ख़बर देश
स्टेटस में लगे नुपुर शर्मा के वीडियो देखने पर युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

सीतामढ़ी(बिहार): देश में मुस्लिमों के अंदर एक ऐसी कट्टरपंथी जमात पैदा हो गई है, जिसके लिए संविधान और कानून से बढ़कर उनकी सनक है। अब बिहार के सीतामढ़ी के नानपुर में एक युवक पर कथित रूप से किसी के स्टेटस में लगे नुपुर शर्मा(Nupur Sharma) के वीडियो को देखने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमले मे 23 साल का युवक अंकित झा गंभीर रूप से घायल हुआ है। हालांकि पुलिस ने इसे नुपुर शर्मा से जुड़ा हमला मानने से इनकार किया है। घटना 15 जुलाई की बताई जा रही है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अभी भी पकड़ से बाहर है। हमले के पांच आरोपी बनाए गए हैं। इनमें नानपुर गांव के गौरा उर्फ मोहम्मद निहाल और मोहम्मद बिलाल शामिल हैं।
सीतामढ़ी की घटना का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक खून से लथपथ नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक पान की दुकान पर खड़ा था और नुपुर शर्मा का वीडियो देख रहा था। तभी वहां सिगरेट पी रहे एक अन्य युवक से उसकी इसे लेकर कहा-सुनी हो गई। बाद में उक्त युवक अपने साथियों को लेकर आया और अंकित पर हमला कर दिया। भरे बाजार में दौड़ा-दौड़कर अंकित को छह बार चाकू घोंपा गया। अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना में सीतामढ़ी पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। युवक के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहली शिकायत में हमले को लेकर नुपुर शर्मा मामले का जिक्र था, लेकिन बाद में पुलिस ने इसे बदलने को कहा। दूसरी शिकायत से नुपुर शर्मा का नाम हटाने पर एफआईआर दर्ज की गई। अंकित के परिवार का आरोप है कि नुपुर शर्मा का वीडियो देखने पर ही दूसरे धर्म के युवकों ने उस पर हमला किया।
ख़बर देश
Parliament: मानसून सत्र समाप्त, लोकसभा में 12 विधेयक पारित, सिर्फ एक पर हुई पूरी चर्चा

नई दिल्ली: संसद का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के दौरान लोकसभा की उत्पादकता सिर्फ 19%, जबकि राज्यसभा की 39% रही।
रिजिजू ने कहा कि विपक्षी सांसदों के हंगामे और कई बार सदन से बाहर चले जाने के कारण संसद का काफी समय बर्बाद हुआ। हालांकि, उन्होंने कहा कि एनडीए के सहयोगी दलों और कुछ विपक्षी दलों के सांसदों ने बहस और चर्चा में हिस्सा लिया।
लोकसभा में 12 बिल पास, सिर्फ एक पर हुई चर्चा
केंद्रीय मंत्री रिजिजू के मुताबिक मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में 12 विधेयक पारित किए गए, लेकिन इनमें से केवल एक विधेयक पर पूरी चर्चा हो सकी। यह लोक परीक्षा (अनुचित तरीकों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 था। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक, संगठित नकल और अन्य अनुचित तरीकों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों को और सख्त करना है।यह संशोधन मौजूदा 2024 के कानून में बदलाव से जुड़ा है। संसद ने जुलाई के आखिर में इस विधेयक को मंजूरी दी थी।
राज्यसभा में सभी विधेयकों पर हुई चर्चा
रिजिजू ने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के बावजूद वहां पारित किए गए सभी विधेयकों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि उच्च सदन की उत्पादकता लोकसभा की तुलना में बेहतर रही और कुल कामकाज 39% दर्ज किया गया। वहीं, लोकसभा में लगातार व्यवधान के कारण उत्पादकता 19% तक सीमित रही।
रिजिजू बोले- पहली बार विपक्ष को चर्चा से भागते देखा
किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अपने संसदीय अनुभव में उन्होंने पहली बार विपक्ष को बहस और चर्चा से बचते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों और विधेयकों पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन लगातार हंगामे के कारण सदन का काफी समय बर्बाद हुआ। रिजिजू ने कहा कि सरकार इस सत्र को दो नजरियों से देखती है। विधायी कामकाज के लिहाज से 12 विधेयकों का पारित होना उपलब्धि है, लेकिन बहस और चर्चा के लिए उपलब्ध समय का अपेक्षित इस्तेमाल नहीं हो सका।
ख़बर देश
लाल किला धमाके पर UNSC की नई रिपोर्ट, AQIS का नाम; पिछली रिपोर्ट में JeM का जिक्र

नई दिल्ली: लाल किले के पास 10 नवंबर 2025 को हुए घातक कार बम धमाके को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की नई रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है। UNSC की एनालिटिकल सपोर्ट एंड सेंक्शंस मॉनिटरिंग टीम की 38वीं रिपोर्ट में इस हमले के लिए अलकायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) को जिम्मेदार बताया गया है। धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे।
इस मामले में NIA की जांच भी AQIS से जुड़े संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) तक पहुंची थी। NIA ने मई 2026 में 10 आरोपियों के खिलाफ 7,500 पेज की चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में जून में 3 और आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दायर की गई।
पिछली UNSC रिपोर्ट में आया था JeM का नाम
इस मामले में UNSC की अलग-अलग रिपोर्टों में अलग आतंकी संगठनों के नाम सामने आने का मुद्दा भी चर्चा में रहा है। पिछली 37वीं रिपोर्ट में एक सदस्य देश की ओर से हमले के पीछे जैश-ए-मोहम्मद (JeM) का हाथ होने का दावा किया गया था। हालांकि, 38वीं रिपोर्ट में AQIS का नाम सामने आया है। वहीं भारत की जांच एजेंसी NIA की चार्जशीट में आरोपियों के AGuH से जुड़े होने की बात कही गई है, जिसे AQIS से संबद्ध संगठन बताया गया है।
छोटे-छोटे सेल के जरिए नेटवर्क बढ़ा रहा AQIS
10 अगस्त को जारी UNSC की रिपोर्ट में AQIS की गतिविधियों को लेकर क्षेत्रीय सुरक्षा संबंधी चिंता भी जताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार संगठन अपने लॉजिस्टिक्स और वित्तीय नेटवर्क को मजबूत करने के साथ छोटे और अलग-अलग सेल के जरिए काम करने की रणनीति अपना रहा है।
रिपोर्ट में AQIS के बांग्लादेश में भी आतंकी सेल स्थापित करने की कोशिशों का उल्लेख किया गया है। इसे दक्षिण एशिया की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय बताया गया है।
रासायनिक और जैविक खतरों पर भी चिंता
UNSC रिपोर्ट में अलकायदा और ISIL जैसे आतंकी संगठनों की रासायनिक और जैविक खतरों से जुड़ी क्षमताएं विकसित करने की कोशिशों पर भी चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन संगठनों से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क ऐसे खतरनाक पदार्थों से संबंधित जानकारी साझा करने की कोशिश करते रहे हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस तरह की क्षमताएं विकसित करना अत्यंत जटिल है और आतंकी संगठन इस दिशा में पूरी तरह सफल नहीं हो पाए हैं।
2014 में बनाया गया था AQIS
AQIS अलकायदा का दक्षिण एशिया केंद्रित संगठन है, जिसकी घोषणा सितंबर 2014 में तत्कालीन अलकायदा प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी ने की थी। इसका उद्देश्य भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत दक्षिण एशियाई क्षेत्र में संगठन के नेटवर्क का विस्तार करना था। लाल किला धमाका मामले में अब UNSC की ताजा रिपोर्ट और NIA की जांच में AQIS से जुड़े नेटवर्क का उल्लेख सामने आने के बाद इस आतंकी संगठन की क्षेत्रीय गतिविधियों को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
ख़बर देश
Parliament: अमित शाह बोले- 3 बजे से चर्चा शुरू करें, मैं सदन में बैठूंगा, राहुल गांधी ने कहा- पहले बताएं छात्रों पर गोली किसने चलवाई

नई दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को विपक्ष से संसद की कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और वह बुधवार दोपहर 3 बजे से सदन में बैठकर सभी की बातें सुनेंगे। इसके बाद गुरुवार दोपहर 3 बजे वह सभी सवालों का जवाब देंगे। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गृह मंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने छात्रों के आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज और गोलीबारी के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले यह बताया जाए कि छात्रों पर गोली चलाने और कीलों वाली लाठियों से पिटाई का आदेश किसने दिया।
शाह बोले- सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं
अमित शाह ने कहा कि संसद सत्र शुरू होने के बाद से वह रोज संसद भवन आ रहे हैं और अपने चैंबर में मौजूद रहते हैं। उन्होंने विपक्ष के इस आरोप को खारिज किया कि वह सदन में नहीं आ रहे हैं। शाह ने कहा, “सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन को चलने दे। आज दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू करें। मैं सदन में बैठूंगा, सबकी बात सुनूंगा और कल 3 बजे जवाब दूंगा।” उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के साथ यह जानने के लिए भी तैयार है कि विपक्ष चर्चा से क्यों बच रहा है।
राहुल बोले- अमित शाह के भाषण में कोई दिलचस्पी नहीं
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को अमित शाह के भाषण में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब वह ‘हम’ कहते हैं तो उसका मतलब देश की युवा पीढ़ी से है। राहुल ने सवाल उठाया कि छात्रों को गोली किसने मारी और कीलों वाली लाठियों से पिटाई का आदेश किसने दिया। उन्होंन कहा कि अगर गृह मंत्री ने ऐसा आदेश दिया है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों से गृह मंत्री सदन से दूरी बनाए हुए हैं और विपक्ष के सवालों का सामना नहीं कर रहे हैं।
20 दिनों से नहीं चल रही संसद
दरअसल, विपक्ष छात्रों के आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज के मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है। इस मुद्दे को लेकर पिछले करीब 20 दिनों से लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बाधित है। विपक्ष का आरोप है कि अमित शाह सदन में आकर जवाब नहीं दे रहे हैं। वहीं शाह का कहना है कि वह रोज संसद आते हैं, लेकिन विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा। शाह ने कहा कि अब जनता को तय करना चाहिए कि वास्तव में चर्चा से कौन भाग रहा है। उन्होंने दोपहर 3 बजे से अगले दिन दोपहर 3 बजे तक हर तरह की चर्चा के लिए तैयार रहने की बात कही।
ख़बर देश
Weather Alert: MP समेत 6 राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ जैसे हालात, भोपाल में 7 इंच से ज्यादा पानी; UP में 40 गांव बाढ़ की चपेट में

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है। कई इलाकों में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। भोपाल में 24 घंटे में 7 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शहर में 1,000 से ज्यादा घरों के आसपास 5 फीट तक पानी भर गया है। स्कूलों में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य भारत में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण बारिश का दौर जारी है। 11 अगस्त के मौसम बुलेटिन में भी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई क्षेत्रों में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।
MP में भोपाल समेत कई इलाकों में भारी बारिश
भोपाल में लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई घरों और सड़कों पर पानी भर गया है। प्रशासन और राहत टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।
उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास बना लो-प्रेशर एरिया बारिश का प्रमुख कारण है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
राजस्थान के हाड़ौती में 12 इंच तक बारिश
राजस्थान के कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ में पिछले 24 घंटे में 12 इंच तक बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के बाद कालीसिंध और छापी बांध के गेट खोल दिए गए हैं। इससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य के 6 जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
UP में गंगा-यमुना समेत 10 नदियां उफान पर
उत्तराखंड और हिमाचल में लगातार बारिश का असर उत्तर प्रदेश की नदियों पर भी पड़ा है। गंगा-यमुना समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है। करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। फर्रुखाबाद में 25 घर गंगा नदी में समा चुके हैं।
दो मौसम सिस्टम से अभी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत में एक लो-प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय है। इसके कारण मध्य प्रदेश, राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11-12 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में भी एक नया सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने पर पूर्वी और मध्य भारत में बारिश और तेज हो सकती है।
ख़बर देश
Weather News: MP-राजस्थान में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, भोपाल समेत कई शहरों में स्कूल बंद; UP में गंगा-यमुना उफान पर

भोपाल/जयपुर/लखनऊ: देश के कई राज्यों में मानसून की भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान के 15 से ज्यादा शहरों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं। IMD ने भी 9 से 15 अगस्त के दौरान देश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है।
भोपाल में स्कूल बंद, कई शहरों में मूसलाधार बारिश
मध्य प्रदेश के भोपाल, रायसेन, उज्जैन और देवास समेत कई शहरों में रविवार रात से तेज बारिश जारी है। भोपाल में विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। लगातार बारिश से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है।
राजस्थान में डैम ओवरफ्लो, सड़कों पर 4 फीट तक पानी
राजस्थान के जयपुर में कानोता डैम और झालावाड़ का कालीखाड़ डैम ओवरफ्लो हो गया है। बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में रविवार रात सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भर गया। बाड़मेर में भी कई प्रमुख इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी भरने की सूचना है। रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी और हॉस्पिटल रोड समेत कई इलाकों में जलभराव हुआ। कई दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया।
UP में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर
उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना समेत करीब 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे तक पहुंच गया है। कई सड़कें पानी में डूब गई हैं। बाढ़ से करीब 40 गांव प्रभावित हुए हैं। कई जगह लोग सुरक्षित स्थानों पर सड़कों के किनारे टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं।
काशी में 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते डूबे
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ख़बर छत्तीसगढ़23 hours agoहरेली तिहार: नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हरेली तिहार की धूम, CM बोले- किसान की समृद्धि से ही प्रदेश की खुशहाली
ख़बर देश6 hours agoलाल किला धमाके पर UNSC की नई रिपोर्ट, AQIS का नाम; पिछली रिपोर्ट में JeM का जिक्र
ख़बर देश2 hours agoParliament: मानसून सत्र समाप्त, लोकसभा में 12 विधेयक पारित, सिर्फ एक पर हुई पूरी चर्चा
ख़बर मध्यप्रदेश8 hours agoMP News: प्रदेश में 24 घंटे खुल सकेंगे दुकान-मॉल और होटल, राज्यपाल ने नई श्रम संहिता को मंजूरी दी
ख़बर छत्तीसगढ़1 hour agoChhattisgarh: कवर्धा-बेमेतरा-सिमगा होते हुए रायपुर तक बनेगा 6-लेन एक्सप्रेसवे, भोपाल से रायपुर 6-7 घंटे में पहुंचने का दावा
ख़बर बिहार36 minutes agoभरत तिवारी एनकाउंटर केस: परिवार को आर्थिक मदद और एक सदस्य को सरकारी नौकरी का ऐलान
ख़बर उत्तरप्रदेश7 minutes agoUP News: बागपत में 2 दोस्तों की हत्या, महंत ने मंदिर परिसर में दफनाए शव























