ख़बर यूपी / बिहार
UP Cabinet: यूपी के राजकीय कॉलेजों में भरे जाएंगे 2556 पद, अगले पांच साल में हर जिले में खुलेगा विश्वविद्यालय

Lucknow: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक संपन्न हुई। बैठक के बाद कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री एके सिंह और सुरेश खन्ना ने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से नवनिर्मित व निर्माणाधीन 71 महाविद्यालयों को राजकीय महाविद्यालयों के रूप में चलाने की मंजूरी दी गयी। इसके लिए प्राचार्य के 71, असिस्टेंट प्रोफेसर के 1136, तृतीय श्रेणी कर्मचारियों के 639 व चतुर्थ श्रेणी के 710 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 1846 पद सृजित किया जाएगा। जबकि, चतुर्थ श्रेणी के 710 पद संविदा पर रखे जाएंगे। इन महाविद्यालयों का पूरा विकास खर्च सरकार वहन करेगी।
महाकुंभ का विदेश में भी होगा प्रचार
प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ को लेकर देश-प्रदेश में प्रचार-प्रसार के साथ विशेष तैयारी के लिए कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। मेले के प्रचार प्रसार के लिए 25 से 30 लाख का खर्च तय किया गया है। इसमें फिक्की और सीआईआई की मदद ली जाएगी। महाकुंभ के लिए देश के सभी महानगरों और बड़े शहरों के अलावा नेपाल, थाईलैंड, इंडोनेशिया और मॉरिशस में भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा लाइन मेट्रो को मंजूरी
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो रेल सेवा की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क तक यातायात को सुगम बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इस प्रोजेक्ट के लिए 394 करोड़ केंद्र सरकार और इतना ही राज्य सरकार देगी। राज्य सरकार की ओर से 40 प्रतिशत धनराशि नोएडा और 60 प्रतिशत धनराशि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत की जाएगी। यह परियोजना 2,960 करोड़ रुपए की है।
कानपुर विकास प्राधिकरण में 80 गांव जोड़े जाएंगे
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत कानपुर विकास प्राधिकरण की सीमा में 80 गांव को जोड़ने के प्रस्ताव पर भी योगी कैबिनेट की मुहर लग गई है। यह फैसला कानपुर नगर के विकास को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: यूपी में फर्जी शिक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट सख्त, 6 महीने में जांच पूरी कर दोषियों पर कार्रवाई के आदेश

Prayagraj:उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापकों की नियुक्ति में सामने आए फर्जीवाड़े के मामलों पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने प्रमुख सचिव, बेसिक शिक्षा को निर्देश दिया है कि धोखाधड़ी कर नौकरी हासिल करने वाले सभी शिक्षकों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की जाए। साथ ही, इस फर्जीवाड़े में शामिल या इसे जानबूझकर नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। हाईकोर्ट ने पूरी जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया 6 महीने के भीतर पूरी करने का आदेश दिया है।
मुकदमे से जुड़े तथ्यों के अनुसार, याची को 27 जुलाई 2010 को सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्त किया गया था। करीब 15 वर्षों तक सेवा देने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने 6 अगस्त 2025 को आदेश पारित कर उनकी नियुक्ति रद्द कर दी थी। इसके बाद इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। याची की ओर से दलील दी गई कि नियुक्ति के समय प्रस्तुत किए गए सभी दस्तावेजों की जांच हो चुकी थी। वहीं, प्रतिवादी बीएसए की तरफ से अदालत को बताया गया कि नियुक्ति के दौरान पेश किए गए सभी शैक्षणिक और अन्य दस्तावेज जांच में जाली पाए गए हैं।
कोर्ट ने याची की याचिका पर सहानुभूति दिखाने के बजाय इस पूरे मामले को बड़े भ्रष्टाचार का हिस्सा करार दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि सरकार को न केवल ऐसी अवैध नियुक्तियां रद्द करनी होंगी, बल्कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने वालों से सरकारी धन की रिकवरी भी करनी होगी।
यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने देवरिया की सहायक अध्यापिका गरिमा सिंह की याचिका खारिज करते हुए दिया है। हाईकोर्ट के इस फैसले को प्रदेश में फर्जी शिक्षक भर्तियों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की दिशा में अहम माना जा रहा है।
ख़बर उत्तरप्रदेश
UP News: रामलीला में रावण की आंख में लगा तीर, रोशनी चली गई, रावण बने कलाकार ने राम और आयोजकों पर दर्ज कराया SC/ST केस

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रामलीला मंचन के दौरान हुआ हादसा अब कानूनी विवाद में बदल गया है। राम-रावण युद्ध के दृश्य में तीर लगने से रावण का किरदार निभा रहे कलाकार की आंखों की रोशनी चली गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार और रामलीला आयोजकों के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है। यहां 13 नवंबर 2025 को रामलीला का मंचन चल रहा था। राम की भूमिका नैतिक पांडेय निभा रहे थे, जबकि रावण के किरदार में सुनील कुमार मंच पर मौजूद थे।
युद्ध दृश्य में चूका निशाना, आंख में लगा तीर
राम-रावण युद्ध के दौरान राम को रावण का मुकुट गिराना था। इसी दौरान धनुष से चलाया गया तीर निशाना चूक गया और सीधे रावण बने सुनील कुमार की बाईं आंख में जा लगा। तीर लगते ही आंख से खून और पानी निकलने लगा। घायल कलाकार को पहले इलाज के लिए ले जाया गया और बाद में वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी आंखों की रोशनी चली गई।
इलाज में मदद न करने और मारपीट का आरोप
पीड़ित सुनील कुमार का आरोप है कि घटना के बाद उसने आयोजकों और राम का किरदार निभा रहे व्यक्ति से इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी, लेकिन सभी ने मदद से इनकार कर दिया। जब वह दोबारा सहायता मांगने पहुंचा तो उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दो महीने बाद दर्ज हुआ केस
घटना के करीब दो महीने बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Agra Encounter: राज चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी मारा गया, दो गिरफ्तार

आगरा: यूपी के आगरा में राज चौहान हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाशों को देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ में घेर लिया। इस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी आशु और मोहित घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आशु और मोहित के पैरों में गोली लगी। वहीं कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर डीसीपी सिटी अली अब्बास ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के लिए नौ विशेष टीमें गठित की थीं। लगातार दबिश और पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
तीनों आरोपियों पर पहले ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, यही आरोपी 23 जनवरी को राज चौहान की गोली मारकर हत्या करने में शामिल थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ था, जिसे देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और एनकाउंटर से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। आगरा पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ख़बर उत्तरप्रदेश
Mathura: वृंदावन से चुनावी शंखनाद, नितिन नवीन बोले- देश को बांटने वाली ताकतों को जनता नकार रही

Mathura: वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव के समय कुछ ऐसी ताकतें सक्रिय हो जाती हैं, जो समाज को बांटने और काटने का काम करती हैं, लेकिन देश की जनता अब इन्हें नकार रही है।
ब्रजभूमि की धरती से नितिन नवीन ने आगामी चुनावों का शंखनाद करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ मजबूत करें और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाएं।
गांव-गांव जनसंपर्क का आह्वान
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि गांव-गांव और गली-गली जनसंपर्क अभियान चलाया जाए, ताकि आम जनता तक डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके और उनके हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी जा सके। मथुरा पहुंचने पर बाजना कट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह से विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं, भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटी है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से फिर ऐसी सरकार बनेगी, जिसमें विकास के साथ-साथ लोगों का विश्वास भी मजबूत होगा।
योगी बोले- योगेश्वर की नगरी से शुरू होगा नया युग
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि अब योगेश्वर श्रीकृष्ण की नगरी से नवीन युग की शुरुआत होगी। उन्होंने डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब भाजपा की कमान भी युवा नेतृत्व के हाथों में है, जो देश को नई दिशा देगा।
कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, राजेश चौधरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक सभी ने मन की बात कार्यक्रम सुना। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संबोधन दिया और फिर बांके बिहारी मंदिर के लिए रवाना हो गए।
ख़बर बिहार
Patna: पटना में RJD की बड़ी बैठक, तेजस्वी यादव बने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष

Patna: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक पटना के मौर्या होटल में चल रही है। इस बैठक में बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए तेजस्वी यादव को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बैठक की अध्यक्षता खुद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव कर रहे हैं। इस मौके पर राबड़ी देवी, मीसा भारती और संजय यादव भी मौजूद रहे। देशभर से आए करीब 200 डेलिगेट्स और कार्यकारिणी सदस्य इस बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।
लालू यादव ने सौंपा जिम्मेदारी का संकेत
स्वास्थ्य कारणों और आने वाले राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए लालू प्रसाद यादव संगठन की जिम्मेदारी धीरे-धीरे अगली पीढ़ी को सौंपने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। तेजस्वी यादव को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
क्यों अहम है यह फैसला?
तेजस्वी यादव पहले ही बिहार में विपक्ष के सबसे बड़े चेहरे के तौर पर स्थापित हो चुके हैं। अब कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर फैसले लेने की औपचारिक शक्ति मिल गई है। सूत्रों के मुताबिक, आगामी चुनावों और संगठन को मजबूती देने के लिए पार्टी को एक ऊर्जावान और युवा नेतृत्व की जरूरत महसूस की जा रही थी। तेजस्वी को यह जिम्मेदारी देकर राजद ने युवाओं को सीधा संदेश देने की कोशिश की है।
ख़बर छत्तीसगढ़18 hours agoChhattisgarh: CM साय ने छत्तीसगढ़ के पहले स्पेस सेंटर का किया उद्घाटन, कैप्टन शुभांशु शुक्ला बोले- यह मेरी नहीं, पूरे भारत की अंतरिक्ष यात्रा
ख़बर छत्तीसगढ़16 hours agoRaipur: धान खरीदी को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, CM साय के निर्देश पर किसानों को 2 दिन की अतिरिक्त राहत
खेल खिलाड़ी17 hours agoSC की सख्त टिप्पणी: क्रिकेट संघों में बैट न पकड़ने वालों का राज क्यों? रिटायर्ड खिलाड़ियों को मिलनी चाहिए कमान
ख़बर मध्यप्रदेश18 hours agoMP Cabinet: निमाड़ के 25,602 विस्थापित परिवार बनेंगे जमीन के मालिक, सरकार कराएगी मुफ्त रजिस्ट्री, 600 करोड़ का राजस्व छोड़ा













