ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 9 अगस्त की कारसेवा टली, अब 6 दिसंबर को करने का ऐलान

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मस्थान को लेकर मथुरा में 9 अगस्त को प्रस्तावित कारसेवा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने शनिवार शाम इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और सावन महीने को देखते हुए कारसेवा को आगे बढ़ाया गया है, ताकि धार्मिक माहौल प्रभावित न हो। अब रविवार को चित्रगुप्त पीठ आश्रम में हुई साधु-संतों की बैठक के बाद कारसेवा की नई तारीख 6 दिसंबर 2026 तय किए जाने की जानकारी दी गई। संतों ने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रम का उद्देश्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा करना है और इसे अहिंसक तरीके से किया जाएगा।
सावन और कांवड़ यात्रा के चलते टाला कार्यक्रम
स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि सावन महीने और कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाएगा, जिससे माहौल खराब हो या कोई विवाद खड़ा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कारसेवा रद्द नहीं की गई है, बल्कि अखाड़ा परिषद के फैसले के बाद इसे फिलहाल स्थगित किया गया है।
आश्रम में गुलाबी शिलाओं का पूजन
कारसेवा स्थगित होने के बावजूद रविवार सुबह करीब 10 बजे चित्रगुप्त पीठ आश्रम में मंदिर निर्माण के लिए लाई गई गुलाबी पत्थरों की शिलाओं का हवन-पूजन शुरू हुआ। ये पत्थर राजस्थान से लाए गए हैं। संतों के मुताबिक, इन शिलाओं को ओडिशा के कारीगर तराशेंगे। इन पर ब्रज संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंग उकेरने की योजना है। स्वामी सच्चिदानंद महाराज के अनुसार मंदिर निर्माण के लिए करीब 50 हजार घन मीटर पत्थर का ऑर्डर दिया गया है। पहली खेप में करीब 350 घन मीटर पत्थर पहुंच चुका है।
संतों की बैठक में 6 दिसंबर की तारीख तय
रविवार दोपहर चित्रगुप्त पीठ में ब्रज क्षेत्र के साधु-संतों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने की। इसके बाद संत अधिकारी महाराज ने बताया कि बैठक में भगवान योगेश्वर कृष्ण के भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कारसेवा का उद्देश्य किसी व्यक्ति का विरोध, हिंसा या तोड़फोड़ करना नहीं है। उनके मुताबिक यह कार्यक्रम अहिंसा के रास्ते पर किया जाएगा।
4 जुलाई को हुआ था 9 अगस्त का ऐलान
स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने 4 जुलाई को अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए 9 अगस्त को कारसेवा का ऐलान किया था। इसके बाद उन्होंने 12 जुलाई को हरिद्वार में साध्वी ऋतंभरा से भी मुलाकात की थी। कारसेवा के ऐलान के बाद पुलिस ने स्वामी सच्चिदानंद महाराज समेत ब्रज क्षेत्र के कई संतों, साध्वियों और धर्माचार्यों को नोटिस जारी किए थे।
शाही ईदगाह की सुरक्षा बढ़ाई गई
कारसेवा के आह्वान के बाद शाही ईदगाह मस्जिद परिसर की सुरक्षा बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने जलाभिषेक के लिए मस्जिद परिसर की ओर जा रही अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिला अध्यक्ष मीरा ठाकुर समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। मथुरा में किसी भी तरह के तनाव या कानून-व्यवस्था की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंदिर निर्माण के लिए राजस्थान से पहुंची शिलाएं
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर निर्माण के लिए राजस्थान के बंशीपुर गांव से गुलाबी पत्थरों की पहली खेप शुक्रवार को चित्रगुप्त पीठ आश्रम पहुंची थी। रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इनका पूजन किया गया और आश्रम में हवन-यज्ञ भी हुआ। संतों का कहना है कि आगे भी पत्थरों की खेप चरणबद्ध तरीके से पहुंचती रहेगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP Cabinet: योगी कैबिनेट के बड़े फैसले, जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अग्निवीरों को 20% आरक्षण

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए। इनमें नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ रखने का प्रस्ताव प्रमुख है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। । अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
इसके अलावा अग्निवीरों को राज्य के कुछ विभागों में 20% आरक्षण देने, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने और 18 शहरों में 1,725 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाने जैसे फैसले भी लिए गए।
जेवर एयरपोर्ट पर 11 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च
जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था। इस परियोजना के पहले चरण पर करीब 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश के प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में सालाना करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता का लक्ष्य रखा गया है।
योगी बोले- प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश का रिश्ता गहरा
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर मंत्रिपरिषद ने अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश का रिश्ता आत्मीय है और समय के साथ मजबूत हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि, केंद्र सरकार ने प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी है, जिससे बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं को गति मिली है।
अग्निवीरों को पुलिस, परिवहन, जेल और वन विभाग में 20% आरक्षण
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि, अग्निवीरों को पुलिस, परिवहन, कारागार और वन विभाग में 20% आरक्षण देने का फैसला किया गया है। उन्हें उम्र सीमा में तीन साल की छूट भी मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया में लिखित और शारीरिक परीक्षा के बिना सीधे नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
दिवाली से पहले उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर
योगी कैबिनेट ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दिवाली पर एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस पर सरकार करीब 2,142.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि, पहला मुफ्त सिलेंडर अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच और दूसरा जनवरी से मार्च 2027 के बीच दिया जाएगा। इससे योजना के पात्र लाभार्थियों को त्योहारों के दौरान राहत मिलेगी।
18 शहरों में चलेंगी 1,725 एसी इलेक्ट्रिक बसें
राज्य सरकार 18 शहरों में कुल 1,725 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें चलाएगी। इनमें आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, शाहजहांपुर, सहारनपुर, वाराणसी और नोएडा शामिल हैं। बसों का संचालन निजी ऑपरेटर करेंगे, जबकि किराया सरकार तय करेगी। सरकार का उद्देश्य शहरी परिवहन को बेहतर बनाना और इलेक्ट्रिक बसों के जरिए प्रदूषण कम करने में मदद करना है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP IPS Transfer: UP में 20 IPS अफसरों का ट्रांसफर, 11 जिलों के पुलिस कप्तान बदले

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को 20 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बड़े फेरबदल में कई जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं। 11 जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है। इनमें बस्ती, जौनपुर, बलिया, गाजीपुर, मऊ, मुजफ्फरनगर, बाराबंकी, हापुड़, बागपत, जालौन और आजमगढ़ शामिल हैं।
रवीना त्यागी को बाराबंकी की कमान
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP रहीं रवीना त्यागी को बाराबंकी का SP बनाया गया है। वहीं बाराबंकी के SP अर्पित विजयवर्गीय को DCP लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
जौनपुर में यशवीर सिंह, बस्ती में ओमवीर सिंह
बस्ती के SP यशवीर सिंह को जौनपुर का नया SP बनाया गया है। जौनपुर के SP कुंवर अनुपम सिंह को SP PAC मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। बलिया के SP ओमवीर सिंह को बस्ती का SP बनाया गया है। वहीं गाजीपुर के SP ईराज राजा को बलिया की कमान दी गई है।
गाजीपुर और जालौन के भी कप्तान बदले
जालौन के SP विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का SP बनाया गया है। उनकी जगह मथुरा से सुरेश चंद्र रावत को जालौन का SP बनाया गया है। मऊ में PAC प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को SP बनाया गया है। वहीं मऊ के SP कमलेश बहादुर को SP लोक शिकायत लखनऊ भेजा गया है।
मुजफ्फरनगर और बागपत में भी बदलाव
बागपत के SP सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का SSP बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के SSP संजय कुमार को 4वीं वाहिनी PAC प्रयागराज का सेनानायक बनाया गया है। DGP के स्टाफ ऑफिसर पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का SP बनाया गया है।
हापुड़ और आजमगढ़ में भी नई तैनाती
आजमगढ़ के SP सिटी मधुवन कुमार सिंह को हापुड़ का SP बनाया गया है। हापुड़ के SP कुंवर ज्ञानंजय सिंह को DCP प्रयागराज भेजा गया है। बरेली के SP सिटी मानुष पारीक को आजमगढ़ SP सिटी बनाया गया है, जबकि आजमगढ़ ग्रामीण के SP चिराग जैन को SP सिटी बरेली की जिम्मेदारी दी गई है।
ADG स्तर पर भी फेरबदल
तबादलों में वरिष्ठ स्तर पर भी बदलाव हुआ है। ए. सतीश गणेश से ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब वह ADG ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव को ADG क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके पास तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी भी रहेगी।
प्रमुख तबादले एक नजर में
- यशवीर सिंह – SP जौनपुर
- रवीना त्यागी – SP बाराबंकी
- ओमवीर सिंह – SP बस्ती
- ईराज राजा – SP बलिया
- सर्वेश कुमार मिश्रा – SP मऊ
- विनय कुमार सिंह – SP गाजीपुर
- सूरज कुमार राय – SSP मुजफ्फरनगर
- पूर्णेन्दु सिंह – SP बागपत
- मधुवन कुमार सिंह – SP हापुड़
- सुरेश चंद्र रावत – SP जालौन
- मानुष पारीक – SP सिटी आजमगढ़
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: BJP ने राज्यसभा के लिए 8 नए चेहरे उतारे, हरदीप पुरी-BL वर्मा का टिकट कटा

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। पार्टी ने सभी आठ सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है। इनमें 2 महिलाएं, 3 OBC, 2 दलित और 3 सामान्य वर्ग के उम्मीदवार हैं। सामान्य वर्ग में 2 ब्राह्मण और 1 राजपूत/ठाकुर चेहरा शामिल है। BJP ने इस बार अपने मौजूदा राज्यसभा सदस्यों में से किसी को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है। इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा भी शामिल हैं।
BJP के 8 उम्मीदवार कौन-कौन?
- धर्मपाल सिंह
- राधाकांत ओझा
- प्रकाश पाल
- विद्यासागर सोनकर
- गोपी कृष्ण पांडेय
- प्रियंका सिंह रावत
- राम प्रताप सिंह चौहान
- श्रुति गंगवार
3 OBC, 2 दलित और 3 सामान्य वर्ग
BJP की सूची में सामाजिक प्रतिनिधित्व का भी संतुलन दिखाई देता है। रिपोर्टों के मुताबिक OBC वर्ग से धर्मपाल सिंह (लोध), प्रकाश पाल (पाल) और श्रुति गंगवार (कुर्मी) को उम्मीदवार बनाया गया है। दलित वर्ग से विद्यासागर सोनकर और प्रियंका सिंह रावत को टिकट मिला है। सामान्य वर्ग में राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडेय ब्राह्मण, जबकि राम प्रताप सिंह चौहान राजपूत/ठाकुर समुदाय से हैं।
हरदीप पुरी और BL वर्मा का टिकट कटा
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा इस बार BJP की राज्यसभा उम्मीदवार सूची में नहीं हैं। दोनों का मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होना है। BJP ने उनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया है। इन दोनों को दोबारा राज्यसभा नहीं भेजे जाने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में आगे क्या बदलाव होगा, इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल से हटाए जाने की कोई आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
दिनेश शर्मा की सीट पहले ही खाली हो चुकी
पूर्व उपमुख्यमंत्री और BJP के राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा को सितंबर में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। उनकी खाली हुई सीट भी मौजूदा चुनाव में शामिल है।
16 अक्टूबर को 10 सीटों पर मतदान
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। इनमें 8 सीटें फिलहाल BJP के पास थीं, जबकि एक-एक सीट समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पास थी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
योगी बोले- हमें जातीय खेमों में बंटा भारत नहीं, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ चाहिए

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में कहा कि देश को जातीय खेमों में बंटा हुआ नहीं, बल्कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ बनाना है। उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने से देश की एकता प्रभावित होती है। ऐसे समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे नई पीढ़ी को एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दें। योगी आदित्यनाथ अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष के तहत लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में आयोजित प्रांतीय शिक्षक गरिमा कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
‘कैसा भारत चाहते हैं, यह तय करना होगा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विचार करना होगा कि देश को कैसा बनाना है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसा भारत चाहिए जो बिखरा हुआ हो, बंटा हुआ हो और जातीय खेमों में आपस में लड़ता हो। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत के लिए काम करना चाहिए। योगी ने कहा कि उनके अनुसार जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की प्रवृत्ति देश की एकता के लिए चुनौती है।
‘शिक्षक समाज की चेतना और युग निर्माता’
योगी ने कहा कि शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि वे नई पीढ़ी के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें तो युवा पीढ़ी को सही दिशा दी जा सकती है। उन्होंने शिक्षकों से 2047 के विकसित भारत के लिए युवाओं को तैयार करने और उन्हें प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने का आह्वान किया।
संयुक्त परिवार और सामाजिक एकता का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि संयुक्त परिवार लंबे समय तक भारतीय समाज की ताकत रहे हैं। उनके मुताबिक, परिवारों के सीमित होने के साथ सामाजिक और पारिवारिक बिखराव की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने गायत्री परिवार से समाज के साथ परिवारों को जोड़ने की दिशा में काम करने की अपील की। साथ ही कहा कि समाज में भेदभाव की जगह नहीं होनी चाहिए।
गायत्री परिवार के 100 साल का उल्लेख
योगी ने गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी को नमन किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने लंबे समय से सामाजिक एकता और जनचेतना के लिए काम किया है। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 स्कूलों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य अतिथि मौजूद रहे।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी अरमान बिहार की गया जेल में मिला, 3 साल से फरार था 5 लाख का इनामी शूटर

प्रयागराज/गया: उमेश पाल हत्याकांड में वांछित और 5 लाख रुपए के इनामी आरोपी मोहम्मद अरमान को उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार की गया सेंट्रल जेल में खोज निकाला है। प्रयागराज पुलिस पिछले करीब तीन साल से उसकी तलाश कर रही थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने गया जेल पहुंचकर उसकी पहचान की और अब उसे प्रयागराज लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में गया जेल में बंद था
रिपोर्टों के मुताबिक, अरमान मूल रूप से गया का रहने वाला है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद वह गया लौट आया था। यहां उसके खिलाफ फायरिंग का एक मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में उसने अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद उसे गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया। रिपोर्टों के अनुसार, वह 27 फरवरी 2023 से गया जेल में बंद है। इस दौरान यूपी पुलिस उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी के तौर पर उसकी तलाश करती रही।
30 सितंबर को जेल पहुंची प्रयागराज पुलिस
अरमान के गया जेल में बंद होने की सूचना मिलने के बाद प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस टीम 30 सितंबर को गया सेंट्रल जेल पहुंची। पुलिस ने जेल रिकॉर्ड की जांच की और अरमान की पहचान की पुष्टि के लिए उसकी ताजा तस्वीर और अंगूठे के निशान लिए।
इसके बाद टीम प्रयागराज लौट आई। 1 अक्टूबर को गया सिविल कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए आवेदन किया गया, ताकि अरमान को उत्तर प्रदेश लाकर उमेश पाल हत्याकांड की जांच में शामिल किया जा सके। फिलहाल ट्रांजिट रिमांड पर अदालत की प्रक्रिया जारी है।
उमेश पाल हत्याकांड में क्या आरोप है?
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में एक बाइक सवार दिखाई दिया था। पुलिस जांच के मुताबिक, उस बाइक को अरमान चला रहा था और उसके पीछे गुड्डू मुस्लिम बैठा था।
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान गुड्डू मुस्लिम और अन्य आरोपियों ने फायरिंग की थी। अरमान पर भी हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है। उसके खिलाफ 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
अब प्रयागराज लाने की तैयारी
गया जेल में अरमान की पहचान होने के बाद यूपी पुलिस उसे प्रयागराज लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए ट्रांजिट रिमांड की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फिलहाल अरमान को यूपी पुलिस की हिरासत में सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। अदालत के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
अर्थ जगत18 hours agoGST Council 2026: 5 करोड़ से कम की टैक्स गड़बड़ी पर गिरफ्तारी नहीं, ₹10 हजार तक के मामलों में नोटिस भी नहीं
ख़बर दुनिया18 hours agoअमेरिका में 8 बड़ी IT कंपनियों को ग्रीन कार्ड प्रोग्राम से किया सस्पेंड, टाटा, इंफोसिस, विप्रो और HCL भी शामिल
ख़बर मध्यप्रदेश2 hours agoMP News: पटवारियों पर कार्रवाई तेज, 102 पर गिरी गाज, 27 बर्खास्त और 75 निलंबित; स्वामित्व योजना पर टकराव
Film Studio17 hours agoनाना पाटेकर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, पुणे के डोंजे फार्महाउस में दी गई अंतिम विदाई
ख़बर छत्तीसगढ़2 hours agoछत्तीसगढ़ में 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर जिलों तक बदली जिम्मेदारी
ख़बर उत्तरप्रदेश1 hour agoUP Cabinet: योगी कैबिनेट के बड़े फैसले, जेवर एयरपोर्ट का नाम होगा नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अग्निवीरों को 20% आरक्षण
ख़बर बिहार26 minutes agoबिहार में अपराधियों पर सख्ती के निर्देश, सीएम सम्राट चौधरी ने बुलाई हाईलेवल बैठक, डायल-112 और साइबर क्राइम पर फोकस




















