ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: प्रदेश में 16 दिसंबर को उज्जैन से शुरू होगी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, 26 जनवरी 2024 को होगा यात्रा का समापन

MP News(Bhopal): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में 16 दिसंबर से शुरू हो रही “विकसित भारत संकल्प यात्रा”(Viksit bharat sankalp yatra) के संबंध में कमिश्नर-कलेक्टर्स को मंत्रालय में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप जनहित और जनकल्याण के लिए आरंभ की गई यात्रा का क्रियान्वयन मोदी की गारंटी की साख और गरिमा के अनुरूप हो।
बता दें कि केन्द्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं, लाभों और सुविधाओं के बारे में जागरूकता सुनिश्चित करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से “विकसित भारत संकल्प यात्रा” आरंभ की जा रही है। प्रमुख योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों, विशेष तौर से वंचित व आकांक्षी लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना, योजनाओं का प्रचार-प्रसार और जागरूकता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना और संभावित लाभार्थियों का चयन तथा नामांकन सुनिश्चित करना यात्रा का उद्देश्य है।
बैठक में मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार, डॉ. राजेश राजौरा, मोहम्मद सुलेमान, मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई, दीपाली रस्तोगी, आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सभी जिलों में यात्रा का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “विकसित भारत संकल्प यात्रा” का सभी जिलों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता तैयारी की जाएं, कहीं पर भी यात्रा की औपचारिकता न पूरी करें। यात्रा के सभी रूटों पर जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री स्वयं भी दिनांक 15 दिसंबर को सभी जिलों के जनप्रतिनिधियों से यात्रा के सफल आयोजन के संबंध में वर्चुअल संवाद करेंगे। अधिकारी-कर्मचारी व्यक्तिगत रूचि लेकर यात्रा में शामिल हों और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप सभी वंचित और पात्र व्यक्तियों तक यात्रा के लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उज्जैन से शुरू होगी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 16 दिसंबर को उज्जैन से आरंभ हो रही “विकसित भारत संकल्प यात्रा” में भाग लेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि यात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाशक्ति और किसानों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाएं। “विकसित भारत संकल्प यात्रा” से फिट इंडिया के संदेश का भी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हों और जनसामान्य को पर्याप्त पोषण तथा एक्सरसाइज की आवश्यकता की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मोबाइल वैन के जिलों में भ्रमण के लिए रूट चार्ट तैयार करें और जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय सांसद, स्थानीय विधायक सहित अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यात्रा की तैयारियों के संबंध में डिण्डौरी, जबलपुर और उज्जैन के जिला कलेक्टरों से चर्चा की। 26 जनवरी 2024 को यात्रा का समापन गणतंत्र दिवस पर होगा।
यात्रा में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कृषि कार्यों के लिये ड्रोन प्रदर्शन भी होगा
“विकसित भारत संकल्प यात्रा” जनहितैषी योजनाओं पर केन्द्रित है। यात्रा के लिए ग्रामीण क्षेत्र की 19 तथा शहरी क्षेत्र की 15 योजनाएं चिन्हित हैं, इनमें स्वस्थ भारत मिशन, खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, उचित पोषण, गरीबों के लिए आवास, वित्त पोषण सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। योजनाओं की जानकारी और प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्येक जिले में ग्राम पंचायत तक मोबाइल वैन पहुँचेगी, जिसमें प्रधानमंत्री श्री मोदी का उद्बोधन, योजनाओं की जानकारी और योजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शित होंगे। यह वैन सभी नगरीय निकायों में भी जाएगी तथा पम्पलेट, बुकलेट आदि वितरित करने के साथ-साथ योजनाओं के लाभ लेने के लिए आवेदन, लाभ वितरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। योजनाओं के संबंध में जागरूकता के लिए क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ड्रोन प्रदर्शन भी होगा। लाभार्थियों की व्यक्तिगत सफलता की कहानियों और उपलब्धियों को साझा करने के लिए “मेरी कहानी-मेरी जुबानी” जैसे कार्यक्रम होंगे तथा धरती कहे पुकार के, स्वच्छता गीत आदि जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ड्रोन प्रदर्शन द्वारा प्राकृतिक खेती, स्वाईल हेल्थ कार्ड के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य मेला सहित विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे
“विकसित भारत संकल्प यात्रा” के अंतर्गत स्वास्थ्य मेला, उज्जवला योजना, किसान/पशुपालक मछुआरों के लिए क्रेडिट कार्ड के आवेदन लेने और बैंकों से समन्वय के स्टॉल होंगे। इसके साथ ही आधार कार्ड में जानकारी अपडेशन, राजस्व विभाग के अंतर्गत नामांतरण और बंटवारा, कृषि, स्व-सहायता समूहों, पेंशन योजनाओं, आदिवासी विकास से संबंधित योजनाओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
यात्रा में शामिल जनहितैषी योजनाएं
“विकसित भारत संकल्प यात्रा” के अंतर्गत ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में संचालित योजनाएं सम्मिलित होंगी। ग्रामीण क्षेत्र में क्रियान्वित आयुष्मान भारत, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम आवास योजना, पीएम उज्जवला योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान सम्मान योजना, क्रिसान क्रेडिट कार्ड, पीएम पोषण अभियान, हर घर जल- जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना, जन-धन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम प्रणाम योजना, नैनो उर्वरक का उपयोग, स्वाइल हैल्थ कार्ड, उन्नत कृषि यंत्र से संबंधित गतिविधियां शामिल होंगी।
शहरी क्षेत्रों में पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम उज्जवल योजना, पीएम मुद्रा लोन योजना, स्टार्ट-अप इंडिया, स्टेंड-अप इंडिया, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना शहरी, वंदे भारत ट्रेनें और अमृत भारत स्टेशन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, उजाला योजना, अमृत योजना, पीएम जन औषधि परियोजना, सौभाग्य योजना, डिजिटल भुगतान अधोसंरचना, आरसीएस योजना और खेलो इंडिया से संबंधित योजनाएं व गतिविधियाँ शामिल होंगी।
यात्रा की मॉनीटरिंग वेब आधारित पोर्टल से की जाएगी
यात्रा के लिए जिला, जनपद और पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी तथा वाहन प्रभारी की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ की पंचायत स्तर पर स्वागत समिति और उत्सव समिति का गठन भी होगा। जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में क्रियान्वयन समिति गठित होगी। राज्य स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग और नगरीय क्षेत्रों के लिए नगरीय प्रशासन विभाग समन्वय, मॉनीटरिंग आदि के लिए नोडल विभाग होंगे। भारत सरकार और पीएमओ द्वारा इस यात्रा की मॉनीटरिंग वेब आधारित पोर्टल से की जाएगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: विदिशा में बारातियों से भरी टवेरा सूखे तालाब में गिरी: 3 की मौत, 7 घायल; 2 की हालत नाजुक

Vidisha: मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा में कुल 10 लोग सवार थे। अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से सीधे करीब 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी।
इस हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की मौत हो गई। घायलों में अशोक लोधी (25) का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि 14 वर्षीय राज बोधी के पेट में गंभीर चोट आई है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं।
2 की हालत गंभीर, एक भोपाल रेफर
45 वर्षीय भावसिंह लोधी और 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। देर रात इनमें से एक घायल को गंभीर स्थिति में भोपाल भेजा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसा शादी वाले घर से लगभग एक किलोमीटर दूर हुआ। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। कई घायल खून से लथपथ थे।
प्रशासन ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। एडीएम, तहसीलदार, सीएसपी और संबंधित थाना प्रभारियों सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। डॉ. वर्मा ने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
Ujjain: 44 घंटे खुले रहेंगे महाकाल के पट, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना

Ujjain: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 (रविवार) को धूमधाम और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। पर्व को लेकर उज्जैन पूरी तरह शिवमय हो चुका है। 6 फरवरी से शिव नवरात्रि और भगवान महादेव के विवाहोत्सव की शुरुआत हो चुकी है, जो 16 फरवरी तक चलेगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर इस बार महाकाल मंदिर के पट लगातार 44 घंटे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। 15 फरवरी सुबह 6 बजे से दर्शन शुरू होंगे और 16 फरवरी सुबह तक बिना किसी अवकाश के जारी रहेंगे। 16 फरवरी दोपहर 12 बजे विशेष भस्म आरती के साथ शिव नवरात्रि का समापन होगा।
महाकाल मंदिर में दोपहर की भस्म आरती वर्ष में केवल एक बार, महाशिवरात्रि पर ही की जाती है। इससे पहले भगवान महाकाल को फलों, फूलों और सप्तधान्य से बना भव्य सेहरा अर्पित किया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का पर्व है। इस दिन चारों प्रहर पूजा, व्रत और जप का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन विधिपूर्वक पूजन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं की संभावना
पुलिस प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान जताया है। इसे लेकर एडीजी राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन के लिए 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें 150 महिला पुलिसकर्मी महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रहेंगी। वीआईपी दर्शन व्यवस्था के लिए 250 पुलिसकर्मी अलग से जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाईटेक निगरानी और विशेष ट्रैफिक प्लान
मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में 200 सीसीटीवी कैमरे और 5 ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। एआई आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम भी सक्रिय रहेगा। यातायात व्यवस्था के लिए विशेष पार्किंग जोन बनाए जा रहे हैं और भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य
प्रशासन ने अधिकतम 40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य तय किया है। महाकाल लोक से मंदिर तक विशेष मार्ग व्यवस्था लागू होगी। हर 300 मीटर पर पेयजल और चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मेडिकल हेल्थ पॉइंट, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सहायता डेस्क भी तैयार किए जा रहे हैं। 13 फरवरी तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से: 10वीं-12वीं में 16 लाख से ज्यादा छात्र, 3856 केंद्रों पर CCTV और फ्लाइंग स्क्वॉड

MP Board Exam 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत अलग-अलग तारीखों पर हो रही है। 12वीं की बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से, जबकि 10वीं की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू होगी। इस बार प्रदेश भर में 16 लाख से ज्यादा छात्र बोर्ड परीक्षा देंगे। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए शिक्षा विभाग और प्रशासन ने परीक्षा को नकलमुक्त और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे प्रदेश में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी।
10वीं में 9 लाख, 12वीं में 7 लाख छात्र
इस साल कक्षा 10वीं की परीक्षा में 9 लाख 7 हजार छात्र, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा में करीब 7 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। राजधानी भोपाल में ही 10वीं के 30,746 और 12वीं के 26,627 छात्र परीक्षा देंगे। यहां 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
हर जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड, पुलिस-प्रशासन की निगरानी
नकल रोकने के लिए हर जिले में चार फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इनमें दो स्क्वॉड विकासखंड स्तर पर और दो जिला स्तर पर काम करेंगे। हर स्क्वॉड में तीन-तीन अधिकारी शामिल रहेंगे, ताकि किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
संवेदनशील केंद्रों पर CCTV, प्रश्न-पत्र वितरण की वीडियोग्राफी
संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इन केंद्रों की मॉनिटरिंग भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से की जाएगी। इसके अलावा थानों से प्रश्न-पत्र निकालने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
स्कूलों को निर्देश: संशोधित टाइम टेबल हर छात्र तक पहुंचे
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने संशोधित टाइम टेबल पहले ही जारी कर दिया है। छात्रों में भ्रम न हो, इसके लिए सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि यह जानकारी हर छात्र और अभिभावक तक नोटिस बोर्ड, असेंबली और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पहुंचाई जाए।
परीक्षा केंद्रों पर सख्त एंट्री नियम
जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने बताया कि परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर रोक रहेगी और सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी की जाएगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: रीवा में रफ्तार का कहर, ऑडी कार ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, पिता-बेटा और भांजी की मौके पर मौत

Rewa: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रीवा-रायपुर मार्ग पर कोष्टा गांव के पास तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे भागवत विश्वकर्मा, उनके छोटे बेटे शिवम विश्वकर्मा और भांजी शीतल विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑडी कार रायपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी और पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
भगवान को पहला शादी का कार्ड देने जा रहे थे
पुलिस के अनुसार, मृतक भागवत विश्वकर्मा के बेटे शुभम की 25 फरवरी को शादी तय थी। हिंदू परंपरा के अनुसार, शादी का पहला निमंत्रण भगवान को अर्पित किया जाता है। इसी रस्म के तहत पूरा परिवार बाइक से चिरहुला नाथ मंदिर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा उनकी जिंदगी छीन ले गया।
ऑडी कार जब्त, ड्राइवर की तलाश जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। हादसे में शामिल ऑडी कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: निमाड़ के 25,602 विस्थापित परिवार बनेंगे जमीन के मालिक, सरकार कराएगी मुफ्त रजिस्ट्री, 600 करोड़ का राजस्व छोड़ा

MP Cabinet Decision: सरदार सरोवर बांध के कारण निमाड़ अंचल के बड़वानी, अलीराजपुर, धार और खरगोन जिलों में विस्थापित हुए 25,602 परिवार अब अपने आवासीय भूखंडों के स्थायी मालिक बनेंगे। राज्य सरकार इन परिवारों को पट्टे पर दिए गए आवासीय भूखंडों की रजिस्ट्री नि:शुल्क कराएगी। इस फैसले के बाद ये परिवार अपने भूखंडों की खरीद-बिक्री, मॉर्टगेज कर बैंक से लोन लेने जैसे अधिकार भी हासिल कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
600 करोड़ का राजस्व छोड़ा, NNVDA करेगा प्रतिपूर्ति
सरकार के इस निर्णय से राज्य को करीब 600 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होगा। हालांकि कैबिनेट ने व्यवस्था दी है कि पहले से तय एसओपी के तहत रजिस्ट्री शुल्क और स्टाम्प ड्यूटी की यह राशि नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) द्वारा वहन की जाएगी।
8 विधानसभा क्षेत्रों के आदिवासी परिवारों को लाभ
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि इस फैसले से 8 विधानसभा क्षेत्रों के आदिवासी परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें 4 सीटों पर कांग्रेस विधायक भी हैं, जिनमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का क्षेत्र शामिल है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने यह निर्णय बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के लिया है।
बाणसागर बांध से मैहर-कटनी के लिए दो नई सिंचाई परियोजनाएं मंजूर
कैबिनेट ने सोन नदी पर बने बाणसागर बांध से मैहर और कटनी जिलों के लिए दो नई सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। 620.65 करोड़ रुपए की लागत से 14,300 से अधिक किसानों की 23,500 हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी।
परियोजनाओं का विवरण
धनवाही सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना: लागत: 53.73 करोड़
9 गांव, 3,500 हेक्टेयर क्षेत्र
2,810 किसान लाभान्वित
बरही-बरही सूक्ष्म लिफ्ट सिंचाई परियोजना: लागत: 566.92 करोड़
27 गांव, 20,000 हेक्टेयर क्षेत्र
11,500 किसान लाभान्वित
समाज कल्याण बोर्ड के कर्मचारियों का संविलियन
राज्य सरकार द्वारा भंग किए गए राज्य समाज कल्याण बोर्ड के कर्मचारियों का संविलियन अब महिला एवं बाल विकास विभाग में किया जाएगा। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इससे बोर्ड से जुड़े 7 कर्मचारियों की नौकरी पर बना संकट खत्म हो गया है।
जनहित की 10 योजनाओं की अवधि 5 साल बढ़ी
कैबिनेट ने 6 विभागों की जनहित से जुड़ी 10 योजनाओं की अवधि मार्च 2026 से बढ़ाकर मार्च 2030 तक कर दी है। इन योजनाओं के लिए 15,009 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
प्रमुख योजनाएं
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0)
विधानसभा क्षेत्र निर्वाचन योजना
डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना
ब्लॉक ग्रांट योजना
पशु विकास एवं गौ संवर्धन योजना
किशोर कल्याण निधि योजना
घरेलू हिंसा पीड़िता सहायता योजना
अल्पसंख्यक स्वरोजगार/उद्यम योजना
ख़बर उत्तरप्रदेश11 hours agoUP News: मुजफ्फरनगर में 50 हजार का इनामी अमजद ढेर, 25 मिनट मुठभेड़, एसपी-सीओ की जैकेट में लगी गोलियां
ख़बर छत्तीसगढ़14 hours agoChhattisgarh: प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए मेगा सैलरी पैकेज, 1.25 करोड़ का दुर्घटना बीमा, बेटी की शादी-उच्च शिक्षा पर भी मिलेगा लाभ
ख़बर मध्यप्रदेश16 hours agoUjjain: 44 घंटे खुले रहेंगे महाकाल के पट, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना
ख़बर दुनिया1 hour agoBangladesh Election 2026: बांग्लादेश में BNP की ऐतिहासिक जीत, 209 सीटों के साथ बहुमत, तारिक रहमान के PM बनने का रास्ता साफ; हसीना ने चुनाव को बताया फर्जी
ख़बर मध्यप्रदेश47 minutes agoMP News: विदिशा में बारातियों से भरी टवेरा सूखे तालाब में गिरी: 3 की मौत, 7 घायल; 2 की हालत नाजुक














