ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: पुलिस के जवानों को तनाव मुक्त रखने अवकाश के लिए संस्थागत व्यवस्था बनेगी- मुख्यमंत्री शिवराज

MP Police News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को रक्षित केन्द्र, नेहरू नगर भोपाल में 6000 आरक्षकों को नियुक्ति प्रमाण-पत्र वितरण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कार्य के लिए टीम भावना आवश्यक है। हमारी छवि मेहनत, प्रमाणिकता और ईमानदारी से ही बनती है। जनता के जीवन से खिलवाड़ करने वालों, अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाए, राज्य सरकार आपके साथ है। प्रत्येक नव आरक्षक की कोशिश यह हो कि वह जहां पदस्थ हो, वहां की जनता उसकी कार्यप्रणाली के उदाहरण दें। मुख्यमंत्री ने नव आरक्षकों को अपनी कार्य-प्रणाली में आधुनिक तकनीक का हरसंभव उपयोग, संवेदनशीलता और सेवा की भावना रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस के जवानों को तनाव मुक्त रखने और उन्हें निश्चित समय-सीमा में अवकाश मिलने के लिए संस्थागत व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस जवान अपनी बीट की गतिविधियों को लेकर रहें जागरूक
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नव आरक्षक जैसा काम करेंगे, उनकी छवि वैसी ही बनेगी। मध्यप्रदेश पुलिस का मतलब है, सज्जनों के लिए फूल से अधिक कोमल और दुष्टों व अपराधियों के लिए वज्र से अधिक कठोर। पुलिस आरक्षक के रूप में अपनी बीट की सभी गतिविधियों और वहाँ के लोगों के प्रति जागरूक रहना आपका कर्तव्य है। नव आरक्षक अपनी बीट के अवैध काम करने वालों से मित्रवत होने से बचें, यह सावधानी और सतर्कता आपके कर्तव्य निर्वहन के लिए आवश्यक है। नव आरक्षकों को यह भरोसा जगाना होगा कि आप जनता के रक्षक हैं।
फिटनेस पर दें ध्यान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दायित्वों के निर्वहन के लिए आरक्षकों को फिटनेस पर ध्यान देना आवश्यक है। आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार, निरंतर सक्रियता, पीड़ित को संवदेना को साथ सुनना, उसके प्रति मृदु व्यवहार, धैर्य, बोलचाल में संतुलन और काम के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखना भी जरूरी है। मुख्यमंत्री चौहान ने नव आरक्षकों से कहा कि आप प्रशिक्षण पर ध्यान दें, जनता की सेवा करें, अपराधियों को कुचलें, अपने कर्तव्य की पूर्ति कर सफलता की सीढ़ियों पर अग्रसर हों। मैं आपका शुभचिंतक और अभिभावक भी हूं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather: मध्य प्रदेश में बारिश-आंधी का अलर्ट, 15 जिलों के लिये तेज बरसात, गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार

MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने नए सिस्टम के कारण 15 जिलों के लिये बारिश-आंधी अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। सबसे ज़्यादा असर 18 फरवरी को रहने की संभावना है। इसके बाद सिस्टम कमजोर होगा, लेकिन 19 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
कहां रहेगा मौसम सक्रिय?
मौसम विभाग ने 15 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 18 फरवरी को बारिश के साथ तेज हवा, गरज-चमक और बिजली गिरने का ख़तरा है।
- ग्वालियर
- श्योपुर
- मुरैना
- भिंड
- दतिया
- शिवपुरी
- गुना
- अशोकनगर
- राजगढ़
- आगर-मालवा
- नीमच
- मंदसौर
- निवाड़ी
- टीकमगढ़
- छतरपुर
फरवरी में तीसरी बार बारिश
फरवरी की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार बारिश, ओले और आंधी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिन्होंने फसलों को नुकसान पहुँचाया था। उसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे पूरा कराया। अब 18 फरवरी से यह सिस्टम तीसरी बार प्रदेश पर सक्रिय होगा और भारी बरसात की संभावना से मौसम प्रभावित रहेगा।
अगले 2 दिनों का मौसम
17 फरवरी:
कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना, लेकिन बारिश कम।
भोपाल और इंदौर में दिन भर गर्मी का असर रहेगा।
18 फरवरी:
मौसम का असर बढ़ेगा। 15 जिलों में बारिश-आंधी तथा गरज-चमक का अलर्ट।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: 16 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र: 18 को बजट पेश, 3478 सवालों से घिरेगी सरकार

MP Budget Session 2026: विधानसभा का बजट सत्र सोमवार, 16 फरवरी से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल मंगूभाई पटेल के अभिभाषण से होगी। पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। यह सत्र 6 मार्च तक चलेगा और कुल 12 बैठकें निर्धारित की गई हैं।
18 फरवरी को आएगा बजट
18 फरवरी को सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेगी। इसी सत्र में तीसरा अनुपूरक बजट भी सदन में रखा जाएगा। बजट के दौरान सरकार की आर्थिक प्राथमिकताएं, चुनावी वादों की प्रगति और राजस्व-व्यय संतुलन पर खास नजर रहेगी। विपक्ष ने साफ संकेत दिए हैं कि बेरोजगारी, कृषि भुगतान, लाड़ली बहना योजना, कर्ज और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा।
3478 सवालों की बौछार
बजट सत्र के लिए विधायकों ने कुल 3478 प्रश्न लगाए हैं। इनमें 1750 तारांकित प्रश्न, 1728 अतारांकित प्रश्न, इसके अलावा 236 ध्यानाकर्षण सूचनाएं दी गई हैं। विधानसभा नियमों के मुताबिक प्रतिदिन केवल दो ध्यानाकर्षण पर ही चर्चा संभव है। यानी पूरे सत्र में अधिकतम 24 मामलों पर ही चर्चा हो सकेगी।
10 स्थगन प्रस्ताव भी नोटिस में
विधायकों ने अति आवश्यक महत्व के 10 मुद्दों पर स्थगन प्रस्ताव की सूचना दी है। किन प्रस्तावों को चर्चा के लिए मंजूरी मिलेगी, इसका फैसला कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में किया जाएगा।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: शिवपुरी में वकील मर्डर केस के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, 3 शूटर अरेस्ट

Shivpuri: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना (57) की गोली मारकर हत्या करने वाले तीन शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास एक आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक शूटर पपेंद्र रावत ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में दो गोलियां लगीं। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार को गोलू रावत ने कट्टे से अधिवक्ता की पीठ पर गोली मारी थी। एक ही गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- गोलू रावत (25), निवासी घुघसी, बड़ौनी
- पपेंद्र रावत (23), निवासी चांदपुर, डबरा
- जहीर मुसलमान (24), निवासी घुघसी, बड़ौनी
एसपी बोले- अलग-अलग टीमें बनाकर दी दबिश
अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। रविवार सुबह चिरली तिराहा के पास आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जमीन और चुनावी रंजिश एंगल पर जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीन से जुड़े विवादों में पैरवी करने और मुकदमे जीतने के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने जमीनी रंजिश और चुनावी विवाद को हत्या की वजह बताया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की सुपारी कितनी रकम में दी गई थी और साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आरोपियों से पूछताछ जारी है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: विदिशा में बारातियों से भरी टवेरा सूखे तालाब में गिरी: 3 की मौत, 7 घायल; 2 की हालत नाजुक

Vidisha: मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा में कुल 10 लोग सवार थे। अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से सीधे करीब 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी।
इस हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की मौत हो गई। घायलों में अशोक लोधी (25) का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि 14 वर्षीय राज बोधी के पेट में गंभीर चोट आई है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं।
2 की हालत गंभीर, एक भोपाल रेफर
45 वर्षीय भावसिंह लोधी और 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। देर रात इनमें से एक घायल को गंभीर स्थिति में भोपाल भेजा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसा शादी वाले घर से लगभग एक किलोमीटर दूर हुआ। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। कई घायल खून से लथपथ थे।
प्रशासन ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। एडीएम, तहसीलदार, सीएसपी और संबंधित थाना प्रभारियों सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। डॉ. वर्मा ने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
Ujjain: 44 घंटे खुले रहेंगे महाकाल के पट, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 10 लाख श्रद्धालुओं की संभावना

Ujjain: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 (रविवार) को धूमधाम और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। पर्व को लेकर उज्जैन पूरी तरह शिवमय हो चुका है। 6 फरवरी से शिव नवरात्रि और भगवान महादेव के विवाहोत्सव की शुरुआत हो चुकी है, जो 16 फरवरी तक चलेगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर इस बार महाकाल मंदिर के पट लगातार 44 घंटे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। 15 फरवरी सुबह 6 बजे से दर्शन शुरू होंगे और 16 फरवरी सुबह तक बिना किसी अवकाश के जारी रहेंगे। 16 फरवरी दोपहर 12 बजे विशेष भस्म आरती के साथ शिव नवरात्रि का समापन होगा।
महाकाल मंदिर में दोपहर की भस्म आरती वर्ष में केवल एक बार, महाशिवरात्रि पर ही की जाती है। इससे पहले भगवान महाकाल को फलों, फूलों और सप्तधान्य से बना भव्य सेहरा अर्पित किया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का पर्व है। इस दिन चारों प्रहर पूजा, व्रत और जप का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन विधिपूर्वक पूजन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं की संभावना
पुलिस प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान जताया है। इसे लेकर एडीजी राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन के लिए 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें 150 महिला पुलिसकर्मी महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रहेंगी। वीआईपी दर्शन व्यवस्था के लिए 250 पुलिसकर्मी अलग से जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाईटेक निगरानी और विशेष ट्रैफिक प्लान
मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में 200 सीसीटीवी कैमरे और 5 ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। एआई आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम भी सक्रिय रहेगा। यातायात व्यवस्था के लिए विशेष पार्किंग जोन बनाए जा रहे हैं और भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य
प्रशासन ने अधिकतम 40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य तय किया है। महाकाल लोक से मंदिर तक विशेष मार्ग व्यवस्था लागू होगी। हर 300 मीटर पर पेयजल और चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मेडिकल हेल्थ पॉइंट, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सहायता डेस्क भी तैयार किए जा रहे हैं। 13 फरवरी तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

















