ख़बर बिहार
Bihar: नालंदा जिले में मंत्री श्रवण कुमार और हिलसा विधायक पर ग्रामीणों का हमला, मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा

Nalanda: बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और हिलसा के विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया पर गुस्साए ग्रामीणों ने हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब दोनों नेता सड़क हादसे में गांव में 9 लोगों की मौत से पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण कई लोगों की जान चली गई। बता दें, दो दिन पहले ट्रक की चपेट में आने से ऑटो सवार 9 लोगों की मौत हो गई थी।
अचानक हिंसक हुए ग्रामीण
मंत्री श्रवण कुमार और विधायक कृष्ण मुरारी ने गांव पहुंचकर करीब आधा घंटे तक पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद जब मंत्री श्रवण कुमार और विधायक वापस लौटने लगे तभी कुछ ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। थोड़ी देर में ही ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने मंत्री-विधायक से झूमाझटकी शुरू कर दी। किसी तरह सुरक्षाकर्मियों ने मंत्री-विधायक को भीड़ के बीच से निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया।
मंत्री-विधायक को 1 किमी तक भागे
ग्रामीणों के गुस्से से बचने के लिए मंत्री और विधायक को लगभग 1 किलोमीटर तक भागना पड़ा। हमले में उनके बॉडीगार्ड्स और कुछ लोग घायल हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने समय पर कोई कदम नहीं उठाया। इसी वजह से कई लोगों की जान चली गई। पहले ही इस तरह के मामले हुए, जिसमें मुआवजे की बात कही गई लेकिन कई लोगों को मुआवजा नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ख़बर बिहार
Patna: बिहार में शुरू हुई हेली टूरिज्म सेवा: अब हेलीकॉप्टर से घूम सकेंगे राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर

Patna: बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को इस योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत पर्यटक अब हेलीकॉप्टर और छोटे विमान के जरिए राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
योजना के लिए 13 जुलाई से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि 18 जुलाई से नियमित हेली टूरिज्म सेवाएं शुरू होंगी। पर्यटक बिहार पर्यटन विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।
पटना से जुड़ेंगे तीन प्रमुख पर्यटन स्थल
योजना के पहले चरण में पटना को राजगीर, कैमूर (मां मुंडेश्वरी) और वाल्मीकिनगर से जोड़ा गया है। वाल्मीकिनगर के लिए 20-सीटर राजकीय विमान संचालित होगा। राजगीर और कैमूर के लिए 6+2 सीटर हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक उड़ान में अधिकतम 5 सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित रहेंगी।
वाल्मीकिनगर के लिए उड़ान और किराया
पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होगी।
पहली उड़ान: सुबह 10:00 बजे पटना से प्रस्थान, 11:00 बजे वापसी।
दूसरी उड़ान: दोपहर 3:00 बजे पटना से प्रस्थान, 4:30 बजे वापसी।
किराया: ₹5,000 प्रति व्यक्ति (एक तरफ)।
प्रति सप्ताह इस रूट पर 20-20 सीटें उपलब्ध रहेंगी।
राजगीर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा
पटना-राजगीर-पटना: सुबह 9:30 बजे प्रस्थान, 10:30 बजे वापसी।
पटना-कैमूर-पटना: सुबह 11:00 बजे प्रस्थान, 12:45 बजे वापसी।
किराया: राजगीर – ₹4,000 प्रति व्यक्ति, कैमूर – ₹6,000 प्रति व्यक्ति
प्रत्येक यात्री 4 से 5 किलोग्राम तक सामान ले जा सकेगा।
₹2100 में पटना की हेलीकॉप्टर जॉय राइड
राजधानी पटना के लोगों और पर्यटकों के लिए 10 मिनट की हेलीकॉप्टर जॉय राइड भी शुरू की जा रही है। ₹2,100 में पर्यटक आसमान से गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब और शहर के प्रमुख स्थलों का हवाई नजारा देख सकेंगे। यह सुविधा फिलहाल शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी।
टूरिस्ट गाइड मुफ्त, बाकी व्यवस्था स्वयं करनी होगी
पर्यटन विभाग ने बताया कि यात्रियों को फ्री टूरिस्ट गाइड उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, होटल, भोजन, स्थानीय परिवहन और अन्य व्यवस्थाएं पर्यटकों को स्वयं करनी होंगी। सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन विभाग और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
ख़बर बिहार
Patna: फैजल खान उर्फ खान सर समेत 4 आरोपियों को मिली बेल; फायरिंग मामले में जेल में बंद दोनों बॉडीगार्ड्स को भी राहत

Patna: चर्चित कोचिंग विवाद मामले में पटना सिविल कोर्ट ने शनिवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए फैजल खान उर्फ खान सर समेत उनके तीन सहयोगियों की जमानत याचिका मंजूर कर ली। कोर्ट ने फायरिंग के आरोप में जेल में बंद दोनों बॉडीगार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह को भी जमानत दे दी। इससे पहले अदालत ने सुनवाई के दौरान खान सर की आपराधिक पृष्ठभूमि (क्रिमिनल हिस्ट्री) से जुड़ी जानकारी मांगी थी। 10 जुलाई को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
बचाव पक्ष ने क्या दलील दी?
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने कोर्ट को बताया कि पुलिस इस मामले में पहले ही केस की अंतिम रिपोर्ट (फाइनल फॉर्म) दाखिल कर चुकी थी। इसी कारण संबंधित प्रकरण का उल्लेख जमानत आवेदन में नहीं किया गया। वहीं शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से अधिवक्ता सत्या झा ने जमानत का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि खान सर ने अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाई है। इसके बाद अदालत ने संबंधित रिकॉर्ड पेश करने के निर्देश दिए थे।
बॉडीगार्ड्स के हथियारों की जांच में सामने आए कई तथ्य
पटना पुलिस की जांच में खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स के हथियारों के लाइसेंस और अनुमति से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं। जांच के अनुसार, फायरिंग में इस्तेमाल हथियार तालेबर सिंह के नाम पर था, लेकिन उसका लाइसेंस पूरे भारत में मान्य नहीं था। आरोप है कि उत्तर प्रदेश से बिहार हथियार लाने और सुरक्षा ड्यूटी करने के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस का कहना है कि स्थानीय थाने या प्रशासन को भी इसकी सूचना नहीं दी गई थी।
दूसरे बॉडीगार्ड के लाइसेंस पर भी सवाल
दूसरे बॉडीगार्ड प्रदीप कुमार के हथियार का लाइसेंस पूरे भारत के लिए मान्य बताया गया, लेकिन पुलिस के अनुसार यह लाइसेंस मूल रूप से आत्मरक्षा के उद्देश्य से जारी किया गया था। जांच एजेंसी का दावा है कि इसका इस्तेमाल निजी सुरक्षा ड्यूटी में किया गया, जिसकी वैधानिकता की भी जांच की जा रही है।
खान सर की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस जांच में यह भी कहा गया है कि खान सर ने बॉडीगार्ड्स की नियुक्ति के दौरान उनके हथियारों और लाइसेंस का स्थानीय स्तर पर पुलिस सत्यापन नहीं कराया। इन सभी बिंदुओं को पुलिस ने अपनी अपडेटेड केस डायरी में शामिल किया है। हालांकि, कोर्ट ने उपलब्ध तथ्यों और दलीलों पर विचार करने के बाद सभी आरोपियों की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है। मामले की सुनवाई आगे भी जारी रहेगी।
ख़बर बिहार
Patna: बिहार में दौड़ेगी हाई-स्पीड रैपिड रेल, पटना से गया, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय और आरा के लिए 4 कॉरिडोर को मंजूरी

Patna: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने चार हाई-स्पीड रैपिड रेल कॉरिडोर विकसित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना सहित कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। परियोजना पूरी होने के बाद पटना, गया, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय और आरा जैसे प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर बनेगा नेटवर्क
सरकार के अनुसार, बिहार में विकसित होने वाली रैपिड रेल प्रणाली दिल्ली-एनसीआर में संचालित ‘नमो भारत’ मॉडल की तर्ज पर होगी। यह सेमी हाई-स्पीड रेल सेवा शहरों के बीच तेज, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराएगी।
चारों रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) को अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट (AAR) और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए कैबिनेट ने 31.59 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। रिपोर्ट में यह तय किया जाएगा कि किस रूट पर एलिवेटेड या भूमिगत ट्रैक अधिक उपयुक्त रहेगा।
‘ग्रेटर पटना’ की दिशा में बड़ा कदम
सरकार का मानना है कि यह परियोजना केवल परिवहन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रेटर पटना के विकास की आधारशिला भी बनेगी। बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सैटेलाइट टाउनशिप विकसित होंगे, जिससे राजधानी पर बढ़ते आबादी के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
यह परियोजना छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के लिए तेज और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगी।
ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप भी बनेगी
कैबिनेट ने पटना, सोनपुर, गया और मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए जमीन अधिग्रहण को भी मंजूरी दी। इन टाउनशिप में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कैबिनेट के अन्य प्रमुख फैसले
- डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और फसलों का डिजिटल सर्वे कराने के लिए 154 करोड़ रुपए मंजूर।
- वर्ष 2030 तक सभी सरकारी भवनों की छतों पर 500 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की योजना को मंजूरी।
- भागलपुर के विक्रमशिला सेतु की मरम्मत, बेली ब्रिज और नया सस्पेंडेड स्लैब बनाने के लिए 126.25 करोड़ रुपए स्वीकृत।
- राज्य सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से बिहार में आधुनिक परिवहन, शहरी विकास, कृषि डिजिटलीकरण और हरित ऊर्जा को नई गति मिलेगी।
ख़बर बिहार
Bihar: सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले बवाल, पटना रेलवे स्टेशन पर छात्रों का प्रदर्शन, ट्रेनों में तोड़फोड़

Patna: बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन शनिवार को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। ट्रेनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन किया, कई ट्रेनों को रोक दिया और एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ भी की। हंगामे के दौरान कुछ स्थानों पर पथराव की भी सूचना है। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाकर ट्रेन परिचालन बहाल कराया। पुलिस ने मामले में 6 छात्रों को गिरफ्तार किया है।
DM बोले- कुछ लोगों ने बार-बार खींची चेन
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि आधी रात के आसपास हंगामे की सूचना मिली थी। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोगों ने बार-बार ट्रेन की इमरजेंसी चेन खींची और विभिन्न मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पहले से दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, इसके बावजूद कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन किया और उन छात्रों को भी रोकने का प्रयास किया जो परीक्षा देने जाना चाहते थे।जिलाधिकारी के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल हालात सामान्य हैं और ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से जारी है।
चश्मदीद ने बताया- दुकान में की तोड़फोड़
घटना के प्रत्यक्षदर्शी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पहले ट्रेनों को रोका गया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने के बावजूद भीड़ नहीं हटी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंसा के दौरान उनकी दुकान में तोड़फोड़ की गई और अंदर पत्थर फेंके गए। उन्होंने कहा कि जान बचाने के लिए उन्हें मौके से भागना पड़ा।
500 केंद्रों पर हो रही भर्ती परीक्षा
बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए राज्यभर में 500 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 4,128 पदों के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 17 जून तक विभिन्न चरणों में आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत कक्षपाल के 2,417 पद, मद्य निषेध सिपाही के 1,603 पद और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा के लिए प्रत्येक शिफ्ट में अलग-अलग प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट तैयार की गई हैं। प्रश्नपत्र प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित समय पर खोले जाएंगे। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य किया गया है। बिना पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने उम्मीदवारों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
ख़बर बिहार
Patna: खान सर को राहत, गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक, 20 जून को होगी अग्रिम जमानत याचिका पर अगली सुनवाई

Patna: फायरिंग मामले में चर्चित शिक्षाविद और खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर खान सर को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी। कोर्ट ने पुलिस को मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट कहा है कि अगली सुनवाई या अगले आदेश तक खान सर के खिलाफ कोई कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी।
20 जून को होगी अगली सुनवाई
खान सर की ओर से अदालत में पेश हुए अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआर ने दलील दी कि गोली आत्मरक्षा में चलाई गई थी और इसका उद्देश्य किसी प्रकार का भय या आतंक फैलाना नहीं था। वकील के अनुसार, अदालत अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 जून को करेगी, जहां अग्रिम जमानत याचिका पर विस्तृत बहस होगी।
सोमवार को दायर की थी अग्रिम जमानत याचिका
खान सर ने सोमवार को पटना जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दाखिल किया था। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और हथियारों के कथित अवैध उपयोग से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
FIR में क्या आरोप?
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के मुताबिक, खान सर के सुरक्षा गार्डों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में आरोप है कि खान सर ने गार्ड्स से कहा था, “तुम गोली चलाओ, बाकी मैं देख लूंगा।” इसी आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज
इधर, खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले में गिरफ्तार ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को अदालत से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।
छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च
रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर सोमवार को पटना में छात्रों ने कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने रौशन आनंद के समर्थन में नारे लगाए और खान सर की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन में शामिल छात्र पोस्टर लेकर पहुंचे थे, जिन पर लिखा था- “झूठे केस में हमारा जीवन मत बर्बाद करो” और “मैं निर्दोष हूं”।
मामले की प्रमुख बातें
- खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक
- पुलिस से केस डायरी तलब
- 20 जून को होगी अगली सुनवाई
- हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
- रौशन आनंद की जमानत याचिका खारिज
- पटना में छात्रों का कैंडल मार्च
ख़बर दुनिया24 hours agoIran US Conflict: ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी, ‘खार्ग आइलैंड पर कब्जे की कोशिश की तो सैनिक जिंदा नहीं लौटेंगे’
ख़बर देश8 hours agoSikkim Tunnel Collapse: लैंडस्लाइड से एंट्री बंद, 27 मजदूर फंसे; 8 की मौत, मीथेन गैस से रेस्क्यू में मुश्किल
ख़बर देश3 hours agoडेंगू वैक्सीन: भारत को मिली पहली डेंगू वैक्सीन, 4 से 60 साल तक के लोगों को लगेगी
ख़बर देश4 hours agoNEET पेपर लीक विवाद: जंतर-मंतर पर CJP का फिर प्रदर्शन, PM बोले- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, राजनीति न हो
ख़बर उत्तरप्रदेश23 hours agoराम मंदिर चढ़ावा मामला: सुप्रीम कोर्ट ने नई SIT बनाने के दिए निर्देश, CJI बोले- जांच निष्पक्ष हो, राजनीति से दूर रखें
ख़बर उत्तरप्रदेश3 hours agoयूपी कैबिनेट: 18 प्रस्ताव मंजूर, दो नए एक्सप्रेसवे को हरी झंडी, टॉप छात्राओं को मिलेगी स्कूटी



















