीष शर्मा की पार्थिव देह बालाघाट से बोहानी ग्राम लाई गई। जिले की सीमा सिवनी खापा में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते समय जगह-जगह बड़ी संख्या में नागरिकों ने नम आंखों से शहीद शर्मा के अंतिम दर्शन किए। गृह ग्राम बोहानी पहुंचने पर ग्रामवासियों ने अपने लाल का अश्रुपूर्ण स्वागत किया। घर से लेकर राघव नगर ग्राउंड तक अंतिम यात्रा भारी भीड़ के बीच निकाली गई। शहीद को राजकीय सम्मान सहित गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राघव नगर ग्राउंड में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।













