खेल खिलाड़ी
FIFA World Cup 2026: आज तय होगा फुटबॉल का नया बादशाह, वर्ल्ड कप फाइनल में स्पेन और अर्जेंटीना आमने-सामने

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार देर रात स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें विश्व कप में करीब 60 साल बाद आमने-सामने होंगी। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार विश्व कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा। वहीं स्पेन की नजर 2010 के बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने पर होगी।
मेसी बनाम यमाल पर रहेगी नजर
फाइनल की सबसे बड़ी चर्चा लियोनेल मेसी और लामिन यमाल की टक्कर को लेकर है। करीब 19 साल पहले बार्सिलोना के एक चैरिटी फोटोशूट में युवा मेसी ने तीन महीने के यमाल को गोद में उठाया था। आज वही यमाल पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने बचपन के उस आइकन के खिलाफ विश्व कप फाइनल खेलेंगे।
गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी आगे
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी टूर्नामेंट में अब तक 8 गोल और 4 असिस्ट कर गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं। दूसरी ओर स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल 5 गोल के साथ टीम के सबसे सफल स्कोरर हैं, जबकि 19 वर्षीय लामिन यमाल अपने शानदार ड्रिब्लिंग प्रदर्शन से पूरे टूर्नामेंट में छाए रहे हैं।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड बराबरी पर
दोनों टीमों के बीच अब तक 14 मुकाबले खेले गए हैं। स्पेन और अर्जेंटीना ने 6-6 मैच जीते, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। विश्व कप में दोनों की अब तक सिर्फ एक भिड़ंत हुई थी, जिसमें 1966 में अर्जेंटीना ने स्पेन को 2-1 से हराया था।
लगातार सात जीत के साथ फाइनल में अर्जेंटीना
अर्जेंटीना ने इस विश्व कप में लगातार 7 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है। टीम ने अब तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं। वहीं स्पेन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2010 के बाद पहली बार फाइनल का टिकट हासिल किया है।
खेल खिलाड़ी
Treesa-Gayatri: त्रिसा-गायत्री को बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज, भारत को 15 साल बाद विमेंस डबल्स में मेडल

Treesa-Gayatri: भारत की त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। शनिवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए विमेंस डबल्स सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी को वर्ल्ड नंबर-1 और डिफेंडिंग चैंपियन चीन की लियू शेंग शू और टैन निंग से 21-18, 13-21, 8-21 से हार मिली।
मैच 1 घंटे 11 मिनट चला। त्रिसा-गायत्री ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम 21-18 से अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद चीनी जोड़ी ने वापसी करते हुए लगातार दो गेम जीत लिए।
सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय जोड़ी ने पहले ही ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया था। यह उनका वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला मेडल है।
भारत को 15 साल बाद विमेंस डबल्स में मेडल
त्रिसा-गायत्री की इस उपलब्धि के साथ भारत को वर्ल्ड चैंपियनशिप की विमेंस डबल्स कैटेगरी में 15 साल बाद मेडल मिला है। इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने लंदन में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। त्रिसा-गायत्री अब वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाली दूसरी भारतीय विमेंस डबल्स जोड़ी बन गई हैं।
पहले गेम में शानदार वापसी की
पहले गेम में भारतीय जोड़ी एक समय 16-18 से पीछे थी। इसके बाद त्रिसा और गायत्री ने लगातार 5 अंक जीतकर 21-18 से गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में मुकाबला 12-12 तक बराबरी का रहा, लेकिन इसके बाद चीन की जोड़ी ने लगातार अंक बटोरे और 21-13 से गेम जीत लिया। तीसरे गेम में चीनी खिलाड़ियों ने भारतीय जोड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया। उन्होंने लगातार दबाव बनाए रखा और 21-8 से गेम जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
त्रिसा बोलीं- आज हमारा दिन नहीं था
सेमीफाइनल के बाद त्रिसा जॉली ने कहा कि पहले गेम के बाद भी भारतीय जोड़ी के पास मैच पर नियंत्रण था, लेकिन चीनी खिलाड़ियों ने अपनी रिदम हासिल कर ली। उन्होंने माना कि प्रतिद्वंद्वी जोड़ी ने रैलियों के दौरान धैर्य के साथ खेला और भारतीय जोड़ी उस दबाव का जवाब नहीं दे सकी।
गायत्री- हम अभी लंबा सफर तय करना चाहते हैं
गायत्री गोपीचंद ने ब्रॉन्ज मेडल को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि वर्ल्ड चैंपियनशिप के मेडल विजेताओं के क्लब में शामिल होकर उन्हें खुशी है। उन्होंने इसे सिर्फ शुरुआत बताया और आगे इस सफलता को आत्मविश्वास में बदलने की बात कही।
कोच और पिता पुलेला गोपीचंद बोले- दोनों ने गर्व महसूस कराया
चीफ नेशनल कोच और गायत्री के पिता पुलेला गोपीचंद ने कहा कि उन्हें कोच और पिता, दोनों के तौर पर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह दोनों को फाइनल में देखना चाहते थे, लेकिन मेडल जीतना भी शानदार उपलब्धि है। त्रिसा और गायत्री ने पूरे टूर्नामेंट में टॉप खिलाड़ियों को हराकर खुद को साबित किया है। त्रिसा अप्रैल में टखने की चोट से जूझी थीं, जिसके कारण दोनों का टूर्नामेंट शेड्यूल भी सीमित रहा था। इसके बावजूद उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार वापसी की।
खेल खिलाड़ी
Hockey World Cup 2026: भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया, टीम वर्ल्ड कप के टॉप-8 में पहुंची

India vs Pakistan: भारत ने मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट के टॉप-8 में पहुंच गई, जबकि पाकिस्तान का वर्ल्ड कप सफर खत्म हो गया। नीदरलैंड के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने 2-2 गोल किए। हार्दिक सिंह ने एक गोल दागा। पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने 2 गोल किए, जबकि सुफियान खान ने एक गोल किया।
भारत ने टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की
भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप में अपना दूसरा मैच जीत लिया है। टीम ग्रुप-D में दूसरे नंबर पर रही। भारत ने 3 मैचों में 6 अंक हासिल किए और पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ भारत ने अगले दौर में जगह बना ली। वहीं, पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
हरमनप्रीत और अभिषेक ने किए 2-2 गोल
भारत की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक की अहम भूमिका रही। दोनों खिलाड़ियों ने 2-2 गोल कर पाकिस्तान की चुनौती को कमजोर किया। हार्दिक सिंह ने भी एक गोल किया। पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने 2 गोल कर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने बढ़त कायम रखी।
भारत का स्क्वॉड
हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अभिषेक, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, सुमित, नीलकंता शर्मा, लालगे आदित्य अर्जुन, शशिकुमार मोहिथ होन्नेनहल्ली, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, विवेक सागर प्रसाद, सुखजीत सिंह, यशदीप सिवाच, संजय, सूरज करकेरा (गोलकीपर), राजिंदर सिंह और शिलानंद लाकड़ा।
पाकिस्तान का स्क्वॉड
महमूद अबू (कप्तान), वकार (गोलकीपर), मुहम्मद अब्दुल्ला, सुफियान खान, मोइन शकील, वहीद अशरफ राणा, हन्नान शाहिद, जिक्रिया हयात, अरशद लियाकत, अदील लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, अम्माद बट, मुहम्मद हम्मादुद्दीन, अब्दुल रहमान, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू महमूद, अली रजा (गोलकीपर), अब्दुल मनान और मुहम्मद अम्माद।
खेल खिलाड़ी
India vs Sri Lanka Test: भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराया, मानव सुथार ने मैच में लिए 10 विकेट

Galle Test: श्रीलंका के गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। यह मुकाबला भारतीय टीम का 600वां टेस्ट मैच भी रहा।भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो 24 साल के लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार रहे। उन्होंने श्रीलंका की दूसरी पारी में 6 विकेट लिए। मैच में उनके नाम कुल 10 विकेट रहे।
एक ओवर में 3 विकेट लेकर मैच पलटा
टेस्ट के पांचवें दिन बुधवार को श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में 6 विकेट पर 199 रन बनाकर खेल रही थी। टीम को मैच बचाने के लिए संघर्ष करना था। तभी मानव सुथार ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर श्रीलंका की उम्मीदें खत्म कर दीं। उन्होंने सोनल दिनुषा, प्रभात जयसूर्या और लाहिरु कुमारा को आउट किया। देखते ही देखते श्रीलंका का स्कोर 9 विकेट पर 199 रन हो गया।
इसके बाद सुथार ने अपने अगले ओवर में केशरा नुवांथा को आउट कर श्रीलंका की दूसरी पारी समेट दी और भारत को 165 रन से जीत दिला दी। इस शानदार प्रदर्शन के साथ मानव सुथार ने मैच में कुल 10 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
खेल खिलाड़ी
Commonwealth Games 2026: भारत ने एक दिन में जीते 8 गोल्ड, बॉक्सिंग में रचा इतिहास

Commonwealth Games 2026: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में 8 गोल्ड मेडल जीत लिए। इनमें 7 स्वर्ण पदक बॉक्सिंग और एक पैरा एथलेटिक्स से आया। इसके साथ ही भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में पहली बार एक ही संस्करण में बॉक्सिंग में 7 गोल्ड जीतने का रिकॉर्ड बना दिया।
महिला बॉक्सिंग में प्रीति पवार, जैस्मिन लांबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास और अरुंधति चौधरी ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल हासिल किए। वहीं पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली भरी।
हालांकि बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन, जादुमणि सिंह और नरेंद्र बेरवाल को फाइनल में हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
सोमन राणा का गोल्ड, गुलवीर ने बनाया इतिहास
पैरा एथलेटिक्स की F-57 शॉटपुट स्पर्धा में सोमन राणा ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। गुलवीर कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में 5000 और 10000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।
ट्रिपल जंप में भी दो पदक
भारत ने पुरुष ट्रिपल जंप में भी शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय खिलाड़ियों ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पदकों की संख्या में और इजाफा किया।
खेल खिलाड़ी
Commonwealth Games 2026: जैस्मिन लांबोरिया, प्रीति पवार और सोमन राणा ने जीता गोल्ड, भारत के 30 मेडल

Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को भारत ने तीन और गोल्ड मेडल अपने नाम किए। बॉक्सिंग में जैस्मिन लांबोरिया और प्रीति पवार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पैरा शॉटपुट की F-57 कैटेगरी में सोमन राणा ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए गोल्ड हासिल किया। इसके साथ ही भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या 8 और कुल पदकों की संख्या 30 हो गई है। इस प्रदर्शन के दम पर भारत मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है।
बॉक्सिंग के पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में भारत के जादुमणि सिंह को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। फाइनल मुकाबले में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के जाई डिकसन ने हराया।
जैस्मिन और प्रीति ने बॉक्सिंग में दिलाया गोल्ड
महिला 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जैस्मिन लांबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकाएला वॉल्स को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने कनाडा की सवाना डोलमागो को शिकस्त देकर भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
सोमन राणा का सीजन बेस्ट, शुभम को सिल्वर
पैरा शॉटपुट की F-57 कैटेगरी में सोमन राणा ने 13.40 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो कर गोल्ड अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में भारत के शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता। F-57 वर्ग में वे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं जिनके निचले अंग प्रभावित होते हैं, जबकि उनके ऊपरी शरीर की ताकत सामान्य रहती है।
ट्रिपल जंप में भी दो पदक
पुरुष ट्रिपल जंप में भारत ने दो और पदक जीते। प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर हासिल किया, जबकि सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस स्पर्धा का गोल्ड जाम्बिया के जॉर्डन स्कॉट ने 16.72 मीटर के जंप के साथ अपने नाम किया।
आज 7 भारतीय मुक्केबाज खेलेंगे गोल्ड मुकाबले
भारत के सात और मुक्केबाज शनिवार रात गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबले खेलेंगे। इनमें साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंद्र बरवाल (90+ किग्रा) शामिल हैं।
प्रीति और जैस्मिन का शानदार रिकॉर्ड
हरियाणा की प्रीति पवार 2024 पेरिस ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने 2022 एशियन चैंपियनशिप और 2023 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज, जबकि 2026 एशियन चैंपियनशिप और 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में गोल्ड मेडल जीता था।
वहीं जैस्मिन लांबोरिया मौजूदा समय में 57 किलोग्राम वर्ग की दुनिया की नंबर-1 बॉक्सर हैं। वह 2024 पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए खेल चुकी हैं और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज जीत चुकी हैं। 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी उन्होंने गोल्ड अपने नाम किया था।
ख़बर छत्तीसगढ़5 hours agoChhattisgarh: अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघिन का हमला, मशरूम लेने गए 25 साल के युवक की मौत
ख़बर छत्तीसगढ़5 hours agoस्नेह की डोर: CM साय की कलाई पर शहीद की पत्नी ने बांधी राखी, बोले-नक्सलवाद का अंत बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार
ख़बर मध्यप्रदेश4 hours agoMP Cabinet: सिवनी-बालाघाट फोरलेन को हरी झंडी; युवाओं के रोजगार पर भी फोकस
ख़बर देश6 hours agoWeather Update: दिल्ली-NCR में लगातार दूसरे दिन तेज बारिश, कई इलाकों में 3-4 फीट पानी भरा, रेड अलर्ट; 390 फ्लाइट्स लेट
ख़बर उत्तरप्रदेश7 hours agoUP News: ‘स्कूल में हिजाब की अनुमति नहीं’, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने छात्रा की याचिका खारिज की, कहा- तय यूनिफॉर्म का पालन जरूरी


















