ख़बर यूपी / बिहार
Ayodhya: थल, नभ और जल से अभेद्य सुरक्षा घेरे में राम की नगरी, AI तकनीकी और एंट्री ड्रोन सिस्टम का भी हो रहा इस्तेमाल

Ayodhya: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या धाम की सुरक्षा को थल, नभ और जल से अभेद्य बनाने के लिए हर संभव व्यवस्थाएं की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती के साथ टेक्नोलॉजी का भी भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। धाम में एटीएस, एसटीएफ, पीएसी, यूपीएसएसएफ समेत यूपी पुलिस के जवानों की भारी भरकम तैनाती की गई है। वहीं एआई, एंटी ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों को भी लगाया गया है। इसके साथ ही सरयू नदी और घाटों पर एनडीआरएफ की टुकड़ी भी तैनात है। मेहमानों की सुरक्षा को अचूक बनाने के लिए बार कोडिंग का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।
अयोध्या धाम को दो जोनों में बांटा गया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए अब तक की सबसे पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है।धाम की सुरक्षा को लेकर अयोध्या धाम को दो जोन रेड और येलो में बांटा गया है। केंद्रीय एजेंसियों में CRPF, NDRF, IB और R &AW का भी सहयोग लिया जा रहा है। धाम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक डीएसपी, लगभग 325 इंस्पेक्टर और 80 सब इंस्पेक्टरों की तैनाती की गई है। VIP सुरक्षा के लिए तीन डीआईजी, 17 एसपी, 40 एएसपी, 82 डीएसपी, 90 इंस्पेक्टर के साथ 1,000 से ज्यादा कॉन्सटेबल और 4 कंपनी पीएसी को तैनात किया गया है।
11 हजार जवान किए गए तैनात
अयोध्या धाम को कई लेयर के सुरक्षा घेरे में रखा गया है। इसमें पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 11000 जवान शामिल हैं। जरूरत के मुताबिक इस संख्या को और भी बढ़ाया जा सकता है। किसी भी स्थिति में चूक की कोई गुंजाइश न रहे, इसके लिए सुरक्षा कार्य में लगी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय हो, इस पर भी फोकस किया जा रहा है। चाक-चौबंद रेल सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को दर्शनीय स्थलों की जानकारी देने के लिए 250 पुलिस गाइड की तैनाती की गई है। आज 14 जनवरी को डिजिटल टूरिस्ट ऐप को लॉन्च किया जाएगा।
AI से लैस उपकरणों और एंट्री ड्रोन सिस्टम की भी तैनाती
धाम की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल हो रहा है। नगर निगम के आईटीएमएस, पुलिस के सीसीटीवी, कंट्रोल रूम एवं पब्लिक सीसीटीवी के माध्यम से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है। इसके लिए पब्लिक सीसीटीवी के 1,500 कैमरों को आईटीएमएस से इन्टीग्रेट किया गया है। वहीं, येलो जोन में 10,715 स्थानों पर चेहरा पहचान की क्षमता से लैस एआई आधारित बड़ी स्क्रीनें भी आईटीएसमएस से इन्टीग्रेट की गई हैं। इजराइल की कंपनी द्वारा निर्मित विश्व की आधुनिकतम तकनीक वाले 12 एंटी ड्रोन सिस्टम भी सक्रिय है। इसके जरिए अति संवेदनशील रेड और येलो जोन को सुरक्षित किया गया है। इस सिस्टम के माध्यम से 5 किलोमीटर की परिधि में उड़ने वाले किसी भी ड्रोन को लोकेट कर उसे निष्क्रिय किया जा सकता है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: अतीक के बेटे उमर अहमद के काफिले की 30 गाड़ियों पर FIR, प्रयागराज और प्रतापगढ़ पुलिस ने की कार्रवाई

प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे मोहम्मद उमर अहमद के प्रयागराज आने के दौरान उसके काफिले में शामिल गाड़ियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रयागराज और प्रतापगढ़ पुलिस ने काफिले की गाड़ियों और उनके ड्राइवरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रयागराज में रविवार को 28 गाड़ियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जबकि इससे करीब दो घंटे पहले प्रतापगढ़ में दो गाड़ियों पर केस दर्ज किया गया था।
मामला नवाबगंज के भदरी टोल प्लाजा का है। पुलिस के मुताबिक काफिले की कई गाड़ियों ने टोल पर बैरियर तोड़कर निकलने की कोशिश की। टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, धमकी और वाहन चढ़ाने की कोशिश के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले में 28 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
4 साल बाद पैरोल पर प्रयागराज आया था उमर
उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है। छोटे भाई अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उसे शर्तों के साथ पैरोल दी थी। शनिवार को पुलिस वैन से उसे लखनऊ से प्रयागराज लाया गया था। अबान की मौत सड़क हादसे में हुई थी और उसे प्रयागराज में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने दिए सबूत
नवाबगंज टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर ने पुलिस को घटना से जुड़े सबूत उपलब्ध कराए। इसके आधार पर नवाबगंज थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस अब काफिले में शामिल गाड़ियों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों और ड्राइवरों की पहचान कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
प्रतापगढ़ में भी 2 गाड़ियों पर केस
प्रयागराज से पहले प्रतापगढ़ पुलिस ने भी काफिले में शामिल दो गाड़ियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस तरह उमर के प्रयागराज आने के दौरान काफिले से जुड़ी गाड़ियों पर अलग-अलग जिलों में कार्रवाई हुई है। पुलिस का कहना है कि टोल प्लाजा की घटना के वीडियो और दूसरे सबूतों की जांच की जा रही है।
ख़बर बिहार
Bihar Fake IAS: खगड़िया में फर्जी IAS गिरफ्तार, करीब 100 करोड़ की संपत्ति का है मालिक

खगड़िया: बिहार के खगड़िया में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो खुद को IAS अधिकारी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताकर लोगों से ठगी करता था। आरोपी की पहचान मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चिक्कू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब 10 साल से फर्जी IAS अधिकारी बनकर लोगों को प्रभावित करता था। वह अपनी निजी गाड़ियों पर ‘IAS’ और ‘Government of India’ के बोर्ड लगाकर घूमता था। पुलिस को उसकी 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति होने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
साढ़े 7 घंटे चली छापेमारी
जिला अपराध इकाई (DIU) और गोगरी पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार स्थित आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। कार्रवाई दोपहर करीब 1 बजे से रात 8:30 बजे तक चली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के आलीशान घर से दो लग्जरी गाड़ियां जब्त की गईं। इनमें टेस्ला वाई और डाइकोर सफारी शामिल हैं। दोनों वाहनों पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था। पुलिस अब इनके दस्तावेज और सरकारी पहचान से जुड़े दावों की जांच कर रही है।
घर से 31 लीटर विदेशी शराब और महंगी बोतलें मिलीं
छापेमारी के दौरान पुलिस को अलग-अलग ब्रांड की करीब 31 लीटर विदेशी शराब मिली। पुलिस के मुताबिक, एक बोतल की कीमत एक लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। इसके अलावा घर से हिरण और बारहसिंगा के सींग, Apple के 5 मोबाइल फोन, 20 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट कार्ड और 4 चेकबुक समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
खुद को अजीत डोभाल का एजेंट बताता था
खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, मनीष खुद को अजीत डोभाल का ‘कवर एजेंट’ बताता था। वह IAS अधिकारी बनकर बिहार के अलग-अलग जिलों में लोगों से संपर्क करता और अपनी पहचान व प्रभाव का इस्तेमाल कर ठगी करता था। एसपी ने कहा कि मामला केवल वित्तीय धोखाधड़ी तक सीमित नहीं है। आरोपी पर फर्जी सरकारी पद और पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह करने, भय पैदा करने और अवैध प्रभाव जमाने का भी आरोप है।
घर के चारों तरफ लगाए थे 100 CCTV कैमरे
पुलिस के मुताबिक, मनीष ने अपने घर के चारों तरफ करीब 100 CCTV कैमरे लगवा रखे थे। वह बाहर की गतिविधियों पर नजर रखता था। आसपास के लोगों के अनुसार, आरोपी बहुत कम घर से बाहर निकलता था। मनीष ने शादी नहीं की है और वह घर में अकेला रहता था।
एक महीने पहले दिल्ली से आया था खगड़िया
पुलिस के अनुसार, मनीष करीब एक महीने पहले दिल्ली से खगड़िया आया था। उसके पिता स्वर्गीय परमेश्वर गुप्ता खगड़िया के KDS कॉलेज में हिंदी के प्रोफेसर थे। मनीष छह भाइयों में सबसे छोटा है। उसका बड़ा भाई संजय कुमार गुप्ता दिल्ली में प्रोफेसर है, जबकि एक भाई कनाडा में रहता है। बाकी भाइयों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
बिहार के अलावा दूसरे राज्यों और विदेश में संपत्ति की जांच
पुलिस को आरोपी की बिहार के अलावा दूसरे राज्यों और विदेशों में भी संपत्ति होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसकी संपत्ति, बैंक खातों, दस्तावेजों और ठगी से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 9 अगस्त की कारसेवा टली, अब 6 दिसंबर को करने का ऐलान

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मस्थान को लेकर मथुरा में 9 अगस्त को प्रस्तावित कारसेवा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने शनिवार शाम इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और सावन महीने को देखते हुए कारसेवा को आगे बढ़ाया गया है, ताकि धार्मिक माहौल प्रभावित न हो। अब रविवार को चित्रगुप्त पीठ आश्रम में हुई साधु-संतों की बैठक के बाद कारसेवा की नई तारीख 6 दिसंबर 2026 तय किए जाने की जानकारी दी गई। संतों ने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रम का उद्देश्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा करना है और इसे अहिंसक तरीके से किया जाएगा।
सावन और कांवड़ यात्रा के चलते टाला कार्यक्रम
स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि सावन महीने और कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाएगा, जिससे माहौल खराब हो या कोई विवाद खड़ा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कारसेवा रद्द नहीं की गई है, बल्कि अखाड़ा परिषद के फैसले के बाद इसे फिलहाल स्थगित किया गया है।
आश्रम में गुलाबी शिलाओं का पूजन
कारसेवा स्थगित होने के बावजूद रविवार सुबह करीब 10 बजे चित्रगुप्त पीठ आश्रम में मंदिर निर्माण के लिए लाई गई गुलाबी पत्थरों की शिलाओं का हवन-पूजन शुरू हुआ। ये पत्थर राजस्थान से लाए गए हैं। संतों के मुताबिक, इन शिलाओं को ओडिशा के कारीगर तराशेंगे। इन पर ब्रज संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंग उकेरने की योजना है। स्वामी सच्चिदानंद महाराज के अनुसार मंदिर निर्माण के लिए करीब 50 हजार घन मीटर पत्थर का ऑर्डर दिया गया है। पहली खेप में करीब 350 घन मीटर पत्थर पहुंच चुका है।
संतों की बैठक में 6 दिसंबर की तारीख तय
रविवार दोपहर चित्रगुप्त पीठ में ब्रज क्षेत्र के साधु-संतों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने की। इसके बाद संत अधिकारी महाराज ने बताया कि बैठक में भगवान योगेश्वर कृष्ण के भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कारसेवा का उद्देश्य किसी व्यक्ति का विरोध, हिंसा या तोड़फोड़ करना नहीं है। उनके मुताबिक यह कार्यक्रम अहिंसा के रास्ते पर किया जाएगा।
4 जुलाई को हुआ था 9 अगस्त का ऐलान
स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने 4 जुलाई को अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए 9 अगस्त को कारसेवा का ऐलान किया था। इसके बाद उन्होंने 12 जुलाई को हरिद्वार में साध्वी ऋतंभरा से भी मुलाकात की थी। कारसेवा के ऐलान के बाद पुलिस ने स्वामी सच्चिदानंद महाराज समेत ब्रज क्षेत्र के कई संतों, साध्वियों और धर्माचार्यों को नोटिस जारी किए थे।
शाही ईदगाह की सुरक्षा बढ़ाई गई
कारसेवा के आह्वान के बाद शाही ईदगाह मस्जिद परिसर की सुरक्षा बढ़ाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने जलाभिषेक के लिए मस्जिद परिसर की ओर जा रही अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिला अध्यक्ष मीरा ठाकुर समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। मथुरा में किसी भी तरह के तनाव या कानून-व्यवस्था की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंदिर निर्माण के लिए राजस्थान से पहुंची शिलाएं
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर निर्माण के लिए राजस्थान के बंशीपुर गांव से गुलाबी पत्थरों की पहली खेप शुक्रवार को चित्रगुप्त पीठ आश्रम पहुंची थी। रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इनका पूजन किया गया और आश्रम में हवन-यज्ञ भी हुआ। संतों का कहना है कि आगे भी पत्थरों की खेप चरणबद्ध तरीके से पहुंचती रहेगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Kawad Yatra 2026: मेरठ में CM योगी ने कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा, बोल बम के जयकारों से गूंजा माहौल

मेरठ: कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ पहुंचे। करीब 30 मिनट के दौरे के दौरान उन्होंने दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान कांवड़ियों ने ‘बोल बम’ के जयकारे लगाए। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर सुबह करीब 12:22 बजे मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरा। यहां से वे कार से दुल्हैड़ा चुंगी के लिए रवाना हुए।
कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा
मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था की थी। दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के पास कार्यक्रम स्थल बनाया गया था। योगी आदित्यनाथ यहां करीब 30 मिनट रुके। इस दौरान उन्होंने हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।
हेलिकॉप्टर से गाजियाबाद रवाना
पुष्प वर्षा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री कार से वापस शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचे। यहां से वे राजकीय हेलिकॉप्टर से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: भाई की मिट्टी में शामिल होने के लिए अली और उमर अहमद को पेरोल, इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश

प्रयागराज: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जेल में बंद अली अहमद और उमर अहमद को उनके दिवंगत भाई अबान अहमद की मिट्टी में शामिल होने के लिए पेरोल पर रिहा करने का आदेश दिया है। शुक्रवार को दोनों की बुआ परवीन कुरैशी की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने यह निर्देश जारी किया। यह आदेश न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र समंत की खंडपीठ ने दिया। अदालत ने कहा कि दोनों भाइयों को निर्धारित समय के लिए अंतिम संस्कार संबंधी कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी जाए। इस दौरान वे अपने छोटे भाई और बुआ परवीन कुरैशी से एक घंटे तक मुलाकात कर सकेंगे। इसके बाद प्रशासन उन्हें सुरक्षा के साथ वापस संबंधित जेलों में पहुंचाएगा।
कोर्ट बोला- अंतिम श्रद्धांजलि देने पर आपत्ति नहीं
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि यदि दोनों अपने दिवंगत भाई को अंतिम श्रद्धांजलि देना चाहते हैं और परिवार के साथ सीमित समय बिताना चाहते हैं, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। अदालत ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। न्यायालय ने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हो तो दोनों जहां जरूरत होगी, वहीं नमाज अदा कर सकेंगे और प्रशासन इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्था करेगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आई तकनीकी दिक्कत
सुनवाई के दौरान अली अहमद झांसी जेल से और उमर अहमद लखनऊ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुए। शुरुआत में झांसी जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में तकनीकी समस्या आने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई। खंडपीठ ने पूछा कि केवल आवाज सुनाई दे रही है, वीडियो क्यों नहीं दिख रहा। इसके बाद तकनीकी समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए और सुनवाई आगे बढ़ी।
ख़बर छत्तीसगढ़16 hours agoCGPSC: सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीख बदली, अब 2 से 4 नवंबर तक होगी परीक्षा
ख़बर मध्यप्रदेश16 hours agoMP Police Recruitment: MP पुलिस में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी: 9,751 से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी; 3 SISF बटालियन भी बनेंगी
ख़बर देश11 hours agoWeather Alert: MP समेत 6 राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ जैसे हालात, भोपाल में 7 इंच से ज्यादा पानी; UP में 40 गांव बाढ़ की चपेट में
अर्थ जगत9 hours agoPolymer Currency India: ₹10 और ₹20 के पॉलीमर नोट आएंगे, सरकार ने 100-100 करोड़ नोटों के फील्ड ट्रायल को दी मंजूरी
ख़बर मध्यप्रदेश7 hours agoMP Cabinet: भोपाल-विदिशा रोड होगा फोरलेन, 1,757.55 करोड़ रुपए की परियोजना को कैबिनेट मंजूरी; 3 बायपास भी बनेंगे
ख़बर छत्तीसगढ़8 hours agoChhattisgarh: नक्सल प्रभावितों के लंबित मामलों के लिए चलेगा विशेष अभियान, 109 शहीद स्मारक बनेंगे, QR कोड से मिलेगी पूरी जानकारी
Film Studio6 hours ago‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज, कालीन भैया का फिर दिखा भौकाल, 4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म




















