ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: मुख्यमंत्री शिवराज स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल में करेंगे ध्वजारोहण, कर सकते हैं बड़ा ऐलान

MP News(Bhopal): मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 15 अगस्त को भोपाल में लाल परेड मैदान में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री चौहान सुबह 9 बजे मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय धुन, परेड सलामी और परेड निरीक्षण होगा। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा प्रदेश की जनता के नाम संदेश दिया जाएगा। मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण दूरदर्शन मध्यप्रदेश, रीजनल न्यूज चेनल्स और सोशल मीडिया पर किया जायेगा।
भोपाल में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री चौहान स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भोपाल में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने जीएडी चौराहे पर कन्या-पूजन कर तिरंगा झंडा यात्रा को रवाना किया। मुख्यमंत्री का महापौर मालती राय ने तिरंगी पगड़ी पहना कर स्वागत किया। यात्रा का समापन कर्फ्यू वाली माता चौराहे पर हुआ। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में झंडा-वंदन में मशाल प्रज्ज्वलित की और भारत माता का पूजन किया। कार्यक्रम स्थल पर तिरंगा थीम पर आधारित फूलों, गुब्बारों तथा कपड़े से सजावट की गई। तिरंगा यात्रा का मार्ग के दोनों तरफ आवास तथा प्रतिष्ठानों से नागरिकों ने पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री कर सकते हैं बड़ा ऐलान
स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री शिवराज से बड़े ऐलान की उम्मीद की जा रही है। चुनावी साल होने की वजह से ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं, कि मुख्यमंत्री शिवराज इस मौके पर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। वहीं आज मुख्यमंत्री ने बताया कि वे रक्षा बंधन के पहले 27 अगस्त को जम्बूरी मैदान, भेल में लाड़ली बहनाओं के साथ संवाद करेंगे।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: छतरपुर के नौगांव में मंदिर का निर्माणाधीन गेट गिरा, 1 की मौत, 3 मजदूर घायल

Chhatarpur: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव में धौर्रा मंदिर का निर्माणाधीन गेट गिर गया। जिसके मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा शुक्रवार शाम निर्माण कार्य के दौरान हुआ। मृतक मजदूर छतरपुर के गंज के करारा गांव का रहने वाला है। बता दें कि धौर्रा हनुमान मंदिर मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश केबॉर्डर पर स्थिति है। आसपास के इलाके के लोग दर्शन करने आते हैं।
घटना की जानकारी लगते ही छतरपुर सीएमएचओ आरके गुप्ता और सिविल सर्जन शरद चौरसिया जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के इलाज की जानकारी ली और उनके इलाज के निर्देश दिए। कलेक्टर के आदेश पर मृतक के परिजन को तत्काल 20 हजार रुपए और घायलों के परिवार को 5000 रुपए की सहायता दी गई है।
निर्माण कार्य की जांच करेगी तकनीकी टीम
धौर्रा मंदिर के निर्माणाधीन गेट की निर्माण सामग्री की जांच के लिए एक तकनीकी टीम गठित जा रही है। नौगांव एसडीएम जीएस पटेल ने कहा- हादसा लेंटर की कमी या निर्माण सामग्री की खराब क्वालिटी के कारण हुआ, यह तकनीकी टीम की जांच के बाद स्पष्ट होगा। टीआई बाल्मिक चौबे ने बताया कि मंदिर के गेट का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। एक मजदूर की मौत हो गई है। 3 अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी बोले- नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे कामों की समय-समय पर जांच की जाती है। हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। जो भी अधिकारी-कर्मचारी या ठेकेदार लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उस पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP Weather: मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड, शीतलहर ने बढ़ाई गलन, कई जिलों में स्कूलों के टाइम बदले

Bhopal: मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और शीत लहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए राज्य के विभिन्न जिलों में स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। वहीं कुछ जगह अवकाश की घोषणा भी की गई है। राजधानी भोपाल में बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूल अब सुबह 9:30 बजे के बाद ही संचालित होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में भी पड़ रही कड़ाके की ठंड
शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ग्वालियर जिले में कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 5 और 6 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर डीईओ ने यह आदेश जारी किया है। यह आदेश एमपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सभी शासकीय एवं अशासकीय, मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। श्योपुर जिले में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिले में नर्सरी से कक्षा आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से पहले नहीं लगेंगी।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: विदिशा में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या, चाकुओं से गोदकर ली जान

Vidisha: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शनिवार, 3 जनवरी रात एक युवती के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर 22 साल के शुभम चौबे की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसमें कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वारदात के बाद इलाके में दहशत है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी का है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि शुभम चौबे करैया खेड़ा रोड का रहने वाला था। उसने आरोपी चुन्नी और उसके साथियों को युवती से छेड़छाड़ करने से रोका था। शनिवार रात चुन्नी अपने साथियों संग बाइक से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी पहुंचा। उसने शुभम को बाहर बुलाया और फिर इस घटना को अंजाम दिया। पहले बहस, फिर मारपीट और उसके बाद उन लोगों ने शुभम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।
आरोपियों के हमले में युवक शुभम लहूलुहान हो गया और सड़क पर तड़पता रहा। वारदात के बाद आरोपी उसे इसी हालत में छोड़ मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। घटना के सामने आए CCTV फुटेज में देखने मिल रहा है कि किस तरह बाइक पर सवार होकर कई लोग आए और उन्होंने शुभम संग मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस फिलहाल घटना की जांच में जुटी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। विदिशा के ASP डॉ. प्रशांत ने कहा है कि हत्या चाकू से की गई है। सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: पाइपलाइन में लीकेज से दूषित हुआ पानी बना 14 मौतों की वजह, रिपोर्ट में हुई पुष्टि

Indore: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से होने वाली मौतों का सिलसिला नहीं रुक रहा है। गुरुवार को बस्ती के दो परिवारों ने दावा किया कि उनके परिजनों की मौत भी उल्टी-दस्त के कारण हुई। लैब से आई सरकारी जांच रिपोर्ट में भी दूषित पानी से मौतों और बीमारियों पर सरकारी रिपोर्ट की मुहर भी लग गई है। हालांकि प्रशासन डायरिया से चार मौतें ही मान रहा है। जबकि 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक 12 मौतें हो चुकी हैं।
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (NHRC) ने दूषित पानी से मौतों की मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग के अनुसार, अगर मीडिया रिपोर्ट में कही गई बातें सही हैं तो इससे यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मुद्दा उठता है। शिकायतों के बावजूद कथित रूप से अधिकारियों ने दूषित पानी की आपूर्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बता दें कि देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 14 लोगों की मौत की जानकारी मिली है। वहीं, करीब 1400 लोग इन्फेक्शन के शिकार हुए हैं।
CMHO डॉ. माधव हसानी ने कहा- महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की लैब में जांचे गए पानी के नमूनों की रिपोर्ट आज स्वास्थ्य विभाग को मिल गई है। इसमें साफ तौर पर पुष्टि हुई है कि दूषित पानी पीने से ही लोग बीमार पड़े और उनकी जान गई। हसानी ने कहा- पाइपलाइन में लीकेज के कारण पानी दूषित हुआ है। यह किस जगह और किस लेवल का है, इसके बारे में संबंधित अधिकारी ही बता पाएंगे।
ख़बर मध्यप्रदेश
MP News: पिता की राइफल से 14 साल के बेटे ने चला दी गोली, किराएदार के बच्चे को लगने से मौत, मुरैना में हादसा

Morena: मध्यप्रदेश के मुरैना में खेल-खेल में एक 14 साल के बालक ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सात साल के एक बच्चे को गोली मार दी। गोली साथ खेल रहे 7 साल के बच्चे के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को मर्चुरी पोरसा पहुंचाया। पुलिस राइफल जब्त कर नाबालिग के पिता को पूछताछ के लिए थाने ले गई। घटना शनिवार रात को पोरसा के संजय नगर में हुई।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे किराएदार धर्मराज सिंह तोमर का बेटा ऋषभ तोमर, मकान मालिक के दो बेटों के साथ घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। कमरे में तीनों ही थे। इसी दौरान मकान मालिक के बेटे ने कमरे में टंगी पिता की 315 बोर की लाइसेंसी राइफल उतार ली। वह राइफल से खेलने लगा और अचानक गोली चल गई। गोली सीधे ऋषभ के सिर में जा धंसी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नाबालिग के पिता प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड हैं। इसलिए उनके पास 315 बोर की लाइसेंसी राइफल है। एक दिन पहले शुक्रवार को ही वे छुट्टी लेकर पोरसा आए थे। शनिवार सुबह राइफल घर पर रख कर वह गांव धरमपुरा चले गए थे और रात में यह घटना हो गई। मृतक ऋषभ के परिजनों ने हत्या के आरोप लगाया है। परिजनों ने शिकायत में बताया कि घटना दूसरी राइफल से हुई है, जिसे लेकर मकान मालिक भाग गया। हालांकि पुलिस अभी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह के अनुसार अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। फिलहाल जांच में सामने आया है कि बच्चों से खेल-खेल में गोली चली है। मृतक के परिजनों की आरोपों के आधार पर भी जांच कर रहे हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है।













