ख़बर मध्यप्रदेश
MP Cabinet: 4.5 लाख पेंशनर्स की महंगाई राहत में 2% की वृद्धि, सोयाबीन के भावांतर को मंजूरी

Bhopal: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई। कैबिनेट द्वारा राज्य के शासकीय पेंशनरों परिवार पेंशनरों को देय मंहगाई राहत की दर में वृद्धि किये जाने का निर्णय लिया गया हैं। राज्य के पेंशनरों / परिवार पेंशनरों को वर्तमान में देय मंहगाई राहत सातवें वेतनमान अंतर्गत 53 प्रतिशत एवं छठवें वेतनमान अंतर्गत 246 प्रतिशत में 1 सितम्बर 2025 (भुगतान माह अक्टूबर, 2025) से वृद्धि की जाकर कुल मंहगाई राहत सातवें वेतनमान अंतर्गत 55 प्रतिशत एवं छठवें वेतनमान अंतर्गत 252 प्रतिशत किये जाने का निर्णय लिया गया हैं। शासकीय पेंशनरों / परिवार पेंशनरों को मंहगाई राहत में वृद्धि करने पर राज्य के कोष पर इस वितीय वर्ष में लगभग 170 करोड़ रूपये का अतिरिक्त व्यय भार आयेगा। छत्तीसगढ़ शासन के पत्र 25 अगस्त 2025 के अनुक्रम में सहमति प्रदान किये जाने के लिए निर्णय लिया गया है।
सोयाबीन किसानों के लिए भावांतर योजना की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा खरीफ वर्ष 2025 में प्रदेश के सोयाबीन के किसानों को लाभांवित किये जाने के लिए भारत सरकार की प्राईज डिफिसिट पेमेन्ट स्कीम लागू की गयी है, जो प्रदेश में भावांतर योजना कहलायेगी। प्रदेश में सोयाबीन भावांतर योजनांतर्गत 24 अक्टूबर, 2025 से 15 जनवरी, 2026 तक सोयाबीन का विक्रय, राज्य की अधिसूचित मंडियों में किया जायेगा। प्रदेश की मंडियों में 14 दिवस के सोयाबीन के विक्रय मूल्य के Weighted औसत के आधार पर सोयाबीन के मॉडल रेट की गणना की जायेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य से विक्रय दर/मॉडल रेट अंतर की राशि पंजीकृत कृषकों के पोर्टल पर दर्ज बैंक खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से अंतरित की जायेगी। एम.एस.पी 5328 रूपये है।
कोदो-कुटकी का पहली बार उपार्जन किये जाने का निर्णय
मंत्रि-परिषद द्वारा प्रमुख कोदो-कुटकी उत्पादक जिलों के कृषकों से पहली बार कोदो-कुटकी उपार्जन का किये जाने का निर्णय लिया, जिससे अधिक से अधिक जनजातीय कृषकों को फायदा होगा। इस के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रमुख कोदो-कुटकी उत्पादक जिलों जबलपुर, कटनी, मण्डला, डिंडोरी, छिंदवाडा, शहडोल, अनुपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी एवं सिंगरौली के कृषकों से कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जायेगा। साथ ही अन्य जिलों से मांग आने पर उन जिले के कृषकों से भी उपार्जन किये जाने पर विचार किया जायेगा।
श्रीअन्न उत्पादक जिलों के कृषकों से श्रीअन्न कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (श्रीअन्न फेडरेशन) द्वारा कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जायेगा। खरीफ 2025 में उत्पादित श्रीअन्न कुटकी 3500 रूपये प्रति क्विंटल एवं कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल के मान से लगभग 30 हजार मेट्रिक टन का उपार्जन किया जायेगा। इसके लिए श्रीअन्न फेडरेशन को 80 करोड़ रूपये का ब्याज मुक्त ऋण शासन के मूल्य स्थिरीकरण कोष से प्रदाय किया जायेगा। इसके अतिरिक्त कृषको को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1000 रुपये प्रति क्विंटल के मान से संबंधित कृषकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रदाय किये जायेंगे।
‘रेशम समृद्धि योजना” के क्रियान्वयन की सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा भारत सरकार की सिल्क समग्र-2 योजना को 25% राज्यांश के साथ, राज्य में रेशम समृद्धि योजना के रूप में क्रियान्वयन की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। योजना अंतर्गत हितग्राहियों को रेशम उत्पादन संबंधी 23 गतिविधियों में सहायता प्राप्त होगी, जिसमें सामान्य वर्ग के हितग्राही को इकाई लागत की 75 प्रतिशत और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 90 प्रतिशत आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। इसमें क्रमशः 25 प्रतिशत एवं 10 प्रतिशत हितग्राही अंश रहेगा। योजना के क्रियान्वयन से मलबरी, वन्या और पोस्ट ककून क्षेत्रों में हितग्राहियों की सतत् रोजगार उपलब्ध होने के साथ उनकी आय में वृद्धि होगी।
वर्तमान में कुल लागत इकाई राशि रूपये 3.65 लाख होती थी जिसमें 2.0875 लाख राज्य शासन से राज्य सहायता प्राप्त होती थी। रेशम समृद्धि योजना में इकाई की कुल लागत राशि रूपये 5 लाख होगी। उसमें से सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को केन्द्रांश राशि रूपये 2.50 लाख, राज्यांश राशि रूपये 1.25 लाख एवं हितग्राही का अंश राशि रुपये 1.25 लाख तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को केन्द्रांश राशि रूपये 3.25 लाख, राज्यांश राशि रूपये 1.25 लाख एवं हितग्राही का अंश राशि रूपये 0.50 लाख होगा। यह योजना रेशम किसानों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होगी।
प्रदेश में (RAMP)” योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा भारत सरकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, नई दिल्ली की “Raising and Accelerating MSME Performance” योजना को प्रदेश में सैद्धांतिक रूप से लागू किये जाने की स्वीकृति दी गयी हैं। योजनान्तर्गत प्रदेश के लिए स्वीकृत बजट 105 करोड़ 36 लाख रूपये अन्तर्गत राज्यांश की 30 प्रतिशत राशि 31 करोड़ 60 लाख रूपये की स्वीकृति दी गयी है।
”सरदार पटेल कोचिंग प्रशिक्षण योजना 2021 में नए प्रावधान सम्मिलित करने की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद् द्वारा प्रदेश के “सरदार पटेल कोचिंग प्रशिक्षण योजना वर्ष 2021” के विद्यमान प्रावधानों के साथ अन्य प्रावधानों को सम्मिलित किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 5 हजार युवाओं को विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रतियोगी परीक्षाओं का निःशुल्क परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: कटनी में किसना ज्वेलर्स शोरूम में 12 करोड़ की चोरी, दीवार में सेंध लगाकर सोना-हीरे के जेवर ले गए चोर

कटनी: मध्यप्रदेश के कटनी में चोरों ने ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी कर लिए। घटना बरगवां स्थित एलआईसी के पास किसना ज्वेलर्स शोरूम की है। चोर शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और डिस्प्ले काउंटरों व तिजोरियों में रखे जेवर लेकर फरार हो गए।
चोरी का पता गुरुवार सुबह करीब 11 बजे चला। शोरूम संचालक मोहन बजाज जब दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था। डिस्प्ले काउंटर और तिजोरियां खाली मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, दिवाली के कारण दुकान में सोने और हीरे की ज्वेलरी का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया था। चोर करीब 12 करोड़ रुपये के आभूषण ले गए हैं।
सुबह 4 से 7 बजे के बीच चोरी की आशंका
एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि चोरी 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच हुई। चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में प्रवेश किया और सेफ व डिस्प्ले काउंटरों में रखे आभूषण समेट लिए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली है। आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: ग्वालियर हाईकोर्ट को धमकी देने के मामले में UP ATS ने संदिग्ध पकड़ा, लैपटॉप में मिले कई ई-मेल

ग्वालियर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिला है। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने धमकी भरे ई-मेल से जुड़े मामले में एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में कई धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें ग्वालियर हाईकोर्ट को भेजा गया संदेश भी शामिल बताया जा रहा है।
इस ई-मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी यह पता लगा रही हैं कि धमकी वाला ई-मेल संदिग्ध ने खुद भेजा था या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके अकाउंट का इस्तेमाल किया था।
लैपटॉप में मिले कई धमकी भरे ई-मेल
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यूपी ATS की कार्रवाई के बाद संदिग्ध के लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई। इस दौरान कई धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है।
शुरुआती पूछताछ में संदिग्ध ने ई-मेल बेचने की बात कही है। ऐसे में जांच एजेंसियां उसके ई-मेल अकाउंट, डिजिटल गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। उसकी भूमिका की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
दिलजीत के कॉन्सर्ट के मंच को IED से उड़ाने की धमकी
ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर मिले संदेश में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र था। संदेश में कार्यक्रम के मंच को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।
धमकी मिलने के बाद ग्वालियर, भोपाल और इंदौर की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। हाईकोर्ट परिसर और जजों के आवासों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई। पुलिस ई-मेल के तकनीकी स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
पहले भी स्कूलों और महापौर कार्यालय को मिली थी धमकी
दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी धमकी भरे ई-मेल मिले थे। इन संदेशों में बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी।
पुलिस ने स्कूलों में बम निरोधक दस्ते से जांच कराई थी। शुरुआती जांच में इन धमकियों के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने सभी संदेशों को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी।
ग्वालियर पुलिस भी कर रही कानूनी कार्रवाई
ग्वालियर पुलिस हाईकोर्ट के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत के आधार पर मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। पुलिस ई-मेल के स्रोत, संदिग्ध के डिजिटल नेटवर्क और अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अलग-अलग स्थानों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल आपस में जुड़े हैं या नहीं। फिलहाल संदिग्ध की भूमिका और धमकी भेजने वाले की पहचान को लेकर जांच जारी है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: सिंगरौली में 50 साल पुराना पैतृक मकान ढहा, 3 की मौत, 5 घायल

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। कोतवाली थाना क्षेत्र के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में भोजन करने के बाद सो रहे परिवार पर करीब 50 साल पुराना कच्चा मकान अचानक ढह गया। मलबे में दबने से अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और दो साल की बेटी की जान चली गई।
हादसा 9 नवंबर की रात हुआ। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाया। रात करीब एक बजे तक लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलता रहा। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दीवार में पहले से थी दरार, आ रही थीं आवाजें
हादसे में घायल बेलामती ने बताया कि परिवार के लोग रात में घर के अंदर सो रहे थे। मकान की एक दीवार पहले से फटी हुई थी। रात में उस दीवार से आवाजें भी आ रही थीं। परिवार को मकान गिरने की आशंका हुई, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, पूरा मकान भरभराकर ढह गया।
बेलामती के मुताबिक, वह अपने चार बच्चों के साथ मलबे में दब गई थीं। गांव के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उनके पति घर के अंदर दबे अन्य लोगों को बचाने के लिए गए थे, लेकिन खुद बाहर नहीं निकल पाए।
जेसीबी से हटाया गया मलबा, रात तक चला रेस्क्यू
मकान गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया। रात करीब एक बजे तक बचाव अभियान जारी रहा।
एसडीएम सुरेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू करा दिया गया था। घायलों को बैढ़न के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया।
50 साल पुराना पुश्तैनी मकान था
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ कच्चा खपरैल मकान करीब 50 साल पुराना था। इसमें समय-समय पर अतिरिक्त कच्चा निर्माण कराया गया था। मकान में दोहरी छत थी। पहले मिट्टी की छत बनाई गई थी, जिसके ऊपर बाद में दोबारा कच्चा निर्माण किया गया।
परिवार के पास करीब चार एकड़ कृषि भूमि है। अरुण अपने पिता के साथ खेती-किसानी करते थे। इसके अलावा वह और उनका छोटा भाई मकान निर्माण में मिस्त्री का काम भी करते थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत था नया मकान
परिवार के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया मकान भी स्वीकृत था और उसका निर्माण चल रहा था। हादसे के समय अरुण का छोटा भाई सुभाष बैढ़न में एक निर्माणाधीन मकान पर काम करने गया था। देर से घर लौटने के कारण वह इस हादसे में बच गया।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता के निर्देश दिए
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP में दीपावली पर 3 अग्निकांड, 13 लोगों की मौत; कटनी-सिवनी में उजड़े दो परिवार

भोपाल: मध्य प्रदेश में दीपावली के दौरान आग लगने की अलग-अलग घटनाओं ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में दो मकानों में लगी आग से 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, उज्जैन में एक मकान और दुकान में लगी आग के दौरान 107 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। इस तरह इन तीन घटनाओं में कुल 13 लोगों की मौत हुई है।
कटनी और सिवनी में मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। कटनी में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हुई, जिनमें दो महीने का मासूम और दो बच्चियां भी थीं। सिवनी में सराफा कारोबारी के परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी और सिवनी के अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
कटनी: तीन मंजिला मकान में आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। आग तेजी से तीन मंजिला इमारत में फैल गई। हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई।
मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो महीने का मासूम शामिल हैं। परिवार के दो सदस्य किसी तरह इमारत से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
दमकल की पाइप में खराबी से राहत कार्य प्रभावित
आग की सूचना मिलने के बाद बरही नगर परिषद की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल की पाइप में खराबी के कारण आग बुझाने के प्रयासों में परेशानी आई। इसके बाद विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।
आग की तीव्रता और इमारत में लोगों के फंसे होने के कारण बचाव अभियान लंबा चला। बाद में जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया गया। स्थानीय युवाओं ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।
मकान के निचले हिस्से में क्रॉकरी और प्लास्टिक का सामान रखा था। अधिकारियों के मुताबिक, ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई और उसे नियंत्रित करने में मुश्किल हुई।
प्रशासन के सामने लोगों ने जताया आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और दमकल व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि दमकल वाहनों की खराब स्थिति और राहत कार्य में देरी से बचाव अभियान प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के सामने भी लोगों ने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने घटना को अपूरणीय क्षति बताते हुए दुख व्यक्त किया और भविष्य में ऐसी स्थिति न दोहराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और दमकल कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण दिलाने की बात कही।
सिवनी: सराफा कारोबारी के घर में आग, 6 लोगों की मौत
सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में सोमवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच सराफा कारोबारी कुंदनलाल सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों की पहचान कुंदनलाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर बिजली के तारों के जलने की जानकारी सामने आई है, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
उज्जैन: आग में 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में देवास रोड स्थित हार्डवेयर और इलेक्ट्रिकल्स की दुकान वाली इमारत में दीपावली की रात आग लग गई। आग मकान के ऊपरी हिस्सों तक फैल गई। इस दौरान तीसरी मंजिल पर फंसे 107 वर्षीय मोहनलाल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना में दो अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुकान में हार्डवेयर और पेंट का सामान रखा होने के कारण धुआं तेजी से फैला, जिससे बचाव कार्य में परेशानी हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
कटनी और सिवनी के मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी और सिवनी में आग लगने की घटनाओं पर दुख जताया है। उन्होंने दोनों हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी।
ख़बर मध्यप्रदेश
उमरिया: बांधवगढ़ में बाघ के हमले से चरवाहे की मौत, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

उमरिया: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक चरवाहे की संदिग्ध बाघ हमले में मौत हो गई। बुधवार को मवेशी चराने जंगल गए 65 वर्षीय राजेन्द्र यादव का शव देर रात जंगल में मिला। उनके पैर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी।
जमुनिया के जंगल में मिला शव
जानकारी के अनुसार, जमुनिया निवासी राजेन्द्र यादव बुधवार को रोजाना की तरह अपने मवेशियों को चराने जंगल गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद उन्होंने जंगल में उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान राजेन्द्र का शव जंगल में मिला। उनके पैर में गंभीर चोट थी और शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
पनपथा बफर क्षेत्र में हुई घटना
यह घटना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर परिक्षेत्र के छतवा क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया के जंगल की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र संचालक सहित वन विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। आसपास के जंगल में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
आसपास के गांवों में दहशत
घटना के बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल है। वन विभाग की टीम मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। बाघ के हमले की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई गई है।
खेल खिलाड़ी7 hours agoIND vs NZ: न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से हराया, वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार
अर्थ जगत6 hours agoमाइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सर्विस में खराबी, Outlook-Teams प्रभावित; दिल्ली में 3 फ्लाइट रद्द
ख़बर छत्तीसगढ़3 hours agoमुंगेली को 465 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM साय ने 77 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
ख़बर देश3 hours agoKaziranga Accident: काजीरंगा में मिनी बस-ट्रक की भीषण टक्कर, 24 लोगों की मौत


















