ख़बर देश
Sahara: 10 करोड़ निवेशकों को पैसा वापस होगा, आज से रिफंड पोर्टल पर प्रक्रिया शुरू

Sahara: सहारा इंडिया की को-ऑपरेटिव सोसाइटीज में निवेश करने वाले 10 करोड़ निवेशकों का लंबे समय से फंसा पैसा अब वापस मिलेगा। शुरुआत 4 करोड़ निवेशकों से हो रही है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में सहारा रिफंड पोर्टल लॉन्च किया। अमित शाह ने कहा कि पोर्टल के जरिए आवेदन करने वाले निवेशकों के खाते में 45 दिन में पैसा आ जाएगा।
अभी 10,000 रुपए तक ही रिफंड मिलेगा
सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि फिलहाल 10,000 रुपए तक की ही राशि रिफंड की जा रही है। अगर किसी निवेशक ने इससे ज्यादा राशि निवेश की है, तो उसे अभी 10,000 रुपए ही वापस किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट से ज्यादा राशि जारी करने का अनुरोध करेंगे, ताकि 10000 से अधिक राशि निवेश करने वालों का पूरा पैसा लौटाया जा सके।
फिलहाल 4 को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के निवेशक ही कर सकेंगे आवेदन
1.सहारा क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, लखनऊ
2.सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड, भोपाल
3.हमारा इंडिया क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, कोलकाता
4.स्टार्स मल्टीपर्पज को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, हैदराबाद
पहले चरण में किया जाएगा 5,000 करोड़ रुपए रिफंड
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पहले फेज में निवेशकों का 10,000 ही रिफंड किया जा रहा है। इसमें करीब 1.07 करोड़ निवेशकों का पूरा पैसा वापस हो जाएगा। शाह ने बताया कि पहले फेज में कुल 4 करोड़ निवेशकों के बीच 5,000 करोड़ की राशि बांटी जाएगी।
ऐसे करें रिफंड पोर्टल पर आवेदन
1. https://mocrefund.crcs.gov.in/Depositor/Login पोर्टल पर जाएं।
2.जमाकर्ता पंजीकरण पर क्लिक करें।
3. आधार नंबर के अंतिम चार अंक और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर डालें।
4. सेंड OTP पर क्लिक करें और प्राप्त OTP दर्ज करें।
5. जमाकर्ता पंजीकरण पूरा होने पर जमाकर्ता लॉगिन पर क्लिक करें।
6. फिर से आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी दर्ज करें।
7.नियम और शर्तों को ध्यान से पढ़कर ‘मैं सहमत हूं’ पर क्लिक करें।
8.आपकी पूरी डिटेल्स प्रदर्शित होगी।
9.जमा प्रमाण पत्र की प्रति के साथ दावा अनुरोध फॉर्म भरें।
10.सोसाइटी का नाम, सदस्यता नंबर और कुल जमा राशि की जानकारी भरें।
11. सोसाइटी से पहले कोई लोन या पेमेंट मिला है, तो उसकी जानकारी भरें।
12.निवेश राशि 50,000 रुपए से ज्यादा है, तो पैन कार्ड की जानकारी भरें।
13.दावा सिर्फ एक बार किया जा सकेगा, इसलिए सभी डिपॉजिट की जानकारी भरें।
14.वैरिफिकेशन के बाद दावा फॉर्म डाउनलोड करें।
15.डाउनलोड दावा फॉर्म पर अपनी ताजा फोटो लगाएं और साइन करें।
16.दावा फॉर्म को पोर्टल पर अपलोड कर सम्मिट करें।
17.दावा सफलतापूर्वक सम्मिट करने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज आएगा।
18.आपके दावे को संबंधित सहारा सोसाइटी 30 दिन में वैरिफाई करेगी।
19.इसके बाद 15 दिन सरकारी अधिकारी आपकी दावे की जांच कर उसे अप्रूव करेंगे।
20.दावा अप्रूव होने पर आपके आधार से जुड़े खाते में राशि जमा हो जाएगी।
ख़बर देश
Allahabad High Court: जस्टिस यशवंत वर्मा का इस्तीफा, दिल्ली में घर में आग लगने के दौरान ₹500 के नोटों के मिले थे जले हुए बंडल

Allahabad High Court: यशवंत वर्मा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 9 अप्रैल को राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा भेजा, जिसकी जानकारी 10 अप्रैल को सामने आई। यह मामला उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब 14 मार्च 2025 को उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास में आग लगने के दौरान ₹500 के नोटों के जले हुए बंडल मिले थे। इसके बाद उनका ट्रांसफर दिल्ली हाईकोर्ट से इलाहाबाद हाईकोर्ट कर दिया गया था।
बिना जिम्मेदारी के रहे जज
जस्टिस वर्मा ने 5 अप्रैल 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट में शपथ ली थी, लेकिन जांच पूरी होने तक उन्हें कोई न्यायिक जिम्मेदारी नहीं दी गई थी।
SC कमेटी ने माना दोषी
सुप्रीम कोर्ट के चीफ संजीव खन्ना ने 22 मार्च को जस्टिस वर्मा पर लगे आरोपों की इंटरनल जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने 4 मई को CJI को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें जस्टिस वर्मा को दोषी ठहराया गया।
महाभियोग पर भी विवाद
जस्टिस वर्मा के खिलाफ लोकसभा में महाभियोग प्रस्ताव लाया गया था, जिसे उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। कोर्ट ने कहा कि लोकसभा स्पीकर के पास जांच समिति बनाने का अधिकार है। भले ही राज्यसभा में प्रस्ताव खारिज हो चुका हो।
इस्तीफे में क्या लिखा
जस्टिस वर्मा ने अपने इस्तीफे में लिखा, “गहरे दुख के साथ मैं न्यायाधीश पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहा हूं। इस पद पर सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है।”
ख़बर देश
Assam-Kerala-Puducherry Election: असम में 85% से ज्यादा मतदान; केरलम-पुडुचेरी में भी भारी मतदान

Assam-Kerala-Puducherry Election: देश के तीन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश में गुरुवार (9 अप्रैल) को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न हो गई। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक, रात 8 बजे तक रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। असम में रिकॉर्ड 85.38% मतदान हुआ। जो असम के इतिहास में सबसे ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा है। केरलम में 78.01% वोटिंग हुई। यह पिछले 49 साल में दूसरा सबसे ज्यादा मतदान है। वहीं पुडुचेरी में 89.81% मतदान हुआ।
इस चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग ने साफ संकेत दिया है कि मतदाताओं में उत्साह और भागीदारी पहले से ज्यादा बढ़ी है। हालांकि, कुछ जगहों पर हिंसा और झड़पों ने चिंता भी बढ़ाई है। सभी EVM मशीनें सील कर दी गई हैं और 4 मई को नतीजों का इंतजार है।
सीट और उम्मीदवार
- असम: 126 सीटें, 41 पार्टियां, 722 उम्मीदवार
- केरल: 140 सीटें, 2.71 करोड़ वोटर, 890 उम्मीदवार
- पुडुचेरी: 30 सीटों पर मतदान
ख़बर देश
LPG Rules Changed: अब बिना एड्रेस प्रूफ भी मिलेगा 5Kg गैस सिलेंडर, सरकार ने आसान किए नियम

LPG Rules Changed: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और सप्लाई चेन पर असर के बीच केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब 5 किलो वाले LPG सिलेंडर को खरीदना पहले से आसान हो गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, अब कोई भी व्यक्ति बिना एड्रेस प्रूफ के 5Kg का छोटा गैस सिलेंडर खरीद सकता है। ग्राहक को सिर्फ किसी भी वैध फोटो आईडी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी दिखानी होगी और वह तुरंत सिलेंडर ले सकेगा।
सरकार का कहना है कि यह फैसला खास तौर पर प्रवासी मजदूरों और ऐसे लोगों के लिए लिया गया है, जिनके पास शहर में स्थायी पता नहीं होता। अब उन्हें गैस कनेक्शन लेने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
FTL सिलेंडर के नियम हुए आसान
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर के लिए अब ज्यादा दस्तावेजों की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक साल में कितनी भी बार इस सिलेंडर को रिफिल करवा सकते हैं।
सप्लाई संकट के बीच बढ़ाई उपलब्धता
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण एनर्जी सप्लाई और लॉजिस्टिक्स प्रभावित हुए हैं। इसे देखते हुए सरकार ने छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाने का फैसला किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 23 मार्च से अब तक करीब 6.6 लाख छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। वहीं 4 अप्रैल को एक ही दिन में लगभग 90,000 यूनिट्स की बिक्री हुई। अधिकारियों ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूशन पॉइंट्स पर फिलहाल स्टॉक की कोई कमी नहीं है।
HPCL आउटलेट्स पर हेल्प डेस्क
प्रवासी मजदूरों की सुविधा के लिए HPCL (हिंदुस्तान पेट्रोलियम) के चुनिंदा आउटलेट्स पर 11 हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। यहां उपभोक्ताओं को नजदीकी डिस्ट्रीब्यूटर की जानकारी और तुरंत सिलेंडर लेने में मदद मिलेगी।
गैस की मांग रिकॉर्ड स्तर पर
देश में घरेलू गैस की मांग भी तेजी से बढ़ी है। एक ही दिन में 51 लाख से ज्यादा घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। खास बात यह है कि कुल मांग का लगभग 95% हिस्सा अब ऑनलाइन बुकिंग के जरिए आ रहा है।
ख़बर देश
Jalna accident: जालना एक्सप्रेसवे हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को मारी टक्कर, 8 महिला मजदूरों की मौत

Jalna accident: महाराष्ट्र के जालना जिले में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 8 महिला मजदूरों की जान चली गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। हादसा कडवांची गांव के पास उस समय हुआ, जब मजदूर महिलाएं सफाई का काम खत्म कर टेम्पो से घर लौट रही थीं।
बताया जा रहा है कि टेम्पो स्टार्ट होने ही वाला था, तभी मुंबई की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही 7 महिलाओं की मौत हो गई। एक अन्य महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
टेम्पो में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और शव सड़क पर बिखर गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
घटना पर पंकजा मुंडे ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं देवेंद्र फडणवीस ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे को उजागर करता है।
ख़बर देश
India LPG tanker update: होर्मुज संकट के बीच भारत को राहत, 94 हजार टन LPG लेकर 2 टैंकर सुरक्षित रवाना, सरकार बोली- घबराने की जरूरत नहीं

India LPG tanker update: पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। Strait of Hormuz से दो और LPG टैंकर सुरक्षित निकलकर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। ये टैंकर देश की एक दिन की रसोई गैस जरूरत पूरी करने जितनी गैस लेकर आ रहे हैं। सरकारी जानकारी के मुताबिक, ‘BW TYR’ और ‘BW ELM’ नाम के दोनों जहाज करीब 94 हजार टन LPG लेकर होर्मुज पार कर चुके हैं। BW TYR 31 मार्च तक मुंबई पहुंचेगा, जबकि BW ELM अप्रैल में न्यू मैंगलोर बंदरगाह पहुंचेगा।
पहले भी पहुंच चुके हैं कई टैंकर
इससे पहले चार भारतीय टैंकर सुरक्षित देश पहुंच चुके हैं। ‘Pine Gas’ और ‘Jag Vasant’ 26-28 मार्च के बीच करीब 92,612 टन गैस लेकर भारत पहुंचे। वहीं ‘MT Shivalik’ और ‘MT Nanda Devi’ गुजरात के मुंद्रा और कांडला पोर्ट पर पहुंच चुके हैं, जिससे सप्लाई को राहत मिली है।
भारत की गैस जरूरत में होर्मुज की बड़ी भूमिका
भारत अपनी करीब 60% LPG जरूरत आयात से पूरी करता है। देश में पिछले साल 33.15 मिलियन टन गैस की खपत हुई, जिसमें से करीब 90% पश्चिम एशिया से आती है। ऐसे में होर्मुज मार्ग भारत के लिए बेहद अहम माना जाता है।
सरकार ने उठाए बड़े कदम
सरकार ने ईंधन आपूर्ति संतुलित रखने के लिए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये प्रति लीटर घटाई है। साथ ही डीजल और ATF पर निर्यात शुल्क बढ़ाया गया है। गैस सेक्टर में घरेलू और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को 100% सप्लाई दी जा रही है, जबकि उद्योगों को सीमित गैस दी जा रही है। PNG नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
ईंधन की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें
सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और LPG का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। रोजाना 55 लाख से ज्यादा सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है। हालांकि, कुछ जगहों पर अफवाहों के कारण भीड़ देखी गई। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
अभी भी पूरी तरह टला नहीं खतरा
सरकार के मुताबिक, अभी भी 18 भारतीय जहाज और 485 नाविक पश्चिमी फारस की खाड़ी में मौजूद हैं। कुछ जहाज अब भी होर्मुज के पास हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। डीजी शिपिंग लगातार निगरानी कर रहा है और अब तक 900 से ज्यादा नाविकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है।

















