ख़बर छत्तीसगढ़
महादेव सट्टा ऐप का आरोपी सौरभ चंद्राकर रायपुर पहुंचा, 4 नवंबर को CBI की स्पेशल कोर्ट में होगा पेश

रायपुर: सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद 1 नवंबर को भारत लाया गया था। इसके बाद सोमवार को उसे दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निखिल चोपड़ा ने CBI की मांग पर उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया। कोर्ट ने निर्देश दिया कि आरोपी को 4 नवंबर 2026 या उससे पहले रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाए।
प्रत्यर्पण की शर्तों पर आरोपी के वकील ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान सौरभ चंद्राकर के वकील ने ओमान की अदालत के आदेश का हवाला देते हुए CBI की कार्रवाई पर सवाल उठाए। बचाव पक्ष का कहना था कि भारत की ओर से ओमान को भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध में ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले को मंजूरी मिली थी, जबकि CBI के मामले को मंजूरी नहीं दी गई थी।
वकील ने दलील दी कि प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत सौरभ पर उन्हीं मामलों में कार्रवाई की जा सकती है, जिनके आधार पर उसे भारत लाया गया है। उन्होंने इसे प्रत्यर्पण के नियमों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि CBI उसे अपने मामले में रिमांड पर नहीं ले सकती।
यह दलील प्रत्यर्पण कानून के डॉक्ट्रिन ऑफ स्पेशियलिटी यानी प्रत्यर्पित व्यक्ति पर उन्हीं अपराधों के लिए मुकदमा चलाने के सिद्धांत से जुड़ी है, जिनके लिए प्रत्यर्पण मंजूर हुआ हो।
CBI ने कहा- रायपुर की अदालत तय करेगी मुकदमे का अधिकार क्षेत्र
CBI की ओर से अदालत में कहा गया कि सौरभ चंद्राकर के खिलाफ रायपुर की विशेष अदालत पहले ही ओपन एंडेड गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है। एजेंसी ने यह भी दलील दी कि ED और CBI के मामले एक-दूसरे से जुड़े हैं।
CBI के मुताबिक, दिल्ली की अदालत के सामने फिलहाल सवाल आरोपी को रायपुर की विशेष अदालत तक ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड देने का था। प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत CBI के मामले में उस पर मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर फैसला रायपुर की विशेष अदालत करेगी।
दिल्ली कोर्ट ने भी कहा कि प्रत्यर्पण की शर्तों और उनके कानूनी प्रभाव से जुड़े सवालों पर रायपुर की विशेष अदालत ही निर्णय लेगी। अदालत ने बचाव पक्ष की आपत्ति के बावजूद दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी।
13 FIR की जांच CBI को सौंपी गई थी
महादेव ऑनलाइन बुक ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं। CBI ने जांच के दौरान दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की है।
इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है। ED सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर चुकी है।
पैनल और बैंक खातों के जरिए सट्टे का नेटवर्क चलाने का आरोप
CBI के मुताबिक, महादेव बुक ऐप को सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके सहयोगियों ने मिलकर प्रमोट किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि ऑनलाइन क्रिकेट, फुटबॉल, कार्ड गेम और दूसरे खेलों पर सट्टा लगाने के लिए अलग-अलग पैनल और ब्रांच बनाए गए थे।
आरोप है कि इन पैनलों के जरिए यूजर्स से सट्टे की रकम जुटाई जाती थी। रकम को कई बैंक खातों के जरिए घुमाकर विदेश भेजा जाता था। CBI की जांच में UAE और हवाला नेटवर्क के जरिए पैसे के लेन-देन की बात भी सामने आई है। एजेंसी का यह भी आरोप है कि सट्टे से मिली रकम का एक हिस्सा सरकारी कर्मचारियों को कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी के रूप में दिया जाता था।
CM विष्णुदेव साय ने CBI को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सौरभ चंद्राकर के भारत लाए जाने पर CBI और केंद्रीय एजेंसियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूछताछ से महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क और कथित प्रोटेक्शन मनी के लेन-देन से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आएंगे।
ख़बर छत्तीसगढ़
रायपुर साहित्य उत्सव 2027: 8 से 10 जनवरी तक होगा आयोजन, CM साय ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

रायपुर: छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस बार तीन दिवसीय साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव को साहित्यकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से अच्छी सफलता मिली थी। इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक, भव्य और गरिमामय स्वरूप देने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि यह देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके।
गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी भाषाओं को मिलेगा महत्व
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण-संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित प्रदेश की विभिन्न भाषाओं और बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत मौजूद है।
इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है। मुख्यमंत्री ने साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान देने की बात कही।
युवा रचनाकारों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को अभिव्यक्त करती है। साहित्य उत्सव में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है। रायपुर साहित्य उत्सव उभरते रचनाकारों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
साहित्यकारों ने दिए आयोजन को बेहतर बनाने के सुझाव
कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और लेखकों ने पिछले वर्ष के आयोजन के अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी साहित्य उत्सव को और प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव भी दिए। साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी में इतने व्यापक स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय रचनाकारों को नई ऊर्जा मिली है और छत्तीसगढ़ की साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
इस दौरान साहित्यकारों ने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव प्रदेश की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक और साहित्य जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
ख़बर छत्तीसगढ़
भिलाई को 154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनेगा, दो सड़कों के लिए 27 करोड़ मंजूर

भिलाई/रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की। साथ ही दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों के लिए 27 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। सरकार का प्रयास है कि शहर में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी अधोसंरचना का लगातार विस्तार हो।
दो सड़क निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपए की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं।
- कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपए।
- जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपए।
इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।
BSP टाउनशिप के हजारों परिवारों को किराए में राहत
मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपए किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को राहत मिली है।
तीन साल में भिलाई के विकास पर 886 करोड़ खर्च/जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। नगरीय निकायों में स्वच्छता, सड़क, पेयजल और अन्य सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों और गांवों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिलाई आने वाले समय में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर राशि हस्तांतरित की। इस दौरान 3 हजार निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सहायता और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
आवास से लेकर स्वरोजगार तक, हितग्राहियों को मिला लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
- प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
- पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।
- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
- आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
- मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 2 हितग्राहियों को 1-1 लाख रुपए के चेक दिए गए।
- 7 श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
- छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण के चेक दिए गए।
- मत्स्य विभाग की ओर से आइस बॉक्स, नाव-जाल और पट्टे वितरित किए गए।
महतारी वंदन योजना की 33 किस्तें जारी
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, महापौर नीरज पाल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
ख़बर छत्तीसगढ़
Chhattisgarh: CM साय ने रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी, पेयजल के लिए 134 करोड़ मंजूर

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए, सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए और नेवई व जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य सरकार शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
101 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन और 39 करोड़ 56 लाख रुपए के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपए के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपए के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इन इलाकों में होंगे प्रमुख निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नाला बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। वहीं, डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से सड़क का विकास किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 18 में करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। मैत्री नगर में 1 करोड़ 65 लाख रुपए से उद्यान, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट के काम होंगे।
इसके अलावा तालपुरी और रूआबांधा में करीब 98 लाख रुपए, डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा और नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा शक्ति विहार रिसाली में 67 लाख रुपए के विकास कार्य किए जाएंगे।
CSVTU में 28 करोड़ से बनेंगे भवन और हॉस्टल
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई-भिलाई में करीब 28 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।
रिसाली के लिए चार बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की मांगों पर रिसाली क्षेत्र के लिए ये घोषणाएं कीं:
- जल शुद्धिकरण और पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए।
- वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए।
- नेवई मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपए।
- जोरातराई मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र को आने वाले दिनों में पीएम ई-बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से शहरों का विकास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से सड़क, पेयजल, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। रिसाली का विकास भी इसी सोच का हिस्सा है।
68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन का लाभ
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए 18 लाख मकानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की अब तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।
3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से प्रदेश के लगभग 3100 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू की गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।
रिसाली के विकास में धन की कमी नहीं होगी: अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रिसाली को 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
95 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र और अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
ख़बर छत्तीसगढ़
CM विष्णुदेव साय ने धनोरा को दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 56 गांवों को मिलेगा स्वास्थ्य सुविधा का लाभ

कोण्डागांव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपए की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 2.50 करोड़ रुपए की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इससे धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर किसानों की उपज को बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड की शुरुआत की। इसके जरिए चार गांवों के करीब 730 किसानों की परंपरागत धान उपज को संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ा जाएगा। इस काम में बिहान से जुड़ी महिला स्वसहायता समूहों की भी अहम भूमिका होगी।
56 गांवों के 56 हजार लोगों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
मुख्यमंत्री ने धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का उद्घाटन किया। इस केंद्र से धनोरा समेत आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और जरूरी चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
730 किसानों की उपज को मिलेगी ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ की पहचान
मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड लॉन्च किया। इसके तहत ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों की परंपरागत धान उपज को बाजार से जोड़ा जाएगा। इन गांवों के किसान प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर धान की खेती करते हैं। अब जिला प्रशासन की पहल पर धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर इसे नए ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने और बिचौलियों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
धान के प्रसंस्करण से विपणन तक जिम्मेदारी संभालेंगी बिहान की दीदियां
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ की पूरी प्रक्रिया में ग्रामीण महिलाओं को भी भागीदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
84 गांवों के आराध्य पेन खण्डा मुदिया के किए दर्शन
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, पेन खण्डा मुदिया को कोनगुड़ परगना के 84 गांवों के लोग अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। आदिवासी समाज में उन्हें ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा और सम्मान दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने बस्तर की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।
पारंपरिक साफा बांधकर किया मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ख़बर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM विष्णुदेव साय ने वेतन विसंगति और प्रमोशन की मांगों पर बनाई उच्चस्तरीय समिति

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने हड़ताल रोकने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
रविवार, 22 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान संघ ने अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा। मुख्यमंत्री ने उनकी बातें सुनीं और मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया।
वेतन विसंगति और प्रमोशन की मांगों पर बनेगी समिति
मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति इन मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण करेगी और उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।सरकार का कहना है कि कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए।
हड़ताल के दौरान हुई कार्यवाहियों पर भी होगा विचार
मुख्यमंत्री ने पटवारियों को यह आश्वासन भी दिया कि हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है।
पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस फैसले से राज्य में पटवारियों से जुड़े राजस्व कार्यों के दोबारा सुचारु होने की उम्मीद है।
ख़बर देश5 hours agoUnion Cabinet: केंद्र सरकार के 5 बड़े फैसले, इंफ्रास्ट्रक्चर और डाक विभाग की योजनाओं पर करीब 19,934 करोड़ रुपए खर्च होंगे
ख़बर मध्यप्रदेश5 hours agoउज्जैन: खड़े हनुमानजी की विदेशों तक पहुंची महिमा, विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी
ख़बर उत्तरप्रदेश4 hours agoयूपी चुनाव 2027: CM चेहरे पर योगी का इशारा-‘सबको पता है कौन होगा’, बोले- हमारे लिए कमल का फूल ही सब कुछ है
ख़बर दुनिया6 hours agoMiss Universe 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026, पहली शादीशुदा मां ने जीता 75वां ताज, भारत की काजिया टॉप-30 में रहीं
ख़बर बिहार1 hour agoबिहार कैबिनेट के 34 फैसले: नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में बनेंगे औद्योगिक क्षेत्र, 1,294 एकड़ जमीन अधिग्रहण को मंजूरी
ख़बर छत्तीसगढ़3 hours agoरायपुर साहित्य उत्सव 2027: 8 से 10 जनवरी तक होगा आयोजन, CM साय ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण
Film Studio40 minutes agoरामायण ऑस्कर 2027 की रेस में: VFX टॉप-20 में बनाई जगह, ड्यून 3 और अवेंजर्स से मुकाबला



















