सारनी(बैतूल): शहरी क्षेत्र के आसपास पिछले करीब दो हफ्ते से देखा जा रहा बाघ सोमवार को सारनी इलाके के बाकुड़ गांव में काबू कर लिया गया । बाघ की सर्चिंग के लिए भोपाल से आई स्पेशल टीम और बैतूल वन विभाग की टीम 1 दिसंबर से लगी हुई थी। सर्चिंग में आ रही परेशानी को देखते हुए कान्हा टाइगर रिजर्व मंंडला से दो और हाथी मंगाए गए थे, जो रविवार रात पहुंचे थे। पुलिस की तरफ से भी 7 वायरलैस सेट सर्चिंग टीम को दिए गए थे। सोमवार सुबह टीम को सारनी के बाकुड़ गांव में बाघ की लोकेशन मिली। जिसके बाद हाथी के सहारे उसे घेर लिया गया। ट्रैंकुलाइज एक्सपर्ट ने बेहोशी के इंजेक्शन को फायर किया,जो सही निशाने पर लगा। करीब 10-15 मिनिट की मूवमेंट के बाद बाघ बेहोश हो गया। जिसके बाद उसे पिंजरे में डालकर ले जाया गया।
बाघ के पकड़े जाने से बैतूल- सारनी के आसपास के इलाके के रहवासियों ने राहत की सांस ली है। दरअसल बाघ की मूवमेंट की वजह से वन विभाग ने अपील की थी,कि लोग रात में न निकलें। वहीं जंगली इलाकों में भी न जाने की हिदायत दी गई थी।






















