ख़बर देश
PM Modi 2024: विदेशी ताकतें कर रहीं 2024 में मोदी को रोकने की साजिश, अंग्रेजी अख़बार का दावा

Lok Sabha Elections 2024: देश में अगले साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों को लेकर सामने आए हालिया सर्वे में दावा किया गया, कि एक बार फिर केंद्र में मोदी सरकार की वापसी होगी। हालांकि 2024 में यूपीए भी पहले से मजबूत स्थिति में होगा। वहीं अंग्रेजी अख़बार ‘द संडे गार्जियन’ ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर एक बड़ा दावा करके सनसनी फैला दी है। अख़बार में छपी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2024 में केंद्र में मोदी सरकार की वापसी को रोकने के लिए एक बड़ी साजिश हो रही है। इस साजिश में विदेशी ताकतों के साथ कुछ डिप्लोमेट्स, पत्रकार, वकील और आईटी पेशेवर भी शामिल हैं।
पिछले तीन महीनों में हुईं कई बैठकें
अख़बार की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2024 में पीएम मोदी को रोकने के लिए नई दिल्ली से लंदन तक सीक्रेट बैठकें और मुलाकातें हुई हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले तीन महीनों में दिल्ली में कम से कम तीन बैठकें हो चुकी हैं। इनमें से एक बैठक दक्षिणी दिल्ली के मोती बाग में एक निजी आवास पर आयोजित की गई थी। एक और बैठक एक गैर-यूरोपीय संघ, गैर-नाटो यूरोपीय देश के दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में स्थित दूतावास में आयोजित की गई। तीसरी बैठक एक वकील के कार्यालय में हुई, जो कि बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित कई कार्यालयों में से एक है।
बैठकों में इस पर हुई चर्चा
अख़बार का दावा किया है कि मीटिंग्स में पूरा जोर इसी बात पर रहा कि कैसे 2024 में पीएम मोदी को हराया जाए। रिपोर्ट के मुताबिक इसमें सितंबर महीने में पीएम मोदी के खिलाफ 180 दिन का मेगा कैंपेन चलाने पर सहमति बनी है। इस कैंपेन में पीएम मोदी के खिलाफ लोगों के बीच नकारात्मक धारणा बनाने की कोशिश की जाएगी। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सरकार और उसके “दोस्तों” के खिलाफ अभियान शुरू करने के लिए मार्केटिंग पेशेवरों, पीआर एजेंसियों और सोशल मीडिया विशेषज्ञों की भर्ती कैसे की जाए।
मोदी सरकार के खिलाफ कैंपेन को विदेशों से फंडिंग
अख़बार ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में लिखा कि मोदी सरकार के खिलाफ लोकसभा चुनावों से पहले ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से एक बहुत ही सोच समझकर तैयार किया हुआ अभियान शुरू किया जाएगा। रिपोर्ट्स में दावा किया है कि इस पूरे अभियान का खर्च जुटाने में कुछ विदेशी ताकतें भी शामिल रहेंगी।


ख़बर देश
Parliament: संसद का विशेष सत्र 4 दिन में ही खत्म, महिला आरक्षण बिल राज्यसभा में भी पास

Parliament: नारी शक्ति वंदन विधेयक 2023 (महिला आरक्षण बिल) गुरुवार को राज्यसभा में भी पास हो गया। सदन में उपस्थित सभी 214 सांसदों ने बिल का समर्थन किया और बिल पास हो गया। इसके बाद राज्यसभा और लोकसभा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक 5 दिन का विशेष सत्र बुलाया था। लेकिन नारी शक्ति वंदन विधेयक के दोनों सदनों में पास होने के बाद सत्र एक दिन पहले ही खत्म हो गया।
संसद का 4 दिन चला विशेष सत्र पूरी तरह नए संसद भवन और महिला आरक्षण बिल के नाम रहा। नारी शक्ति वंदन बिल (महिला आरक्षण बिल) नए संसद भवन में पास होने वाला पहला बिल बन गया। सत्र की शुरुआत संसद की पुरानी बिल्डिंग (नया नाम-संविधान सदन) से हुई। 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन सत्र की कार्यवाही नए संसद भवन में शिफ्ट हो गई। इसी दिन लोकसभा में नारी शक्ति वंदन विधेयक (महिला आरक्षण बिल) संसद में पेश किया गया।
लोकसभा में 20 सितंबर को करीब 7 घंटे की चर्चा के बाद महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास हो गया। इसके पक्ष में 454 और विरोध में 2 वोट पड़े। 21 सितंबर को बिल को राज्यसभा में पेश किया गया और सदन में मौजूद सभी 214 सदस्यों ने महिला आरक्षण बिल के समर्थन किया। राज्यसभा में बिल पास होने के बाद अब इसे राज्यों की विधानसभाओं में भेजा जाएगा। आधी विधानसभाओं से पारित होने के बाद इसे राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद लोकसभा और विधानसभाओं की 33 फीसदी सीटें रिजर्व हो जाएंगी। हालांकि सीटों की संख्या के निर्धारण के लिए नई जनगणना और परिसीमन तक का इंतजार करना पड़ेगा।

ख़बर देश
Parliament: नारी शक्ति वंदन विधेयक लोकसभा में पास, विरोध में पड़े सिर्फ 2 वोट

LokSabha: संसद के विशेष सत्र के तीसरे दिन बुधवार 20 सितंबर को नारी शक्ति वंदन बिल (महिला आरक्षण बिल) पास हो गया। पर्ची से हुई वोटिंग में बिल के समर्थन में 454 और विरोध में सिर्फ 2 वोट पड़े। अब कल 21 सितंबर गुरुवार को ये बिल राज्यसभा में पेश किया जाएगा। इसमें कोई शक नहीं कि वहां भी यह आसानी से पास हो जाएगा। इसके बाद बिल को राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलते ही यह कानून बन जाएगा।
बता दें कि विशेष सत्र के दूसरे दिन और नए संसद भवन में गणेश चतुर्थी पर कामकाज शुरू होने के पहले दिन 19 सितंबर को ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ को लोकसभा में पेश किया गया। बिल के मुताबिक, लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू किया जाएगा। वर्तमान आंकड़ों के हिसाब से लोकसभा की 543 सीटों में सेे 181 सीटें 15 साल के लिए महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। संसद चाहेगी, तो इस समय सीमा को आगे भी बढ़ा सकती है।
लोकसभा में बिल पर चर्चा के दौरान 60 सांसदों ने अपने विचार रखे। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि- ‘सामान्य, एससी, एसटी सभी पर समान रूप से यह आरक्षण लागू होगा। चुनाव के तुरंत बाद ही जनगणना और परिसीमन होगा और महिलाओं की भागीदारी सदन में बढ़ेगी। विरोध करने पर आरक्षण जल्दी नहीं आएगा।’
नारी शक्ति वंदन बिल (महिला आरक्षण बिल) के लागू होने में जो सबसे बड़ा रोड़ा है, वो है कि यह परिसीमन (डीलिमिटेशन) के बाद ही लागू होगा। परिसीमन के लिए जनगणना के पूरा होने तक इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल जो हालात हैं उसमें 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले जनगणना और परिसीमन पूरा हो पाना नामुमकिन तो नहीं, लेकिन इतना आसान भी नहीं है।

ख़बर देश
Anantnag: कोकरनाग क्षेत्र में 146 घंटे बाद एनकाउंटर खत्म, उजैर खान समेत दो आतंकी ढेर

Anantnag: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग क्षेत्र में पहाड़ी पर एक गुफा में छिपे आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की करीब सात दिनों चली मुठभेड़ खत्म हो गई है। ऑपरेशन गडूल करीब 146 घंटे तक चला और इसे हाल के वर्षों में सबसे लंबा ऑपरेशन कहा जा रहा है। इस ऑपरेशन में लश्कर आतंकी उजैर खान का मार गिराया गया। जबकि एक आतंकी का जला हुआ शव मिला है। उसकी अभी पहचान नहीं हुई है। इस ऑपरेशन की शुरुआत में ही कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष ढोंचक और जम्मू कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं भट शहीद हो गए थे। जबकि बाद में एक और सेना के जवान प्रदीप सिंह की शहादत हुई थी। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों का बड़े क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन अब भी जारी है।

ख़बर देश
JK News: अनंतनाग में सेना का ऑपरेशन 7वें दिन भी जारी, एक और शहीद जवान का शव मिला

JK News: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों के खिलाफ अब तक का सबसे लंबा ऑपरेशन 7वें दिन भी जारी है। अनंतनाग के गडोल पहाड़ी और फॉरेस्ट एरिया में एक गुफा में छिपे आतंकियों को सेना ने चारों तरफ से घेर रखा है। ऑपरेशन के दौरान एक और जवान का शव मिलने से शहीद जवानों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। शहीद जवान प्रदीप सिंह 13 सितंबर को गोलीबारी शुरू होने के बाद से ही लापता थे। उनका शव 18 सितंबर की शाम 5 बजे कोकेरनाग मुठभेड़ स्थल से मिला। बता दें कि इससे पहले अनंतनाग ऑपरेशन में कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोंचक और जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं मुजामिल भट्ट अपनी शहादत दे चुके हैं।
ऑपरेशन स्थल से एक और शव बरामद
सुरक्षाबलों को मुठभेड़ स्थल से जली हालत में एक शव मिला है। फिलहाल जले हुए शव की पहचान नहीं हुई है। इस कारण शव का डीएनए टेस्ट कराया जा सकता है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि बरामद हुआ शव किसी आतंकी का हो सकता है। सेना और आतंकियों के बीच अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। सेना के अफसरों के मुताबिक सर्चिंग ऑपरेशन अब भी जारी है। सेना ने तलाशी का दायरा पास के जंगलों और गांवों तक फैला दिया है। ऑपरेशन में ड्रोन और हेलिकॉप्टर को भी लगाया गया है।

ख़बर देश
Special Parliament Session: संसद का विशेष सत्र शुरू, पीएम मोदी बोले- ऐतिहासिक निर्णयों का ये सत्र है

Special Parliament Session Live: संसद का विशेष सत्र आज शुरू हो गया। संसद के पुराने भवन में संसदीय कार्यवाही का आज आखिरी दिन है। 22 सितंबर तक चलने वाले विशेष सत्र के पहले दिन को छोड़कर बाकी दिन की कार्यवेाही नए संसद भवन में होगी। मंगलवार 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन से संसद की कार्यवाही नए संसद भवन में होगी। पीएम मोदी ने आज सुबह संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रेस से बातचीत के दौरान चंद्रयान-3 मिशन पर कहा कि, ‘भारत के लिए यह गौरव का विषय है। चंद्रयान-3 मिशन नई प्रेरणा का स्रोत बना। भारत चांद पर भी तिरंगा फहरा रहा है। शिव शक्ति पॉइंट भारत के लिए प्रेरणा का केंद्र बना है।’
प्रधानमंत्री ने जी-20 आयोजन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ‘जी-20 समिट की अभूतपूर्व सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। पूरे विश्व में इस प्रकार की उपलब्धि को आधुनिकता, विज्ञान और तकनीक से जोड़कर देखा जाता है और जब ये सामर्थ्य विश्व के सामने आता है, तो अनेक संभावना, अनेक अवसर हमारे दरवाजे पर आकर खड़े हो जाते हैं। अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता और सर्वसम्मति से G20 का डिक्लेरेशन, ये सारी बातें भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत दे रही हैं।’
ऐतिहासिक निर्णयों वाला होगा विशेष सत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रेस से बातचीत में कहा कि इस समय पूरे देश में उत्साह और उमंग का माहौल है। हम एक नए आत्मविश्वास को महसूस कर रहे हैं। उसी समय संसद का विशेष सत्र हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये सत्र छोटा जरूर है, लेकिन समय के हिसाब से बहुत बड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सत्र ऐतिहासिक निर्णयों का है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक देश को विकसित करना है, इसके लिए जितने भी निर्णय होने वाले हैं, वो नए संसद भवन में होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि मैं सभी आदरणीय सांसदों से आग्रह करता हूं कि छोटा सत्र है। वो उमंग और उत्साह के साथ अपना ज्यादा से ज्यादा समय यहां दें।”
प्रधानमंत्री के संबोधन से हुई सत्र की शुरूआत
विशेष सत्र की शुरूआत प्रधानमंत्री के संबोधन से हुई। पीएम मोदी ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक की सराहना करते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए उनके योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सब इस ऐतिहासिक भवन से विदा ले रहे हैं। आजादी से पहले ये सदन काउंसिल का स्थान हुआ करता था। आजादी के बाद इस भवन को संसद भवन की पहचान मिली। ये सही है कि इस इमारत का निर्माण करने का फैसला विदेशी शासकों का था, लेकिन इसके निर्माण में पसीना, परिश्रम और पैसा मेरे देशवासियों के लगे थे।

-
ख़बर देश13 hours ago
Parliament: संसद का विशेष सत्र 4 दिन में ही खत्म, महिला आरक्षण बिल राज्यसभा में भी पास
-
ख़बर उत्तर प्रदेश10 hours ago
Ayodhya: सरयू एक्सप्रेस में महिला आरक्षी से छेड़छाड़ का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, 2 अन्य घायल
-
ख़बर उत्तर प्रदेश4 hours ago
UP News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के वैज्ञानिक सर्वे की मांग वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज, कहा- हाईकोर्ट ले फैसला
-
ख़बर मध्यप्रदेश8 hours ago
MP News: पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, चुनाव अभियान समिति के को-चेयरमैन बनाए गए