ख़बर देश
77th independence day: प्रधानमंत्री मोदी ने 10वीं बार लाल किले पर फहराया तिरंगा, देश को दीं तीन गारंटी

77th independence day: देश आज 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। आज लाल किले पर प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 10वीं बार ध्वजारोहण किया। तिरंगा झंडा फहराने के बाद लाल किले की प्राचीर से अपने 90 मिनट के संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को परिवारजन कहकर संबोधित किया। अपने पूरे भाषण में प्रधानमंत्री ने 48 बार ‘परिवारजन’ शब्द का प्रयोग किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के शुरूआत में ही मणिपुर हिंसा पर बात की। साथ ही अपनी सरकार के पिछले 10 सालों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया, तो आने वाले सालों के लिए सरकार का रोडमैप में पेश किया। प्रधानमंत्री ने देश की जनता से आजादी के शताबदी वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम करने की अपील की।
प्रधानमंत्री के संबोधन की बड़ी बातें
1.मणिपुर में जल्द निकलेगा समाधान: प्रधानमंत्री मोदी ने आज अपने संबोधन की शुरुआत में ही मणिपुर हिंसा पर कहा कि देश मणिपुर के लोगों के साथ खड़ा है। वहां हिंसा का जो दौर चला, मां-बेटियों के सम्मान के साथ जो खिलवाड़ हुआ, कई लोगों को अपना जीवन भी खोना पड़ा। लेकिन अभी कुछ दिनों से शांति की ख़बरें आ रही हैं, उसको आगे बढ़ाएं। शांति से ही समाधान का रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर समस्याओं के समाधान के लिए भरपूर कोशिश कर रही है।
2.तीन बुराईयों से की मुक्ति की अपील: पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश के भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण से मुक्ति की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर देश को विकास की राह पर आगे ले जाना है, तो हमें तीन बुराईयों भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण को जड़ से मिटाना होगा। क्योंकि ये पिछड़ों, गरीबों, आदिवासियों और पसमांदा मुसलमानों का हक छीनती हैं।
3.देश को दीं तीन गारंटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आने वाले सालों के लिए अपना रोडमैप पेश करते हुए देश के तीन बुराईयों से मुक्ति की अपील की, तो देश को तीन गारंटी भी दीं। प्रधानमंत्री ने पहली गारंटी दी कि देश आने वाले पांच सालों में विश्व की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा। पीएम ने दूसरी गारंटी दी कि शहरों में किराए के मकान में रहने वाले लोगों को होम लोन में रियायत दी जाएगी। उन्होंने तीसरी गारंटी दी कि देश में जनऔषधि केंद्रों की संख्या 10000 से बढ़ाकर 25000 की जाएगी।
4.तीन चीजें करेंगी सपने को साकार: PM मोदी ने कहा कि आज हमारे पास डेमोग्राफी, डेमोक्रेसी और डाइवर्सिटी हैं। ये तीनों मिलकर विकसित भारत के सपने को साकार करने की क्षमता रखते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले 25 साल ही देश के आने वाले 1000 वर्षों के लिए देश की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी हम इस युग में जो निर्णय लेंगे, जो कदम उठाएंगे, वह ही आने वाले स्वर्णिम इतिहास को जन्म देगा।
5.मजबूत सरकार का बताया महत्व: प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी साल में देश की जनता को मजबूत सरकार के फायदे भी गिनाए। उन्होंने कहा कि 2014 में आपने मजबूत सरकार फॉर्म की, तो मोदी को रिफॉर्म करने की हिम्मत आई। जब मोदी ने रिफॉर्म किए, तो देश की ब्यूरोक्रेसी ने ट्रांसफॉर्म के लिए परफॉर्म किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सोच उस बदलाव को बढ़ावा दे रही है, जो आने वाले 1000 वर्षों के लिए हमारे भविष्य की रूपरेखा रखेगी।
6.2024 में फिर लौटने का विश्वास: PM ने कहा कि यह भरोसा रखिए जिन कामों को मैं शुरू कर रहा हूं, उनका उद्घाटन भी मैं ही करूंगा। उन्होंने आने वाले 5 सालों के लिए सरकार का विजन पेश करते हुए यह विश्वास भी जताया कि अगली साल 2024 में भी मैं ही लाल किले पर झंडा फहराऊंगा।
7. विश्वकर्मा जयंती पर लॉन्च होगी नई योजना: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती पर कामगारों के लिए विश्वकर्मा योजना लॉन्च करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 13-15 हजार करोड़ के फंड से शुरू होने वाली इस योजना से सुनार, लोहार, राजमिस्त्री, बाल काटने वाले, कपड़े सिलने वालों आदि को हम ताकत देने जा रहे हैं।
8. महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी ड्रोन की ट्रेनिंग: पीएम ने कहा कि मेरा सपना गांव में 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। उन्होंने कहा कि इसके लिए हम एक योजना लाने वाले हैं, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन उड़ाना और उनकी रिपेयरिंग करना सिखाया जाएगा। इससे गांवों में खेती किसानी में एग्रो टेक को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं का भी सशक्तिकरण होगा।
https://twitter.com/narendramodi/status/1691338320670797824?s=20
ख़बर देश
Delhi: टेकऑफ से पहले बड़ा हादसा टला, दिल्ली एयरपोर्ट पर स्विस विमान के इंजन में आग, 6 यात्री घायल

Delhi: दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट रात 1:08 बजे ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी। जैसे ही विमान रनवे पर टेकऑफ के लिए बढ़ा, उसका एक इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई। साथ ही बाईं ओर लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया।
स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया।
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि घटना के समय विमान एयरबस A330 था। स्थानीय टीम मौके पर मौजूद है और यात्रियों की देखभाल की जा रही है। कंपनी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच के लिए उनकी टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर जांच करेगी। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना में पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया।
ख़बर देश
Maoist surrender: तेलंगाना में 47 माओवादियों का सरेंडर, AK-47 समेत भारी हथियार सौंपे

Maoist surrender: तेलंगाना में माओवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। राज्य के DGP बी. शिवधर रेड्डी ने बताया कि शनिवार को 47 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर दिया। ये सभी माओवादी दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी, साउथ बस्तर रीजनल कमेटी की 9वीं और 30वीं प्लाटून और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी से जुड़े हुए थे।
अलग-अलग स्तर के कैडर शामिल
सरेंडर करने वालों में संगठन के कई स्तर के सदस्य शामिल हैं। इनमें 1 स्टेट कमेटी मेंबर, 3 डिवीजन कमेटी मेंबर
24 एरिया कमेटी मेंबर, 19 पार्टी मेंबर शामिल हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
AK-47, LMG समेत भारी हथियार सौंपे
DGP के मुताबिक, माओवादियों ने आत्मसमर्पण के दौरान हथियार और गोला-बारूद भी पुलिस को सौंपा। इनमें 4 AK-47 राइफल, 3 SLR, 1 लाइट मशीन गन (LMG), 2 INSAS राइफल, 2 .410 मस्केट, 1 पिस्टल शामिल हैं। कुल मिलाकर 32 हथियार, 26 मैगजीन, 515 राउंड कारतूस और 10 बंडल कार्डेक्स वायर पुलिस को सौंपे गए।
पुनर्वास नीति और ऑपरेशन का असर
DGP बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि यह आत्मसमर्पण सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार चल रहे ऑपरेशनों का नतीजा है। सुरक्षा बलों के दबाव और विकास कार्यों के चलते माओवादी अब मुख्यधारा में लौटने का फैसला कर रहे हैं।
“तेलंगाना में अब माओवादी मूवमेंट नहीं”
DGP ने दावा किया कि राज्य में अब माओवादी गतिविधि नहीं के बराबर रह गई है। जो लोग अभी भी जंगलों में सक्रिय हैं, उन्हें सरेंडर कर सामान्य जीवन में लौटने का मौका दिया जा रहा है।
ख़बर देश
Heatwave: देशभर में भीषण गर्मी का कहर, प्रयागराज 45.2°C पर टॉप, 5 राज्यों के 14 शहरों में पारा 44°C पार

Heatwave:देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.2°C दर्ज किया गया। वहीं अकोला में पारा 45°C और अमरावती में 44.8°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
14 शहरों में 44°C के पार पारा
उत्तर-पश्चिम, उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के 5 राज्यों के 14 शहरों में तापमान 44°C से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें वाराणसी, बांदा, रोहतक, झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, अकोला, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल, बाड़मेर, हमीरपुर, आगरा और राजनांदगांव शामिल हैं।
यूपी के 60 जिलों में रेड अलर्ट
उत्तप्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उड़ीसा के झारसुगुड़ा में लगातार दूसरे दिन तापमान 44.8°C दर्ज हुआ। मध्यप्रदेश के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है, जबकि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। यहां ऊना का तापमान 41.1°C तक पहुंच गया।
अगले 2 दिन और बढ़ेगी गर्मी
26 अप्रैल:
छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हीटवेव की संभावना
आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी।
27 अप्रैल:
बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप जारी
कई जगहों पर गर्म रातें (Warm Nights) रहने की आशंका।
ख़बर देश
Raghav Chadha: आप को बड़ा झटका, राघव चड्ढा BJP में शामिल, दावा- आप के 10 में से 7 सांसद साथ

Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पर्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया। इसके बाद चड्ढा बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां राघव के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता भी हमारे साथ हैं। हालांकि, बाकी चार सांसद अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।
राघव ने कहा- “हम पार्टी के दो-तिहाई सांसद हैं, इसलिए दलबदल कानून लागू नहीं होगा। हमने संवैधानिक प्रावधानों के तहत यह फैसला लिया है।” उन्होंने यह भी कहा- “पिछले कुछ समय से मुझे लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं।”
वहीं आप की ही एक अन्य राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि वे फिलहाल इटानगर में हैं और दिल्ली लौटने के बाद इस मुद्दे पर विस्तार से बात करेंगी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बड़े दलबदल से राज्य की राजनीति पर गहरा असर पड़ने की संभावना है।
ख़बर देश
West Bengal-Tamil Nadu Election: बंगाल में पहले फेज में 91% पार मतदान, तमिलनाडू में 84.41% मतदान

West Bengal-Tamil Nadu Election: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, बंगाल की 294 में से 152 सीटों पर 91.46% वोटिंग हुई, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 84.41% मतदान दर्ज किया गया। यह प्रतिशत और बढ़ सकता है। दोनों राज्यों के चुनावी इतिहास में यह अब तक का सबसे ज्यादा मतदान बताया जा रहा है।
नेताओं के बयान: सियासी वार तेज
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- “बंगाल की जनता ने SIR के खिलाफ बंपर वोटिंग की है।” वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया- “TMC का सूरज अब ढल चुका है।”
बंगाल में हिंसा की 5 बड़ी घटनाएं
- दक्षिण मिदनापुर में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार को भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
- पश्चिम बर्धमान के बर्नपुर में भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल की कार पर पथराव, शीशा टूटा।
- बीरभूम में EVM खराब होने पर लोगों ने पुलिस और केंद्रीय बलों पर पथराव किया।
- मुर्शिदाबाद के नौदा में देसी बम से हमला, कई लोग घायल; बाद में समर्थकों के बीच झड़प।
- सिलीगुड़ी में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच बूथ के बाहर विवाद और झड़प।
असम, केरल और पुडुचेरी में भी हुआ था रिकॉर्ड मतदान
इससे पहले 9 अप्रैल को हुए मतदान में भी रिकॉर्ड आंकड़े सामने आए थे। इसमें असम में 85.91%, केरल में 78.27% (1987 के बाद सबसे ज्यादा), पुडुचेरी में करीब 90% मतदान हुआ था। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी—इन पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को एक साथ घोषित किए जाएंगे।

















