ख़बर देश
SIM Card: आपके सिम कार्ड में तो नहीं है चीनी चिप, भारत सरकार उठा रही है बड़ा कदम

SIM Card: राष्ट्रीय सुरक्षा में साइबर चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार जल्द ही एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। यदि आप अपने मोबाइल में पुराना सिम कार्ड इस्तेमाल कर रहे हैं, तो हो सकता है कि आपको अपना सिम कार्ड बदलना पड़े। भारत सरकार मोबाइल फोन में उपयोग हो रहे पुराने सिम कार्ड्स को बदलने पर विचार कर रही है। दरअसल देश की प्रमुख साइबर सुरक्षा एजेंसी द्वारा की गई एक जांच में सामने आया है, कि कुछ सिम कार्ड्स में इस्तेमाल हो रहे चिपसेट्स चीन से आए थे। यह जांच राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा समन्वयक (National Cyber Security Coordinator- NCSC) और गृह मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से की गई थी। भारत सरकार जांच में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर साइबर चुनौतियों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर रही है और पुराने सिम कार्ड्स को बदलने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
क्या है मामला?
मिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, NCSC ने देश के प्रमुख टेलीकॉम ऑपरेटर्स जैसे रिलायंस जिओ, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (Vi) के वरिष्ठ अधिकारियों और दूरसंचार मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सिम कार्ड आपूर्ति प्रक्रिया की खामियों और पुराने सिम कार्ड्स को बदलने के लिए एक रूपरेखा पर चर्चा की गई। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने हुआवेई (Huawei) और जेडटीई (ZTE) जैसे चीनी उपकरण निर्माताओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब राष्ट्रीय सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए सरकार ने नियम बनाया है कि देश में किसी भी प्रकार के टेलीकॉम उपकरण के आयात, बिक्री या उपयोग से पहले उनकी अनिवार्य टेस्टिंग और प्रमाणन किया जाएगा। यह प्रक्रिया यह सुनिश्चित करती है कि जो भी टेलीकॉम उपकरण भारत में उपयोग किए जाएं, वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, प्रदर्शन और गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरें।
किन सिम कार्ड्स पर हो सकता है असर
मार्च 2021 में दूरसंचार विभाग (DoT) ने Unified Access Service License में संशोधन किया था, जिसमें कहा गया था कि टेलीकॉम कंपनियां किसी अविश्वसनीय वेंडर से? उपकरण नहीं खरीद सकेंगी। NCSC को यह जिम्मेदारी दी गई कि वह केवल विश्वसनीय आपूर्तिकर्ताओं को ही मंजूरी देगा, लेकिन जांच में पाया गया कि कुछ वेंडर्स ने इस प्रणाली का भी दुरुपयोग किया और उनके द्वारा आपूर्ति किए गए चिप्स में चीनी घटक शामिल थे। इसलिए प्रभावित सिम कार्ड्स 2021 से पहले और बाद के समय दोनों से जुड़े हो सकते हैं।
भारतीय सिम कार्ड्स में चीनी चिप्स कैसे पहुंचे?
देश में सेवाएं दे रहीं टेलीकॉम कंपनियां सर्टिफाइड वेंडर्स से सिम कार्ड्स खरीदती हैं। ये वेंडर्स चिप्स को विश्वसनीय स्रोतों जैसे वियतनाम या ताइवान से मंगवाकर भारत में ही उनका असेंबली, पैकेजिंग और सीरियलाइजेशन करते हैं, लेकिन जांच में सामने आया कि कुछ वेंडर्स ने ट्रस्टेड सोर्स सर्टिफिकेशन का दुरुपयोग किया। पहले उन्होंने यह दर्शाया कि उनके द्वारा उपयोग किए गए चिप्स विश्वसनीय स्रोतों से आए हैं, लेकिन बाद में पता चला कि कुछ चिप्स वास्तव में चीन से मंगवाए गए थे।
ख़बर देश
Delhi: टेकऑफ से पहले बड़ा हादसा टला, दिल्ली एयरपोर्ट पर स्विस विमान के इंजन में आग, 6 यात्री घायल

Delhi: दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट रात 1:08 बजे ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी। जैसे ही विमान रनवे पर टेकऑफ के लिए बढ़ा, उसका एक इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई। साथ ही बाईं ओर लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया।
स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया।
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि घटना के समय विमान एयरबस A330 था। स्थानीय टीम मौके पर मौजूद है और यात्रियों की देखभाल की जा रही है। कंपनी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच के लिए उनकी टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर जांच करेगी। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना में पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया।
ख़बर देश
Maoist surrender: तेलंगाना में 47 माओवादियों का सरेंडर, AK-47 समेत भारी हथियार सौंपे

Maoist surrender: तेलंगाना में माओवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। राज्य के DGP बी. शिवधर रेड्डी ने बताया कि शनिवार को 47 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर दिया। ये सभी माओवादी दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी, साउथ बस्तर रीजनल कमेटी की 9वीं और 30वीं प्लाटून और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी से जुड़े हुए थे।
अलग-अलग स्तर के कैडर शामिल
सरेंडर करने वालों में संगठन के कई स्तर के सदस्य शामिल हैं। इनमें 1 स्टेट कमेटी मेंबर, 3 डिवीजन कमेटी मेंबर
24 एरिया कमेटी मेंबर, 19 पार्टी मेंबर शामिल हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
AK-47, LMG समेत भारी हथियार सौंपे
DGP के मुताबिक, माओवादियों ने आत्मसमर्पण के दौरान हथियार और गोला-बारूद भी पुलिस को सौंपा। इनमें 4 AK-47 राइफल, 3 SLR, 1 लाइट मशीन गन (LMG), 2 INSAS राइफल, 2 .410 मस्केट, 1 पिस्टल शामिल हैं। कुल मिलाकर 32 हथियार, 26 मैगजीन, 515 राउंड कारतूस और 10 बंडल कार्डेक्स वायर पुलिस को सौंपे गए।
पुनर्वास नीति और ऑपरेशन का असर
DGP बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि यह आत्मसमर्पण सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार चल रहे ऑपरेशनों का नतीजा है। सुरक्षा बलों के दबाव और विकास कार्यों के चलते माओवादी अब मुख्यधारा में लौटने का फैसला कर रहे हैं।
“तेलंगाना में अब माओवादी मूवमेंट नहीं”
DGP ने दावा किया कि राज्य में अब माओवादी गतिविधि नहीं के बराबर रह गई है। जो लोग अभी भी जंगलों में सक्रिय हैं, उन्हें सरेंडर कर सामान्य जीवन में लौटने का मौका दिया जा रहा है।
ख़बर देश
Heatwave: देशभर में भीषण गर्मी का कहर, प्रयागराज 45.2°C पर टॉप, 5 राज्यों के 14 शहरों में पारा 44°C पार

Heatwave:देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.2°C दर्ज किया गया। वहीं अकोला में पारा 45°C और अमरावती में 44.8°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
14 शहरों में 44°C के पार पारा
उत्तर-पश्चिम, उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के 5 राज्यों के 14 शहरों में तापमान 44°C से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें वाराणसी, बांदा, रोहतक, झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, अकोला, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल, बाड़मेर, हमीरपुर, आगरा और राजनांदगांव शामिल हैं।
यूपी के 60 जिलों में रेड अलर्ट
उत्तप्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उड़ीसा के झारसुगुड़ा में लगातार दूसरे दिन तापमान 44.8°C दर्ज हुआ। मध्यप्रदेश के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है, जबकि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। यहां ऊना का तापमान 41.1°C तक पहुंच गया।
अगले 2 दिन और बढ़ेगी गर्मी
26 अप्रैल:
छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हीटवेव की संभावना
आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी।
27 अप्रैल:
बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप जारी
कई जगहों पर गर्म रातें (Warm Nights) रहने की आशंका।
ख़बर देश
Raghav Chadha: आप को बड़ा झटका, राघव चड्ढा BJP में शामिल, दावा- आप के 10 में से 7 सांसद साथ

Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पर्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया। इसके बाद चड्ढा बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां राघव के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता भी हमारे साथ हैं। हालांकि, बाकी चार सांसद अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।
राघव ने कहा- “हम पार्टी के दो-तिहाई सांसद हैं, इसलिए दलबदल कानून लागू नहीं होगा। हमने संवैधानिक प्रावधानों के तहत यह फैसला लिया है।” उन्होंने यह भी कहा- “पिछले कुछ समय से मुझे लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं।”
वहीं आप की ही एक अन्य राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि वे फिलहाल इटानगर में हैं और दिल्ली लौटने के बाद इस मुद्दे पर विस्तार से बात करेंगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बड़े दलबदल से राज्य की राजनीति पर गहरा असर पड़ने की संभावना है।
ख़बर देश
West Bengal-Tamil Nadu Election: बंगाल में पहले फेज में 91% पार मतदान, तमिलनाडू में 84.41% मतदान

West Bengal-Tamil Nadu Election: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, बंगाल की 294 में से 152 सीटों पर 91.46% वोटिंग हुई, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 84.41% मतदान दर्ज किया गया। यह प्रतिशत और बढ़ सकता है। दोनों राज्यों के चुनावी इतिहास में यह अब तक का सबसे ज्यादा मतदान बताया जा रहा है।
नेताओं के बयान: सियासी वार तेज
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- “बंगाल की जनता ने SIR के खिलाफ बंपर वोटिंग की है।” वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया- “TMC का सूरज अब ढल चुका है।”
बंगाल में हिंसा की 5 बड़ी घटनाएं
- दक्षिण मिदनापुर में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार को भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
- पश्चिम बर्धमान के बर्नपुर में भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल की कार पर पथराव, शीशा टूटा।
- बीरभूम में EVM खराब होने पर लोगों ने पुलिस और केंद्रीय बलों पर पथराव किया।
- मुर्शिदाबाद के नौदा में देसी बम से हमला, कई लोग घायल; बाद में समर्थकों के बीच झड़प।
- सिलीगुड़ी में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच बूथ के बाहर विवाद और झड़प।
असम, केरल और पुडुचेरी में भी हुआ था रिकॉर्ड मतदान
इससे पहले 9 अप्रैल को हुए मतदान में भी रिकॉर्ड आंकड़े सामने आए थे। इसमें असम में 85.91%, केरल में 78.27% (1987 के बाद सबसे ज्यादा), पुडुचेरी में करीब 90% मतदान हुआ था। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी—इन पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को एक साथ घोषित किए जाएंगे।

















