ख़बर बिहार
Patna: बिहार में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, पटना-सीवान में 2 बदमाशों का ‘हाफ एनकाउंटर’, 26 दिन में 7 मुठभेड़

Patna: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। राज्य में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पिछले 26 दिनों में पुलिस ने 7 एनकाउंटर किए हैं। इनमें 2 अपराधी मारे गए, जबकि कई बदमाशों को गोली मारकर गिरफ्तार किया गया है। ताजा मामलों में पटना और सीवान में पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों का ‘हाफ एनकाउंटर’ किया। दोनों मामलों में अपराधियों के पैर में गोली लगी है।
पटना: शिक्षक को गोली मारने वाला बदमाश गिरफ्तार
पटना के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में अगमकुआं थाना पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने संदीप उर्फ बादल नाम के लुटेरे को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान संदीप ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस वाहन के शीशे में लगी, हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में संदीप घायल हो गया। उसके साथी प्रिंस को भी गिरफ्तार किया गया है।
संदीप पर 13 मई को शिक्षक शंभू कुमार को गोली मारकर मोबाइल लूटने और शिक्षिका वीणा का बैग छीनने का आरोप है। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा और बाइक बरामद की है। घायल संदीप का इलाज एनएमसीएच में चल रहा है।
सीवान: 20 लाख की डकैती का आरोपी घायल
सीवान में 20 लाख रुपए की ज्वेलरी लूट के मुख्य आरोपी अंकित कुमार सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद यूपी भाग गया था। रविवार रात मैरवा पुलिस ने बैदौली छठ घाट के पास उसे रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख अंकित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों घुटनों में गोली लगी। अंकित ने 6 मई को जामापुर स्थित ओम साईं ज्वेलर्स में डकैती की थी। उसके पास से लोडेड पिस्टल और लूटी गई बाइक बरामद हुई है। गंभीर हालत में उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है।
नशे की लत ने बनाया अपराधी
पटना में पकड़े गए संदीप और प्रिंस की कहानी चौंकाने वाली है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों स्मैक और नशीले इंजेक्शन के आदी हैं। नशे का खर्च निकालने के लिए दोनों मोबाइल, चेन और महिलाओं के बैग लूटते थे। लूट का सामान तुरंत सस्ते दामों में बेचकर नशे के लिए पैसे जुटाए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक को गोली मारने की घटना भी नशे की तलब का नतीजा थी।
ख़बर बिहार
Bihar Cabinet: कर्मचारियों का DA बढ़कर 60% हुआ, महिलाओं को EV खरीदने पर ₹1 लाख की मदद

Bihar cabinet decisions: बिहार सरकार ने राज्य के करीब 9 लाख सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने केंद्र की तर्ज पर महंगाई भत्ता (DA) 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया है। वित्त विभाग के मुताबिक यह फैसला 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। सम्राट कैबिनेट की बैठक में कुल 19 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में राज्य में बढ़ते अपराध को देखते हुए 5 जिलों में ग्रामीण SP (Rural SP) के नए पद सृजित करने का फैसला भी लिया गया।
कर्मचारियों को कितना फायदा होगा?
DA बढ़ने से अलग-अलग वेतनमान वाले कर्मचारियों को हर महीने अतिरिक्त राशि मिलेगी। न्यूनतम स्तर पर 19 हजार रुपए मूल वेतन पाने वाले कर्मचारियों को करीब 390 रुपए प्रतिमाह अतिरिक्त मिलेंगे। शीर्ष स्तर पर 2.25 लाख रुपए मूल वेतन पाने वाले वरिष्ठ IAS अधिकारियों को करीब 4500 रुपए प्रति माह का फायदा होगा।
पेंशनर्स को भी मिलेगा लाभ
सरकार के फैसले से पेंशनभोगियों को भी राहत मिलेगी। नई दरों के अनुसार पेंशनर्स की मासिक पेंशन में 250 रुपए से लेकर 2200 रुपए तक की बढ़ोतरी होगी।
महिलाओं को इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर ₹1 लाख
बिहार कैबिनेट ने महिलाओं को इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहन खरीदने पर 1 लाख रुपए की सहायता देने का फैसला भी किया है। सरकार का उद्देश्य राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना और महिलाओं को आर्थिक सहायता देना है।
ख़बर बिहार
Bihar: भागलपुर में बड़ा हादसा टला, विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गंगा में गिरा, सीमांचल से संपर्क टूटा

Vikramshila Setu: बिहार के भागलपुर में रविवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा अचानक धंसकर नदी में गिर गया। घटना रात करीब 1:10 बजे की बताई जा रही है। पुल के पिलर नंबर 4 और 5 के बीच बना स्लैब गंगा में समा गया, जिससे भागलपुर का सीमांचल क्षेत्र से सीधा संपर्क टूट गया है। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने पहले ही पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। इसी वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शाम से आने लगी थी दरार
जानकारी के मुताबिक, पुल के एक्सपेंशन जॉइंट में रविवार शाम से ही दरार दिखाई देने लगी थी। देर रात पहले करीब 10 इंच का जॉइंट सस्पेंशन धंसा और फिर कुछ ही देर बाद 34 मीटर लंबा स्लैब गंगा में गिर गया। उस समय पुल पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सतर्कता से सभी गाड़ियों को समय रहते हटा दिया गया। इसके बाद पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई।
मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही SSP प्रमोद कुमार यादव, सदर SDM विकास कुमार, सिटी DSP अजय कुमार चौधरी और ट्रैफिक DSP संजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ट्रैफिक को तत्काल डायवर्ट कराया। सिटी DSP अजय चौधरी ने बताया कि वाहनों को अब मुंगेर पुल की ओर भेजा जा रहा है। नवगछिया और भागलपुर दोनों तरफ पुलिस बल तैनात किया गया है।
DM बोले- पहले ही रोक दी थी आवाजाही
भागलपुर DM डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि रात 12:35 बजे से पुल का स्लैब धंसना शुरू हो गया था। उससे पहले ही ट्रैफिक रोक दिया गया था, इसलिए कोई हादसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जल्द ही हाई लेवल तकनीकी टीम पुल का निरीक्षण करेगी।
15 दिन लग सकते हैं मरम्मत में
NH विभाग के SDO सुधीर कुमार के अनुसार, करीब 34 मीटर का स्लैब नदी में गिरा है। नया स्लैब तैयार कर लगाने में कम से कम 15 दिन लग सकते हैं। पुल निगम के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
16 जिलों की लाइफलाइन है विक्रमशिला सेतु
विक्रमशिला सेतु बिहार के सीमांचल और कोसी इलाके के लिए बेहद अहम माना जाता है। यह पुल भागलपुर को नवगछिया समेत 16 जिलों से जोड़ता है। रोजाना करीब 50 हजार वाहन और लगभग एक लाख लोग इस पुल से गुजरते हैं। 4.7 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन साल 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने किया था। यह NH-131A का हिस्सा है और पूर्वोत्तर राज्यों के व्यापारिक संपर्क के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। पिछले कुछ वर्षों से पुल में जॉइंट और एक्सपेंशन गैप की समस्या को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आखिरी बार इसकी मरम्मत 2020 में हुई थी।
ख़बर बिहार
Patna: सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, 15 अप्रैल को शपथ; नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा

Patna: सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें पहले बीजेपी और फिर NDA विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद वे राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। शपथग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोकभवन में आयोजित होगा। इसके साथ ही बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।
विधानसभा के सेंट्रल हॉल में हुई NDA बैठक में नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। उन्होंने सम्राट को माला पहनाई और विधायकों से समर्थन में ताली बजवाई। सम्राट चौधरी ने भी उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा, “मैंने नीतीश जी से राजनीति सीखी है। उनके साथ काम किया है और अब समृद्ध बिहार को आगे ले जाना है।”
इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अब नई सरकार काम संभालेगी और उन्हें उनका पूरा सहयोग रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार आगे और प्रगति करेगा।
ख़बर बिहार
Bihar: नालंदा में शीतलाष्टमी मेले में भगदड़, 9 की मौत, 8 महिलाएं शामिल; 6 से ज्यादा घायल

Nalanda stampede: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में शीतलाष्टमी मेले के दौरान भगदड़ मचने से 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
भीड़ के दबाव में मची भगदड़
चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दर्शन करने की जल्दबाजी में लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे, जिससे अचानक भगदड़ मच गई।
मंदिर का छोटा गर्भगृह बना वजह
बताया जा रहा है कि मंदिर का गर्भगृह छोटा होने के कारण भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। कई श्रद्धालु लाइन में लगने के बजाय सीधे आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिससे स्थिति बिगड़ गई।
2 मृतकों की पहचान, घायलों का इलाज जारी
हादसे में मारे गए 9 लोगों में से 2 की पहचान नालंदा निवासी रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने मेला बंद कराया, जांच के आदेश
घटना के बाद प्रशासन ने मंदिर और मेले को बंद करा दिया है। बिहार शरीफ से अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं।
ख़बर बिहार
Patna: बिहार में सियासी हलचल तेज, CM आवास पर जुटे कई बड़े नेता, नीतीश खुद छोड़ने निकले

Patna: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राजधानी पटना स्थित 1 अन्ने मार्ग पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर रविवार को अचानक कई बड़े नेताओं का जमावड़ा लग गया। इस बैठक ने सियासी गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है।
इन नेताओं की हुई मौजूदगी
मुख्यमंत्री आवास पर बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चौधरी और विजय कुमार चौधरी के साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और संजय झा पहुंचे। इसके अलावा बिजेंद्र यादव और चर्चित नेता अनंत सिंह भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे।
बैठक के बाद CM का खास अंदाज
बैठक खत्म होने के बाद एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद अपनी बुलेटप्रूफ फॉर्च्यूनर में बैठे और विजय चौधरी, ललन सिंह व संजय झा को साथ लेकर उनके आवास तक छोड़ने गए। इसके बाद वे वापस अपने आवास लौट आए।
चर्चाओं का बाजार गर्म
हालांकि इस बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन एक साथ इतने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और CM का खुद उन्हें छोड़ने जाना सियासी तौर पर अहम संकेत माना जा रहा है।
ख़बर छत्तीसगढ़20 hours agoRaipur: सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक मजबूती, अमित शाह ने AI आधारित डायल-112 और फॉरेंसिक मोबाइल वैन को दिखाई हरी झंडी
ख़बर उत्तरप्रदेश20 hours agoUP News: बकरीद से पहले CM योगी की चेतावनी, ‘सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे, तय जगह पर ही करें आयोजन’
ख़बर छत्तीसगढ़20 hours agoChhattisgarh: राज्य में अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: 1740 घनमीटर रेत जप्त, 2 हाईवा भी पकड़े गए
ख़बर देश18 hours agoBullet Train India: भारत की पहली बुलेट ट्रेन की पहली झलक सामने आई, इसी साल सूरत-बिलिमोरा के बीच ट्रायल की उम्मीद
ख़बर मध्यप्रदेश16 hours agoMP News: सूबेदार और SI भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी, 1639 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित
अर्थ जगत7 hours agoFuel Price Increase: पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, 5 दिन में दूसरी बढ़ोतरी, आज से 90 पैसे प्रति लीटर तक बढ़े दाम




















