ख़बर उत्तरप्रदेश
यूपी कैबिनेट: 18 प्रस्ताव मंजूर, दो नए एक्सप्रेसवे को हरी झंडी, टॉप छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में 18 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, उच्च शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों और विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखों समेत कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी।
कैबिनेट ने संभल रिपोर्ट को भी मंजूरी दी। साथ ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं के ईपीसी (EPC) मोड में निर्माण के लिए डेवलपर चयन संबंधी प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।
प्रयागराज से सोनभद्र तक बनेगा 333 किमी लंबा एक्सप्रेसवे
कैबिनेट ने प्रयागराज-सोनभद्र ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दे दी। यह एक्सप्रेसवे 333 किलोमीटर लंबा होगा और इसकी अनुमानित लागत 26 हजार करोड़ रुपए होगी।
विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को भी मंजूरी
बैठक में विंध्य-पूर्वांचल लिंक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को भी हरी झंडी मिली। यह 117 किलोमीटर लंबा होगा और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इस परियोजना की कुल लागत 9,039 करोड़ रुपए तय की गई है। इसमें 5,628 करोड़ रुपए निर्माण कार्य और 1,731 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे। यह एक्सप्रेसवे गाजीपुर, मिर्जापुर और चंदौली जिलों से होकर गुजरेगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बनेगा नया डायवर्जन
कैबिनेट ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 1.18 किलोमीटर लंबे डायवर्जन के निर्माण को भी मंजूरी दी। रास्ते में अधिक आबादी और मकानों के कारण यह बदलाव किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि इससे परियोजना की कुल लागत में कोई बदलाव नहीं होगा।
टॉप-5 छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत प्रदेश के सभी कॉलेजों की टॉप-5 छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। योजना के लिए 400 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है और इससे करीब 50 हजार छात्राएं लाभान्वित होंगी।
विश्वविद्यालयों में बनेंगी शोध पीठ
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शोध पीठ स्थापित की जाएगी। इसके लिए विश्वविद्यालयों को 2 करोड़ रुपए और महाविद्यालयों को 1 करोड़ रुपए तक की सहायता मिलेगी। यह राशि फिक्स्ड डिपॉजिट में रखी जाएगी और ब्याज से शोध गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 50 वर्ष पुराने और 5 हजार से अधिक छात्र क्षमता वाले संस्थान इसके लिए पात्र होंगे।
बनारस में बनेगा नया महिला छात्रावास
बसंत महिला विश्वविद्यालय, वाराणसी में 2.48 करोड़ रुपए की लागत से नया महिला छात्रावास बनाया जाएगा। इसमें 112 छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी।
3 से 6 अगस्त तक चलेगा विधानसभा का मानसून सत्र
कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक आयोजित करने का फैसला भी लिया। इस दौरान राज्य सरकार विधायी कार्यों के साथ अनुपूरक बजट पेश करेगी। माना जा रहा है कि सत्र के दौरान विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
राम मंदिर चढ़ावा मामला: सुप्रीम कोर्ट ने नई SIT बनाने के दिए निर्देश, CJI बोले- जांच निष्पक्ष हो, राजनीति से दूर रखें

नई दिल्ली/अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित करने का निर्देश दिया है। सोमवार को सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि नई SIT की अगुआई एक वरिष्ठ IPS अधिकारी करें, ताकि जांच किसी निर्णायक नतीजे तक पहुंच सके।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव के होनी चाहिए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
यूपी सरकार से मांगा वरिष्ठ अधिकारी का नाम
सुनवाई के दौरान अदालत ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार नई SIT के नेतृत्व के लिए वरिष्ठ IPS अधिकारी का नाम प्रस्तुत करे। मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी।
सीलबंद लिफाफे में सौंपी गई स्टेटस रिपोर्ट
इससे पहले रविवार देर रात मौजूदा SIT ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में सीलबंद लिफाफे में दाखिल की थी। 13 जुलाई की पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी कर जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी थी।
चार याचिकाओं पर हो रही सुनवाई
राम मंदिर चढ़ावा मामले में सुप्रीम कोर्ट में कुल चार याचिकाएं दायर की गई हैं। इनमें जांच CBI को सौंपने, दान प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा और विशेषज्ञ समिति गठित करने जैसी मांगें की गई हैं।
8 आरोपी जेल में, ट्रस्टी पर भी सवाल
चढ़ावा चोरी मामले में दर्ज एफआईआर के बाद आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। सभी फिलहाल फैजाबाद जेल में बंद हैं। उन पर चढ़ावे की गिनती के दौरान नकदी और आभूषणों की चोरी का आरोप है।
जांच के दौरान SIT ने ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा पर भी चढ़ावा गिनती की प्रक्रिया में कथित लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं, ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा पहले ही अपने पदों से इस्तीफा दे चुके हैं, जिसे ट्रस्ट ने स्वीकार कर लिया है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, पुलिस बोली- प्रेमी के साथ साजिश रची, जहरीले सांप से डसवाया

Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक स्कूल संचालक की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी, कथित प्रेमी और दो सपेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि चारों ने मिलकर स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) की हत्या की साजिश रची और उन्हें जहरीले करैत सांप से डसवाया। शुरुआती तौर पर मामला सांप के काटने से हुई सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन जांच में हत्या की साजिश का खुलासा होने का दावा किया गया। मामला हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी दामिनी, उसके कथित प्रेमी तुषार पायला और दो सपेरों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का दावा- पहले नींद की गोलियां दी गईं
जांच के अनुसार, घटना वाली रात अतुल कुमार को कथित तौर पर दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं। इसके बाद देर रात कथित प्रेमी और दो सपेरे घर पहुंचे और करैत सांप से अतुल को डसवाया। सुबह पत्नी ने परिजनों को बताया कि अतुल की मौत सांप के काटने से हुई है।
पूछताछ और कॉल डिटेल से खुला मामला
पुलिस के मुताबिक, पत्नी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर उससे पूछताछ की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में स्कूल के वैन चालक तुषार पायला से लगातार संपर्क सामने आया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में तुषार ने साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की।
बीमा राशि और प्रेम संबंध बना हत्या की वजह: पुलिस
पुलिस का दावा है कि अतुल कुमार ने करीब 20 लाख रुपये का बीमा कराया था। जांच में सामने आया कि कथित प्रेम संबंध और बीमा की राशि हासिल करने के उद्देश्य से हत्या की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, दो सपेरों को इस काम के लिए 5 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।
पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश
जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले अतुल को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। पुलिस का कहना है कि अन्य साजिशें विफल होने के बाद सांप के जरिए हत्या की योजना बनाई गई।
मोबाइल में मिली अहम तस्वीर
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, कथित प्रेमी के मोबाइल फोन से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली, जो घटनास्थल से बरामद सांप से मेल खाती है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। अदालत में आरोप सिद्ध होना अभी बाकी है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: 150 करोड़ की संपत्ति के विवाद में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या, गाजियाबाद में चेहरे, सीने और पेट में दागीं 6 गोलियां

Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 150 करोड़ रुपए की संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बुधवार देर रात पिता के चेहरे, सीने और पेट में छह गोलियां दाग दीं। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव की है। मृतक की पहचान हरिओम चौधरी (52) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका बड़ा बेटा निखिल (32) है। प्रकरण के सम्बन्ध में थाना मोदीनगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की तलाश में चार टीमें लगाकर छापेमारी कर रही हैं।
शराब पीकर घर आया, डांटने पर चला दी गोलियां
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हरिओम चौधरी परिवार के साथ खाना खाकर घर पर थे। देर रात उनका बड़ा बेटा निखिल शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता ने शराब पीकर आने पर उसे फटकार लगाई। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि निखिल ने अवैध पिस्टल निकालकर पहले गाली-गलौज की और फिर हाथापाई के दौरान पिता पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं। गोली लगते ही हरिओम चौधरी मौके पर गिर पड़े। परिवार और पड़ोसी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पत्नी बोली- तूने पूरा घर उजाड़ दिया
पति को लहूलुहान देखकर पत्नी अनीता चौधरी चीख पड़ीं। उन्होंने आरोपी बेटे से कहा, “तूने पूरा घर उजाड़ दिया।” गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
150 करोड़ की संपत्ति को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, हरिओम चौधरी संपन्न किसान थे। उनके नाम करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड स्थित एक व्यावसायिक मार्केट है। परिवार की कुल संपत्ति लगभग 150 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि निखिल शराब का आदी है और लंबे समय से पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। हालांकि हरिओम चौधरी पहले ही उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट में कई दुकानें दे चुके थे। इसके बावजूद वह शेष संपत्ति भी अपने नाम कराना चाहता था। पिता को आशंका थी कि बेटा जमीन बेचकर पैसा बर्बाद कर देगा, इसलिए उन्होंने इनकार कर दिया था।
छोटे भाई पर भी चला चुका है गोली
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब आठ साल पहले भी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर गोली चलाई थी। उस घटना में नीशू की जान बच गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के जिलों में भी उसकी तलाश की जा रही है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Encounter: बसपा नेता हत्याकांड का ₹1 लाख का इनामी बदमाश ढेर, STF के जवान को लगी गोली

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) और गोरखपुर पुलिस ने सोमवार देर रात संयुक्त कार्रवाई में बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू हत्याकांड के मुख्य आरोपी और ₹1 लाख के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल हसन को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान एक STF हेड कॉन्स्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया।
यह एनकाउंटर गोरखपुर जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर रामनगर-करजहा फोरलेन पर हुआ। पुलिस के अनुसार, करीब 30 मिनट तक चली मुठभेड़ में दोनों तरफ से लगभग 15 राउंड फायरिंग हुई।
रोकने पर की फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफिजुल कुशीनगर की ओर जा रहा है। STF और पुलिस ने चेकिंग शुरू की। देर रात करीब 11 बजे आरोपी बाइक से वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इस दौरान STF के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मुस्तफिजुल के पैर और आंख के पास लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मौके से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
2024 में गिरफ्तारी के बाद ट्रेन से भागा था
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुस्तफिजुल आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। दिसंबर 2024 में उसे गुजरात से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन आजमगढ़ लाते समय महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था।
10 आपराधिक मामले दर्ज
मुस्तफिजुल के खिलाफ आजमगढ़, हरदोई और महाराष्ट्र में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 10 मुकदमे दर्ज थे। वह लगातार ठिकाने बदलता रहता था, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में काफी मुश्किलें आ रही थीं।
पुरानी रंजिश में हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2013 में मुस्तफिजुल के भाई कामरान की हत्या हुई थी, जिसमें बसपा नेता कलामुद्दीन आरोपी थे। इसी रंजिश के चलते वर्ष 2021 में कलामुद्दीन की हत्या कर दी गई थी। इस मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: सुप्रीम कोर्ट ने SIT से मांगी रिपोर्ट, CCTV सुरक्षित रखने के निर्देश

नई दिल्ली/अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है। अदालत ने यूपी सरकार की ओर से गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से अब तक की जांच की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने निर्देश दिया कि रिपोर्ट में SIT के गठन, उसकी संरचना और जांच कर रहे अधिकारियों की पूरी जानकारी दी जाए। कोर्ट ने मामले से जुड़े सभी CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया।
20 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि जांच की स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में पेश की जाएगी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में जांच एजेंसी की संरचना और कार्रवाई का पूरा विवरण होना चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई को होगी।
CBI जांच और एक्सपर्ट कमेटी की मांग
सुप्रीम कोर्ट चार अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। याचिकाओं में मामले की जांच CBI को सौंपने और मंदिर में चढ़ावे व दान के प्रबंधन की समीक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति (Expert Committee) गठित करने की मांग की गई है।
8 आरोपियों की रिमांड पर आज फैसला
उधर, अयोध्या पुलिस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश करेगी। उनकी पुलिस रिमांड आज समाप्त हो रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और चढ़ावा गिनती के प्रभारी रहे सुभाष श्रीवास्तव की 7 दिन की नई रिमांड मांग सकती है। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर चुकी है। सभी आरोपी फिलहाल फैजाबाद जेल की अलग-अलग बैरकों में बंद हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट ने निकाली CEO की भर्ती
इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक (Graduation) निर्धारित की गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई 2026 शाम 4 बजे तक है।
ख़बर दुनिया21 hours agoIran US Conflict: ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी, ‘खार्ग आइलैंड पर कब्जे की कोशिश की तो सैनिक जिंदा नहीं लौटेंगे’
ख़बर देश21 hours agoTripura DGP: त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ मृत मिले, शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका
ख़बर देश5 hours agoSikkim Tunnel Collapse: लैंडस्लाइड से एंट्री बंद, 27 मजदूर फंसे; 8 की मौत, मीथेन गैस से रेस्क्यू में मुश्किल
ख़बर देश1 hour agoNEET पेपर लीक विवाद: जंतर-मंतर पर CJP का फिर प्रदर्शन, PM बोले- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, राजनीति न हो
ख़बर देश31 minutes agoडेंगू वैक्सीन: भारत को मिली पहली डेंगू वैक्सीन, 4 से 60 साल तक के लोगों को लगेगी
ख़बर उत्तरप्रदेश20 hours agoराम मंदिर चढ़ावा मामला: सुप्रीम कोर्ट ने नई SIT बनाने के दिए निर्देश, CJI बोले- जांच निष्पक्ष हो, राजनीति से दूर रखें




















