ख़बर देश
Budget 2023-24: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया बजट, देखें बजट से किसको क्या मिला

Aam Budget 2023-24: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री ने बजट को अगले साल का ब्लू प्रिंट बताया। उन्होंने मौजूदा साल 7 फीसदी विकास दर रहने की उम्मीद जताई। इसमें मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए आयकर में टैक्स की छूट की सीमा को 5 से बढ़ाकर 7 लाख कर दिया है। इसके अलावा टैक्स स्लैब्स को भी 7 से घटाकर 5 कर दिया है। आईटीआर के लिए नया फॉर्म जारी किया गया है। सरकार ने बजट में सात प्राथमिकताएं तय की हैं।
बजट की सात प्राथमिकताएं
1. समग्र विकास
2. अंतिम मील तक पहुंचना
3. इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश
4. क्षमता को उजागर करना
5. हरित विकास
6. युवा
7. वित्तीय क्षेत्र
ये रहा देश का नया टैक्स सिस्टम
- 3 लाख से 6 लाख- 5 फीसदी
- 6 लाख-9 लाख – 10फीसदी
- 9 लाख-12 लाख- 15 फीसदी
- 12 लाख से-15 लाख- 20 फीसदी
- 15 लाख से ऊपर- 30 फीसदी
क्या हुआ सस्ता और क्या हुआ महंगा
सस्ता
- खिलौने, साइकिल, आयतित ऑटोमोबाइल
- कुछ मोबाइल फोन, कैमरा लैंस
- बायोगैस
- लीथियन ऑयन बेटरी सस्ती होंगी। इससे इलेक्ट्रिक व्हीकल सस्ते होंगे।
- एलईटी टीवी सस्ते होंगे।
- देशी इलैक्ट्रिक चिमनी सस्ती होंगी।
महंगा
- सिगरेट
- विदेश से आने वाली चांदी की चीजें
- सोना, चांदी, प्लेटिनम, हीरा
- विदेशी इलैक्ट्रिक चिमनी सस्ती होंगी।
कृषि क्षेत्र को क्या मिला
सरकार ग्रीन गोथ को बड़ी प्राथमिकता देगी। मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए श्री अन्न योजना लाई गई है। कृषि ऋण फंड 20 लाख करोड़ किया गया। कृषि क्षेत्र में स्टोरेज क्षमता को बढ़ाया जाएगा।
- कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप को बढ़ावा।
- बागवानी के लिए 2200 करोड़ का फंड।
- 1 करोड़ किसानों को नेचुरल फॉर्मिंग के लिए मदद दी जाएगी।
- कीटनाशक के लिए 100 बायो इनपुट सेंटर बनेंगे।
- गोबर धन स्कीम के लिए 1000 करोड़ का फंड।
रेलवे, बुनियादी ढांचे पर सरकार ने फंड में किया बड़ा इजाफा
सरकार ने रेलवे के फंड में बड़ा इजाफा करते हुए 2.4 लाख करोड़ का बजट दिया है। यह 2014 के मुकाबले 9 गुना ज्यादा है। इसमें 100नई योजनाओं की पहचान कर उनके लिए 75000 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। देश में 50 अतिरिक्त एयरपोर्ट, वाटरवे, हेलीपोटर्स का लक्ष्य है। ट्रांसपोर्ट इंफ्रा के लिए 75000 करोड़ का फंड रखा गया है। अब नगर निगम भी बुनियादी ढांचे में विकास के लिए बॉन्ड ला सकेंगे। कर्नाटक को सूखे से निपटने के लिए 5300 करोड़ का फंड दिया गया है। देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘देखो अपना देश योजना’ को लॉन्च किया गया है।
डिजिटल इंडिया की तरफ बढ़ते कदम
- AI के लिए तीन सेंटर ऑफ इंटेलीजेंस बनाएंगे।
- 5G के लिए 100 लैब बनाई जाएंगी।
- डिजिटल साक्षरता पर जोर दिया जाएगा।
- ई-न्यायालय के लिए 7 हजार करोड़ का प्रावधान।
- आधार डिजिलॉकर पहचान के तौर पर मान्य होगा।
- देश में नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी।
स्किल इंडिया से सरकार युवाओं को करेगी मजबूत
- स्किल इंडिया के लिए 100 सेंटर खोले जाएंगे।
- युवाओं को ग्लोबल स्तर की ट्रेनिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी।
- पीएम कौशल विकास योजना-4 लॉन्च।
- 47 लाख युवाओं को तीन साल तक भत्ता देंगे।
- एकलव्य स्कूलों में 38800 पदों पर भर्ती होगी।
वेल्थ के साथ हेल्थ पर भी ध्यान
- देश में 157 नर्सिंग कॉलेज बनाए जाएंगे।
- आईसीएमआर लैब की संख्या बढ़ेगी।
- 2047 तक सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन का लक्ष्य।
- चिकित्सा क्षेत्र में निजी निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा।
- फार्मा इनोवेशन के लिए फंड, निवेश को प्राथमिकता।
- देश में अब मेनहोल में नहीं उतरेंगे सफाई कर्मचारी, 100 फीसदी मशीन से होगी सफाई।
स्वस्थ्य पर्यावरण के लिए उठाए कई कदम
- ग्रीन हाइड्रोजन के लिए 19700 करोड़ का प्रावधान।
- एनर्जी सिक्योरिटी के लिए 35000 करोड़ का फंड।
- लद्दाख में रिन्यूएबल एनर्जी के लिए 20700 करोड़ का प्रावधान।
- 2070 तक शून्य कार्बन का लक्ष्य।
- पुराने वाहनों को स्क्रैप में बदलने के लिए राज्यों को मदद करेगी केंद्र सरकार।
- समुद्री इलाकों में मेंग्रोव प्लांटेशन किया जाएगा।
- ग्रीन क्रेडिट कार्ड जल्द लाएंगे।
कमजोर को नहीं किया अनदेखा
- गरीबों को अगले एक साल के लिए मुफ्त अनाज योजना के लिए 2 लाख करोड़ का बजट।
- पीएम आवास योजना का बजट 66 फीसदी बढ़ाकर 79 हजार करोड़ किया गया।
- आदिवासियों के विकास के लिए 15000 करोड़ का फंड।
- निर्धन कैदियों को जुर्माना और जमानत के लिए आर्थिक सहायता।
कारोबारियों की राहत देने की कोशिश
- कारोबार में वन स्टॉप समाधान पर जोर, एकीकृत फाइलिंग पर जोर
- MSME के लिए नई डिजिटल लॉकर योजना।
- केवाईसी प्रक्रिया आसान होगी, पैन पहचान के तौर पर मान्य होगा।
- कोरोना प्रभावित कारोबारियों को लाभ
- 5 फीसदी से कम नगदी वाले MSME को टैक्स में 3.7 लाख तक की राहत
- 3 करोड़ तक टर्नओवर वाले MSME को राहत
- कॉपरेटिव के लिए टीडीएस सीमा 3 करोड़ की गई।
बुजुर्ग और महिलाओं का हाथ किया मजबूत
- सरकार महिलाओं के लिए नई बचत योजना लेकर आई है।
- महिलाएं 2 साल के लिए 2 लाख के निवेश पर 7.5 फीसदी ब्याज का लाभ ले सकती हैं।
- वरिष्ठ नागरिक खाता स्कीम की सीमा 4.5 लाख से बढ़ाकर 9 लाख की जाएगी।
ख़बर देश
Kolkata Shed Collapse: निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरा, 5 की मौत; 50 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका

Kolkata Shed Collapse: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास एक निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक ढह गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से 55 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई, जब गोदाम में निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
13 लोगों को निकाला गया, 9 अस्पताल में भर्ती
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अब तक 13 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें से 9 घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था। अचानक भारी शेड और लोहे का ढांचा गिरने से मजदूर और कर्मचारी उसके नीचे दब गए।
सेना भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल
पुलिस के अनुसार बचाव कार्य में कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमों के साथ सेना को भी लगाया गया है। मलबे को हटाने के लिए भारी क्रेन मंगाई गई हैं। वहीं गैस कटर की मदद से लोहे की छड़ों को काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। राहतकर्मियों के मुताबिक मलबे के भीतर से दबे मजदूरों और कर्मचारियों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे आशंका है कि कई लोग अभी भी जीवित अवस्था में फंसे हो सकते हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे मंत्री
हादसे की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के मंत्री अग्निमित्रा पॉल और मंत्री कौशिक चौधरी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों और आम नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- 1070
- 8697981070
- 033-22143526
- 033-22535185
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की है।
ओडिशा के कारोबारी की बताई जा रही जमीन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर गोदाम का निर्माण हो रहा था, वह ओडिशा के एक व्यवसायी की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जमीन को एक निजी फर्म को लीज पर दिया गया था। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
ख़बर देश
Monsoon Update: 23 जून को आगे बढ़ सकता है मानसून, छत्तीसगढ़ में बारिश की उम्मीद; 8 राज्यों में अब भी 40°C के पार पारा

Monsoon Update: देशभर में मानसून की रफ्तार पिछले कई दिनों से थमी हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 23 जून के आसपास मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
मानसून की पश्चिमी शाखा 8 जून से तेलंगाना के भद्राचलम क्षेत्र में रुकी हुई है, जबकि पूर्वी शाखा 12 जून से उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा के महराजगंज क्षेत्र के आसपास ठहरी हुई है। इसके चलते मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में सामान्य मानसूनी बारिश का इंतजार लंबा हो गया है।
छत्तीसगढ़ में 21 से 26 जून के बीच बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 21 से 26 जून के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। सैटेलाइट तस्वीरों में भी बादलों का दायरा बढ़ता दिखाई दे रहा है, जिससे मानसून के दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून को आगे बढ़ाने वाले सिस्टम अब सक्रिय हो रहे हैं, जिससे अगले कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून सक्रिय
मानसून की धीमी प्रगति के बावजूद देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने 20 से अधिक राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सिक्किम के छह जिलों और पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों में रविवार को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी तेज बारिश का दौर जारी है।
8 राज्यों में गर्मी बरकरार
मानसून की देरी का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
शनिवार को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
22 जून का मौसम
- असम, मेघालय, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
- तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना।
- उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में हीटवेव का असर बना रहेगा।
23 जून का मौसम
- पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
- देश के अधिकांश राज्यों में मानसून और प्री-मानसून गतिविधियों के चलते बारिश होने की संभावना।
- किसी भी राज्य के लिए रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि यदि वर्तमान बादल गतिविधियां इसी तरह बढ़ती रहीं तो अगले सप्ताह से मानसून एक बार फिर गति पकड़ सकता है, जिससे मध्य भारत और छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
ख़बर देश
महाराष्ट्र: हनुमान मंदिर में निर्माणाधीन छत गिरी, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल

Parbhani Temple Accident:महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यशवाड़ी देवस्थान स्थित हनुमान मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सभा मंडप (हॉल) की छत अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटे चले अभियान के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
प्रसाद लेते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर के ठीक सामने सभा मंडप का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थी। दोपहर के समय कई श्रद्धालु दर्शन और पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन मंडप का सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक भरभराकर गिर गया और उसके साथ छत तथा भारी पत्थर नीचे आ गिरे। देखते ही देखते दर्जनों लोग मलबे के नीचे दब गए।
CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोपहर करीब 3 बजे मंदिर परिसर में श्रद्धालु प्रसाद लेने के लिए कतार में खड़े थे। तभी बांस और लोहे की रॉड से तैयार किया गया सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक टूट गया और पूरी छत नीचे आ गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
32 लोग मलबे में फंसे, 7 की मौत
जिला प्रशासन के अनुसार हादसे के समय कुल 32 लोग प्रभावित हुए। इनमें से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला कलेक्टर संजय चव्हाण, उपमंडल अधिकारी संगीता चव्हाण और तहसीलदार पांडुरंग माछेवाड़ ने घटना की पुष्टि की है।
श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भी की मदद
हादसे के तुरंत बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। बाद में प्रशासनिक टीमों ने राहत अभियान की कमान संभाली। बचाव अभियान में आपदा प्रबंधन दल, पथरी अग्निशमन विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल टीम, परभणी नगर निगम और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रशासन ने घटना की जांच के निर्देश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर निर्माणाधीन स्ट्रक्चर की मजबूती और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
ख़बर देश
Monsoon 2026: 11 दिन से थमा मानसून, 19 राज्यों तक पहुंचने के बाद तेलंगाना में अटका, 7 राज्यों में बारिश की भारी कमी

Monsoon 2026: दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 दिनों में देश के 19 राज्यों तक पहुंच चुका है, लेकिन 8 जून से इसकी रफ्तार थम गई है। मानसून पिछले 11 दिनों से तेलंगाना के भद्राचलम क्षेत्र में रुका हुआ है, जिसके कारण उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश का इंतजार लंबा हो गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक सामान्य से 38 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
मानसून की धीमी प्रगति का असर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों पर पड़ा है। इन क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, लेकिन नियमित मानसूनी बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस का असर बना हुआ है।
गुजरात और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा बारिश की कमी
1 जून से 18 जून के बीच हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार गुजरात में सामान्य से 79 प्रतिशत और महाराष्ट्र में 78 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की रफ्तार थमने से कृषि और जल भंडारण पर भी असर पड़ सकता है।
एक साथ सक्रिय पांच मौसमीय सिस्टम बने वजह
विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून की धीमी चाल के पीछे एक साथ कई मौसमीय सिस्टम सक्रिय होना प्रमुख कारण है। अरब सागर से पर्याप्त नमी वाली हवाएं नहीं पहुंच पा रही हैं, जबकि दक्षिण भारत से उठने वाले बादल उत्तर की ओर बढ़ने में असफल रहे हैं। इसके अलावा वायुमंडलीय परिस्थितियां भी मानसून के पक्ष में नहीं हैं।
सात राज्यों में गर्मी बरकरार, पारा 40 डिग्री के पार
बारिश की कमी के बीच कई राज्यों में गर्मी का असर बना हुआ है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के बांदा में देश का सबसे अधिक तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में तापमान इस प्रकार रहा-
- ओडिशा के बौध में 42.8°C
- महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में 42.3°C
- झारखंड के डाल्टनगंज में 42°C
- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 41.6°C
- बिहार के छपरा में 41.6°C
- मध्य प्रदेश के खजुराहो में 41.4°C
अल नीनो के संकेत बढ़ा रहे चिंता
अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) की रिपोर्ट में अल नीनो जैसी परिस्थितियां बनने के संकेत मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार इंटरट्रॉपिकल कन्वर्जेंस जोन (ITCZ) सामान्य गति से सक्रिय नहीं हो पाया है, जिससे मानसून की प्रगति प्रभावित हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अल नीनो की स्थिति मजबूत होती है तो देश के कुछ हिस्सों में लंबे समय तक सूखा और असमान बारिश देखने को मिल सकती है।
अगले दो दिनों का मौसम
20 जून
- बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना।
- बिहार में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार।
- राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चल सकती हैं।
21 जून
- सिक्किम, उत्तर बंगाल, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना।
- राजस्थान और मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
- झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहेंगी।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने के आसार हैं।
जेट स्ट्रीम कमजोर होने पर बढ़ेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय जेट स्ट्रीम फिलहाल मानसून की प्रगति को प्रभावित कर रही है। जैसे ही इसका प्रभाव कमजोर होगा, मानसूनी हवाएं तेज होंगी और अगले 4 से 5 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक तथा अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। जेट स्ट्रीम पृथ्वी की सतह से लगभग 8 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई पर बहने वाली अत्यंत तेज हवाएं होती हैं, जो मानसून और पश्चिमी विक्षोभ दोनों को प्रभावित करती हैं।
ख़बर देश
Rajya Sabha Election 2026: NDA को 19, INDIA ब्लॉक को 6 सीटें, झारखंड में क्रॉस वोटिंग से बदला खेल

Rajya Sabha Election 2026: देश के 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए हुई चुनाव प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई। चुनाव परिणामों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को 19 सीटें, INDIA ब्लॉक को 6 सीटें और मिजोरम की एक सीट क्षेत्रीय दल जोराम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के खाते में गई। इस चुनाव में NDA और INDIA ब्लॉक दोनों को एक-एक सीट का शुद्ध लाभ मिला है। अधिकांश सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जबकि झारखंड और मिजोरम में मतदान कराना पड़ा।
झारखंड में क्रॉस वोटिंग से NDA समर्थित उम्मीदवार की जीत
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार और उद्योगपति परिमल नाथवानी तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम विजयी रहे। चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा। परिणाम के बाद कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और वाम दलों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।
मिजोरम में ZPM उम्मीदवार की जीत
मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट पर जोराम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के उम्मीदवार के. लल्टलुआंगकिमा ने जीत हासिल की। इस सीट पर मुकाबला होने के कारण मतदान कराया गया था।
23 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए
राज्यसभा की 26 सीटों में से 23 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। दरअसल, 10 राज्यों की 24 सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के कारण चुनाव हुए थे। इनमें 8 राज्यों की 21 सीटों पर केवल उतने ही उम्मीदवार मैदान में थे जितनी सीटें थीं, इसलिए वे निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु में एक-एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव भी हुए, जहां उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए।
NDA और INDIA ब्लॉक के लिए क्या रहे नतीजे
राज्यसभा चुनाव के नतीजों में NDA को कुल 19 सीटें मिलीं, जबकि INDIA गठबंधन को 6 सीटों पर सफलता मिली। एक सीट क्षेत्रीय दल ZPM के खाते में गई। झारखंड में क्रॉस वोटिंग और कुछ सीटों पर राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के कारण दोनों प्रमुख गठबंधनों को एक-एक सीट का अतिरिक्त फायदा हुआ। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा की बदलती संख्या आने वाले समय में संसद के उच्च सदन में विधायी रणनीतियों को प्रभावित कर सकती है।
ख़बर मध्यप्रदेश14 hours agoUjjain: महाकाल मंदिर को रिकॉर्ड 78 करोड़ का दान, कुल आय पहुंची 142 करोड़; महाकाल लोक के बाद तीन गुना बढ़े श्रद्धालु
ख़बर मध्यप्रदेश13 hours agoMonsoon 2026: 9 दिन की देरी के बाद मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री, 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
ख़बर देश12 hours agoKolkata Shed Collapse: निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिरा, 5 की मौत; 50 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका

















